मगध लाइव टीम/रफीगंज/गया

रफीगंज/गया: पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेलमंडल के गया-रफीगंज रेलखंड पर रेलवे ट्रैक की देखरेख में लापरवाही बरतने के आरोप में रेलवे ने 7 ट्रैकमैन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई सहायक मंडल अभियंता ऋषिकेश मीना के निर्देश पर की गई है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार 29 जून को सहायक मंडल अभियंता गया-रफीगंज रेलखंड का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान रफीगंज रेलवे स्टेशन क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात ट्रैकमैन कर्मचारियों की गतिविधियों की जांच की गई।
जांच में पाया गया कि जिन कर्मचारियों की जिम्मेदारी रेलवे ट्रैक के रखरखाव और निरीक्षण की थी, वे निर्धारित कार्यस्थल पर मौजूद नहीं थे और इधर-उधर घूमते पाए गए। इसे ड्यूटी के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए दो दिनों तक जांच की गई।
जांच पूरी होने के बाद ट्रैकमैन पिंटू कुमार, मनोज कुमार, लल्लू कुमार, राजेश कुमार, पंकज कुमार, अरविंद कुमार निराला और नेहा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
इस कार्रवाई के बाद रेलवे कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया है।
“सुरक्षा से समझौता नहीं” : रेलवे
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। ट्रैक मेंटेनेंस से जुड़े सभी कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यस्थल पर उपस्थित रहना अनिवार्य है। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस संबंध में डीडीयू मंडल के डीसीएम विश्वनाथ ने बताया कि जांच में लापरवाही सामने आने के बाद सात ट्रैकमैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। मामले के सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।
