कोंच प्रखंड के परसावां पंचायत अंतर्गत ग्राम हुलासगंज में बिच्छू के डंक से बुधवार की सुबह एक महिला घायल हो गई जिसे सड़क के अभाव में खटिया से परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया है। बता दें कि ग्राम हुलासगंज निवासी संतोष कुमार की पत्नी रेणु देवी को बिच्छू ने डंक मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गांव में जाने के लिए करीब एक किलोमीटर तक सड़क नहीं है और कीचड़ मौजूद है जिसके कारण आनन फानन में परिजनों ने एक खटिया पर सुलाकर घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। मालूम हो कि बीते एक सप्ताह पूर्व एक मासूम बच्ची को बिच्छू के डंक मारने के कारण उक्त गांव में मौत हो गई थी। ग्रामीण बिनेश कुमार ने कहा कि रोड नही रहने के कारण सही समय से इलाज नहीं हो पाती जिसके कारण लोगों को जान तक गवानी पड रही है।
कोंच। प्रखंड के केर पंचायत अंतर्गत ग्राम बडगांव के बधार में व्रजपात से एक महिला की मौत देर शाम भैंस चराने के क्रम में हो गई। प्राप्त जानकारी अनुसार ग्राम बडगांव निवासी सूरज चौधरी की पत्नी शकुंतला देवी उम्र 48 वर्ष गांव के बधार में भैंस चरा रहा थी तभी हल्की बारिश हो रही थी और अचानक व्रजपात गिरा जिससे उक्त महिला की मौत घटना स्थल पर ही हो गई और परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार की सुबह तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है और किसी परिजन के आने के बाद दाह संस्कार किए जाने की बात कही गई है। वहीं, इस घटना पर केर पंचायत के मुखिया शशि कुमार एवं शिक्षक ललन कुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजा राशि की मांग की है।
गया जंक्शन के प्रथम श्रेणी प्रतीक्षालय का सीलिंग मंगलवार को टूटकर अचानक गिर गया। जिससे इस हॉल में ट्रेनों की प्रतीक्षा कर रहे कुछ यात्रियों को चोटें आई है। सीलिंग टूट कर गिरने की घटना के बाद यात्रियों के बीच अफरा तफरी का माहौल बन गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद स्टेशन पर ऑन ड्यूटी कर्मचारी ने स्टेशन प्रबंधक सहित अन्य कर्मी प्रतीक्षालय में पहुंचे तो देखा कि टूटकर गिरा मलवा इधर उधर बिखरे पड़े हुए हैं। जिसकी सूचना अभियंत्रण विभाग को दी गई। देर शाम हुई इस घटना के बाद प्रतीक्षालय में रहे अन्य यात्री हॉल छोड़कर प्लेटफॉर्म पर जगह ले लिए। बताया गया कि बारिश और निम्न स्तर के मेन्टेन्स कार्य के कारण यह घटना हुई है।
टिकारी संवाददाता: अनुमण्डल कार्यालय परिसर, टिकारी स्थित बुनियाद केन्द्र में मंगलवार को दिव्यांग एवं असहाय लोगो के बीच ट्राई साइकिल व व्हील चेयर वितरित किया गया। बीडीओ नीरज आनंद ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान 56 दिव्यांगजन को ट्राई साइकिल तथा 7 दिव्यांगजन को निश्शुल्क व्हीलचेयर प्रदान किया गया है। उक्त सहायक उपकरणों का वितरण भारत सरकार के एडीआईपी, इरकॉन स्कीम के तहत एलिम्को के द्वारा किया गया है। दिव्यांगजन को सहायक उपकरण वितरण करते हुए बीडीओ आनंद ने दिव्यांगों को मिलने वाली सरकार की कल्याणकारी योजना से अवगत कराया व इसका लाभ लेने की अपील की। उन्होंने बुनियाद केंद्र द्वारा वृद्धजन, दिव्यांगजन को दी जाने वाली सुविधा की भी जानकारी दी। वितरण कार्यक्रम के दौरान एलिम्को से पदाधिकारी ने सहायक उपकरण के रख रखाव की जानकारी लाभुकों को दी। वितरण कार्यक्रम के दौरान बुनियाद केन्द्र के प्रभारी धन्नजय कुमार शर्मा, फिजियोथेरेपिस्ट गौरव कुमार, कृष्णा कुमार व सुमन कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
श्रावणी मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा 05 श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है । इसी कड़ी में और 02 जोड़ी श्रावणी स्पेशल ट्रेन का परिचालन करने का निर्णय लिया गया है। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधाओं में निरंतर प्रयास जारी है। जिन दो जोड़ी और श्रावणी स्पेशल चलेगी। जिनका विवरण निम्नानुसार है।
