Tag: डीडीयू डीआरएम

  • गया जंक्शन पर नो पार्किंग जोन को देखने वाला कोई नहीं, न जाने क्यों नहीं होती कार्रवाई

    गया जंक्शन पर नो पार्किंग जोन को देखने वाला कोई नहीं, न जाने क्यों नहीं होती कार्रवाई

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में वाहनों के पार्किंग स्थल निर्धारित गए हैं। कार कहां लगना है, ऑटो रिक्शा कहां लगना है, बाइक कहां लगना है। इन सभी के लिए स्थान और सीमित एरिया भी निर्धारित किया गया है। लेकिन यहां ये सभी बातें केवल कागज पर ही सही दिखाई देती है, वास्तविकता कुछ और ही है।
    गया जंक्शन के डेल्हा साइड में हाल ही में ऑटो रिक्शा का ठेका हुआ। वो भी तीन साल के लिए। जिस व्यक्ति को ऑटो स्टैंड का यहां ठेका रेलवे ने दिया है, उन्हें निर्धारित स्थल और क्षेत्रफल भी निर्धारित किया गया है।
    परंतु यहां तो प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के आने जाने वाले मार्ग पर कहें या फिर स्टेशन बिल्डिंग के प्रवेश और निकास द्वार पर ऑटो रिक्शा लगाए जा रहे हैं। जिसे देखने वाला मानो कोई नहीं है।


    जबकि नो पार्किंग जोन में लगे वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई का प्राविधान किया गया है। ऐसा किया भी जाता है। लेकिन ये तस्वीर शुक्रवार को दोपहर बाद की है। यहां से वाणिज्य पर्यवेक्षक और रेलवे सुरक्षा बल के पदाधिकारियों का भी आना जाना होता है लेकिन क्या मजाल कि ऑटो चालक यहां से टस से मस हो जाएं। मानों इनमें कानून नाम का डर ही नहीं। हालांकि यहां लगे ऑटो रिक्शा चालक से जब पूछा गया तो साफ शब्दों में कहा कि 40 रुपये किस बात का ठीकेदार का आदमी लेता है। जबकि इसके पहले तीस रुपये ही लिया जा रहा था। अब जब नए ठीकेदार आए हैं तो 40 रुपये लिया जा रहा है।
    बहरहाल, ये ठीकेदार और चालक के बीच का मामला है लेकिन बेतरतीब और नो पार्किंग जोन में वाहन लगने से रोकने की जिम्मेदारी जिनकी है, उन्हें तो यात्री सुविधाओं का भी ख्याल रखना चाहिए।

  • अखबार कल नहीं आएगा तो magadhlive है न, रेल से जुड़ी कुछ खबरें जो आपके लिए है, देखें इन तस्वीरों को

    अखबार कल नहीं आएगा तो magadhlive है न, रेल से जुड़ी कुछ खबरें जो आपके लिए है, देखें इन तस्वीरों को

    देवब्रत मंडल

    एस एंड टी कार्यालय

    गया जी शहर में विश्वकर्मा पूजा की धूम रही। कल यानि कि 18 सितंबर को अखबार नहीं आएगा आप सभी के सामने। आपको अखबार में खबरों के लिए इंतजार करना पड़ेगा क्योंकि 19 सितंबर को खबरें अखबार में आएगी। ऐसे में चिंता नहीं करने की जरूरत नहीं। मगध लाइव न्यूज़ के डेस्क ने इसके लिए प्रयास किया है कि कल का इंतजार क्यों?

    ये साहेब खुद को अधिकारी समझ रहे हैं

    रेलवे के संकेत विभाग में विश्वकर्मा पूजा धूम धाम से मनाया गया। सबसे बड़ी बात रही कि यहां ऑल इंडिया रेलवे फेडरेशन के महासचिव शिव गोपाल मिश्र आए और रेलकर्मियों को मंगलकामना का “आशीर्वाद” दिया।

    सक्सेशन बोर्ड यहां चर्चा में रहा

    सिग्नल एवं टेलीकॉम(एस एंड टी) के कार्यालय में लगे इस सकशेन बोर्ड(उत्तराधिकार) पर नजर पड़ी। यहां के पदाधिकारी(एसएसई) संजय कुमार हैं लेकिन वे ट्रेनिंग में गए हुए हैं और यहां हुआ क्या कि शशि कुमार बगैर किसी अधिसूचना के इस बोर्ड पर अपना नाम अंकित करवा लिए। जो चर्चा का विषय बना हुआ है। जबकि नियमानुसार ऐसा करना गलत है। जैसा कि नियम कानून है।

    साहेब ढाई घंटे रहे थे लेकिन अतिक्रमण नहीं हटा

    एस एंड टी कार्यालय के सामने लगी अवैध दुकानें

    सिग्नल एंड टेलिकॉम विभाग, गया के इस कार्यालय में आरपीएफ के स्थानीय अधिकारी पूजा में करीब दो से ढाई घंटे तक पूजा में उपस्थित रहे थे, पूरा अमला इनके साथ था। कार्यालय के सामने अवैध तरीके से फल एवं सब्जियों की कई दुकानें लगी रही लेकिन साहेब नहीं हटवा सके। या कहें कि संरक्षण के कारण नहीं हट सका।यहां के कर्मचारियों ने बताया ये साहेब चाहते तो दुकानों को हटवा सकते थे लेकिन नहीं हटा। यही पर एक केबिन है जो बंद कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया यहां असामाजिक तत्वों का डेरा लगा रहता है। जबकि डीआरएम के आगमन पर ये दुकानें हट जाती हैं। यहां के दुकानदारों ने बताया कि 150 रुपये प्रति दुकान राजकुमार नामक एक व्यक्ति(ठीकेदार) का आदमी लेता है जिसे किसी मामले में एक दो दिन पहले ही जेल भेज दिया गया है।

    ऑटो रिक्शा चालक को थमाई गई रसीद

    ऑटो रिक्शा चालक से आर्थिक दोहन की शिकायत

    गया जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में एक ऑटो रिक्शा चालक को ₹ 75/- का रसीद थमा दिया गया। जबकि चालक का कहना था कि उसने यात्री को ड्राप करने के लिए केवल आगे बढ़ा था और प्रशासन की मौजूदगी में उसे रसीद थमा दिया गया।

    वैध वेंडरों को अवैध वेंडर देते हैं धमकी

    गया-धनबाद रेलखंड पर चलने वाली ट्रेनों में एस एस इंटरप्राइजेज नामक एक एजेंसी को लाइसेंस जारी किया गया है लेकिन इस रेलखंड के पहाड़पुर स्टेशन सहित अन्य स्टेशनों पर अवैध ठीकेदार द्वारा लाईसेंसी वेंडरों को तरह तरह की धमकियां मिल रही है। इसका ऑडियो सुरक्षित है। जिसे संबंधित पदाधिकारी सुन ही चुके हैं।

    गया जंक्शन पर अवैध वेंडरों को सरंक्षण मिल रहा

    गया जंक्शन पर आने जाने वाली ट्रेनों में अवैध वेंडरों द्वारा पानी से लेकर खाद सामग्री बेची जा रही है लेकिन जिन्हें इस अवैध सामग्री बेचने वालों को रोकने की जिम्मेदारी है वे खुलेआम इसे संरक्षण देते नजर आ रहे हैं।

    …और अंत में

    एक नंबर गुमटी(बंद) के पास लगी दुकानें

    बहरहाल, ये गया जंक्शन है। यहां वैध क्या है और अवैध क्या है, इसे यहां के स्टेशन मैनेजर, वाणिज्य विभाग के पर्यवेक्षक, आरपीएफ के सहायक कमांडेंट, पोस्ट प्रभारी आदि सभी जानते हैं लेकिन…. न जाने क्यों?

