Author: Deepak Kumar

  • डीएम पैदल ही पहुंच गए जिला अभिलेखागार कार्यालय, पैसा लेकर बाहरी लोगों को कार्य करते हुए पकड़ा

    डीएम पैदल ही पहुंच गए जिला अभिलेखागार कार्यालय, पैसा लेकर बाहरी लोगों को कार्य करते हुए पकड़ा

    देवब्रत मंडल

    जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम बुधवार को ज़िला अभिलेखागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जैसे ही डीएम अभिलेखागार पहुंचे तो पाया कि कुछ प्राइवेट(बाहरी व्यक्ति) आदमी अपने मोबाइल से अभिलेखो की तस्वीर उतार रहे थे। उन्होंने इन सभी बाहरी व्यक्तियों के मोबाइल की जांच की तो पाया कि अनेकों अभिलेख के फोटो उनके मोबाइल की फोटो गैलरी में थे। जांच में यह भी पाया गया कि अभिलेख को देखकर उसकी तस्वीरों को किसी और के पास भेजा गया है। जिसके एवज में पैसे(सेवा शुल्क) लेने के भी साक्ष्य पाए गए। ऐसे लोगों में बेला निवासी आलोक कुमार, गया शहर के चांदचौरा मोहल्ला निवासी जितेंद्र कुमार एवं रसलपुर (मानपुर) निवासी राजेश कुमार थे। डीएम ने बताया कि इन तीनों के मोबाइल को जब्त कर लिया गया। तीनों को सदर अनुमण्डल पदाधिकारी को जांच करते हुए आगे की कार्रवाई हेतु सुपुर्द कर दिया गया।

    डीएम ने बताया कि उन्हें सूचनाएं प्राप्त हो रही थी कि ज़िला अभिलेखागार में व्यवस्थित रूप से आवेदनों को संधारित नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण आमजनों को काफी दिक्कतें हो रही है। विदित हो इन दिनों जिले में भूमि सर्वेक्षण का कार्य में चल रहा है। जिसके कारण आमजनों को अभिलेखागार से कागजातों के नकल, कॉपी एवं अन्य जानकारी की जरूरत पड़ रही है। डीएम को जब यहां गड़बड़ी की सूचना मिली तो अपने कार्यालय से निकलकर पैदल ही सीधे ज़िला अभिलेखागार कार्यालय पहुंच गए और जांच की।

    इसके बाद डीएम ने ज़िला अभिलेखागार पदाधिकारी से जानकारी लिया कि अभिलेख संधारित करने की प्रक्रिया क्या है? आवेदन कैसे प्राप्त करते हैं? उनका निष्पादन की क्या प्रगति है? प्रतिदिन कितने आवेदनों को निष्पादित किया जाता है? इसके अलावा रजिस्टर में संधारित इत्यादि की जानकारी हासिल किया। बताया गया कि 8 से 10 हजार आवेदन पिछले जुलाई अगस्त से अब तक प्राप्त हुए हैं। प्रतिदिन 400 से 500 आवेदनों को निष्पादित किये जा रहे हैं।

    डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देश दिया कि अगले 20 दिनों के अंदर आवेदनों को निष्पादित करें। कागजातों को और व्यवस्थित रूप से संधारित करें। जिनका आवेदन पहले आया है उनका पहले आओ, पहले पाओ के तहत निष्पादित करें। डीएम ने अपर समाहर्ता राजस्व को निर्देश दिया है कि आज के मामले को पूरी गंभीरता एव गहन से जांच करते हुए कार्रवाई हेतु रिपोर्ट उपस्थापित करें। डीएम ने अपर समाहर्ता राजस्व परितोष कुमार को निर्देश दिया कि ज़िला अभिलेखागार कार्यालय का भवन काफी पुराना है। नए भवन निर्माण के लिये जगह चिन्हित करते हुए प्रस्ताव तैयार करें। अभिलेखों को किये जा रहे डिजिटलाइजेशन के कार्यो को देखा एव तेजी से कार्य पूर्ण करवाने को कहा।

  • दीपावली एवं छठ पर्व को लेकर गया जंक्शन पर यात्रियों को बीच चलाया गया जागरूकता अभियान

