Tag: absconder

  • गया रेल थाना के चर्चित सोना लूटकांड में नामजद सिपाहियों को झटका, पटना हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका की खारिज, अब होगी गिरफ्तारी

    गया रेल थाना के चर्चित सोना लूटकांड में नामजद सिपाहियों को झटका, पटना हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका की खारिज, अब होगी गिरफ्तारी

    देवब्रत मंडल

    File photo

    गया। गया रेल थाना से जुड़े चर्चित सोना लूटकांड में नामजद बनाए गए रेल थाना के सिपाहियों को बड़ा झटका लगा है। इस मामले में आरोपित सिपाहियों की अग्रिम जमानत याचिका पटना हाईकोर्ट ने शनिवार को खारिज कर दी। हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद मामले में नामजद पुलिसकर्मियों पर गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई है और जांच एजेंसियों की आगे की कार्रवाई पर भी नजर टिक गई है।

    यह मामला उस सनसनीखेज सोना लूटकांड से जुड़ा है, जिसमें बड़ी मात्रा में सोना लूटे जाने के आरोप के बाद गया रेल थाना की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई थी। जांच के दौरान रेल थाना के कुछ पुलिसकर्मियों के नाम सामने आने के बाद उन्हें केस में नामजद आरोपी बनाया गया था। अब अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने से यह स्पष्ट संकेत माना जा रहा है कि अदालत ने प्रथमदृष्टया मामले की गंभीरता को देखते हुए राहत देने से इनकार किया है।

    क्या है मामला

    गया रेल थाना से जुड़ा यह सोना लूटकांड शुरू से ही काफी चर्चित रहा है। मामले में आरोप है कि सोना लूट की घटना के बाद पुलिस की भूमिका संदिग्ध पाई गई और जांच के क्रम में रेल थाना के कुछ सिपाहियों के नाम सामने आए। इसके बाद केस में उन्हें नामजद आरोपी बनाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियों ने कई स्तरों पर छानबीन की और पुलिस विभाग के भीतर भी इसको लेकर हलचल बनी रही।

    सूत्रों के अनुसार, केस में नाम आने के बाद संबंधित सिपाहियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पटना हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। शनिवार को इस पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर दी। अदालत के इस आदेश को अभियोजन पक्ष के लिए अहम माना जा रहा है।

    हाईकोर्ट के आदेश के बाद बढ़ी कानूनी मुश्किल

    अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद अब नामजद सिपाहियों के सामने सरेन्डर कर नियमित जमानत लेने या फिर जांच एजेंसी की कार्रवाई का सामना करने की स्थिति बन सकती है। ऐसे मामलों में हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद पुलिस या संबंधित जांच एजेंसी आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज कर सकती है।

    इस घटनाक्रम के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। क्योंकि गया रेल थाना से जुड़े इस कांड ने पहले ही रेलवे पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। अब अदालत के ताजा आदेश ने इस केस को फिर से सुर्खियों में ला दिया है।

    जांच और विभागीय कार्रवाई पर भी नजर

    इस मामले में पहले से चल रही आपराधिक जांच के साथ-साथ विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की संभावना बनी हुई है। अगर जांच में नामजद पुलिसकर्मियों की संलिप्तता के ठोस साक्ष्य मिलते हैं, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई और कड़ी हो सकती है। वहीं, हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद जांच एजेंसियों का रुख और सख्त होने की संभावना जताई जा रही है।

    आगे क्या

    अब सबसे अहम सवाल यह है कि हाईकोर्ट से झटका मिलने के बाद नामजद सिपाही अगला कानूनी कदम क्या उठाते हैं। वे निचली अदालत में आत्मसमर्पण कर नियमित जमानत की अर्जी दे सकते हैं। दूसरी ओर, अगर जांच एजेंसी सक्रिय होती है तो गिरफ्तारी या अन्य कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी तेज हो सकती है।

    गया रेल थाना के चर्चित सोना लूटकांड में पटना हाईकोर्ट का यह ताजा आदेश इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता फिर सामने आई है। आने वाले दिनों में इस केस में पुलिस और अदालत—दोनों स्तरों पर हलचल तेज रहने की संभावना है।

    तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष की हुई थी गिरफ्तारी, आरोपी परवेज जेल में

    बता दें इस कांड 334/25 में गया रेल थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया था जो जमानत पर जेल से बाहर निकल गए हैं। वहीं एक आरोपी परवेज आलम ने गया रेलवे कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है जो न्यायिक हिरासत में गया के केंद्रीय कारा में बंद हैं।

    गया के स्वर्ण व्यवसायी भी हो चुका है गिरफ्तार, बरामद हुआ था सोना

    वहीं इसी केस में मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू को एसआईटी की टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जो अभी जमानत पर जेल से छूट गया है। मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू गया सराफा मंडी का कारोबारी है। जिस पर लूट का सोना खरीद बिक्री करने का आरोप है। जिसके पास से पुलिस ने कुछ सोना बरामद कर चुकी है।

    घटना पिछले साल जोधपुर एक्सप्रेस में चलती ट्रेन में हुई थी

    यह मामला 21 नवंबर 2025 की है। हावड़ा-बीकानेर जोधपुर एक्सप्रेस में कोडरमा स्टेशन जाकर गया रेल थाना के सिपाहियों एवं दो बाहरी व्यक्ति ने मिलकर यात्रा कर रहे सोने के एक व्यापारी मनोज कुमार सोनी के स्टाफ से एक किलोग्राम सोना लूट लिया था। इसके बाद गया रेल के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह को निलंबित करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया था।

    न्यायालय में आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

    स्मरण रहे कि इस बहुचर्चित सोना लूटकांड की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। जिसका नेतृत्व वर्तमान अपर रेल पुलिस अधीक्षक तत्कालीन पटना रेल डीएसपी मुख्यालय भास्कर रंजन कर रहे हैं। जिन्होंने न्यायालय में नामजद आरोपी बनाए गए सिपाहियों की जमानत याचिका खारिज करने के पक्ष में महत्वपूर्ण साक्ष्य पेश किए। जिसके बाद न्यायालय ने इसे बेहद गंभीर मामला मानते हुए आरोपियों की अपील को खारिज कर दिया है।

  • बहुचर्चित सोना लूटकांड में नया मोड़: आरोपी परवेज आलम को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी रेल पुलिस

    बहुचर्चित सोना लूटकांड में नया मोड़: आरोपी परवेज आलम को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी रेल पुलिस

    देवब्रत मंडल

    गया रेल थाना के बहुचर्चित सोना लूटकांड मामले में न्यायिक हिरासत में रहे मोहित अग्रवाल को गया व्यवहार न्यायालय से 19 मार्च को जमानत मिल गई थी लेकिन न्यायालय में जमानत पत्र नहीं जमा किया था। एक जानकारी के मुताबिक सोमवार को न्यायालय में जमानत पत्र जमा किया गया, जिसके बाद इसे न्यायिक हिरासत से बाहर आ आने की उम्मीद है। मोहित अग्रवाल गया बुलियन एसोसिएशन का कोषाध्यक्ष है।

    बेल बांड का कानूनी महत्व


    बता दें कि जमानत पत्र (Bail Bond) एक कानूनी दस्तावेज़ है, जो किसी आरोपी को जेल से अस्थायी रूप से रिहा करने के लिए अदालत में पेश किया जाता है। यह एक वचन होता है कि आरोपी भविष्य की सुनवाइयों में हाजिर होगा। इसके लिए जमानतदार को संपत्ति या नकद राशि जमा करनी पड़ती है, जो नियम तोड़ने पर जब्त हो सकती है।