  • डीडीयू मंडल के अधिकारियों का आखिर गया जी के मीडिया से दूरी क्यों?

    डीडीयू मंडल के अधिकारियों का आखिर गया जी के मीडिया से दूरी क्यों?

    देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल के अधिकारी गया जी के मीडिया हाउस के लोगों से दूरी बनाए रखना चाहते हैं, आखिर ऐसा क्यों? ये सवाल यहां के मीडियाकर्मियों के मन में उठ रहे हैं। विशेषकर गया जी में विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला को लेकर ये बात कही जा रही है।
    यहां के मीडिया हाउस को न तो पूर्व में सूचना दी जाती है कि इस बार मेले में क्या क्या व्यवस्थाएं रेल प्रशासन की तरफ से की जा रही है और न तो पूर्व मध्य रेल के अधिकारियों के आगमन पर और न तो डीआरएम द्वारा किए जाने वाले निरीक्षण और यात्रियों की सुविधाएं मुहैया कराए जाने संबंधित जानकारी दी जाती है। ऐसे में विभिन्न मीडिया हाउस से जुड़े लोगों के मन में ये सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ऐसी दूरी क्यों?
    जबकि देखा जाए तो इस मेले को लेकर रेल अधिकारियों का बराबर यहां आना जाना लगा रहता है लेकिन मीडिया को प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं किया जा रहा है। ऐसे में मीडिया हाउस और सम्बंधित संस्थान को जितने परस्पर सहयोग की अपेक्षा की जाती है वो शून्य के माफिक है।
    देखा जाए तो गया जी के जिला प्रशासन इस मेले को लेकर तीन महीने पहले से ही तैयारियां शुरू कर देते हैं और इसकी जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से सभी मीडिया हाउस को समय समय पर दी जाती है लेकिन डीडीयू मंडल द्वारा ऐसी कोई भी जानकारी नहीं दी जा रही है।
    हां! भारतीय रेलवे के बढ़ते कदम, ट्रेनों के परिचालन से संबंधित जानकारी प्रेस को उपलब्ध कराई जा रही है लेकिन  विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 2025 को लेकर क्या क्या सुविधाएं मुहैय्या कराई जा रही है इसकी जानकारी डीडीयू मंडल के किसी अधिकारी द्वारा नहीं दी गई है। ऐसे तो पत्रकार किसी प्रेस विज्ञप्ति के मोहताज नहीं हुआ करते हैं, जो देखते हैं, उसी के अनुसार अपनी रिपोर्ट प्रकाशित करने के लिए स्वतंत्र हैं। गया जी जंक्शन पर भी कोई ऐसे व्यक्ति(पर्यवेक्षक) को मीडिया हाउस को जानकारी देने के लिए अधिकृत नहीं किया गया है। मंडल मुख्यालय में भी जिन्हें इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई होगी तो वे भी मीडिया से कुछ साझा नहीं कर रहे हैं।
    अब 06 सितंबर से विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 2025 शुरू हो रहा है जो 21 सितंबर तक चलेगा। परंतु अबतक एक भी बुलेटिन रेल की ओर से जारी नहीं किया जाना इस बात को दर्शाता है कि अधिकारी मीडिया हाउस से दूरी बनाए रखना चाहते हैं।
    देखा जाए तो गया जी जंक्शन पर कई तरह के गैरकानूनी तरीके से कई चीजें देखने को मिलती है, जिसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर या फिर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, प्रिंट मीडिया कभी कभार उठाते रहे हैं लेकिन, इसमें सुधार के बजाय और वृद्धि होती ही नजर आती है। ऐसे में मीडिया और स्थानीय प्रशासन के बीच जितना परस्पर सहयोग चाहिए वह नहीं मिल पाता है।
    जबकि पूर्व मध्य रेल के अन्य कुछ रेल मंडलों से ऐसी शिकायत मीडिया हाउस के लोगों के सामने नहीं नहीं रही है तो फिर डीडीयू मंडल द्वारा ऐसा क्यों किया जा रहा है, ये सवाल यहां के मीडिया पर्सन के मन में उठ रहे हैं।

