Author: Deepak Kumar

  • बाइक सवार को बचाने के क्रम में बालू लदा ट्रैक्टर झोपड़ी में घुसा, घर के बाहर खड़ी महिला को कुचला

    जितेंद्र कुमार, खिजरसराय

    खिजरसराय थाना क्षेत्र के आईमा बाजार में बालू लदे एक ट्रैक्टर के घर में घुस जाने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई मृतक महिला की पहचान राजमणि देवी 55 वर्ष के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गया की ओर से बालू लोड ट्रैक्टर तेज गति से आ रही थी कि दूसरे दिशा से तेज गति से आ रहे एक बाईक सवार को बचाने के क्रम में ट्रैक्टर झोपड़ीनुमा घर मे घुस गया और महिला गम्भीर रूप से घायल हो गई । घटना के समय महिला सड़क किनारे अपने घर के बाहर खड़ी थी । परिजन घायल महिला को ईलाज हेतु तत्काल खिजरसराय समुदायिक केंद्र ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही घायल महिला की मौत हो जाने की सूचना मिली आक्रोषित लोगों ने गया पटना मुख्य मार्ग में आईमा के पास यातायात को ठप करते हुए सड़क पर उतर गए। सूचना के बाद सीओ ममता के साथ पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर सड़क पर डटे लोगों को हटाया।

  • गया के नगर आयुक्त के इस पहल की हो रही प्रशंसा, वर्षों से चिंता में पड़े कर्मियों के चेहरे पर छाई खुशियां

    देवब्रत मंडल

    मकर संक्रांति के मौके पर गया नगर निगम के सेवानिवृत कर्मियों को नगर आयुक्त भाप्रसे की अधिकारी अभिलाषा शर्मा के द्वारा लगभग 10 वर्षों से लंबित चले आ रहे कर्मियों एवं उनके आश्रितों को सेवांत लाभ का भुगतान कर एक नेक और प्रशंसनीय कार्य किया गया। सेवांत लाभ पाने वाले लोगों के चेहरे पर खुशियां स्पष्ट रूप से झलक रही थी। वर्षों से निगम कार्यालय का चक्कर लगाने वाले लाभार्थियों ने इस नेक पहल के लिए नगर आयुक्त के प्रति अपना आभार प्रकट किया। सेवांत लाभ पाने वाले कुछ लाभार्थियों के मुंह से यह भी कहते सुना गया कि नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा ने उनकी और उनके परिवार की वर्षों से चली आ रही समस्याओं को दूर कर दीं। बताया गया कि नगर निगम के कई सेवानिवृत कर्मियों का सेवांत लाभ वर्ष 2012-13 से ही लंबित चला आ रहा था। इस समस्या से अवगत होने के बाद नगर आयुक्त ने लेखा शाखा के प्रभारी पदाधिकारी गौतम कुमार को निर्देश दिया कि सेवांत लाभ से वंचित रह रहे लोगों की समस्या को जितना जल्द हो सके उसे दूर करने के लिए कार्य को शीघ्र निबटाएं ताकि ऐसे कर्मियों और उनके आश्रितों की समस्या हमारे रहते दूर करा लिया जाए। इस मौके पर 60 सेवानिवृत कर्मियों को सेवांत लाभ के रूप में 3 करोड़ 75 लाख 16 हजार 337 रुपए एवं भविष्य निधि की एक करोड़ 20 लाख 63, 935 की राशि का भुगतान किया गया। दोनों मिलाकर 4 करोड़ 95 लाख 80 हजार 262 रुपया का भुगतान मकर संक्रांति के मौके पर कैंप लगाकर किया गया। उन्होंने कहा कि शेष बचे सेवानिवृत कर्मियों का आवंटन प्राप्त होते ही भुगतान करवा दिया जाएगा। इसके लिए एक रोस्टर तैयार कराया गया है। उसी रोस्टर के अनुसार भुगतान किया जाएगा। बता दें इसके पूर्व शनगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा के द्वारा भविष्य निधि की राशि का भुगतान विशेष शिविर आयोजित कर किया जा चुका है। वर्षों से लंबित राशि का भुगतान पाने के उपरांत सेवानिवृत कर्मियों में खुशी की लहर दौड़ गई। कैंप में उपनगर आयुक्त, लेखा पदाधिकारी एवं कार्यालय के कर्मी मौजूद थे।

