टिकारी संवाददाता: शहर के बहेलिया बिगहा के छात्र रानू अवस्थी की हत्या के विरोध के साथ उसकी स्मृति में बुधवार को एक कैंडल मार्च निकाला गया। पुलिस अड्डा के समीप से शुरू हुआ कैंडल मार्च मेला रोड, दुर्गा स्थान होते हुए थाना तक पहुंचा जहां सभी लोगो ने एक साथ रानू को श्रद्धांजलि दी। कैंडल मार्च का नेतृत्व कर रहे नगर परिषद के वार्ड चौदह के पार्षद सोनू दुबे ने कहा कि छात्र रानू की हत्या कर रेलवे ट्रैक पर फेंककर आत्महत्या का रंग दिया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई नही हुई है। दुबे ने प्रशासन से हत्याकांड की जांच कर दोषियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की है। वंही सामाजिक कार्यकर्ता उत्तम पाठक ने कहा कि घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस हत्यारों का सुराग ढूंढने में नाकाम रही है।
रानू के भाई शिवांग अवस्थी ने कहा कि भाई की हत्या के बाद पूरा परिवार यह जानना चाहता है कि हत्या किस कारण से हुई और किसने किया। पुलिस प्रशासन की शिथिलता कई सवाल को जन्म देता है। शिवांग ने कहा कि शुक्रवार तक पुलिस कांड का उद्भेदन नही करती है तो अन्य सामाजिक संस्था के सहयोग से आंदोलन किया जाएगा। मालूम हो कि रानू अवस्थी की हत्या कर उसके शव को बेलागंज थानाक्षेत्र के शेखपुरा रेलवे ट्रैक पर रख दिया गया था। कैंडल मार्च मे भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष पुष्पा चौरसिया, उप मुख्य पार्षद सागर कुमार, हज्जु, सुभय सिंह, दीपक चौरसिया, राजेश गुप्ता, अभय मिश्रा, सौरभ शर्मा, अविनाश अवस्थी, अभय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल थे।
गया नगर निगम उपचुनाव 2023 के मतों की गिनती का काम पूरा हुआ। ‘हॉट शीट’ वार्ड नं 26 से अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव चुनाव जीत गए हैं। इन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आशिफ़ अहसन को कड़ी शिकस्त दी है। मोहन श्रीवास्तव 567 वोट के भारी अंतर से चुनाव जीत गए हैं। केवल आधिकारिक तौर पर घोषणा और जीत का प्रमाण पत्र मिलना बाकी रह गया है। मोहन श्रीवास्तव की जीत की खबर जिला स्कूल परिसर में संचालित बीएड कॉलेज के मतगणना केंद्र से बाहर आते ही इनके समर्थक नारे लगाने लगे हैं। भारी संख्या में समर्थक इन्हें बाहर आने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं वार्ड नंबर 15 से पुनः दीपक कुमार चुनाव जीत गए हैं। जबकि बोधगया के वार्ड नं 32 से रामबली प्रसाद चुनाव जीत गए हैं।
वार्ड नं 15 से विजेता दीपक कुमार वार्ड 32 बोधगया रामबल्ली प्रसाद- विजेता
बता दें कि इन तीन वार्डों में पार्षद पद के 09 जून को वोट डाले गए थे। जिसकी गिनती 11 जून को हुई। जीत दर्ज कर चुके दीपक कुमार वार्ड नं 15 से पार्षद थे। लेकिन दिसंबर 2022 में हुए चुनाव इस वार्ड में उम्मीदवार राजेश कुमार के निधन के कारण नहीं हो सका था। वहीं 26 के पार्षद अबरार अहमद उर्फ भोला मियां उर्फ बाबू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद यहां से पार्षद पद के लिए पूर्व डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव ने दावेदारी पेश की। यहां यह भी बताना लाजिमी है कि 2022 के नगर निकाय चुनाव में मोहन श्रीवास्तव वार्ड 11 से चुनाव लड़े थे, लेकिन हार गए थे।
गया नगर निगम उपचुनाव 2023 के नतीजे रविवार(11जून) को आ जाएंगे। वार्ड नं 15 और 26 में पार्षद पदों के लिए क्षेत्र के मतदाताओं ने अपना काम कर दिया। उम्मीदवार जितने भी हैं, उनके लिए शनिवार की रात भारी पड़ रही है। क्योंकि पिछले छः महीने से इसी दिन का इन दो वार्ड की जनता के साथ साथ पूरे शहर की जनता को इंतजार कर रहे हैं कि इन दोनों वार्ड में आखिर जनता किसके पक्ष में अपने मतों के जरिए फैसला सुनाती है। वो घड़ी अब काफी नजदीक आ गई है।