  • गया जंक्शन के वाहन स्टैंड: नियमों और आदेश की उड़ रही धज्जियां, सवाल करने पर अपनी-2 जिम्मेदारी टाल गए पदाधिकारी

    गया जंक्शन के वाहन स्टैंड: नियमों और आदेश की उड़ रही धज्जियां, सवाल करने पर अपनी-2 जिम्मेदारी टाल गए पदाधिकारी

    देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत गया जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में कार पार्किंग का ठेका पटना की एक एजेंसी को रेल प्रशासन द्वारा दिया गया है। जो तीन वर्षों के लिए 15 अगस्त 2027 तक मान्य है। डीडीयू मंडल के वाणिज्य विभाग के अधिकारी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने 16.08.2024 को अपने आदेश में बहुत बातें लिखी है। जिसमें कुछ बातें आपकी जानकारी में शायद नहीं हो। जिसकी खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए दिखाई दे रही है। बुधवार को जब गया जंक्शन के बाहरी परिसर की तस्वीरों को कैमरे में कैद किया गया तो नजारे कुछ और ही इशारे करते हैं। जब संबंधित अधिकारियों से इन अनियमितताओं को लेकर सवाल कहें या जानकारी लेने के लिए संपर्क किया गया तो सभी एक दूसरे पर टालने जैसी बात कह गए।

    पहले जानें किसे और क्या क्या आदेश दिए गए हैं

    सीनियर डीसीएम के आदेश में बताया गया है कि ‘जय माता दी इन्वेस्टमेंट कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, पटना’ को इस कार्य के लिए अधिकृत किया गया है। इस एजेंसी का मुख्यालय का पता जय माँ दुर्गे होटल, बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी, विजय नगर, पत्रकार नगर, पटना-800026 है। जिसमें उल्लेख मिलता है कि गया रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में प्रीमियम कार पार्किंग स्टैंड के लिए 3 वर्ष की अवधि हेतु ठेका प्रदान किया गया है।

    अनुबंध(करार), निर्देश और तय निर्धारित समय सीमा


    जिसका अनुबंध संख्या वाणिज्य(पार्किंग),गया-पीआर-03 दिनांक 31.07.2024 है। इसके संदर्भ में, गया रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में प्रीमियम कार पार्किंग स्टैंड का ठेका ई-नीलामी के माध्यम से 3 वर्ष की अवधि अर्थात 16.08.2024 से 15.08.2027 तक के लिए प्रदान किया गया है। सभी नियम व शर्तें, प्रावधान इस प्रकार निर्धारित किया गया है। जिसमें स्पष्ट किया गया है कि पार्किंग स्टैंड निम्नलिखित निर्देशों का कड़ाई से पालन करना है।

    आवंटित क्षेत्र और सत्यापन की जिम्मेदारी इन लोगों पर

    आवंटित क्षेत्र (1036 वर्ग मीटर) की सीमाओं का उचित रूप से सीमांकन करेंगे ताकि उपयोग योग्य क्षेत्र की पहचान की जा सके, जिसका सत्यापन स्टेशन प्रबंधक, वरीय अनुभाग अभियंता (वर्क्स) और वाणिज्य पर्यवेक्षक(सामान्य), गया जंक्शन द्वारा किया जाना है। जिसकी एक प्रति आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक, आईओडब्ल्यू(कार्य) को भी दी गई है। वस्तुतः देखा जा रहा है कि कार पार्किंग निर्धारित क्षेत्र(आवंटित क्षेत्र) से हटकर किया जा रहा है, परंतु इस तरह गलती के लिए अबतक संवेदक के विरुद्ध क्या कार्यवाही की गई के संदर्भ में जब गया जंक्शन के तीन जिम्मेदार पदाधिकारी से सवाल किए गए तो तीनों एक दूसरे पर अपनी जिम्मेदारियों को टाल गए।

