देवब्रत मंडल

शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेतृत्व में गया कॉलेज, गया में छात्र-छात्राओं का भारी आक्रोश देखने को मिला। छात्रा नैना के साथ हुई घटना को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं और सैकड़ों छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्राचार्य कार्यालय का घेराव किया। पूरे परिसर में “नैना न्याय दो”, “छात्रा सम्मान से समझौता नहीं चलेगा”, “दोषियों पर कार्रवाई करो” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक पीड़ित छात्रा को न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन मामले को दबाने और लीपापोती करने का प्रयास कर रहा है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नेताओं के बयान:
जीबीएम कॉलेज अध्यक्ष वैष्णवी कुमारी ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मसम्मान से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा। यदि कॉलेज प्रशासन ने अविलंब निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो छात्र शक्ति सड़क से लेकर विश्वविद्यालय तक उग्र आंदोलन करेगी।
महानगर मंत्री आदित्य मिश्रा ने कहा कि छात्र हितों की आवाज दबाने का प्रयास हो रहा है, लेकिन एबीवीपी अन्याय के खिलाफ हमेशा मजबूती से खड़ी रही है और रहेगी। जब तक नैना को न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन नहीं रुकेगा।
प्रशासनिक हस्तक्षेप और वार्ता:
प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन एबीवीपी कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अडिग रहे। इस बीच छात्र नेताओं और कर्मचारियों में झड़प भी हुई। डीएसपी मौके पर पहुंचे और छात्र नेताओं को समझाकर शांत कराया।
बढ़ते दबाव के बाद कॉलेज प्रशासन को एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल से वार्ता करनी पड़ी। वार्ता के बाद प्रशासन ने लिखित आश्वासन जारी किया:
कॉलेज प्रशासन के प्रमुख आश्वासन:
- घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी।
- जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारी, कर्मचारी या संबंधित व्यक्ति पर तत्काल सख्त प्रशासनिक व कानूनी कार्रवाई होगी।
- पीड़ित छात्रा के उपचार का संपूर्ण खर्च महाविद्यालय वहन करेगा।
- परिसर और परीक्षा केंद्रों पर छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी।
- आगामी परीक्षाओं में बिहार परीक्षा अधिनियम-1981 व मगध विश्वविद्यालय के निर्देशों का सख्ती से पालन होगा।
- मामले में किसी प्रकार की लापरवाही या लीपापोती नहीं की जाएगी।
एबीवीपी गया महानगर ने कहा कि परिषद प्रशासन के हर कदम पर नजर रखेगी। यदि जांच में ढिलाई, पक्षपात या लीपापोती हुई तो आंदोलन को और व्यापक व उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उपस्थित कार्यकर्ता:
मोहित भदोरिया, सूरज सिंह, आदित्य मिश्रा, मैक्स अवस्थी, पवन मिश्रा, राहुल सिंह, वैष्णवी कुमारी, माही सिंह, चंदन शर्मा, अंकित शर्मा, आयुष शर्मा, यशवंत शर्मा, दीपांशु, अनीश मिश्रा, निकेश कुमार, नीरज सिंह, रितिक रोशन, विशाल दास, सोनी, सोनाली, पुरुषोत्तम, अंजलि, मुस्कान, श्रेया, लवली, शशिकांत, ऋषभ, लक्ष्मीकांत, विनीत, रोहित रंजन, मुस्कान कुमारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
