गया जंक्शन के नॉर्थ आउटर केबिन के पास फिर सक्रिय चोर गिरोह, दो चोरी के मोबाइल के साथ अभियुक्त गिरफ्तार

Deobarat Mandal

देवब्रत मंडल

image editor output image 296601922 17760730835927358931838868044392 गया जंक्शन के नॉर्थ आउटर केबिन के पास फिर सक्रिय चोर गिरोह, दो चोरी के मोबाइल के साथ अभियुक्त गिरफ्तार

गया, 13 अप्रैल 2026: पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट गया एवं जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 अप्रैल को आरपीएफ के उपनिरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में प्रधान आरक्षी संजय राय, आरक्षी कुमार नरेंद्र, शशि शेखर, अनिल प्रसाद, विकास कुमार सहित अन्य जवान तथा सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम गया रेलवे परिसर, यार्ड एवं नॉर्थ आउटर केबिन (NOC) क्षेत्र में गश्ती कर रही थी। इसी दौरान अप मेन लाइन के किनारे एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता पाया गया, जिसे तुरंत हिरासत में लिया गया।

इकबाल नगर का है रहने वाला आरोपी

शब्बीर शेख (30 वर्ष), निवासी पानी टंकी, इकबाल नगर, थाना कोतवाली गया के तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो रियलमी कंपनी के मोबाइल फोन बरामद हुए, जो लॉक अवस्था में थे और उनमें सिम कार्ड नहीं था। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने चलती ट्रेन में एक यात्री से मोबाइल चोरी की थी और सिग्नल रेड होने पर ट्रेन से उतरकर यहां छिपा हुआ था। इस संबंध में आरपीएफ द्वारा लिखित शिकायत के आधार पर जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 103/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(5) में मामला दर्ज कर लिया गया है और अभियुक्त को न्यायिक कार्रवाई के लिए अग्रसारित किया गया है।

NOC क्षेत्र बना अपराधियों का ठिकाना


गौरतलब है कि गया रेलवे स्टेशन के नॉर्थ आउटर केबिन (NOC) के पास आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ट्रेन के धीमी गति या सिग्नल के दौरान अपराधी वारदात को अंजाम देकर इसी इलाके में उतर जाते हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार बढ़ती घटनाओं को देखते हुए इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की मांग उठ रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *