देवब्रत मंडल


मोबाइल रखने को लेकर हुई बहस के बाद उठाया कदम, कॉलेज प्रशासन ने मनोरोग की बात कही
गया, 22 मई 2026
गया कॉलेज में शुक्रवार को परीक्षा दे रही एक छात्रा ने नीतीश कुमार भवन की दूसरी मंजिल के कमरा नंबर 03 से छलांग लगा दी। इस हादसे में छात्रा के जांघ और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। उसका इलाज गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
क्या हुआ था कमरा नंबर 03 में ?
जानकारी के अनुसार, जीबीएम कॉलेज, गया के हिंदी विभाग की सिक्स सेमेस्टर की छात्रा नैना कुमारी परीक्षा देने गया कॉलेज केंद्र पर पहुंची थी। परीक्षा हॉल में सीट पर जाने से पहले उसने अपना मोबाइल वीक्षक के पास जमा कर दिया था।
इसी बीच दो प्रोफेसर जांच के लिए कमरा नंबर 3 पहुंचे तो वीक्षक के पास एक मोबाइल रखा मिला। पूछने पर बताया गया कि यह नैना कुमारी का है। प्रोफेसरों ने कहा कि मगध विश्वविद्यालय के निर्देश हैं कि परीक्षा केंद्र में मोबाइल नहीं लाना है। आरोप है कि इसी दौरान प्रोफेसर द्वय ने छात्रा का वीडियो बनाकर वायरल करने की बात कही। इससे असहज होकर नैना कुमारी ने खिड़की से छलांग लगा दी।
कॉलेज प्रबंधन का पक्ष

कॉलेज प्रबंधन की ओर से कहा गया है कि छात्रा थोड़ी सायको यानी मनोरोग से ग्रसित है और आनन-फानन में उसने ऐसा कदम उठाया। हालांकि इस बात की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना के बाद कॉलेज में अफरातफरी मच गई। प्राचार्य समेत प्रबंधन के कई लोग अस्पताल पहुंचे।
प्राचार्य से संपर्क नहीं हो सका, बाद में रखा पक्ष
घटना की जानकारी के बाद कॉलेज प्रबंधन इसे मीडिया से दूर रखने की कोशिश में जुटा दिखा। गया कॉलेज के प्राचार्य सतीश सिंह चंद्र से पक्ष लेने के लिए संपर्क किया गया तो उनका फोन लगातार व्यस्त रहा। बाद में उन्होंने कॉल कर बताया कि परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन लाने की सख्त मनाही थी। बावजूद लेकर चली आई थी। उन्होंने बताया कि वे स्वयं अस्पताल जाकर देख आए हैं छात्रा के x-ray रिपोर्ट के अनुसार चोट गहरी नहीं है। एमआरआई के लिए ले जाने से पहले ही उनके अभिभावक छात्रा को लेते चले गए। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रबंधन इस मामले में कहीं से दोषी नहीं है
परिजन ले गए निजी अस्पताल
परिजनों को घटना की सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे और बेहतर इलाज के लिए नैना कुमारी को निजी अस्पताल ले गए।
महत्वपूर्ण पहलू
अब कॉलेज में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे की असल वजह क्या थी और जिम्मेदारी किसकी है।
छात्र संघ सड़क पर उतरे
वहीं छात्र संघ छात्रा के साथ हुई घटना के लिए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए हैं।