    पार्किंग स्थल पर साफ सफाई की जिम्मेदारी संवेदक को

    पार्किंग स्टैंड के प्रवेश द्वार पर ज़मीन से ऊपर एक पठनीय टैरिफ बोर्ड लगाना है। जिस पर आवंटित क्षेत्र, पार्किंग टैरिफ दरें, ठेकेदार का नाम और हेल्पलाइन नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए। लेकिन, यह स्पष्ट दृष्टिगोचर नहीं है।पार्किंग स्थल की भूमि को हमेशा साफ़-सुथरा और स्वच्छ रखना और भूमि और वाहन स्टैंड से सभी अपशिष्ट या अनुपयोगी संपत्ति या अन्य सामग्री या कूड़ा-कचरा हटाना संवेदक के जिम्मे है लेकिन इसका अनुपालन होते नहीं दिखाई देता है। जबकि ऐसा न करने पर प्रशासन द्वारा उचित दंड लगाने की बात है लेकिन स्थानीय रेल प्रशासन द्वारा इसकी अनदेखी की जा रही है।

    बगैर पहचान पत्र और बैज के कार्य करते हैं कर्मचारी

    पार्किंग स्टैंड पर चौबीसों घंटे पर्याप्त, विश्वसनीय, ईमानदार और अच्छे नैतिक चरित्र वाले कर्मचारियों को वर्दी में, स्पष्ट और पठनीय नाम बैज और पहचान पत्र के साथ तैनात करेंगे और उनका नाम (आधार कार्ड और पुलिस सत्यापन) प्रशासन को उपलब्ध कराना है।ल, लेकिन किसी भी कर्मचारियों को यहां विशेष वर्दी में या बैज में नहीं देखा जा रहा है और न तो जिन्हें जिम्मेदारी दी गई है इन चीजों को देखने के लिए, वे इसे देख रहे हैं। ये सब ‘आंख बंद’ करके चल रहे हैं। सबसे जरूरी और महत्वपूर्ण बातें, जो आपको जानना जरूरी है कि कार पार्किंग के संवेदक द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवा के लिए उपयोगकर्ता को एक कम्प्यूटरीकृत कूपन जारी करना है लेकिन इसका भी अनुपालन होते नहीं दिखाई दे रहे हैं।

    जानें गया जंक्शन के संबंधित पदाधिकारियों ने क्या- क्या कहा

    ‘हमने इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए सीएसजी, आरपीएफ इंस्पेक्टर और जीआरपी एसएचओ को पत्र लिखा है। यदि ऐसा हो रहा है तो आर्थिक जुर्माना लगाने का काम सीएसजी को है।’
    विनोद कुमार सिंह, स्टेशन प्रबंधक, गया जंक्शन

    ‘प्रीमियम पार्किंग के लिए निर्धारित(आवंटित क्षेत्र) स्थल से अलग स्थानों पर वाहनों की पार्किंग की जा रही है तो आरपीएफ इंस्पेक्टर द्वारा इस संबंध में कार्यवाही की जानी चाहिए। वे करते भी हैं लेकिन उनके द्वारा जमा कराई जाने वाली जुर्माने की राशि वाणिज्य विभाग के हेड(एकाउंट) में जमा नहीं की जाती है।’
    शैलेश कुमार, सीएसजी, गया जंक्शन

    ‘आरपीएफ पोस्ट द्वारा नो पार्किंग जोन में लगने वाले वाहन के मालिकों से पेनाल्टी की राशि वसूल की जाती है लेकिन प्रीमियम पार्किंग के लिए निर्धारित स्थल से अलग स्थानों पर लगने वाले वाहन के मालिकों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की कार्यवाही का अधिकार सीएसजी को है। इनके द्वारा निर्देश दिए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। नो पार्किंग जोन में आरपीएफ द्वारा निरंतर कार्यवाही की जा रही है।’

    बनारसी यादव, निरीक्षक, आरपीएफ, गया जंक्शन