Tag: सीपीआई

  • आइये जानते हैं गया शहर विधानसभा क्षेत्र से कौन जीत रहे हैं समझें वोटों के हिसाब-किताब

    आइये जानते हैं गया शहर विधानसभा क्षेत्र से कौन जीत रहे हैं समझें वोटों के हिसाब-किताब

    देवब्रत मंडल

    230 गया टाउन विस क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 279287 है। 11 नवंबर को देर शाम मतदान के बाद बताया गया कि इस विधानसभा क्षेत्र में 59.47% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया है। इस हिसाब से देखा जाए तो 1,66,091.9789(करीब एक लाख 66 हजार 92) मतदाताओं ने मतदान किया है। हालांकि कुछ मतदान केंद्रों से अंतिम रिपोर्ट नहीं आने की बात कही गई है। यदि कुछ और मतों का हिसाब किताब का अनुमान लगाया जाता है तो यह संख्या एक लाख 66 हजार 200 भी मान लिया जाए तो मतगणना के बाद चुनाव परिणाम इतने मतों में से ही हो सकता है।

    पिछली बार शेष 25 अभ्यर्थियों को 10,285 मत प्राप्त हुए थे

    इस बार मुख्य रूप से भाजपा के सीटिंग विधायक डॉ प्रेम कुमार और कांग्रेस के प्रत्याशी अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव के बीच ही रहा। हर बूथ पर मतदान करने के बाद मतदाताओं ने कहा कि इन्हीं दोनों के बीच कड़ी टक्कर है। पिछली बार 2020 के चुनाव में भाजपा के डॉ प्रेम कुमार ने जीत हासिल की थी। दूसरे नंबर पर मोहन श्रीवास्तव रहे थे। प्रेम कुमार को 66,932 वोट मिले थे, जबकि मोहन श्रीवास्तव को 55,034 वोट प्राप्त हुए थे। जबकि शेष 25 अभ्यर्थियों को 10,285 मत प्राप्त हुए थे।
    2020 के चुनाव में यहां कुल 27 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे इस बार 22 प्रत्याशी हैं।

    डॉ प्रेम कुमार को 50.45% तथा मोहन श्रीवास्तव को 41.48% मिले थे

    डॉ प्रेम कुमार को 50.45% तथा मोहन श्रीवास्तव को 41.48% मत मिले थे। जीत हार के मतों का अंतर 11, 898 थे। 2020 के चुनाव में कुल 131,701 वोट डाले गए थे। जबकि इस बार 1,66,092 वोट पड़े हैं। देखा जाए तो इस बार 34,391 वोट अधिक डाले गए हैं। जो दर्शाते हैं कि वोटरों की जब संख्या बढ़ी तो उत्साहित होकर नए मतदाताओं ने अपने अपने मताधिकार का प्रयोग बढ़चढ़ कर किया है। इस बार जब वोटों की संख्या बढ़ी है तो इसका चुनाव परिणाम पर असर पड़ेगा।

    जनसुराज के वोटों पर सबकी नजर, हार जीत का लगा रहे अनुमान

    सबसे बड़ी बात है कि इस बार जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार धीरेंद्र अग्रवाल को भी वोटरों ने वोट किया है। धीरेंद्र अग्रवाल को कितने वोट पड़े हैं, इसका अनुमान महागठबंधन और एनडीए के लोग लगा रहे हैं। धीरेंद्र अग्रवाल जिस जाति/वर्ग से आते हैं, उस जाति और वर्ग के लोगों की संख्या 230 गया विधानसभा चुनाव क्षेत्र में अच्छी खासी है। सबके मन में यही प्रश्न उठ रहे हैं कि श्री अग्रवाल को कितने वोट पड़े होंगे। दोनों गठबंधन अपनों से ज्यादा इनके वोटों का हिसाब किताब लगा रहे हैं। 11 नवंबर को मतदान की प्रक्रिया समाप्त हो जाने के बाद लोगों में इसी बात की चर्चा रही कि यदि जनसुराज के धीरेंद्र अग्रवाल 8-10 हजार वोट हासिल कर लेते हैं तो यहां परिवर्तन देखने को मिलेगा।