    दीपावली एवं छठ पर्व को लेकर गया जंक्शन पर यात्रियों को बीच चलाया गया जागरूकता अभियान

    देवब्रत मंडल

    दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए गया जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व आरपीएफ के पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश और जीआरपी के रेल थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने किया, जिसमें आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी और जवानों ने मिलकर यात्रियों को यात्रा के दौरान सुरक्षित रहने के उपायों के बारे में जागरूक किया।

    इस दौरान यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी समस्या के समाधान के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की सलाह दी गई। यात्रियों को खासतौर पर जहरखुरानी के खतरे से सावधान करते हुए किसी अजनबी के साथ मेलजोल न बढ़ाने की चेतावनी दी गई। साथ ही यात्रियों से अपील की गई कि महिला और दिव्यांग कोच में अनाधिकृत रूप से यात्रा न करें, बिना किसी आवश्यक कारण के चेन पुलिंग न करें और रेल नियमों का पालन करते हुए यात्रा करें।


    अधिकारियों ने यह भी समझाया कि ट्रेन के छत, पायदान या दरवाजे पर खड़े होकर यात्रा करना खतरनाक हो सकता है, इसलिए ऐसा करने से बचें। चलती ट्रेन में चढ़ने और उतरने से भी परहेज करें। ज्वलनशील पदार्थों के साथ यात्रा न करें और यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असावधानी से बचें।

    इसके अलावा, यात्रियों को चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी न करने, ट्रैक पर खड़े होकर सेल्फी न लेने और रेल परिसर में गंदगी न फैलाने की हिदायत दी गई। सुरक्षा के लिए “मेरी सहेली” टीम से मदद लेने की भी सलाह दी गई।

  • नगर आयुक्त ने लिया संज्ञान, शहर में होने लगा कचरे का उठाव

    नगर आयुक्त ने लिया संज्ञान, शहर में होने लगा कचरे का उठाव

    देवब्रत मंडल

    गया नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पड़े कूड़े कचरे के ढेर का उठाव बुधवार को दोपहर बाद शुरू हो गया है। नगर आयुक्त कुमार अनुराग  ने जगह जगह पड़े कचरे के ढेर पर चिंता जताते हुए तुरंत ही संज्ञान लिया और संबंधित पदाधिकारी को जल्द इसके उठाव का निर्देश दिया। जिसके बाद लोडर, डम्पर और ट्रैक्टर के साथ कर्मचारियों को भेजकर सफाई का कार्य शुरू करा दिया।

    वार्ड नं 10 अंतर्गत पावरगंज रोड में केंद्रीय विद्यालय के पास कचरे का ढेर पिछले कई दिनों से पड़ा था। जिससे आसपास के लोगों में निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधि के खिलाफ आक्रोश था। बुधवार को यहां से कचरे का उठाव का कार्य शुरू हो जाने से स्थानीय लोग नगर आयुक्त के प्रति आभार जताया है।
    बता दें कि magadhlive ने इस संबंध एक खास रिपोर्ट जनहित में बनाया था, इसके बाद कुछ अखबारों ने भी इस समस्या की ओर प्रशासन का ध्यानाकृष्ट कराया। इसके बाद नगर निगम की तंद्रा भंग हुई और सफाई होने लगा।

    बुधवार को magadhlive की टीम शहर के वार्ड नं 4, 6, 10, 11, 12, 16 में मंदिर और गुरुद्वारा के पास सहित कई जगहों पर जाकर साफ सफाई की अद्यतन स्थिति को अपने कैमरे में कैद किया। जिसके बाद नगर आयुक्त कुमार अनुराग ने इस पर त्वरित कार्यवाही करने के लिए स्वच्छता पदाधिकारी को निर्देशित किया। तब कूड़े कचरे का उठाव का काम शुरू हुआ।

    बता दें कि बुधवार को छोटी दीपावली है और गुरुवार को दीपावली का मुख्य त्यौहार मनाया जाएगा। इसके बाद भाई दूज, चित्रगुप्त पूजा, छठ महापर्व शुरू हो रहा है। ऐसे में शहरवासी साफ सफाई व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने की जरूरत महसूस कर रहे हैं।

