गया में बिजली कटौती पर डीएम सख्त: “भीषण गर्मी में ट्रिप नहीं होनी चाहिए सप्लाई”

Deobarat Mandal

लाइनमैन-गैंग की संख्या बढ़ाने, रात्रि टीम बनाने और ट्रांसफार्मर की त्वरित बदली के निर्देश

देवब्रत मंडल

image editor output image 847888455 17794396995727999406615028863867 गया में बिजली कटौती पर डीएम सख्त: "भीषण गर्मी में ट्रिप नहीं होनी चाहिए सप्लाई"

गया जी, 22 मई 2026
भीषण गर्मी को देखते हुए जिला पदाधिकारी गया शशांक शुभंकर ने गुरुवार को बिजली विभाग के तमाम पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि गर्मी के इस दौर में कहीं भी बिजली ट्रिप न हो, कटौती न हो और उपभोक्ताओं को सुचारू व निर्वाध बिजली आपूर्ति मिले, इसकी पर्याप्त व्यवस्था अभी से सुनिश्चित की जाए।

“शिकायत मिलते ही तुरंत समाधान करो”
डीएम ने स्पष्ट किया कि मौसम सामान्य होने की तिथि तक बिजली विभाग के सभी पदाधिकारी पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेंगे। जहां से भी किसी नागरिक की बिजली कटने की शिकायत मिले, उसका तुरंत समाधान कराया जाए।

बैठक में अधीक्षण अभियंता ने बताया

कि हर क्षेत्र के लिए तीन पालियों में लाइनमैन सहित बिजली विभाग का गैंग तैनात है, जो शिकायतों का निपटारा कर रहे हैं। डीएम ने गर्मी की गंभीरता को देखते हुए लाइनमैन और गैंग की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया ताकि समस्याओं का निपटारा और तेज हो। उन्होंने कहा कि मानव बल की संख्या में बढ़ोतरी आज से ही शुरू की जाए।

फोन कॉल का जवाब देना अनिवार्य


डीएम ने अधीक्षण अभियंता, सभी कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया कि आम जनता के फोन कॉल का जवाब देना सुनिश्चित करें। उन्हें शिकायत मिली है कि कनीय और सहायक अभियंता जनता के कॉल रिस्पांस नहीं कर रहे हैं।

ट्रांसफार्मर बदलने की तैयारी पूरी


ट्रांसफार्मर आपूर्ति पर अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जिले में पर्याप्त संख्या में नए ट्रांसफार्मर उपलब्ध हैं। पिछले 24 घंटे में 30 स्थानों पर ट्रांसफार्मर बदले जा चुके हैं। शहरी क्षेत्र में निर्वाध आपूर्ति के लिए 3 स्थानों पर वाहन पर लोडेड ट्रांसफार्मर रखे गए हैं। हर वाहन पर 3-3 ट्रांसफार्मर लोड रहेंगे ताकि खराब होने की सूचना मिलते ही तुरंत बदला जा सके।

रात में भी रहेगी विशेष टीम


डीएम ने हर क्षेत्र में रात्रि पाली के लिए अलग सेपरेट टीम रखने का निर्देश दिया, ताकि रात में बिजली खराब होने की सूचना पर तुरंत मरम्मत की जा सके। डीएम का स्पष्ट संदेश है कि गर्मी में बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पर कार्रवाई तय है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *