देवब्रत मंडल

बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव की नई तारीखों की घोषणा कर दी है। विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार द्वारा जारी पत्र के अनुसार अब राज्य के सभी नगर निकायों में यह चुनाव 26 मई 2026 से 31 मई 2026 तक कराया जाएगा।
पूर्व में जारी आदेश के तहत 15 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक चुनाव प्रक्रिया निर्धारित की गई थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। अब सरकार ने लंबित चुनाव प्रक्रिया को पूरा करने का निर्णय लिया है।
विभाग ने सभी जिला पदाधिकारियों सह जिला निर्वाचन पदाधिकारियों (नगरपालिका) को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अपने-अपने जिलों के नगर निकायों में निर्धारित तिथि के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई जाए। गया नगर निगम के लिए किस तारीख को चुनाब कराना है ये गया जिला प्रशासन(डीएम) निर्धारित करेंगे।
इस फैसले के बाद नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सशक्त स्थायी समिति के गठन के बाद नगर निकायों में विकास योजनाओं और प्रशासनिक फैसलों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
