देवब्रत मंडल



गया, अप्रैल 2026: Indian Medical Association (आईएमए) गया शाखा के सत्र 2026-27 के लिए नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का पदभार ग्रहण समारोह रविवार को शाम 7 बजे न्यू ऑडिटोरियम में धूमधाम से आयोजित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आईएमए बिहार के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संरक्षक डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह उपस्थित रहे। वहीं स्टेट प्रेसिडेंट डॉ. आशुतोष शरण, संरक्षक डॉ. ए.एन. राय, डॉ. विजय जैन, डॉ. शशिनंदन सिन्हा, डॉ. रामधार तिवारी सहित सैकड़ों वरिष्ठ चिकित्सकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। घोषित कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पर डॉ. विश्व विजय सिंह, उपाध्यक्ष के रूप में डॉ. प्रांशु कुमार एवं डॉ. यू.एस. अरुण, सचिव डॉ. विमलेन्दु विमल, कोषाध्यक्ष डॉ. ऋषिकेश कुमार चुने गए।
इसके अलावा संयुक्त सचिव के रूप में डॉ. नीरज कुमार एवं डॉ. राहुल सहाय, सहायक सचिव के रूप में डॉ. अबु नोमान एवं डॉ. दीपशिखा तथा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह, डॉ. डी.के. सहाय, डॉ. विनोद कुमार सिंह और डॉ. जयप्रकाश सिंह शामिल हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष डॉ. विश्व विजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि समय-समय पर ग्रामीण क्षेत्रों में मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके। साथ ही आईएमए भवन में बच्चों के लिए निःशुल्क टीकाकरण की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि समाज में चिकित्सकों और आमजन के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने के लिए विभिन्न संगठनों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का समापन सचिव डॉ. विमलेन्दु विमल के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
