Tag: कोंच थाना

  • अंचल कार्यालय के कथित दलाल सुबोध पर जमीन हड़पने का भी आरोप, बीएसएफ के जवान ने की थी शिकायत

    अंचल कार्यालय के कथित दलाल सुबोध पर जमीन हड़पने का भी आरोप, बीएसएफ के जवान ने की थी शिकायत

    देवब्रत मंडल

    अंचल कार्यालय कोंच(गया)

    गया जिले के टिकारी अनुमंडल के कोंच अंचल कार्यालय में कथित दलाली करने वाले सुबोध तिवारी पर जमीन हड़पने का भी आरोप लग चुका है। ये अलग बात है कि आरोपी के विरुद्ध जांच हुई या नहीं, इसका पता नहीं है लेकिन आरोप बीएसएफ के एक जवान ने अपने सीनियर अधिकारी से की थी।

    बीएसएफ के कमांडेंट ने आईजी को लिखा था पत्र

    जिसके आलोक में बीएसएफ 31 बटालियन के तत्कालीन कमांडेंट राजेश ने मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक को पत्र लिखकर कार्रवाई करते हुए मुख्यालय को अवगत करवाने की बात कही थी।

    मामला एलओसी पर तैनात जवान से जुड़ा है

    मामला मुख्य आरक्षक प्रवीण कुमार तिवारी से जुड़ा बताया गया है। प्रवीण कुमार तिवारी कोंच थाना क्षेत्र के अमरा गांव निवासी हैं। जो उस वक्त (सितंबर 2025) में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा(एलओसी) पर तंगधार, जिला कुपवाड़ा(कश्मीर) में तैनात थे।

    नक्सलियों से संबंध होने की दी गई थी जानकारी

    प्रवीण कुमार तिवारी ने अपने अधिकारी को बताया था कि सुबोध कुमार तिवारी, पिता उदय कुमार तिवारी, ग्राम-उतरेन, थाना कोंच, जिला गया का संबंध नक्सलियों से भी है। जो बीएसएफ के जवान श्री तिवारी की जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहता है। परिवार को जान से मारने की धमकी देता है। कमांडेंट राजेश ने यह पत्र 06 सितंबर 2025 को लिखा था।

    आईजी के अलावा एसएसपी और डीएसपी को भी भेजा गया था पत्र

    पत्र में उन्होंने(31 बटालियन के कमांडेंट राजेश) आईजी को बताया है कि पीड़ित मुख्य आरक्षक द्वारा इस बात की लिखित शिकायत थानाध्यक्ष से भी की गई है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने की बात से कमांडेंट ने आईजी सहित तत्कालीन एसएसपी और टेकारी डीएसपी को भी अवगत करवाया था। साथ ही कृत कार्रवाई से उन्हें भी अवगत कराने की बात कमांडेंट ने कही थी।

  • कोंच में युवक की गला रेतकर हुई हत्या के मामले में कांड दर्ज, नौकरी और शादी के नाम पर ठगी का आरोप

    कोंच में युवक की गला रेतकर हुई हत्या के मामले में कांड दर्ज, नौकरी और शादी के नाम पर ठगी का आरोप

    महताब अंसारी

    प्रतीकात्मक तस्वीर(इंटरनेट)

    गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के श्रीगांव पंचायत अंतर्गत सलोनी बिगहा गांव के समीप एक युवक की गला रेतकर हत्या बीते दिनों कर दी गई थी। इस मामले ने पुलिस ने कांड दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक के पिता परमानंद पासवान ग्राम बेलखारा थाना शहर तेलपा जिला अरवल निवासी ने दूरभाष पर बताया कि उनका पुत्र मनोज पासवान (35) अन्य प्रदेश में पत्नी के साथ रहकर एक कंपनी में मजदूरी करता था। जहां कुछ वर्ष पहले उसकी पत्नी की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसे मुआवजा राशि मिली थी। वह राशि मेरे पुत्र के बैंक खाते में ही था। इसी बीच उसे नौकरी का झांसा और पुनः शादी कराने के नाम पर उससे लाखों रुपए की निकासी कर ली गई। मृतक के पिता ने ऐसा आरोप पड़ोसी गांव दरियापुर जिला अरवल निवासी रंजीत सिंह पर लगाया है। उन्होंने बताया है कि मउनका पुत्र मनोज पासवान बीते 8 – 9 दिनों से लापता था। काफी खोजबीन के बाद स्थानीय थाना में मामला दर्ज कराने पहुंचे। इसी बीच एक शव का फोटो उन्हें पुलिस ने दिखाया। जो पुत्र मनोज का ही था। हालांकि, तबतक काफी देर हो चुकी थी और पुलिस ने अज्ञात शव मानकर उसका दाह संस्कार भी कर दिया था। इधर, कोंच थाना की पुलिस पिता की शिकायत पर कांड संख्या 367/25 दर्ज कर मामले की जांच कर रही है पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।