  • रेल में ऐसा भी होता है कि 10 दिन बाद भी यात्री का छूट गया सामान उन्हें सुरक्षित लौटा दिया जाता है, देखें पूरी खबर

    देवब्रत मंडल

    यात्री को उनका सामान लौटाते स्टेशन अधीक्षक व रेलकर्मी

    इसी जनवरी महीने की 6 तारीख को एक रेलवे यात्री का बैग गया जंक्शन के वेटिंग हॉल में छूट गया था। बैग में यात्री का आधार कार्ड, कपड़े, कटोरा, पगड़ी के कपड़े व 11,700 रुपए तथा एक ट्रस्ट का प्रमाण पत्र था। गया स्टेशन अधीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि यात्री का छूटा हुआ बैग और उसमें रखे सभी सामानों को सुरक्षित रख दिया गया था। उन्होंने बताया यात्री का पता राजस्थान का था। जिसके बाद उसके पते पर संपर्क कर यात्री को सूचित किया गया। सूचना मिलने के बाद सोमवार (15.01.24) को यात्री उमा शंकर भारती अपने एक सहयात्री के साथ गया जंक्शन आए। जिन्होंने उनसे मिलकर दी गई सूचना और अपने छूट गए बैग के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि यात्री का उनका बैग और उसमें रखे सभी सामान और पूरे 11,700 रुपए लौटा दिया गया। इस नेक काम और पहल के यात्री ने भारतीय रेलवे को धन्यवाद दिया और आभार प्रकट किया। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक-2,गया दीपक कुमार आदि रेलकर्मी मौजूद रहे। यात्री ने बताया कि वह गंगा सागर स्नान करने के लिए निकला था तो बैग गया जंक्शन पर ही भूलवश छूट गया था। उन्हें लगने लगा था कि अब उनका खोया हुआ सामान और रुपये नहीं मिल सकता है लेकिन गया जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक और उनके अधीनस्थ सेवा दे रहे रेलकर्मियों ने उनके सामान को केवल सुरक्षित ही नहीं रखा बल्कि उन्हें ढूंढ निकाला और सूचना दी। जिसके बाद वे गया आए तो सारा सामान और रुपये पैसे सुरक्षित लौटा दिया गया।

  • माहुरी समाज अपना खुद से करेगा जनगणना, आमसभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित

    माहुरी समाज अपना खुद से करेगा जनगणना, आमसभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित

    देवब्रत मंडल

    वैसे तो हर जाति और वर्ग के लोग राजनीति में आबादी के हिसाब से हिस्सेदारी की मांग करते हुए आ रहे हैं। बिहार में हाल ही में हुए जातीय जनगणना के बाद माहुरी समाज के लोगों की चिंता बढ़ गई है कि उन्हें अलग से स्थान सूची में नहीं दिया गया है तो कैसे फिर अपनी हिस्सेदारी की वकालत करेंगे। अब जब देश में लोकसभा चुनाव की बारी आई है तो माहुरी समाज अपनी एकजुटता प्रदर्शित करते हुए अपनी हिस्सेदारी के लिए भी तैयारी शुरू कर दिया है। गया में मकर संक्रांति के अवसर पर माहुरी वैश्य मंडल की जिला इकाई की वार्षिक आमसभा हुई। जिसमें गत वर्ष के आय व्यय का लेखा जोखा प्रस्तुत किया गया। साथ ही एक वर्ष में समाज के जरूरतमंद लोगों को किस किस अवसर पर उन्हें आर्थिक रूप से मदद की गई, उसका भी विवरण आय-व्यय प्रस्तुत करने वक्त सामने रखा गया। इसके बाद आमसभा में उसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