    मोहित ने पूछताछ में पुलिस को ये बात बताई है

    मोहित अग्रवाल की जमानत याचिका पर सुनवाई पिछले दिनों 21 फरवरी को भी हुई थी। बताते चलें कि छापामारी के दौरान इसी साल जनवरी महीने में मोहित को गिरफ्तार किया गया था। जमानत याचिका पर हुई सुनवाई के दौरान लोक अभियोजक सिंधु भूषण ओझा ने जमानत का विरोध किया था।  सुनवाई प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के न्यायालय में हुई थी। इसके घर के कमरा में रखे एक आलमीरा से 41.75 ग्राम सोना बरामद किया गया था। शेष सोना 98 ग्राम के संबंध में उसने पुलिस को बताया था कि सोने से आभूषण तैयार कर ग्राहकों को विक्रय कर दिया था। जिसकी कीमत ₹11,28,000/- (ग्यारह लाख अठाईस हजार रू) का भुगतान प्राप्त किया था। इसी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मोहित अग्रवाल को इस कांड में अप्राथमिकी अभियुक्त पाते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।

    न्यायालय से रिमांड पर देने की अपील


    इधर, कई दिनों से रेल पुलिस सोना लूटकांड मामले में एक अन्य आरोपी परवेज आलम से पूछताछ के लिए रेल पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। बता दें कि आरोपी परवेज आलम गिरफ्तारी के डर से न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। रेल पुलिस के एक वरीय अधिकारी ने बताया कि परवेज आलम और मोहित अग्रवाल दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने के लिए न्यायालय से रिमांड पर देने की अपील की गई थी लेकिन इसी बीच मोहित अग्रवाल को न्यायालय से जमानत मिल गई। इसके बाद रेल पुलिस परवेज आलम को रिमांड पर लेने के लिए अपील की है।

    आरोपी सभी चार सिपाही उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया

    इस कांड में आरोपी बनाए गए गया रेल थाना के सिपाही रहे सभी चारों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। बता दें कि आरोपी बनाए गए सभी चारो सिपाहियों की भी अग्रिम जमानत याचिका कुछ समय पहले ही खारिज की जा चुकी है। सूत्र बताते हैं कि ये सभी चारों सिपाही इसके बाद हाई कोर्ट में जमानत याचिका दायर की गई है।

    मामला गया रेल थाना 334/25 से जुड़ा, एक किग्रा सोने की हुई थी लूट

    बता दें कि यह मामला गया रेल थाना कांड संख्या 334/25 से जुड़ा हुआ है। जिसमें एक यात्री धनञ्जय शास्वत से करीब एक किलोग्राम सोना लूट लिए जाने से संबंधित है। घटना 21 नंवबर 2025 को हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस में गया जंक्शन से पहले गया रेल थाना क्षेत्र में हुई थी। इसी मामले में सबसे पहले तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया था। जिनकी गिरफ्तारी 31 दिसंबर 2025 को हुई थी। जिन्हें 24 जनवरी 2026 को गया व्यवहार न्यायालय से जमानत मिल गई थी।

  • गया जी में एक सोशल मीडिया वर्कर पर यौन शोषण का आरोप, पीड़िता का बयान दर्ज

    गया जी में एक सोशल मीडिया वर्कर पर यौन शोषण का आरोप, पीड़िता का बयान दर्ज

    देवब्रत मंडल

    फोटो:इंटरनेट

    गया जी में एक सोशल मीडिया वर्कर पर यौन शोषण का मामला सामने आया है। पीड़िता ने 5 मार्च को रामपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता का मेडिकल जांच कराया गया है और कोर्ट में बीएनएस की धारा के तहत बयान दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी मानव ने उसे अपने घर बुलाकर जबरन दुष्कर्म किया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। उसने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी। रामपुर थानाध्यक्ष दिनेश बहादुर सिंह ने मीडिया (एक अखबार) को बताया कि आवेदन के अनुसार केस दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। सूत्र बताते हैं और आरोपी शहर में ही छिपा हुआ है और पुलिस उसे तलाश रही है।

  • सोना लूटकांड: फरार आरोपियों के विरुद्ध इश्तेहार की तैयारी, मोहित को नहीं मिला बेल, अग्रिम जमानत की कोशिश

    सोना लूटकांड: फरार आरोपियों के विरुद्ध इश्तेहार की तैयारी, मोहित को नहीं मिला बेल, अग्रिम जमानत की कोशिश