  • गया नगर निगम में सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल: कहीं रातभर सफाई, कहीं दिन में भी नहीं दिखती व्यवस्था

    गया नगर निगम में सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल: कहीं रातभर सफाई, कहीं दिन में भी नहीं दिखती व्यवस्था

    देवब्रत मंडल

    गया नगर निगम के सफाई प्रबंधन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर निगम ने कुछ क्षेत्रों में रातभर सफाई अभियान चलाने की व्यवस्था की है, लेकिन वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में दिन में भी कचरा उठाव नहीं किया जा रहा। संसाधनों की कमी न होने के बावजूद, इनका उपयोग कैसे किया जाए, ये वार्ड पार्षदों की सोच और जनता के प्रति उनकी जिम्मेदारियों पर निर्भर है।

    कुछ पार्षद शिकायत करते हैं कि सफाई कर्मी उनकी बात नहीं मानते, जबकि कुछ नागरिकों का कहना है कि उनके पार्षद उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में नगर निगम के अधिकारी भी अपनी जिम्मेदारी से बचते नजर आते हैं और सफाई से जुड़े मामलों में वार्ड पार्षद से संपर्क करने की सलाह दे देते हैं।

    रात्रि में कचरा उठाते नगर निगम के सफाई कर्मी

    सोशल मीडिया पर वायरल हुई गंदगी की तस्वीरें

    सोशल मीडिया पर शहर के कुछ हिस्सों की गंदगी की तस्वीरें साझा की जा रही हैं, जो यह दर्शाती हैं कि जिम्मेदार अधिकारी और सफाई कर्मी अपने कार्य के प्रति लापरवाह हैं। कई तस्वीरें यह संकेत देती हैं कि यदि नगर निगम प्रशासन और वार्ड पार्षदों के बीच तालमेल बेहतर हो, तो संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए सफाई व्यवस्था को सुधारा जा सकता है।

    नागरिकों की आवाज बन रहा सोशल मीडिया

    भाजपा नेता और स्थानीय नागरिक नियमित रूप से सोशल मीडिया पर गंदगी की तस्वीरें साझा कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कर रहे हैं। दीपावली पर्व के मद्देनजर घर-घर से कूड़ा बाहर निकाला जा रहा है, लेकिन नियमित उठाव न होने से कूड़े के ढेर नजर आने लगे हैं। नागरिकों की यह आवाज निगम प्रशासन के लिए एक चेतावनी होनी चाहिए।

    दीपावली और छठ पर जनता को चाहिए स्वच्छ शहर

    दीपावली और छठ पर्व की तैयारी के बीच सफाई व्यवस्था को लेकर असंतोष बढ़ रहा है। नगर निगम और वार्ड पार्षदों का दायित्व है कि वे तुरंत प्रभाव से सफाई व्यवस्था में सुधार करें, अन्यथा जनता को मजबूरन लोकतांत्रिक आंदोलन का सहारा लेना पड़ सकता है।

    गया नगर निगम को अब यह तय करना होगा कि जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को किस तरह से निभाएगा। अगर सही समय पर कदम नहीं उठाए गए तो यह असंतोष आगे चलकर गहराता ही जाएगा।

  • गयाजी के श्रीचित्रगुप्त पार्क में दिखेगी वृंदावन की झलक, पूजा की तैयारी शुरू

    गयाजी के श्रीचित्रगुप्त पार्क में दिखेगी वृंदावन की झलक, पूजा की तैयारी शुरू

    देवब्रत मंडल

    वृंदावन में स्थापित हो रही विश्व की सबसे बड़ी भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा की प्रतिकृति गया में भी दिखेगी। एसएसपी कोठी के सामने अवस्थित श्रीचित्रगुप्त पार्क में श्रीचित्रगुप्त पूजा के अवसर पर श्रीचित्रगुप्त की वैसी ही प्रतिमा छोटे रूप में बिठायी जायेगी, जिसकी जोर-शोर से तैयारी की जा रही है। श्री चित्रगुप्त परिवार समिति, गेवाल बिगहा द्वारा वर्ष 1991 से श्री चित्रगुप्त पार्क में पूजनोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस बार, पूजा का मुख्य आकर्षण भगवान चित्रगुप्त जी की प्रतिमा होगी। समिति के सचिव सह स्टेशन मास्टर जुगेश कुमार सिन्हा ने बताया है कि तीन नवम्बर को भगवान चित्रगुप्त की पूजन-अर्चना की जायेगी।