  • ब्रेकिंग न्यूज: गया में राजद कार्यकर्ता का शव कुएं में लटका मिला, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

    रिपोर्ट : महताब अंसारी ,कोंच संवाददाता

    गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के गरारी पंचायत अंतर्गत सरबहदा गांव में शुक्रवार सुबह सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक कुएं में व्यक्ति का शव देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी टिकारी सुशांत कुमार चंचल ने बताया कि मृतक की पहचान गरारी गांव निवासी दिवाकर यादव (50 वर्ष), पिता इंद्रदेव यादव के रूप में हुई है। शव सरबहदा गांव के बधार स्थित कुएं में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर कोंच थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला गया है।

    हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
    प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। बताया जा रहा है कि दिवाकर यादव की गला दबाकर हत्या की गई और फिर शव को कुएं में फेंक दिया गया। मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया है, जो सबूत जुटा रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज, गया भेजा गया है।

    राजद के पुराने कार्यकर्ता थे दिवाकर यादव
    मृतक राजद के सक्रिय कार्यकर्ता थे, जिससे घटना के पीछे किसी राजनीतिक या आपसी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों के आवेदन के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।

  • गया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के आरोपियों की 12 घंटे में गिरफ्तारी, 2 विधि विरूद्ध बालक निरुद्ध

    गया: गया पुलिस ने अपनी त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से एक हत्या के मामले में संलिप्त छह आरोपियों को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया, साथ ही दो विधि विरूद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया। यह कार्रवाई कोंच थाना क्षेत्र में हुई एक हत्या की घटना के बाद की गई, जो स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है।

    घटना का विवरण:

    19 नवम्बर 2024 को कोंच बाजार में वादी और उनके दोस्त के साथ कुछ लोगों की बहस हो गई थी, जिसे स्थानीय लोगों ने सुलझा लिया था। कुछ समय बाद, जब वादी और उनका दोस्त घर लौट रहे थे, तो 10-15 लोगों का एक समूह उनके सामने आकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी, डंडा और पत्थरों से इन दोनों पर हमला कर दिया, जिससे वादी का दोस्त बुरी तरह घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस संबंध में कोंच थाना में हत्या की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

    गया पुलिस की त्वरित कार्रवाई:

    वीडियो

    घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, गया ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, टिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और दो विधि विरूद्ध बालकों को भी हिरासत में लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि कोंच बाजार में भुजा खरीदने को लेकर मृतक और उसके साथी के साथ हुई बहस के बाद, उन्होंने गुस्से में आकर दोनों को मारपीट का शिकार बनाया। इसके कारण एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई।

    गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:

    गया पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के नाम और उनके ठिकाने भी सार्वजनिक किए हैं:

    ओम प्रकाश कुमार (पिता: अशोक राउत)

    कपील कुमार (पिता: संजय चौधरी)

    राहुल कुमार (पिता: संजय चौधरी)

    नितीश कुमार उर्फ छोटु उर्फ लवली (पिता: सतीश पासवान)

    गया पासवान (पिता: स्व. रामप्रवेश पासवान)

    उपेन्द्र पासवान (पिता: स्व. रामप्रवेश पासवान)

    दो विधि विरूद्ध बालक (नाम गुप्त)

    आगे की कार्रवाई:

    गया पुलिस ने मामले में अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और उनके खिलाफ छापेमारी जारी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे, ताकि समाज में कानून व्यवस्था बनी रहे।

  • गया के हिच्छापुर गांव में एक साथ पहुंचा पांच लोगों के शव, परिजनों के साथ ग्रामीणों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा

