देवब्रत मंडल

गया, 09 अप्रैल 2026। गया रेलवे स्टेशन परिसर में यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों और खबरों के असर के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सख्त कदम उठाया है। विशेष अभियान चलाकर नो पार्किंग जोन में खड़े 22 टोटो और ऑटो को जब्त कर लिया गया।
मीडिया में खबर के बाद हुई कार्रवाई
पिछले दिनों magadhlive.news ने नो पार्किंग एरिया में खड़े वाहनों को लेकर सोशल मीडिया पर सचित्र रिपोर्ट बनाई थी। वहीं कुछ दिन पहले एक अन्य सोशल मीडिया ने ऑटो रिक्शा चालकों के साथ हुई कार्रवाही से संबंधित एक खबर बनाई थी। दोनों खबरें चर्चा में रही। इसके बाद आरपीएफ को नो पार्किंग स्थल पर लगे वाहनों को जब्त करने की सख्त कदम उठाया है। खबरों का उद्देश्य यात्रियों को परेशानी से बचाना और उनकी सुविधाओं का लाभ दिलाना। वाहन चालकों को न्याय दिलाना एकमात्र उद्देश्य था।
22 वाहन किए गए जब्त
आरपीएफ द्वारा चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य स्टेशन परिसर में बढ़ती अव्यवस्था को नियंत्रित करना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। अभियान के दौरान स्टेशन के विभिन्न प्रतिबंधित क्षेत्रों में अवैध रूप से खड़े वाहनों की पहचान की गई और सभी 22 वाहनों को नियमानुसार सीज कर दिया गया।
प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज
इसके साथ ही संबंधित वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरपीएफ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्टेशन परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भविष्य में भी कार्रवाई जारी रहने की उम्मीद
अभियान के दौरान आम लोगों और वाहन चालकों को भी जागरूक किया गया और नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि गया स्टेशन परिसर में सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनी रहे।