गाड़ी सं. 03266/03265 पटना-भागलपुर-पटना श्रावणी मेला स्पेशल – यह स्पेशल दिनांक 06.07.2023 से 31.08.2023 तक प्रतिदिन पटना एवं भागलपुर से परिचालित की जायेगी । गाड़ी संख्या 03266 पटना-भागलपुर श्रावणी मेला स्पेशल 06.07.2023 से 31.08.2023 तक प्रतिदिन पटना जं. से 06.40 बजे खुलकर 14.00 बजे भागलपुर पहुंचेगी । वापसी में, गाड़ी संख्या 03265 भागलपुर-पटना श्रावणी मेला स्पेशल दिनांक 06.07.2023 से 31.08.2023 तक प्रतिदिन भागलपुर से 15.15 बजे खुलकर 20.35 बजे पटना जं. पहुंचेगी। अप एवं डाउन दिशा में यह श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन पटना और भागलपुर बीच राजेंद्रनगर, पटना साहिब, फतुहा, खुसरूपुर, बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा, हाथीदह, बड़हिया, मनकट्ठा, लखीसराय, किउल, अभयपुर, जमालपुर एवं सुलतानगंज स्टेशनों पर रूकेगी । इस स्पेशल ट्रेन में प्रथम वातानुकूलित श्रेणी का 01, द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी का 02, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी का 06, शयनयान श्रेणी का 08 एवं साधारण श्रेणी के 03 कोच होंगे ।
गाड़ी सं. 03206/03205 मोकामा-जसीडीह-मोकामा श्रावणी मेला स्पेशल – यह स्पेशल दिनांक 05.07.2023 से 31.08.2023 तक प्रतिदिन मोकामा एवं जसीडीह के मध्य परिचालित की जायेगी । गाड़ी संख्या 03206 मोकामा-जसीडीह श्रावणी मेला स्पेशल 05.07.2023 से 31.08.2023 तक प्रतिदिन मोकामा से 09.15 बजे खुलकर 11.45 बजे जसीडीह पहुंचेगी । वापसी में, गाड़ी संख्या 03205 जसीडीह-मोकामा श्रावणी मेला स्पेशल दिनांक 05.07.2023 से 31.08.2023 तक प्रतिदिन जसीडीह से 12.30 बजे खुलकर 15.25 बजे मोकामा पहुंचेगी।
अप एवं डाउन दिशा में यह श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन मोकामा और जसीडीह बीच हाथीदह, बड़हिया, मनकट्ठा, लखीसराय, किउल, जमुई एवं झाझा स्टेशनों पर रूकेगी । इस स्पेशल ट्रेन में साधारण श्रेणी के 14 कोच होंगे
इसके साथ ही गाड़ी सं. 05508/07 रक्सौल-भागलपुर-रक्सौल श्रावणी स्पेशल का घोड़ासहन स्टेशन अतिरिक्त ठहराव प्रदान किया जा रहा है । गाड़ी सं. 05508 रक्सौल-भागलपुर श्रावणी स्पेशल 06.13 बजे घोड़ासहन स्टेशन पहंुचकर 06.15 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी । इसी तरह 05507 भागलपुर-रक्सौल श्रावणी स्पेशल 01.40 बजे घोड़ासहन पहंुचकर 01.42 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी ।
गया पुलिस ने बेलागंज थाना क्षेत्र के अकलबिगहा के रहने वाले युवक ऋषभ कुमार के अपहरण मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पटना के गर्दनीबाग से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही पुलिस ने इस अपहरण कांड में शामिल तीन अपराधी सहित एक लड़की को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा इस कांड के उद्भेदन में हनीट्रैप के जरिए अपहरण कर फिरौती मांगने का मामला सामने आई है। युवक जेईई की तैयारी कर रहा था और इंस्टाग्राम से एक लड़की से बात करता था। बीते 30 जून को लड़की के बुलाने पर लड़की से मिलने के लिए ऋषभ अपने दोस्तो के साथ पटना निकल पड़ा। और लड़की से मिलने के बाद ऋषभ ने अपने दोस्त को वापस भेज दिया। इसके बाद लड़की ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर लड़के का अपहरण करवा लिया। और अपहृत युवक के मोबाइल से ही उसके परिजनों से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। और नहीं देने पर हत्या कर देने की धमकी दी जा रही थी।
पुलिस टीम साथ में अपहृत युवक
इस संबंध में गया एसएसपी आशीष भारती ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया की बीते दिनों बेलागंज थाना क्षेत्र के अकलबीघा गांव के रहने वाले रणधीर नारायण के पुत्र ऋषभ का अपहरण का मामला बेलागंज थाने में दर्ज की गई थी। जिसके बाद गया पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआईटी टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पटना के गर्दनीबाग से लड़की को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर उसके तीन दोस्त प्रीतम कुमार, रौशन कुमार और शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया और अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया।
बेलागंज प्रखंड के मेन गांव स्थित कोटेश्वरनाथ धाम श्रावणी मेले का उद्घाटन सोमवार को सांसद और पूर्व मंत्री नगर विधायक डॉ प्रेम कुमार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कोटेश्वरनाथ मंदिर के गर्भ गृह में सांसद विजय कुमार मांझी और डॉ प्रेम कुमार ने विधिवत पूजा कर जल एवं बेलपत्र अर्पण किया। मंदिर कमिटी की ओर से कलाकारों द्वारा गीत संगीत कार्यक्रम के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में डॉ प्रेम कुमार ने कहा की सनातन धर्म मानने वालों के लिए सावन का महीना बहुत बड़ा महत्व रखता है। यह मास भगवान शिव को समर्पित है।
