देवब्रत मंडल

अवैध शराब के खिलाफ जारी अभियान के दौरान गया जिला मद्य निषेध विभाग की एक टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने गया जिले के डोभी चेकपोस्ट के पास एक उजला रंग के टाटा सफारी कार (पंजीयन संख्या BR-11PA-9954) से अवैध विदेशी शराब एवं बीयर परिवहन करने के क्रम में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
सफारी वाहन में भारी मात्रा में बियर एवं विदेशी शराब की कई पेटी(कैरेट) में छिपाकर लादी हुई थी। मद्य निषेध विभाग के सहायक आयुक्त प्रिय रंजन ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें एक नाबालिग लड़का भी शामिल है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों में वाहन चालक जिनिश कुमार पिता सुरेश प्रसाद सिंह, साकिन सहदुल्लाहपुर, थाना गंगा ब्रिज, जिला- वैशाली (बिहार), उम्र 30 वर्ष, शोभराज सिंह, पिता चंद्रशेखर सिंह, साकिन सहदुल्लाहपुर, थाना गंगा ब्रिज, जिला-बैशाली (बिहार), उम्र 31वर्ष तथा शिव कुमार(बदला हुआ नाम) पिता आर. के. सिंह, साकिन सैदपुर गणेश, थाना बिदुपुर, जिला-बैशाली (बिहार) का नाम शामिल है। उन्होंने बताया विदेशी शराब एवं बीयर की कुल मात्रा 184.740 लीटर बरामद की है। गिनती करने पर 381 बोतल हुआ है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की गई है। अनुसंधान के उपरान्त आरोप पत्र समर्पित किया जायेगा। छापामार दल में मद्य निषेध विभाग के एएसआई बन्टी यादव, विजय कुमार, हलेन्द्र कुमार, धर्मेन्द्र बैठा तथा मद्यनिषेध विभाग के सिपाही, सैप एवं होमगार्ड के जवान शामिल थे।
