देवब्रत मंडल

गया, 05 अप्रैल 2026:गया YMCA द्वारा शहर के रेस्क्यू जंक्शन (गया रेलवे स्टेशन के समीप) पर रहने वाले स्लम, कचरा चुनने, नशा करने, भीख मांगने और बेसहारा बच्चों के साथ ईस्टर मिलन का कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस पहल ने समाज के वंचित वर्ग के बच्चों के चेहरों पर मुस्कान ला दी।
कार्यक्रम के दौरान YMCA सदस्यों ने बच्चों के साथ मिलकर नाश्ता किया और ईस्टर पर्व की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर प्रदीप जैन ने कहा कि YMCA की यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देती है और जरूरतमंदों के बीच खुशियां बांटने का प्रेरणादायक कार्य है।
कार्यक्रम की शुरुआत में सदस्य राज कुमार अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। वहीं, डॉ. जियाउद्दीन खान ने ईस्टर पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रेम, त्याग और मानवता के संदेश को साझा किया।
केंद्र के आयोजकों अमित कुमार, जाहिद अख्तर एवं पूजा पंडित ने जानकारी दी कि रेस्क्यू जंक्शन पर लगभग 70-80 बच्चों को नियमित रूप से शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ा जाता है। साथ ही, चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने और उनके पुनर्वास में भी सहयोग किया जाता है। इस केंद्र का संचालन पीपुल फर्स्ट संस्था द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एक सुंदर गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने खूब सराहा। अंत में स्थानीय आयोजकों को YMCA की ओर से सम्मानित भी किया गया।
समापन पर सचिव प्रिय रंजन डायर ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि गया YMCA हर पर्व को इसी तरह जरूरतमंदों के साथ मनाकर समाज में प्रेम, सद्भावना और करुणा का संदेश फैलाने का कार्य करती है।
इस अवसर पर सचिव प्रिय रंजन डायर, डॉ. जियाउद्दीन खान, प्रदीप जैन, राज कुमार अग्रवाल, अजीत कुमार सिन्हा, राकेश सिन्हा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक थे वरिष्ठ छायाकार रूपक सिन्हा थे।