    रिपोर्ट – महताब अंसारी , कोंच संवाददाता

    [short-code2]

    कोंच। ईंट भट्ठा पर कार्य करने को लेकर जा रहे मजदूर के शव गांव पहूचते ही पंचायत व आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घर पर शव आते ही परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। मालूम हो कि उतर प्रदेश के मथुरा से अपने गंतव्य स्थान पर जाने के लिए कोंच के हिच्छापुर महादलित टोला के मजदूरों ने एक पीकअप वैन पर सवार होकर गुरूवार की अहले सुबह निकले थे। जिसमें दर्जनों महिला पुरूष मजदूर अपने बच्चों के साथ ईट भट्ठा पर काम करने के लिए चले थे। रास्ते में वाहन अचानक एक बिजली के खम्भा से जा टकराया। बिजली के खम्भा से टकराने से 11 kv के तार टूटकर वाहन से जा टकराया। जिससे वाहन में बिजली की करंट का झटका लगा। करंट के झटके से बचने के लिए मजदूरों ने वाहन से कुदना शुरू कर दिया था। जिससे ड्राइवर बिजली के झटके से बचने के लिए पीकअप वैन को पीछे की ओर घुमाया। जिससे वाहन से कूद रहे हिच्छापुर महादलित टोला के सोखेन्द्र मांझी के 30 वर्षीय पत्नी गौरी देवी, पांच वर्षीय पूत्री कोमल कुमारी, प्रेम मांझी के 30 वर्षीय पत्नी कुंती देवी, पूत्री प्रियंका कुमारी 6 वर्ष इसके अलावा परैया थाना क्षेत्र के उपरहुली गांव के मानो कुमारी वाहन की चपेट में आ गए और इन सभी की मौत घटना स्थल पर ही हो गई थी। वहीं, अनिता देवी व पूत्र गगन कुमार, प्रेम मांझी, सोखेन्द्र मांझी समेत आधा दर्जन मजदूरों की भी चोटें आईं और गगन कुमार के दाहीना जांघ की हड्डी टूट गई।

    [short-code3]

    [short-code1]

    उत्तर प्रदेश के मथुरा से शवों को शुक्रवार को गांव लाया गया। शव आते ही इलाके में यह खबर आग की तरह फैल गई। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों की भीड़ जुट गई। लॉ एंड आर्डर को देखने के लिए पुलिस प्रशासन समेत प्रखण्ड विकास पदाधिकारी विपुल भारद्वाज, अंचल अधिकारी मुकेश कुमार , थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह कैंप कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री सह वर्तमान विधायक डा. अनिल कुमार, पैक्स अध्यक्ष अनिल वर्मा, जिला पार्षद प्रतिनिधि सत्येन्द्र प्रजापति, मोहन यादव, मुखिया राम निवास प्रसाद समेत अन्य लोगों ने परिजनों को सांत्वना दी। देर शाम हिच्छापुर गांव के ही शमशान घाट पर चार लोगों का अंतिम संस्कार हुआ। सभी की आंखें नम थी। गांव में पहली बार एकसाथ इतने लोगों का एकसाथ शव देख कर ग्रामीणों के आंसू थम नहीं रहे थे। मुखिया द्वारा कबीर अन्तयेष्टी के तहत तीन-तीन हजार रूपये परिजनों को दिया गया है। शोक और पीड़ा से घिरे हिच्छापुर के लोगों के लिए ये हादसा ऐसी त्रासदी है, जिसने उनके कई परिवारों की खुशियां छीन ली।

  • कोंच में दो बच्चों की मां लापता, पति ने दर्ज कराई शिकायत

    कोंच में दो बच्चों की मां लापता, पति ने दर्ज कराई शिकायत

    कोंच (गया), 28 जुलाई (कोंच संवाददाता) – कोंच थाना क्षेत्र के उतरेंन पंचायत में एक महिला के दो बच्चों के साथ लापता होने का मामला सामने आया है। रविवार को पीड़ित पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

    पति द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, उनकी 24 वर्षीय पत्नी अपने दो बच्चों के साथ घर से फरार हो गई है। पति का आरोप है कि बिहार के अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र के एक गांव का एक युवक और उसके पिता उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले गए हैं।

    शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने बहुत खोजबीन की, लेकिन पत्नी और बच्चों का कहीं पता नहीं चल पाया। उन्होंने यह भी बताया कि पत्नी अपने साथ बैंक ऑफ बड़ौदा का पासबुक ले गई है, जिसमें उसके नाम पर चार लाख रुपये जमा हैं।

    कोंच के थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने पुष्टि की है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, “कोंच थाना कांड संख्या 315/24 के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।”

    पति ने आरोप लगाया है कि यह घटना शादी के इरादे से की गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और लापता महिला और बच्चों का पता लगाने के प्रयास कर रही है।

  • कोंच में महिला का शव पंखे से लटका मिला था, मृतका के पिता ने 4 दिनों बाद थाने में दर्ज कराई शिकायत

    कोंच में महिला का शव पंखे से लटका मिला था, मृतका के पिता ने 4 दिनों बाद थाने में दर्ज कराई शिकायत

    कोंच (गया), 28 जुलाई- आंती थाना क्षेत्र के भाम गांव में एक महिला का शव पंखे से लटका मिलने के चार दिन बाद मृतका के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 24 जुलाई की सुबह सुनीता देवी (27) का शव उनके घर में पंखे से लटका हुआ पाया गया था। रविवार, 28 जुलाई को मृतका के पिता धुरी दास ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

    धुरी दास, जो रफीगंज थाना क्षेत्र के मुंजाडी गांव के निवासी हैं, ने बताया, “मेरी बेटी सुनीता की शादी अप्रैल 2017 में प्रदीप दास उर्फ तेजू से हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं – सगुना (5) और परी (2)। 24 जुलाई की सुबह हमें फोन पर सूचना मिली कि सुनीता ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है।”

    उन्होंने यह भी बताया कि वह अक्सर अपने दामाद प्रदीप दास की मदद करते थे। कुछ दिन पहले सुनीता ने उन्हें फोन पर बताया था कि प्रदीप को ऑटो खरीदना है।

    आंती थाने के एसएचओ अजय कुमार ने पुष्टि की है कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा, “हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं और जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।”

    घटना के दिन शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था और बाद में परिवार को सौंप दिया गया था। परिजनो ने न्याय की मांग करते हुए शीघ्र जांच पूरी करने की अपील की है।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की गहन जांच कर रहे हैं और यह स्पष्ट करने का प्रयास कर रहे हैं कि यह आत्महत्या थी या किसी अन्य कारण से मौत हुई। मृतका के परिवार ने न्याय की मांग की है और कहा है कि वे जांच के निष्कर्षों का इंतजार करेंगे।

  • गया में छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने वाले प्रिंसीपल को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पीड़िता को पुलिस बयान दर्ज करवाने कोर्ट ले गई

    गया में छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने वाले प्रिंसीपल को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पीड़िता को पुलिस बयान दर्ज करवाने कोर्ट ले गई

    महताब अंसारी

    आरोपी प्रिंसीपल

    इस वक्त गया जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप में एक निजी विद्यालय के प्रिंसीपल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता को पुलिस न्यायालय ले गई है जहां उसका बयान दर्ज कराया जाएगा। प्रिंसीपल की गिरफ्तारी की खबर आग की तरह क्षेत्र में फैल गई है। निजी स्कूलों में विशेषकर इस खबर को लेकर तरह तरह की चर्चाएं हो रही है। गया जिले के कोंच प्रखंड के एक विद्यालय में छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में उस विद्यालय के प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर न्यायालय में उपस्थापित कराने के लिए कोर्ट ले गई है। आरोपी प्रिंसीपल पूर्व में पंचायत समिति सदस्य का प्रतिनिधि रह चुका है। कोंच थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
    मिली जानकारी के अनुसार एक पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल संजय कुमार गुप्ता पर एक छात्रा ने अपने साथ अश्लील हरकतें करने की शिकायत दर्ज कराई है। घटना शनिवार की बताई गई है। पीड़िता का आरोप है कि स्कूल बंद होने के बाद किसी बहाने से प्रिंसिपल ने उसे स्कूल में बुलाया और उसके साथ गंदी हरकते करने लगा। पीड़िता किसी तरह भाग कर अपने घर गई और पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद कोंच थाना में पीड़िता के बयान पर कांड संख्या 24/24 दर्ज किया गया। कोंच थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय के प्रिंसिपल संजय कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता का आरोप है कि पहले भी आरोपी प्रिंसीपल बैड टच करता था। पुलिस ने पीड़िता का दप्रसं 164 के तहत बयान दर्ज करवाने के लिए न्यायालय भेजा है। बता दें कि संजय कुमार गुप्ता वर्ष 2011 से 2016 तक पंचायत समिति सदस्य का प्रतिनिधि भी रह चुका है।