भगवान भोले शंकर को सबसे प्रिय मास सावन माह तथा सावन माह की सोमवारी सबसे अधिक प्रिय है।सावन माह में चारों तरफ शिवमय वातावरण रहेगा तथा भोले बाबा की जयजयकार गूंजेगा। इस दौरान शिवजी का अभिषेक, रुद्राभिषेक और जलाभिषेक होंगे। पवित्र सावन में पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों को बचाने के लिए संकल्प लेना होगा। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गया सांसद माननीय विजय कुमार,प्रखंड प्रमुख कांति यादव, मुखिया मनोज कुमार, दिलीप कुमार, मोहित त्रिपाठी,मंदिर न्यास समिति के सचिव योगेंद्र शर्मा सहित कई विशिष्टगण उपस्थित थे । वहीं मंच का अध्यक्षता किशोरी मोहन शर्मा एवं संचालन अशोक कुमार ने किया।
बेलागंज प्रखंड क्षेत्र के पाईबिगहा ओपी के सोनवर्षा गांव में आकाशिय बिजली गिरने से एक महिला की मौत घटना स्थल पर हो गयी। रविवार की देर शाम सोनवर्षा गांव निवासी संजीव पासवान के 26 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी अपने एक वर्षीय बच्ची को शौच कराने घर से बाहर गयी थी। उसी दौरान आकाशिय बिजली की चपेट में आ गयी। जहां उसकी मौत घटना स्थल पर हो गयी। घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले अन्तःपरिक्षण करा परिजनों को सौप दिया।
टिकारी संवाददाता: धान का कटोरा टिकारी में शुरू हुई रोपनी का असर पदाधिकारियों पर भी पड़ने लगा है। वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को अनुमंडल कृषि पदाधिकारी ने चारों प्रखंडों का भ्रमण किया। इस क्रम में टिकारी के जोलह बीघा में स्थानीय किसान महादेव यादव के खेत मे चल रहे रोपनी का जायजा लेने अनुमंडल कृषि पदाधिकारी शिम्पी कुमारी खेत मे पहुंच गई। जंहा खेत मालिक सह किसान यादव से रोपनी के बारे में जानकारी ली और उन्हें कृषि योजनाओं से अवगत कराया।
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी ने की धान की रोपनी रोपनी वाले खेत में पहुंचने पर धान रोपने के तरीकों की जानकारी महिला रोपनहारो को देते हुए कृषि पदाधिकारी खेत मे स्वयं उत्तर गयी और धान रोपने लगी। महिला पदाधिकारी को रोपनी करते देख किसान के साथ रोपनहार भी दंग रह गए और खुशी में रोपनी का पारंपरिक गीत गाकर स्वागत किया। महिलाएं “चला सखी रोपि आई खेतवन में धान, बरसि जाई पानी रे हारी..” जैसे लोक गीत जुगलबंदी कर गाने लगी तो कृषि पदाधिकारी का मन प्रसन्न हो गया। गीत सुनने के बाद महिलाओं से यह जानने की कोशिश कि की रोपनी में किस तरह का गीत और क्यो गाया जाता है। इसके पीछे क्या उद्देश्य है। जानकारी लेने के बाद शिम्पी कुमारी अपने विभागीय सहकर्मियों के साथ वापस लौट गई।
किसान यादव ने बताया कि पहली बार हमारे खेत मे कोई कृषि अधिकारी आकर स्वयं रोपनी की, यह मेरे लिए सौभाग्य है। उन्होंने दैनिक जागरण अखबार में धान रोपनी की छपी खबर की सराहना करते हुए कहा कि उसी का देन है कि पदाधिकारी का आगमन रोपनी के खेत मे हुआ। वंही कृषि पदाधिकारी शिम्पी कुमारी ने कहा कि धान रोपने का मेरा यह पहला अनुभव था और रोपाई करते बहुत अच्छा लगा। रोपनहारों के गीत ने मन को आनंदित कर दिया। अवसर पर कृषि समन्वयक प्रेम कुमार, आत्मा अध्यक्ष ब्रजेन्द्र कुमार, शिशु कांत गौतम, संतोष प्रसाद आदि विभागीय कर्मी मौजूद थे।
सोमवार को गया आरपीएफ के अधिकारी व जवान ने गया- काष्ठा रेलखंड मध्य स्थित गया स्टेशन यार्ड में खड़ी कोयला लोडेड मालगाड़ी से कोयला की चोरी कर ले जाते हुए बुधवा पासवान (46) को गिरफ्तार किया है। पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश ने बताया कि आरोपी धनिया बगीचा भुई टोली थाना डेल्हा जिला गया का रहने वाला है। जिसके पास से 175 किलोग्राम कोयला बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में रखने हेतु मंडल कारा गया भेज दिया गया।उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को रेलवे के कोयला चोरी के मामले में पूर्व में भी आरपीएफ द्वारा वर्ष 2017 और 2022 में गिरफ्तार कर मामला पंजीकृत किया गया था।