Tag: bodhgaya

  • मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 17 को आ रहे हैं गया जी, कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन, जानें मिनट टू मिनट प्रोग्राम

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 17 को आ रहे हैं गया जी, कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन, जानें मिनट टू मिनट प्रोग्राम

    देवब्रत मंडल

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 17 दिसंबर को गया पहुंच रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री श्री कुमार नई सरकार के गठन के बाद पहली बार गया जी आ रहे हैं। जो अपने गया आगमन पर लोगों को फिर कई नई सौगात देंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना से हेलीकॉप्टर द्वारा हवाई मार्ग से सबसे पहले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे। यहां से बिपार्ड पहुंचेंगे। जहाँ वे अधिकारियों के साथ एक समीक्षात्मक बैठक करेंगे। यहीं से मुख्यमंत्री विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन तथा दो दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेने के बाद महाबोधि मंदिर, बोधगया के लिए निकलेंगे। मिली जानकारी के अनुसार मंदिर में महात्मा बुद्ध का दर्शन व पूजा अर्चना करने के बाद हवाई अड्डे के लिए निकल जाएंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हवाई अड्डे से सुबह 10 बजे के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना हवाई अड्डे से गया जी के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। करीब सवा घन्टे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गया जी में रहेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन व प्रस्थान के बीच जीतने भी उनके कार्यक्रम हैं। उसे लेकर जिला प्रशासन अपनी ओर से उनके आगमन से लेकर प्रस्थान करने तक की तैयारियों में लगे हुए हैं। हवाई अड्डे पर व बोधगया में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं।

  • दादी-पोता एक कमरे में सोए रहे, अपराधी दूसरे कमरे की खिड़की उखाड़ कर 25 लाख रुपए के जेवरात चुरा लिए

    दादी-पोता एक कमरे में सोए रहे, अपराधी दूसरे कमरे की खिड़की उखाड़ कर 25 लाख रुपए के जेवरात चुरा लिए

    बोधगया में बुडको के अभियंता के घर लाखों की चोरी, पत्नी का इलाज कराने के लिए दोनों थे पटना में

    देवब्रत मंडल

    गया जी के बोधगया थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक घर की खिड़की तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात व नकद रुपये चुरा लिए। घटना के वक्त एक कमरे में दादी और पौत्र दोनों सोए हुए थे। जिनके कमरे का दरवाजा अपराधियों ने बाहर से बंद कर दूसरे कमरे में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इस घटना की सूचना के बाद डायल 112 की पुलिस घटना की जांच के लिए पीड़िता के घर पहुंची। अभियंता राजीव रंजन की पत्नी नीतू सिंह ने इस घटना को लेकर एक आवेदन थानाध्यक्ष को दी है। पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

    जेई ने बताया पत्नी की ईलाज कराने के लिए पटना में थे दोनों


    इस संबंध में जेई राजीव रंजन ने पूछे जाने पर बताया कि वे बुडको में जेई के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी बीमार चल रही हैं। जिन्हें लेकर वे पटना में इलाज करा रहे हैं। सोमवार की सुबह उन्हें इस घटना की जानकारी उनके पुत्र ने फोन पर दी तो वे बोधगया के धंधवा रोड स्थित शिक्षक कॉलोनी में बने घर पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

    जेई की पत्नी ने दी है थाने में तहरीर, पुलिस जांच में जुटी


    इधर, नितू कुमारी सिंह पति राजीव रंजन ग्राम आंती थाना, आंती, जिला गया की मूल रूप से रहने वाली हैं। जिन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताई हैं कि सन् 2016 में बोधगया थाना अन्तर्गत धंधवा रोड, दोमुहान के शिक्षक कलौनी रोड नंबर-1 में दो मंजिला मकान बनायी हैं। जिसके उपर तल्ला पर दो कमरे को किराया पर दे रखी हैं। जबकि निचले तल्ले पर मेरे परिवार रहते हैं।