सबकी नजर ‘हॉट शीट’ पर
गया नगर निगम की जनता वार्ड नं 26 को ‘हॉट शीट’ मान चुकी है। इसकी वजह है कि यह सीट पहले अबरार अहमद के पास था। उन्होंने पार्षद पद से इस्तीफा दे दिया था और खुल कर उन्होंने कहा था कि यह सीट पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव के लिए छोड़ दी है। कारण कि मोहन श्रीवास्तव पार्षद रहते अपने वार्ड नं 11 से चुनाव हार गए थे। यहां इन्हें पूर्व पार्षद के पुत्र कुंदन कुमार ने हरा दिया था।
26 नंबर वार्ड एक प्रकार से ‘सुरक्षित’ माना जाता है
वार्ड नं 26 से अबतक पार्षद अबरार अहमद रहे हैं। 2002 से इस सीट पर श्री अहमद का एकाधिकार सा रहा है। निर्विरोध चुने जाने की परंपरागत यह सीट सुरक्षित माना जाता था। लेकिन, इस उपचुनाव में यह परंपरा टूट गई। यहां से जब मोहन श्रीवास्तव के नामांकन की बात आई तो इनके विरुद्ध तीन और लोगों ने उम्मीदवारी ठोक दी। लेकिन मुख्य मुकाबला मो. अशिफ़ से हो गया। वैसे तो यहां पूर्व वार्ड पार्षद असद परवेज उर्फ कमांडर भी चुनाव मैदान में हैं। पर राजनीति की गोटी खेलने में माहिर कमांडर चुनाव मैदान में रहकर भी बाजी पलटने के फिराक में लग गए।
अल्पसंख्यक बाहुल्य वार्ड है 26
वार्ड नं 26 अल्पसंख्यक बाहुल्य वार्ड है। सर्वाधिक मतदाता इसी वर्ग से आते हैं। हालांकि इस वार्ड में गैर मुस्लिम भी वोटर हैं। जिन्होंने 09 जून को अपने अपने मताधिकार का प्रयोग कर चारो प्रत्याशी के लिए वोट कर चुके हैं। अब सभी को इंतजार है तो बस 11 जून को होने वाले मतगणना की।
जोड़ी बरकरार रहती है या टूटती है
गया नगर निगम में पिछले पांच साल से मेयर बीरेन्द्र कुमार उर्फ गणेश पासवान और मोहन श्रीवास्तव की जोड़ी जगजाहिर है। इन दोनों के मेयर और डिप्टी मेयर रहते शहर में विकास के कई कार्य हुए। भले ही लोग इसमें कथित लूट की बात कहते हुए आ रहे हैं। लेकिन, इन सब से अधिक कोरोना काल में इन दोनों के द्वारा किए कार्य को जनता शायद भूल नहीं पाएगी। शहर को स्वच्छता रैंकिंग में सबसे ऊपर लाने का श्रेय इन दोनों की जोड़ी को जाता है। अब जनता पर इन दोनों को पूरा भरोसा है कि मतदाता इतने निष्ठुर नहीं हैं, जो इन सभी बातों को भूल जाए। 11 जून को परिणाम आने के बाद ही कहा जा सकता है कि इनकी जोड़ी सलामत रहती है या फिर टूटती है।
हार या जीत यही दो बातें होती है किसी भी चुनाव में
अंततः हर चुनाव के शुरू होने से लेकर मतों की गिनती तक मुख्य रूप से यही दो बातें होती है। एक जीतता है तो सामने जो भी रहे हैं वे हार जाते हैं। करीब 2688 मतदाता इस वार्ड में वोट डालने का काम कर चुके हैं। उम्मीदवार चार हैं। अब किनके खाते में कितना जाता है, ये तो 11 जून को ईवीएम ही बताएगा। तब तक आज की रात अंतिम है और यही रात सबके लिए भारी पड़ रहा है।
कोंच। प्रखंड के परसावां टोला जंगली बीघा में शुक्रवार की रात दो पक्ष में मारपीट हुई जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए और दो लोगों को मगध मेडिकल रेफर कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार परसावां टोला जंगली बीघा गांव में प्रथम पक्ष के संगम पासवान, बैजू पासवान एवं शेखर पासवान और दूसरे पक्ष से विजय पासवान, अजीत पासवान, गुड़िया देवी, मुकेश पासवान, चंदन कुमार, मानती देवी आदि लोग शामिल हैं। जिसमें चंदन कुमार, गुड़िया देवी, मानती देवी समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं जिसमें से चंदन कुमार एवं मानती देवी को मेडिकल कॉलेज गया रेफर कर दिया गया है। चिकित्सक ने रेफर हुए लोगों को सर फटने की बात कही है। पीड़ित पक्ष स्थानीय थाना में आवेदन देने गए तो उन्हें पहले इलाज कराने को कहा गया। समाचार लिखे जाने तक मारपीट का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।