    सवाल खड़े हो रहे जनसुराज को किस हद तक लोगों ने दिया साथ

    इस बीच यह भी चर्चा हो रही है कि श्री अग्रवाल को बनिया समाज(वैश्य समाज) उतनी मदद नहीं की है जितनी की अपेक्षा की जा रही थी। वैश्य वर्ग को भाजपा का कोर वोटर माना जाता है जिसे जनसुराज नहीं तोड़ पाया। फिर भी लोगों में चर्चा है कि 5000 से अधिक वोट जनसुराज को मिलने जा रहा है।

    महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी को इस बार सभी वर्गों का साथ

    वहीं इस बार मतदान केंद्रों के बाहर यह सुनने और देखने को मिले कि कांग्रेस के प्रत्याशी मोहन श्रीवास्तव को उनके समाज(कायस्थ) के लोगों ने बढ़चढ़ कर वोट किया है। जो पिछली बार भाजपा को किए थे। वहीं मोहन श्रीवास्तव को इस बार हर जाति और वर्ग के लोगों का वोट मिला है। खासकर ईबीसी के वोटरों की बात कही जा रही है। वहीं यादव और मुस्लिम ने कांग्रेस को परंपरागत रूप से वोट किया है। सबसे बड़ी बात जो देखने और सुनने को मिले हैं कि कुशवाहा और कुर्मी समाज जो कि जदयू(एनडीए) के कोर वोटर माने जाते हैं ने भी मोहन श्रीवास्तव के पक्ष में इस बार मतदान किया है। हालांकि इस जाति के अधिकांश मतदाताओं ने प्रेम कुमार के पक्ष में मतदान किया है।

    भाजपा के कट्टर समर्थक भी दिख रहे थे नाराज, खुलकर आए सामने

    वहीं भाजपा के कट्टर समर्थक रहे लोगों में भी डॉ प्रेम कुमार से प्रति नाराज दिखाई दे रहे थे। जो इस बार कांग्रेस के प्रत्याशी अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव के साथ खुलकर खड़े नजर आए। यानि भाजपा के वोट में सेंधमारी होती है तो चुनाव परिणाम चौकाने वाले हो सकते हैं। कुछ कट्टर हिंदू समर्थक कहे जाने वाले भी इस बार जनसुराज के साथ लगे हुए थे लेकिन वोट ट्रांसफर करवा सके कि नहीं, ये तो मतों की गिनती के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

    …और अंत में

    महागठबंधन और एनडीए के बीच सीधी लड़ाई में जनसुराज की उपस्थिति को नकारा नहीं जा सकता है। वहीं बाकी प्रत्याशियों के वोट यदि पिछली बार की ही तरह 10 से 12 हजार वोट ले जाते हैं तो अनुमान के मुताबिक करीब 15-20 हजार वोट जो अन्य(जनसुराज शामिल) को मिल जाते हैं तो 1,66,092 में से 15 हजार ही वोट निकाल दिया जाए तो 1,51,092 वोट में ही भाजपा और कांग्रेस के हैं। यदि पिछली बार की बात करें तो करीब 51% भाजपा को और करीब 42% वोट कांग्रेस को मिले थे। यदि इस बार जो चर्चा है और जो बात मतदाता कह रहे हैं तो जो बातें परिवर्तन की कही जा रही है तो परिणाम सच में चौकाने वाले होंगे।

  • अजीब कसमकश: प्रेम कुमार हार भी जाएं और मोहन श्रीवास्तव जीते भी नहीं! चर्चा के केंद्र में धीरेंद्र अग्रवाल

    अजीब कसमकश: प्रेम कुमार हार भी जाएं और मोहन श्रीवास्तव जीते भी नहीं! चर्चा के केंद्र में धीरेंद्र अग्रवाल

    देवब्रत मंडल

    फोटो स्रोत:सोशल मीडिया

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में गया जिले के 10 विधानसभा क्षेत्र में 11 नवंबर को यहां के मतदाता वोट करेंगे। प्रथम चरण में 06 नवंबर को मतदान के लिए मंगलवार की देर शाम प्रचार का शोर थम गया। इसके साथ ही गया जिले में प्रचार प्रसार का शोर और बढ़ गया। गया जिले में 9 नवंबर की शाम प्रचार का शोर थम जाएगा। इसके बाद 11 नवंबर को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर्रेंगे।