    उन्होंने बताया कि कायस्थ विभूतियों यथा डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, लाल बहादुर शास्त्री, स्वामी विवेकानंद, सुभाष चन्द्र बोस की बड़ी तस्वीर पार्क में रहेगी, जो एक अच्छा ‘सेल्फी पॉइंट’ साबित होगा। श्री सिन्हा ने बताया कि दूसरे दिन यानी 04 नवम्बर को सामूहिक बिरादरी भोज का आयोजन किया गया है। तदुपरांत, सामूहिक विसर्जन में समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य हिस्सा लेंगे।
    पूजनोत्सव को सफल बनाने में अध्यक्ष योगेश कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष आलोक कुमार, सह कोषाध्यक्ष गोपाल प्रसाद, शिवशंकर प्रसाद, मनोज श्रीवास्तव, विक्की कुमार आदि जुटे हैं।

  • बेलागंज में अशोक चौधरी का वादा – “बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे”

    बेलागंज में अशोक चौधरी का वादा – “बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे”

    बेलागंज। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य को एक विकसित श्रेणी में लाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। उनके नेतृत्व में, राज्य का हर क्षेत्र एक नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री की इस पहल को आगे बढ़ाते हुए बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने बेलागंज विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान यह संदेश दिया।

    श्री चौधरी ने कहा कि 2005 में बिहार में बदतर कानून-व्यवस्था और गिरती अर्थव्यवस्था को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने मजबूत नेतृत्व से संभाला और अब तक विकास की एक अनूठी मिसाल कायम की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार के कोने-कोने में सड़कें, पुल, और अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण हुआ है, लेकिन बेलागंज क्षेत्र पिछले 34 वर्षों से उपेक्षित रहा है। उन्होंने जनता से 35 साल बनाम एक साल के विकास की अपील करते हुए कहा कि इस बार बदलाव की बयार बेलागंज में लाना बेहद जरूरी है।

    चौधरी ने भरोसा दिलाया कि अगर इस बार जनता ने उनके उम्मीदवार को समर्थन दिया, तो बेलागंज को विकास की दौड़ में आगे ले जाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन बेलागंज में प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह के अवसर पर किया गया था। इस मौके पर जदयू के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री अभिराम शर्मा, पूर्व विधायक प्रो. कृष्णनंदन यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

  • लोजपा नेता अनवर खान की हत्या और इसके बाद एक बार फिर ताबड़तोड़ फायरिंग, कहीं गैंगवार की अगली कड़ी तो नहीं?

    लोजपा नेता अनवर खान की हत्या और इसके बाद एक बार फिर ताबड़तोड़ फायरिंग, कहीं गैंगवार की अगली कड़ी तो नहीं?

    देवब्रत मंडल

    लोजपा नेता(पारस गुट) अनवर खान की हत्या गैंगवार की एक कड़ी है। 28 अक्टूबर 2024 को गया जिले के चंदौती थाना क्षेत्र में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग इसी कड़ी का एक हिस्सा माना जा रहा है। इस घटना में भोलू खान को दो गोली लगी है। जिसे इलाज के लिए पटना भेजा गया है। इस ताजी घटना को लेकर पुलिस इस घटना में शामिल अपराधियों की तलाश में जुट गई है।

    पहली घटना सितंबर 2023 को हुई थी

    बिहार के गया जिले के आमस थाना क्षेत्र में अपराधियों ने लोजपा (पारस गुट) के नेता की हत्या कर दी थी। लोजपा नेता अनवर खान को बुधवार की सुबह बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े गोली मारी थी। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी।