  • गया में अपराधियों ने घर में घुसकर युवक को मारी गोली ,मौके पर ही मौत

    गया में अपराधियों ने घर में घुसकर युवक को मारी गोली ,मौके पर ही मौत

    गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के रौणा गांव में अपराधियों ने घर में घुसकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दिया। घटना देर रात दो बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान कोंच थाना क्षेत्र के रौना गांव निवासी प्रदीप पासवान के बेटे भुजल पासवान के रुप में हुई है। घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दिए जाने की घटना के बाद मृतक के परिजन चित्कार मारकर रो रहे हैं। बच्चे और महिलाएं विलाप कर रही हैं। जानकारी के अनुसार बुधवार की देर रात करीब दो बजे भुजल पासवान अपने घर में परिवार के साथ सोया हुआ था। उस घर में दरवाजे नहीं हैं सिर्फ पर्दा लगा हुआ है। इस दौरान हथियारबंद अपराधी घर में घुसे, भुजल पासवान को सोए अवस्था में गोली मारी जो दाहिने कांख में लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद कोंच थानाध्यक्ष अविनाश कुमार दल बल के साथ रौना गांव पहुंचकर घटना की जांच कर रही है। परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है और घटना करने वालों के बारे में भी छानबीन कर रही है। फिलहाल परिजनों ने किसी का नाम पुलिस के सामने नहीं लिया है। किसी से दुश्मनी की बात भी नहीं बताई है। बहरहाल कोंच थाना की पुलिस शव को गुरुवार की सुबह बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल को भेज दी है।

    महताब अंसारी ,कोंच संवाददाता

  • मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने गया-गोह सड़क को किया घंटो जाम, पानी में डूबकर हुई थी एक बालक की मौत

    मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने गया-गोह सड़क को किया घंटो जाम, पानी में डूबकर हुई थी एक बालक की मौत

    कोंच। गया-गोह मुख्य मार्ग के ब्रह्म स्थान के पास मुआवजा को लेकर ग्रामीणों ने रविवार की सुबह घंटों सड़क जाम किया जिसे पारिवारिक लाभ मिलने के बाद सड़क जाम को समाप्त कराया गया। बता दें कि ग्राम बिजहरा मठिया निवासी अमोद सिंह का 12 वर्षीय पुत्र शनि कुमार बीते शनिवार की शाम को अपने खेत में लगे धान की रोपनी को लेकर धान का बोझा ढो रहा था तभी जेसीबी से किए गए सड़क भराई में हुए खेत के गड्ढे के पानी में उक्त बालक जा गिरा था। जिससे उसकी मौत पानी में डूबने से हो गई थी।

    ग्रामीणों ने देर शाम हो जाने की वजह से शव को रात भर घर पर ही रखा और रविवार की सुबह साढ़े छः बजे गया गोह मुख्य मार्ग पर स्थित ब्रह्म स्थान के पास शव को खटिया पर लाकर रख दिया और ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया जिससे दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय कोंच पुलिस, प्रभारी अंचलाधिकारी विनीत ब्यास, मंझियावां मुखिया प्रतिनिधि राज बब्बर सिंह, खजुरी मुखिया प्रतिनिधि विजय विश्वकर्मा समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को समझा बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया और शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए मेडिकल कॉलेज गया भेज दिया गया। इधर, प्रभारी अंचलाधिकारी विनीत ब्यास ने पीड़ित परिवार को पारिवारिक लाभ के तहत बीस हजार रुपए एवं मुखिया प्रतिनिधि राज बब्बर सिंह ने कबीर अंत्येष्ठि के तहत तीन हजार रुपए दिया। वहीं, जिला पार्षद शरीफा कुमारी ने भी सड़क जाम को समाप्त कराने में पहल की है।

    महताब अंसारी ,कोंच