    बड़े नेताओं के आगमन से दोनों गठबंधन में उत्साह

    दोनों गठबंधन के बड़े बड़े नेताओं के आगमन से गया जिले में चुनावी परिदृश्यों में बदलाव देखने को मिल रहे हैं। मुख्य रूप से महागठबंधन और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेताओं के आगमन से दोनों गठबंधन के घटक दलों में एक नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

    ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में नाम दर्ज कराने का दावा

    इस बार गया जिले का हॉट सीट गया शहर विधानसभा क्षेत्र है। यहां करीब 36 सालों से भाजपा नेता डॉ प्रेम कुमार विधायक हैं। जो नौंवीं बार चुनाव मैदान में हैं। अबतक विपक्ष की दाल यहां नहीं गली है और इस बार भी एनडीए किसी और के पक्ष में इस सीट को नहीं जाने देने के लिए कमर कसे हुए हैं। एनडीए के लोगों का कहना है कि इस बार इस सीट को जीत कर ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में प्रेम कुमार अपना नाम दर्ज कराने वाले हैं।

    महागठबंधन एक बार पांच साल के लिए मांग रहा है मौका

    विपक्षी दलों के गठबंधन ने कांग्रेस के नेता अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव पर फिर एक बार दाव लगाया है। महागठबंधन हर हाल में इस सीट पर अपना कब्जा करने के प्रयास में दिनरात जुटा हुआ है। महागठबंधन के लोग कह रहे हैं कि बहुत हो चुका। एक बार मोहन श्रीवास्तव को पांच साल के लिए मौका देकर देखें। शहरी क्षेत्र में नगर निगम के माध्यम से किए गए अबतक के विकास कार्यों को गिनवाते हुए काम के आधार पर वोट मांग रहे हैं।

    भाजपा और कांग्रेस दोनों जीत के प्रति आश्वस्त

    क्षेत्र भ्रमण पर और जनसंपर्क अभियान में जुटे दोनों गठबंधनों के कार्यकर्ता और नेता अपनी अपनी जीत हासिल करने के आत्मविश्वास से लबरेज हैं। दोनों के कुनबे हाथ जोड़कर अपने पक्ष में वोट करने की अपील करते नजर आ रहे हैं। दिन में जनसंपर्क तो देर रात तक बैठकें और मंथन कर रहे हैं। जातीय समीकरण से लेकर मत विभाजन की नीतियों पर चर्चा कर रहे हैं। कहें तो ‘गोटियां फीट’ करने की जुगत में लगे हुए हैं।

    अजीब उलझन में हैं नेता और मतदाता

    सबसे बड़ी बात जो चर्चा में है। वो ये कि प्रेम कुमार हार भी जाएं और मोहन श्रीवास्तव जीते भी नहीं। ऐसे में तीसरे प्रत्याशी जो जनसुराज के हैं धीरेंद्र अग्रवाल उनकी चर्चा दोनों गठबंधन के लोगों में हो रही है। जिससे यहां के मतदाता और नेता दोनों कशमकश में हैं। एनडीए और महागठबंधन दोनों की नजरें जनसुराज के धीरेंद्र अग्रवाल पर है।

    इस बार ‘संवदिया’ निभा रहे हैं अहम भूमिका

    अन्दर की बात जो पता चली है कि दोनों गठबंधन से कई लोग जनसुराज के कुनबे में ‘संवदिया’ के तौर पर शामिल हैं। जो दोनों गठबंधन के नेताओं को जनसुराज की हर पल की राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखते हुए पल-पल की सूचना दे रहे हैं। संवदिया के माध्यम से दोनों गठबंधन के लोग जनसुराज की ताकत(मिलने जा रहे वोट) का आंकलन कर रहे हैं। उसी को आधार बनाकर अपनी अपनी जीत सुनिश्चित करने की नीति पर काम कर रहे हैं।