    देवब्रत मंडल

    मोहित की गिरफ्तारी और डीएसपी भास्कर रंजन की फोटो(फ़ाइल)

    गया रेल थाना का बहुचर्चित सोना लूटकांड मामले में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ रेल पुलिस अब कड़े एक्शन लेने की तैयारी कर रही है। यदि न्यायालय आरोपियों के विरुद्ध इश्तेहार की इजाज़त दे देता है तो कि जल्द ही यह कार्यवाही करने में देरी नहीं करेगी। इसके बाद भी यदि आरोपी सरेंडर नहीं करते हैं तो कुर्की जब्ती के लिए भी न्यायालय से इजाजत मांगी जाएगी।

    न्यायालय से इश्तेहार के लिए की गई अपील

    इस संबंध में पटना रेल पुलिस मुख्यालय के एक सीनियर ऑफिसर ने बताया कि इस कांड में फरार चल रहे सभी छः आरोपियों के विरुद्ध इश्तेहार के लिए न्यायालय से अपील की गई है लेकिन अबतक इजाज़त नहीं मिली है। उन्होंने बताया जैसे ही न्यायालय से आदेश जारी किया जाता है तो आरोपियों के घर पर इश्तेहार चस्पाने का काम किया जा सकता है। यदि इसके बाद भी गिरफ्तारी नहीं होती है या न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो न्यायालय से कुर्की जब्ती के लिए अपील की जाएगी।

    मोहित उर्फ गोलू को नहीं मिली जमानत

    इधर, इस बहुचर्चित सोना लूटकांड में गया जी का एक स्वर्ण व्यवसायी मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू को रेल पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। रेल पुलिस के सीनियर ऑफिसर ने बताया कि मोहित को न्यायालय से जमानत नहीं मिली है। वहीं उन्होंने बताया कि फरार चल रहे सभी छः आरोपियों में से कुछ आरोपियों द्वारा न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है।

    तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष को मिल चुकी है जमानत

    बता दें गया रेल थाना कांड संख्या 334/25 सोना लूटकांड से जुड़ा हुआ है। इस मामले में तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष की गिरफ्तारी 31 दिसंबर 2025 को हुई थी। जिन्हें 24 जनवरी 2026 को गया व्यवहार न्यायालय से जमानत मिल गई है। जबकि इस मामले गया रेल थाना के चार सिपाही और दो सिविलियन आज भी फरार चल रहे हैं। जिन्हें गिरफ्तार करने के लिए रेल पुलिस मुख्यालय पटना के डीएसपी भास्कर रंजन के नेतृत्व में गठित एसआईटी की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

    हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस में हुई थी लूट की घटना

    यह मामला उस वक्त प्रकाश में आया था जब हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस से सोना लेकर चल रहे धनञ्जय शास्वत नामक एक यात्री से करीब एक किलोग्राम सोना लूट लिए जाने की शिकायत तत्कालीन रेल एसपी के निर्देश पर गया रेल थाना में 29.11.2025 को दर्ज हुई थी। घटना 21 नवंबर 2025 की है। इस मामले में धनञ्जय शास्वत का भी बयान न्यायालय में पुलिस दर्ज करा चुकी है।

    इस मामले में बिनोद का भी न्यायालय में दर्ज है बयान

    इसी मामले में बिनोद नामक एक और व्यक्ति जिसने पुलिस को पूछताछ में बताया था कि लूटे गए सोने की बिस्किट की कटाई की है और इसके एवज में उसे 15 सौ रुपये मिले थे। जिस जगह पर सोना काटने की बात विनोद ने बताया था वह एक आरओ प्लांट है। जो फरार चल रहे एक आरोपी का बताया गया है। पुलिस विनोद का भी बयान न्यायालय में दर्ज करवा चुकी है।

    अधिकारी का है कहना

    ‘इस कांड में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, आरोपी अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर किया है और पुलिस द्वारा इश्तेहार के लिए न्यायालय से अपील की गई है।’ 

    भास्कर रंजन, रेल डीएसपी, पटना मुख्यालय