कोंच प्रखंड के केर पंचायत अंतर्गत ग्राम बडगांव मठिया में विद्युत चोरी मामले में शुक्रवार को जुर्माना सहित पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विधुत कनीय अभियंता सुमन पटेल ने बताया की विद्युत ऊर्जा चोरी के विरुद्ध गुप्त सूचना के तहत छापेमारी बडगांव मठिया गांव में की गई। जिसमें 5 लोगों पर अवैध रूप से विद्युत जलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराने को लेकर स्थानीय थाना में आवेदन दिया गया है । छापामारी के दौरान ग्राम बडगांव मठिया निवासी सुनील सिंह पिता स्व.राम प्रसाद सिंह पर 14131 रुपये, अनिल सिंह पिता स्व राम प्रसाद सिंह पर 8278 रूपये, राजेंद्र राम पिता मच्चू राम पर 8072 रूपये, कमलेश पासवान पिता स्व भुवन पासवान पर 13651 रूपये एवं धनंजय कुमार पिता रामवच्चन भगत पर 17243 रुपए का जुर्माना लगाया गया है और स्थानीय कोंच थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है। मौके पर विद्युत विभाग के रंजीत कुमार, नीतीश कुमार, चंदेश्वर पासवान शामिल रहे। वहीं, कोंच थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद ने बताया कि आवेदन प्राप्त कर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
टिकारी संवाददाता: टिकारी शहर अंतर्गत बहेलिया बिगहा रहने वाले एक 18 वर्षीय युवक का शव गया पटना रेलखंड पर ओर हॉल्ट के समीप शनिवार को मिलने की सूचना के बाद सनसनी फैल गई। युवक की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर रखा पड़ा था। जिसकी पहचान बहेलिया बिगहा के रहने वाले बासुकीनाथ अवस्थी के 18 वर्षीय पुत्र अंश अवस्थी उर्फ सीटू के रूप में हुई है। अंश के सिर में गोली मारे जाने का निशान पाया गया है। परिजनों ने बताया कि अंश शुक्रवार की शाम को बाजार के लिए निकला था लेकिन देर रात तक नही लौटा। सुबह अंश के फोन से ही किसी ने परिजनों को रेल खण्ड पर उसका शव होने की सूचना दी। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल शव को बेलागंज थाना लाया गया है।
टिकारी संवाददाता: राज स्कूल मैदान में खेले जा रहे पुलिस पब्लिक मैत्री वॉलीबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन मउ एवं गुरारू की टीम ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। पहला मैच गुरारू एवं आंती थाना की टीम के बीच खेला गया। जिसमें गुरारू की टीम ने आंती को 2-0 से हराकर जीत दर्ज की। जबकि मउ एवं पंचानपुर ओपी के बीच खेले गए मैच में मउ की टीम ने पंचानपुर ओपी की टीम को 2-1 से पराजित कर दिया। इसके पूर्व खेले गए मैच में टिकारी एवं कोंच थाना ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। मैच के बाद एसडीपीओ गुलशन कुमार विजेता टीम के कप्तान को मेडल पहना कर सम्मानित किया। एसडीपीओ कुमार ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पुलिस पब्लिक मैत्री टूर्नामेंट आमजनो के बीच काफी प्रसिद्धि बटोरी है। टूर्नामेंट के आयोजन का मुख्य लक्ष्य सद्भावना बनाये रखना है। इस अवसर पर रेफरी के रूप में आशुतोष व चन्दन ने कार्य किया वहीं स्कोरर के रूप में आदर्श राज ने कार्य किया। मौके पर उप मुख्य पार्षद सागर कुमार, एसएचओ श्रीराम चौधरी, पंचानपुर ओपी अध्यक्ष राम राज सिंह, मउ ओपी अध्यक्ष राहुल कुमार, गुरारू थानाध्यक्ष, आंती थानाध्यक्ष, पुलिस अधिकारी विजय कुमार, विकास कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।