    जनसुराज के आने से जीत हार के अंतर पर भी हो रही चर्चा

    बहरहाल, गया शहर के मतदाताओं से बातचीत करने पर यही सुनने को मिल रहे हैं कि जनसुराज के चुनाव मैदान में मजबूती से डटे रहने के कारण इस बार चुनाव परिणाम चौकाने वाले होंगे। बता दें कि पिछले चुनाव में हार और जीत के मतों के अंतर काफी कम भी नहीं थे तो बहुत ज्यादा भी नहीं थे। इस बार जनसुराज की उपस्थिति से जीत हार के मतों का अंतर या तो काफी कम हो सकता है या फिर काफी बड़ा भी हो सकता है। बहरहाल, ये तो 11 को मतदान और 14 नवंबर को मतगणना के बाद ही पता चल पाएगा।

  • ‘बदलो सरकार, बचाओ बिहार’ नारे के साथ जो भी इंडिया गठबंधन का उम्मीदवार होगा, उसे ही कम्युनिस्ट पार्टी देगी समर्थन

    ‘बदलो सरकार, बचाओ बिहार’ नारे के साथ जो भी इंडिया गठबंधन का उम्मीदवार होगा, उसे ही कम्युनिस्ट पार्टी देगी समर्थन

    देवब्रत मंडल

    सम्मेलन में उपस्थित सीपीआई के नेता

    गया जी: गया जी शहर के भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की खरखुरा शाखा का सम्मेलन कॉमरेड रामचंद्र प्रसाद के आवास पर श्री प्रसाद की अध्यक्षता में हुई। सम्मेलन में भारतीय सैनिक, कवि, लेखक, पत्रकार के साथ घटित घटना, दुर्घटना, हत्या तथा हरिद्वार के मनसा माता की मंदिर में हुई भगदड़ में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। सम्मेलन का उद्घाटन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डेल्हा प्रभारी राम जगन गिरी ने किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री गिरी ने कहा कि डेल्हा गुमटी नंबर एक पर फुट ओवरब्रिज निर्माण करने के लिए संघर्ष को तेज किया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं से संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। कहा कि पार्टी के संगठन को मजबूत करें क्योंकि शाखा पार्टी की रीढ़ होती है और इसका विस्तार करने की जरूरत है। आगामी विधानसभा चुनाव में ‘बदलो सरकार, बचाओ बिहार’ नारे के साथ जो भी इंडिया गठबंधन का उम्मीदवार होगा, उसे विजयी बनाने की अपील की गई। पार्टी के नगर के सहायक मंत्री सतेन्द्र सुमन ने कहा कि पार्टी का पूरे प्रदेश में शाखा, अंचल, जिला सम्मेलन का दौर चल रहा है। श्री गिरी ने बताया कि सर्वसम्मति से अजय प्रसाद को खरखुरा शाखा का सचिव और सहायक शाखा सचिव भोला प्रसाद चुने गए। सम्मेलन को पूर्व शाखा मंत्री यमुना यादव, महादेव प्रसाद, अनिल कुमार, कृष्णा प्रसाद आदि ने संबोधित किया। वहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी वार्ड नंबर 07 पंचायतीय अखाड़ा शाखा का सम्मेलन मसूद मंजर के आवास पर अख्तर हुसैन अकेला की अध्यक्षता में हुई। सम्मेलन का उदघाटन जिला मंत्री सीता राम शर्मा ने किया और कहा कि बिहार में दिन प्रतिदिन अपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही है। अब तो हालात और चिंताजनक बनते जा रही है। बहन, बेटियां भी सुरक्षित नहीं बच पा रही। अब किस पर विश्वास किया जाय। उन्होंने सदस्यों से आह्वान किया कि शाखा को और मजबूत कर आंदोलन तेज करें। सम्मेलन में सर्वसम्मत से अख्तर हुसैन अकेला को शाखा सचिव बनाया गया और सहायक सचिव नेहाल अहमद चुने गए। यहां सम्मेलन को पूर्व शाखा मंत्री अफरोज उर्फ बाबू, राज कुमार गुप्ता, मोहम्मद शहाबुद्दीन अधिवक्ता आदि ने संबोधित किया।