    इसके बाद नवंबर 2023 में मुंबई और दिल्ली से आरोपी पकड़े गए

    लोजपा नेता हत्याकांड में मुंबई-दिल्ली से दबोचे गये थे आरोपी। बताया गया था कि लोजपा(पारस गुट के) नेता अनवर खान के हत्यारे फोटो खान के गुर्गे थे। जिसने बीच बाजार में लोजपा नेता को गोलियों से भून दिया था। नेता अनवर खान की हत्या करने वालों को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके लिए पुलिस को दिल्ली से लेकर मुंबई तक खाक छाननी पड़ी थी।
    रालोजपा नेता अनवर खान की हत्या में गया पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली थी जब गया पुलिस की टीम ने दो कुख्यात अपराधियों समेत छह की गिरफ्तारी की थी। मुंबई, दिल्ली से कुख्यात अपराधियों को दबोचा गया था। जिनके पास से एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल और 12 जिंदा कारतूस बरामद की गई थी। अरमान उर्फ फोटो खान की गिरफ्तारी करना गया पुलिस के लिए एक चुनौती बनी हुई थी। इसे लेकर गया एसएसपी आशीष भारती के द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित विशेष टीम अरमान खान की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही थी। इस क्रम में उसका लोकेशन मुंबई का मिला। इसके बाद पुलिस की टीम मुंबई पहुंची और वहां की पुलिस से संपर्क किया। कई दिनों तक रेकी के बाद अरमान खान उर्फ फोटो खान को मुंबई के वासी थाना अंतर्गत 17 सेक्टर चौराहा से गिरफ्तार कर लिया गया था। मौके से इसके दो और साथी सोहेल अहमद और मोहम्मद जफर की भी गिरफ्तारी की गई थी। तीनों की गिरफ्तारी मुंबई से की गई थी। सोहेल अहमद और मोहम्मद जफर गया जिले के ही रहने वाले है।

    इसके बाद जुलाई 2024 में शेरघाटी कोर्ट परिसर में चली थी गोली

    गया जिले के शेरघाटी न्यायालय में पेशी के लिए लाए गए कैदी फोटो खान और पुलिसकर्मी को गोली लगी थी। रालोजपा नेता अनवर खान हत्याकांड में जेल से बंदी को कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने बंदी को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी थी। घटना में पेशी के लिए लाए गए कैदी फोटो खान और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। शेरघाटी कोर्ट परिसर में बंदी फोटो खान को पेशी के लिए लाया गया था। शेरघाटी कोर्ट परिसर में घात लगाए अपराधियों ने फोटो खान को निशाना बनाकर गोलीबारी शुरू कर दी थी। अचानक हुई गोलीबारी से अफरा तफरी मच गया था। इससे पहले की पुलिस कोई कार्रवाई करती अपराधियों ने फोटो खान और एक पुलिसकर्मी को गोली मार दी थी। गोली लगने से दोनों घायल हो गए थे। बता दें कि रालोजपा नेता हत्याकांड में फोटो खान आरोपी है। पिछले साल 27 सितंबर को रालोजपा नेता अनवर खान की आमस थाना क्षेत्र में हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में फोटो खान आरोपित है, जो जेल में बंद था।

    और अब 29 अक्टूबर 2024 को चंदौती थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ फायरिंग

    इसके बाद 28 अक्टूबर की देर रात को अनवर हत्याकांड के मुख्य आरोपित फोटो खान के साले को निशाना बनाकर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गाड़ी पर कई राउंड गोलियां चलाई। दो गोली फोटो खान के साले भोलू खान को लगी है। जिसमें वह घायल हो गया। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। जहां से उसकी गंभीर हालत में हालत में पटना रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि अपराधी स्कॉर्पियो से सवार होकर आए थे। जिन्होंने पटना से लौट रहे फोटो खान के साले भोलू खान के वाहन को रूकवा कर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने कई खोखे भी बरामद किए हैं। अपराधियों को लगा कि इतनी गोलियां चलाई गई है तो भोलू खान मारा ही गया होगा, लेकिन भोलू खान को दो गोलियां लगी है। जिसका इलाज पटना में चल रहा है। फोटो खान न्यायालय से जमानत पर जेल से बाहर निकला है और यह ताजी घटना इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि उसी गैंगवार की एक कड़ी है।