    आमसभा को संबोधित करते विशेष आमंत्रित सदस्य पार्षद धर्मेंद्र कुमार


    आमसभा की अध्यक्षता मंडल के अध्यक्ष संजय कुमार ने व संचालन सचिव अमित कुमार ने किया। इस मौके पर विशेष आमंत्रित सदस्य गया नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति के सदस्य वार्ड नंबर 20 के पार्षद ने अपने अभिभाषण में इस बात पर जोर दिया कि समाज का अपना एक डेटाबेस तैयार करना जरूरी है जिससे यह पता चल सके कि समाज के लोगों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति क्या है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि माहुरी समाज के लोगों के द्वारा ही जनगणना करवाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि यह कार्य नगर निगम चुनाव 2022 के पूर्व कई वार्ड में कराया गया था लेकिन कतिपय कारणों से यह कार्य पूरा नहीं हो सका। जिसे आगे बढ़ाते हुए जनगणना का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ करना होगा। पार्षद इस प्रस्ताव पर आमसभा में सर्वसम्मति बनी कि बिहार में हुए जातिगत आर्थिक सर्वेक्षण में काफी कमी देखी गई है। माहुरी समाज(जाति) की अलग से आंकड़ा देखने को नहीं मिलता है। इसलिए अपने समाज का एक डेटा तैयार करना समय की मांग है। ताकि समाज में संपन्न वर्ग और जरूरतमंद लोगों के बीच जो विषमता है, उसे दूर करने के लिए सम्यक रूप से प्रयास किया जा सके।
    आमसभा में अन्य वक्ताओं ने भी समाज का डेटा बेस तैयार करने के लिए जनगणना कराने की आवश्यकता महसूस करते हुए इसे शीघ्र शुरू करने की बात कही। बैठक में माहुरी वैश्य मंडल के पदेन पदाधिकारी और समाज की महिलाओं की भी अच्छी भागीदारी रही।

  • तपोवन महोत्सव का हुआ विधिवत उद्घाटन, विपिन सचदेवा सहित कई कलाकार देंगे अपनी प्रस्तुति

    देवब्रत मंडल

    महोत्सव का शुभारंभ करते पूर्व मुख्यमंत्री व गण्यमान्य

    गया जिले के मोहड़ा प्रखंड में मकर संक्रांति के अवसर पर पर्यटन विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में तपोवन महोत्सव 2024 का आयोजन किया गया। जिसका विधिवत उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री सह विधायक, जीतन राम मांझी, सांसद चंद्रेश्वर प्रसाद, विधान परिषद सदस्य जीवन कुमार, अतरी विधायक अजय यादव, उपविकास आयुक्त विनोद दूहन, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, नीमचक बथानी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन के पूर्व सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ तथा मोमेंटो से किया गया। आज के कार्यक्रम में मुख्य कलाकार के रूप में सुविख्यात कलाकार विपिन सचदेवा द्वारा अपने प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही अन्य स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जायेंगे।

  • रेल कुली, रिक्शा चालक व जरूरतमंदों को ठंड से बचाव को दिए गए कंबल

    रेल कुली, रिक्शा चालक व जरूरतमंदों को ठंड से बचाव को दिए गए कंबल

    देवब्रत मंडल

    कंबल प्रदान करते संस्था के सचिव

    नेशनल ह्यूमन राइट्स एंड पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट ने मकर संक्रांति के मौके पर गया रेलवे स्टेशन पर मौजूद कुली, रिक्शा चालक, एवं अन्य जरूरतमदों को कंबल दान किया। संस्था के सचिव गणेश सिंह ने बताया की बढ़ती हुई ठंड को देखते 250 कंबल का वितरण किया गया है। कार्यक्रम को सही तरीके से संचालित करने के लिए गया रेलवे पुलिस का भी सहयोग सराहनीय है। इस मौके पर गुंजा कुमारी, स्वाति बरनवाल, ममता देवी, सागर कुमार, मनोज गिरी, सुमित राज, मनीष बरनवाल, शुभासनी शिवम, राजन पाण्डेय, शेखर बरनवाल, अंजुम खानम, सतेंद्र कुमार, प्रतिमा देवी, जेम्स कुमार, निहाल कुमार बिट्टू एवं अन्य गण्यमान लोग शामिल हुए।

  • गया में छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने वाले प्रिंसीपल को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पीड़िता को पुलिस बयान दर्ज करवाने कोर्ट ले गई

    गया में छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने वाले प्रिंसीपल को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पीड़िता को पुलिस बयान दर्ज करवाने कोर्ट ले गई