टिकारी संवाददाता: प्रखंड कृषि कार्यालय परिसर स्थित ई किसान भवन के सभागार में शुक्रवार को खरीफ कर्मशाला सह प्रशिक्षण एवं उपादान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सिंपी कुमारी ने मंचासीन अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित किसानों को विभाग द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही टिकारी के गुड़ वाली सोंधी तिलकुट व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए गरमा तिल की खेती पर जोर दिया गया। कृषि विज्ञान केंद्र मानपुर गया से आए वैज्ञानिक द्वारा मौसम के अनुकूल खेती करने एवं उन्नत तकनीक के बारे में जानकारी दी। वंही जिला पार्षद सुरेश यादव ने किसानों की समस्याओं से कृषि अधिकारियों को अवगत कराया। जिला परामर्शी सुदामा सिंह, आत्मा अध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंह, बंटी यादव प्रखंड, वीरेंद्र सिंह, विनोद यादव, प्रखंड सहायक तकनीकी प्रबंधक राजीव कुमार, सूर्यकांत निराला, अनन्जय कुमार लेखापाल आकाश कुमार, रवीकेश कुमार, डीईओ संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।
मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में रेल हित, कर्मचारी कल्याण संबंधी कार्यों पर विचार विमर्श एवं सुझावों के आदान -प्रदान हेतु स्थाई वार्ता तंत्र की बैठक संपन्न हुई। बैठक में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) के अंतर्गत ईसीआरकेयू के केंद्रीय एवं शाखाओं के पदाधिकारियों ने तथा डीडीयू मंडल के उच्च अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में कर्मचारी कल्याण से जुड़े विभिन्न प्रस्तावित मुद्दों पर गहन चर्चा एवं विचार विमर्श किया गया तथा यूनियन के पदाधिकारियों से सुझाव प्राप्त किए गए। मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मचारी हित अति महत्वपूर्ण है एवं रेल प्रशासन इसके लिए पूर्णतया प्रतिबद्ध है। स्थाई वार्ता तंत्र उत्तम औद्योगिक संबंध बनाए रखने हेतु एक सशक्त एवं प्रभावी माध्यम है। कर्मचारी कल्याण हेतु प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार एवं यथोचित कार्यवाही करते हुए सभी के सहयोग से रेल कर्मियों हेतु स्वस्थ कार्य वातावरण एवं उत्तम सुविधाएं बनाए रखने के साथ समग्र रूप में रेल हित को आगे बढ़ाने की बात कही गई।
गया शहर में दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। शुक्रवार को तीन लाख रुपये की लूट की घटना उस सख्शियत के साथ घटित हुई, जिन्हें लोग कॉमर्स वाले अग्रवाल सर के नाम से जानते हैं। शहर के पितामहेश्वर मोहल्ले में रहकर अग्रवाल कॉमर्स कैरियर (कोचिंग संस्थान) के संचालक आरके अग्रवाल और उनकी पत्नी के साथ हुई इस घटना के बाद पूरे शहर में पुलिस ने अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछा दिया है। जिस जगह पर रामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के पास हुई है, वहां लगे आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगालने की कोशिश में जुट गई है।
पीड़िता संजू अग्रवाल और उनके पति आरके अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को अपनी कार से तीन लाख रुपए एक बैग में लेकर उक्त बैंक की शाखा में हाउस लोन की किश्त जमा करने पहुंचे थे। कार जैसे ही रुकी और वे बाहर निकलने ही वाले थे कि बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधी उनके नजदीक आ गए और संजू अग्रवाल की हाथ से रुपये वाला बैग छीन लिया। उन्होंने बताया कि रुपये का बैग बचाने के लिए प्रतिरोध भी की। इसी क्रम में कुछ दूरी तक घसीटती चली गई। जिससे पैर में चोट भी आई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। इधर, इस दुःसाहस भरी आपराधिक घटना को लेकर पीड़ित दंपती चिंतित हैं। वहीं पुलिस इस घटना को लेकर अपराधियों की तलाश में जुट गई। अग्रवाल सर के कोचिंग में पढ़ने वाले छात्रों को भी जब इस घटना की जानकारी मिली तो उन सभी ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।