    एसएसपी ने कहा- जल्द ही अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा

    वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने बताया कि 29.10.2024 को चंदौती थाना अंतर्गत घटित घटना के संबंध में चंदौती थाना द्वारा कांड दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। इस मामले की गंभीरता को लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था को घटनास्थल के निरीक्षण के लिए निर्देशित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। एफएसएल की टीम को घटनास्थल पर निरीक्षण के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं गठित विशेष टीम के साथ घटनास्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया है। चंदौती थाना पहुँचकर इस कांड का अद्यतन समीक्षा की। इस कांड में संलिप्त अपराधकर्मियों के गिरफ्तारी हेतु विशेष दिशा-निर्देश दिया गया है। इस कांड में शामिल अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है। जल्द ही इस कांड में संलिप्त अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • गया कोर्ट से फरार आरोपी कुंदन ने पुलिस दबिश के डर से किया आत्मसमर्पण

    गया कोर्ट से फरार आरोपी कुंदन ने पुलिस दबिश के डर से किया आत्मसमर्पण

    गया: गया जिले के महकार थाना कांड संख्या 233/23 में आरोपित कुंदन कुमार ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और दबिश से घबराकर आज कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। कुंदन कुमार, निवासी बैध बिगहा, महकार थाना, जिला गया, अपने दो अन्य साथियों के साथ 28 अक्टूबर को कोर्ट में पेश हुआ था, जहां उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी। जमानत रद्द होने के बाद, कुंदन कोर्ट परिसर से फरार हो गया था, जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

    इस घटना को गंभीरता से लेते हुए, गया के वरीय पुलिस अधीक्षक ने आदेश दिया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों को तैनात किया जाए। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीमचक बथानी, महकार थानाध्यक्ष, और सिविल लाइन थानाध्यक्ष को कुंदन की त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी की, जिससे आरोपी पर दबाव बना रहा। पुलिस की इस सक्रियता और दबाव के कारण कुंदन कुमार ने आज यानी 29 अक्टूबर को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।

  • पीएनबी के एक ग्राहक के खाते से 95 हजार रुपए की हो गई फर्जी तरीके से निकासी, शाखा प्रबंधक ने कहा-पीड़िता के खाते को कर दिया गया फ्रीज

    पीएनबी के एक ग्राहक के खाते से 95 हजार रुपए की हो गई फर्जी तरीके से निकासी, शाखा प्रबंधक ने कहा-पीड़िता के खाते को कर दिया गया फ्रीज

    देवब्रत मंडल

    गया जिले के बांकेबाजार की रहने वाली सरिता देवी के खाते से 95 हजार रुपये की फर्जी तरीके से निकासी कर ली गई, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। सरिता देवी ने तुरंत इसकी शिकायत बैंक के शाखा प्रबंधक से की, जिन्होंने बताया कि यह साइबर धोखाधड़ी का मामला है। शाखा प्रबंधक मुकेश शर्मा ने बताया कि सरिता देवी के खाते को सुरक्षा के लिहाज से फ्रीज कर दिया गया है, और आवश्यक कागजात जमा करने के लिए कहा गया है। उन्होंने पीड़िता को साइबर थाने में शिकायत दर्ज करने की सलाह भी दी है।

    पीड़िता का कहना है कि उन्होंने 2015 में जनधन योजना के तहत यह खाता खुलवाया था और पहले कभी इस तरह की कोई समस्या नहीं हुई थी। लेकिन 22 से 24 अक्टूबर के बीच खाते से क्रमशः 9900 रुपये, 45 हजार रुपये और 40 हजार रुपये की बड़ी निकासी हुई है। इस घटना से परेशान सरिता देवी ने धोखाधड़ी से निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। बैंक ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है, और साइबर अपराधियों पर नकेल कसने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

  • पिछले साल भी कोर्ट परिसर से भाग गया था गुड्डू यादव, फिर कुंदन भाग गया, जिसकी गिरफ्तारी बनी चुनौती

    पिछले साल भी कोर्ट परिसर से भाग गया था गुड्डू यादव, फिर कुंदन भाग गया, जिसकी गिरफ्तारी बनी चुनौती