    महताब अंसारी

    आरोपी प्रिंसीपल

    इस वक्त गया जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप में एक निजी विद्यालय के प्रिंसीपल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता को पुलिस न्यायालय ले गई है जहां उसका बयान दर्ज कराया जाएगा। प्रिंसीपल की गिरफ्तारी की खबर आग की तरह क्षेत्र में फैल गई है। निजी स्कूलों में विशेषकर इस खबर को लेकर तरह तरह की चर्चाएं हो रही है। गया जिले के कोंच प्रखंड के एक विद्यालय में छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में उस विद्यालय के प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर न्यायालय में उपस्थापित कराने के लिए कोर्ट ले गई है। आरोपी प्रिंसीपल पूर्व में पंचायत समिति सदस्य का प्रतिनिधि रह चुका है। कोंच थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
    मिली जानकारी के अनुसार एक पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल संजय कुमार गुप्ता पर एक छात्रा ने अपने साथ अश्लील हरकतें करने की शिकायत दर्ज कराई है। घटना शनिवार की बताई गई है। पीड़िता का आरोप है कि स्कूल बंद होने के बाद किसी बहाने से प्रिंसिपल ने उसे स्कूल में बुलाया और उसके साथ गंदी हरकते करने लगा। पीड़िता किसी तरह भाग कर अपने घर गई और पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद कोंच थाना में पीड़िता के बयान पर कांड संख्या 24/24 दर्ज किया गया। कोंच थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय के प्रिंसिपल संजय कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता का आरोप है कि पहले भी आरोपी प्रिंसीपल बैड टच करता था। पुलिस ने पीड़िता का दप्रसं 164 के तहत बयान दर्ज करवाने के लिए न्यायालय भेजा है। बता दें कि संजय कुमार गुप्ता वर्ष 2011 से 2016 तक पंचायत समिति सदस्य का प्रतिनिधि भी रह चुका है।

  • अतरी प्रखंड प्रमुख और उपप्रमुख की कुर्सी बरकरार, अविश्वास प्रस्ताव हुआ खारिज

    अतरी प्रखंड प्रमुख और उपप्रमुख की कुर्सी बरकरार, अविश्वास प्रस्ताव हुआ खारिज

    अतरी: प्रखंड प्रमुख नवल किशोर सिंह व उप प्रमुख रूबी देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव हुआ खारिज। अतरी प्रखंड प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मत विभाजन के लिए शनिवार को प्रखंड मुख्यालय के सभागार में बैठक की गई । बैठक में सिर्फ 5 पंचायत समिति सदस्य उपस्थित हुए। जबकि अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए 6 पंचायत समिति सदस्य चाहिए थी। इसकी जानकारी देते हुए अतरी बीडीओ अनुराधा ने बताया की प्रखंड प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर विशेष बैठक की गई थी जिसमें 10 पंचायत समिति में से सिर्फ 5 पंचायत समिति सदस्य उपस्थित हुए जिसके कारण अविश्वास प्रस्ताव पारित नहीं हो सका। इस संबंध में अतरी प्रमुख नवल किशोर सिंह ने बताया कि पांच सरकारी नौकरी त्याग करने के बाद समाज सेवा करने के लिए आया हूं। और 2016 से लगातार आठवीं बार चुनाव जीता हूं । बिहार पुलिस ,दरोगा ,शिक्षक, किरानी , बिहार राज्य खाद निगम प्रबंधक के पद को त्याग कर आज समाज सेवा करने में लगे हुए है। 2016 में पैक्स अध्यक्ष बनने के बाद से आजतक लगातार 8 बार चुनाव जीतते आ रहे हैं।

  • भीम आर्मी के समर्थन में उतरा स्वराज पार्टी, भीम आर्मी पर हुए लाठी चार्ज के विरोध में करेगी आंदोलन

    भीम आर्मी के समर्थन में उतरा स्वराज पार्टी, भीम आर्मी पर हुए लाठी चार्ज के विरोध में करेगी आंदोलन