    आलमारी में रखे जेवरात और नकद राशि को ले भागे अपराधी

    नीतू सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन पत्र में बताया है कि विगत सात दिनों से इलाज के लिए वे पटना में थी। 20 जुलाई की रात सास और पुत्र बीच वाले कमरे में सोए हुए थे। अज्ञात अपराधियों ने दूसरे कमरे की खिड़की तोड़कर (उखाड़) कर करीब 25 लाख रुपये के जेवरात और 25 हजार रुपए नकद आलमीरा का ताला तोड़कर चुरा लिया। उन्होंने थानाध्यक्ष को बताया है कि जब उनका पुत्र सुबह जागा तो अपने कमरे का दरवाजा खोलना चाहा तो नहीं खुला। इसके बाद फोन पर इसकी जानकारी दी तो आसपास के लोग जुटे। जब मेन गेट खोलकर पीछे की ओर गया तो देखा कि खिड़की टूटा हुआ है। अंदर कमरे में रहे आलमारी तोड़कर रखे करीब 25 लाख रुपए के सोने चांदी के गहने और नकद करीब 25 हजार रुपए चुरा लिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

  • मुख्यमंत्री ने बोधगया में महाबोधि अतिथिगृह तथा गया के बिपार्ड में मेजर ध्यानचंद खेल परिसर का किया उद्घाटन, ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ की तैयारियों का लिया जायजा

    देवब्रत मंडल

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को बोधगया में नवनिर्मित महाबोधि अतिथिगृह का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। उ‌द्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने अतिथि गृह का निरीक्षण किया इस दौरान उन्होंने दूसरे और सातवें तल पर जाकर अतिथिगृह के कमरों एवं अन्य भागों का जायजा लिया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। 08 एकड़ में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के बने अतिथि गृह में पर्यटकों के ठहरने के लिए 120 कमरे बनाये गये हैं। देश-विदेश से आनेवाले पर्यटकों की आवश्यकताओं और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस अतिथिगृह का निर्माण कराया गया है। इस अतिथि भवन में पर्यटकों के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बोधगया में प्रतिवर्ष लाखों पर्यटक और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए लिए देश-विदेश से आते हैं, जिन्हें अब ठहरने में काफी सहूलियत होगी।

    अतिथि गृह का निर्माण हो जाने से पर्यटकों को यहां ठहरने में होगी सहूलियत

    महाबोधि अतिथिगृह में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बोधगया का अतिथिगृह काफी अच्छा बना है। हमलोग चाहते थे कि यहां अतिथि गृह का निर्माण कराया जाए। बहुत पहले हमने इसको लेकर योजना बनाई थी। यहां देश और विदेशों से भारी तादाद में पर्यटक आते हैं। जिनके ठहरने की व्यवस्था नहीं होने के कारण वे लोग महाबोधि मंदिर में दर्शन पूजन के बाद वापस लौट जाते थे। महाबोधि अतिथि गृह का निर्माण हो जाने से पर्यटकों को यहां ठहरने में काफी सहूलियत होगी। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने महाबोधि मंदिर में भगवान बुद्ध की पूजा अर्चना की। साथ ही उन्होंने बोधि वृक्ष की भी पूजा की और राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री को बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा प्रतीक चिह्न एवं अंग वस्त्र भेंट किया गया।