    देवब्रत मंडल

    पिछले साल दिसंबर महीने में भी  गया सिविल कोर्ट परिसर से शराब मामले में गिरफ्तार आरोपी  पुलिसकर्मियों की लापरवाही से चकमा देकर फरार होने में सफल हो गया था। मामला बाराचट्टी थाने का था। पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार करने मामले में गुड्डू यादव पिता सुरेश यादव को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने को लाई थी। इस दौरान (गया) सिविल कोर्ट परिसर से उक्त शराब मामले में आरोपित रहे गुड्डू यादव पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। बाराचट्टी थाने के तत्कालीन दारोगा मनोज कुमार द्वारा शराब मामले में गिरफ्तार किए गए गुड्डू यादव पिता सुरेश यादव नामक आरोपी को गिरफ़्तार कर पेशी के लिए कोर्ट लाई थी। इस दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। दारोगा के लिखित बयान के आधार पर सिविल लाइन थाना में केस दर्ज करने की प्रकिया पूरी की गई थी।

    एक बार फिर गया व्यवहार न्यायालय में जमानत की अर्जी खारिज होने के बाद कोर्ट से एक आरोपी कुंदन यादव फरार हो गया। जिसे पुलिस ढूंढने में जुटी हुई है। ताजी घटना में गया व्यवहार न्यायालय में सोमवार को एक आरोपी जमानत याचिका खारिज होने के बाद फरार हो गया। इसके बाद फरार अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी गई। मामला गया जिले के महकार थाने में दर्ज गंभीर मामलों का आरोपी कुंदन कुमार से जुड़ा है। जो सोमवार को कोर्ट परिसर से फरार हो गया। कुंदन पर मारपीट, हत्या के प्रयास और लूट के आरोप है। इसी मामले में सोमवार को आत्मसमर्पण सह जमानत याचिका दाखिल किया था। इस कांड में जयराम यादव, गंगो देवी, वरुण यादव, कुंदन यादव एवं कमलेश कुमार आरोपी हैं। सुमित्रा देवी के बयान पर इन सभी के विरुद्ध महकार थाना में नामजद प्राथिमिकी दर्ज है। 2 नवंबर 2023 को घटना हुई थी और 3 नवंबर को केस दर्ज हुआ था। केस में पांच लोग नामजद हैं। जिसमें एक महिला और चार पुरुष नामजद आरोपी है। जिसमें से एक कुंदन भी था।

    सोमवार को कोर्ट में जमानत की अर्जी पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने याचिका को खारिज कर दिया था।
    सुनवाई के दौरान कोर्ट ने जेल भेजने का आदेश दिया। जिसे हिरासत में लेने की प्रक्रिया चल ही रही थी कि कुंदन मौका देखकर किसी तरह कोर्ट रूम से भाग गया। जिसकी किसी को  भनक तक नहीं लगी। कोर्ट से भागने के बाद कोर्ट परिसर में हड़कम्प मच गया। परिसर में छानबीन की गई पर कहीं कुछ पता नहीं चल सका।

    सूत्रों ने बताया कि शेष बचे दो अन्य आरोपियों पर फरार हो चुके कुंदन को वापस बुलाने के लिए दवाब भी बनाया गया लेकिन बात नहीं बनी। सोमवार की देर रात तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी। सिविल लाइंस थाना के अध्यक्ष ने बताया था कि उन्हें कुंदन के कोर्ट रूम से फरार हो जाने की सूचना मिली थी लेकिन लिखित तौर पर उन्हें कुछ नहीं मिला था। आज मंगलवार है तो शायद केस दर्ज किए जाने की प्रक्रिया कर ली जाए। इधर, देर रात एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि फरार कुंदन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दावा किया गया है कि जल्द ही पकड़ा जाएगा।

    पुलिस पूरे इलाके में तलाशी शुरू कर दी है, लेकिन खबर प्रेषित किए जाने तक कुंदन का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
    कुंदन के फरार होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। कोर्ट परिसर जैसे सुरक्षित जगह से आरोपी के फरार होने पर सुरक्षा में लापरवाही को उजागर करता है। पुलिस के लिए कुंदन की गिरफ्तारी एक बड़ी चुनौती बन गई है।