    पिछले दिनों भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं पर हुए पुलिस की लाठी चार्ज के बाद स्वराज पार्टी ,भीम आर्मी के समर्थन में उतर गई है। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं पर हुई लाठी चार्ज के विरोध में स्वराज पार्टी की गया जिला कमिटी की बैठक आज गांधी मैदान गया में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष अधिवक्ता शम्भू नाथ यादव ने किया। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने भीम आर्मी के कार्यकर्त्ता पर हुए लाठीचार्ज एवं बर्बरतापूर्ण कारवाई का विरोध किया। पार्टी के गया जिला सचिव रामचंद्र शाह ने कहा कि भीम आर्मी के कार्यकर्त्ता अपनी जायज मांगों को लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ़ आक्रोश मार्च निकाले हुए थे। इसी बीच जिला प्रशासन अपना नाकामी छुपाने के लिए आन्दोलन को अवरूद्ध करने के साथ कई आन्दोलन कारियो को बेरहमी से पीटा है। पार्टी के गया जिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सलाउद्दीन अंसारी ने कहा कि गया जिला में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है और इसका मुख्य कारण जिला का वरीय पुलिस अधिकारी है। आए दिन जिले में गरीब शोषण और जुर्म, का शिकार हो रहे हैं। थाना में शिकायत के बाद भी न्याय नहीं मिल रहा है। जाँच के नाम पर सिर्फ कमीशनखोरी होता है।

    शम्भू नाथ यादव ने कहा कि पुलिस इतना तनाशाह हो गया है कि आंदोलन में शामिल कार्यकर्ताओं पर 10 धाराओं के साथ 307 लगाकर 18 आन्दोलन कारियो को जेल भेज दिया है। इससे गया जिला पुलिस के प्रति लोगों में रोष है। ईमानदार पदाधिकारी जांच कर सही जांच रिपोर्ट वरीय पुलिस अधिकारी को कार्रवाई करने के लिए सौंपते हैं फिर भी दोषियों पर प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय भ्रष्टाचारियों से मोटी रकम वसूली कर भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देते हैं। जिसका जीता-जागता उदाहरण भीम आर्मी के कार्यकर्ता के ऊपर लाठी चार्ज एवं आँसू गैस के गोले छोड़े गए हैं। जो प्रशासन के नाकामी को दर्शाता है।

    शम्भू नाथ यादव ने बताया कि भीम आर्मी के कार्यकर्त्ता पर हुए लाठी चार्ज के विरोध में पार्टी की जिला कमिटी ने ने गया शहर में प्रतिरोध मार्च निकालने का निर्णय लिया है। इस संबंध में पार्टी की प्रदेश व केन्द्रीय कमिटी को अवगत करा दिया गया है। पार्टी की सहमति से आंदोलन की तिथि की घोषणा की जायेगी।

  • जिशान सिलेक्शन शॉपिंग मॉल ने तरवां में खोला अपना दूसरा ब्रांच

    तरवां: जिशान सिलेक्शन शॉपिंग मॉल ने वजीरगंज प्रखंड के तरवां में अपना दूसरा ब्रांच खोला है। इस मॉल में ग्राहकों को जिशान कलेक्शन के अलावा भी कई अन्य ब्रांड्स के कपड़े मिलेंगे। जिशान कलेक्शन का पहला शॉपिंग मॉल फतेहपुर में है, जो कुछ वर्ष पहले शुरू हुआ था। जिशान सिलेक्शन के मालिक जिशान खान ने बताया कि उन्होंने तरवां में अपना दूसरा मॉल खोलने का फैसला इसलिए किया, क्योंकि वहां की आबादी बढ़ रही है और लोगों को फैशन के प्रति रुचि है। जिशान खान ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि हम अपने ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाले और आधुनिक फैशन के प्रोडक्ट प्रदान करें। हम तरवां के लोगों का स्वागत करते हैं और उम्मीद करते हैं कि वे हमारे मॉल का आनंद लेंगे।” हमारे ग्राहक अलग-अलग ब्रांड के कपड़े एक ही जगह से खरीद सकते हैं।

    जिशान सिलेक्शन का दूसरा शॉपिंग मॉल का उद्घाटन डॉ. साबिर रसूल , मो. वाजिद खान और कांग्रेस नेता इलियास अंसारी के द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। जिशान सिलेक्शन के दूसरे शॉपिंग मॉल का उद्घाटन एक धूमधाम से हुआ, जिसमें लोगों ने भारी संख्या में हिस्सा लिया। इस मौके पर, जिशान सिलेक्शन ने अपने ग्राहकों को कई ऑफर और डिस्काउंट भी दिए।