    मेजर ध्यानचंद खेल परिसर का शिलापट्ट का किया अनावरण

    इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) में अवस्थित मेजर ध्यानचंद खेल परिसर का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् उन्होंने इसके विभिन्न भागों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने बिपार्ड स्थित ओपन एयर थियेटर तथा स्वीमिंग पूल का भी शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान स्वीमिंग पूल में खिलाड़ी ने तैराकी कर मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ के तहत होनेवाले मुकाबलों की तैयारियों का जायजा लिया और खेल ट्रैक तथा खेल मैदान में खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए जानेवाली सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025’ के शुभंकर का अनावरण किया। महाराष्ट्र के एक खिलाड़ी ने मुख्यमंत्री के समक्ष मलखम्ब खेल का प्रदर्शन किया। साथ ही 11 वर्ष के एक बच्चे और बच्ची ने योग करतब का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और उनका उत्साहवर्द्धन किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान कहा कि आप लोग मन लगाकर अभ्यास करें और प्रतियोगिता के दौरानखेल भावना के साथ अपने खेलों में बेहतर प्रदर्शन करें। ज्ञातव्य है कि बिहार में पहली बार ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ का आयोजन किया जा रहा है। 4 मई से 15 मई तक ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ का पटना, गया, राजगीर, भागलपुर और बेगूसराय में आयोजन होगा।

    इनकी भी रही गरिमामयी उपस्थिति

    इस अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री डॉ० प्रेम कुमार, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सह गया जिला के प्रभारी मंत्री डॉ० सुनील कुमार, विधायक अनिल कुमार, विधायक ज्योति देवी, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, विधान पार्षद कुमुद वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ० सफीना ए० एन०, मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक क्षत्रनील सिंह, गया के जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

  • मगध विश्वविद्यालय: स्नातक तृतीय सेमेस्टर परीक्षा स्थगित, नई तिथियाँ घोषित

    मगध विश्वविद्यालय: स्नातक तृतीय सेमेस्टर परीक्षा स्थगित, नई तिथियाँ घोषित

    देवब्रत मंडल

    बोधगया, मगध विश्वविद्यालय, बोधगया ने स्नातक (B.A./B.Sc./B.Com.) C.B.C.S. कोर्स तृतीय सेमेस्टर 2023-27 की M.J.C.-3 और M.J.C.-4 विषयों की परीक्षा स्थगित करने की घोषणा की है। यह परीक्षा पूर्व निर्धारित तिथियों 29 अप्रैल 2025 और 30 अप्रैल 2025 को होने वाली थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने नई तिथियों की घोषणा करते हुए बताया कि अब यह परीक्षा 08 मई 2025 और 09 मई 2025 को अपने पूर्व निर्धारित समय और पाली में आयोजित होगी। शेष सभी परीक्षाएँ अपने निर्धारित तिथियों और समय के अनुसार संपन्न होंगी। परीक्षा नियंत्रक, मगध विश्वविद्यालय ने बताया कि यह निर्णय माननीय कुलपति के आदेशानुसार लिया गया है। इस संबंध में सभी केन्द्राधीक्षकों, प्रधानाचार्यों, छात्र-छात्राओं और संबंधित व्यक्तियों को सूचित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय ने सभी से नई तिथियों के अनुसार तैयारी करने का आग्रह किया है। अधिक जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट या परीक्षा नियंत्रक कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

  • ब्रेकिंग न्यूज़: कई राज्यों के निर्वाचन आयुक्त पहुंच रहे हैं बोधगया, तीनदिवसीय कांफ्रेंस में करेंगे शिरकत

    देवब्रत मंडल

    इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आई है कि बोधगया में सूबे के कई निर्वाचन आयुक्त आने वाले हैं। बिहार राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ने गया जिला पदाधिकारी को इस आशय की सूचना देते हुए बताया है कि 15 से 17 मार्च 2024 तक सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से 20 राज्य निर्वाचन आयुक्तों का तीन दिवसीय राष्ट्रीय कांफ्रेंस का आयोजन महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र बोधगया में किया जाना है। इसी परिप्रेक्ष्य में जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में एक बैठक हुई। जिसमें शामिल प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, संपर्क पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्धारित कार्यक्रम में अपने दायित्वों का ससमय निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही संपर्क पदाधिकारी पूर्व से ही संबंधित राज्य निर्वाचन आयुक्त से संपर्क स्थापित कर सभी आवश्यक कार्य करना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा, अपर समाहर्ता, विधि व्यवस्था, विशेष कार्यक्रम, विभागीय जांच, सिविल सर्जन, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।