गया। बोधगया के भागलपुर में रविवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। चौंकाने वाली बात यह है कि इस हमले के पीछे की वजह पुरानी दुश्मनी बताई जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, गांव में कुछ दिन पहले हुई मारपीट का बदला लेने के लिए अपराधियों ने यह खौफनाक कदम उठाया। वह सिर्फ धमकाने के इरादे से आए थे, लेकिन माहौल बिगड़ने पर उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे स्थानीय लोग सहम गए।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ सौरभ जायसवाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं और एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। पुलिस इस घटना के असली कारणों की तह में जाने की कोशिश कर रही है ताकि इस पुरानी दुश्मनी के पीछे के सच को उजागर किया जा सके।
फायरिंग के बाद से इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। कानून-व्यवस्था को कायम रखने के लिए पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। एसडीपीओ जायसवाल ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि इलाके में शांति बहाल हो सके।
फतेहपुर थाना परिसर में दीपावली और छठ पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधि-व्यवस्था को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस बैठक की अध्यक्षता फतेहपुर अंचलाधिकारी धनराज कुमार ने की, जबकि थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बैठक का संचालन किया।
बैठक में थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि दीपावली और छठ पूजा के दौरान नियमों का पालन अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस के मूर्ति स्थापना की अनुमति नहीं होगी और डीजे पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अश्लील गानों और जातिसूचक शब्दों वाले गीतों को बजाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, मूर्ति विसर्जन के लिए 1 नवंबर की अंतिम तिथि तय की गई है, जिसे हर हाल में मानना होगा।
अंचलाधिकारी धनराज कुमार ने छठ घाटों के निरीक्षण का विवरण देते हुए कहा कि सुरक्षा के मद्देनज़र कुछ घाटों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, पहाड़पुर छठ घाट को खतरनाक स्थिति के कारण प्रतिबंधित कर दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में थाना क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे, जिन्होंने अपने अपने क्षेत्र दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर आयोजित होने वाली कार्यक्रमों की जानकारी दिया। इस मौके पर जयपुर पंचायत मुखिया राजेंद्र यादव उर्फ राजू , धरहरा कलां पंचायत मुखिया अमरेंद्र कुमार राय, नगर प्रखंड फतेहपुर के मुख्य पार्षद रवि कुमार साव , पूर्व जिला पार्षद नागेंद्र यादव, सहित सैकड़ों की संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
गया। बिहार के गया जिले में एक रिटायर्ड शिक्षक के घर में सेंधमारी कर चोरों ने 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और 60 हजार रुपये नगद सहित कई कीमती सामान पर हाथ साफ कर लिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे चोरी की घटना के कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।
यह घटना गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के मंदराज बीघा स्थित छोटकी डेल्हा मोहल्ले की है, जहां रिटायर्ड शिक्षक शिवदत्त गुप्ता के घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया। शिवदत्त गुप्ता के मुताबिक, रात के समय पूरा परिवार बगल के कमरे में सो रहा था और इसी दौरान चोरों ने एक खाली कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर गहनों और नगदी की चोरी कर ली। चोरी इतनी खामोशी से हुई कि किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
सीसीटीवी फुटेज में लगभग सुबह 3:00 बजे तीन अज्ञात चोर घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद जिला पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है, और फॉरेंसिक टीम की मदद से सुराग जुटाए जा रहे हैं। इसके अलावा, चोरी की तहकीकात में मदद के लिए घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड भी तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों का सुराग लगाकर कार्रवाई की जाएगी।
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 में 52वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन विद्यालय स्तर पर एटीएल लैब में किया गया। जिसका शुभारंभ प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता द्वारा उप-प्राचार्य ल हरि सिंह मीणा की उपस्थिति में किया गया। इस प्रदर्शनी की खास बात यह थी कि इस बार आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में इसी विद्यालय के छात्र रह रहे डॉ गौरव कुमार वर्मा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। विद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी वेदप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के भूतपूर्व छात्र एवं न्यूरोसाइंटिस्ट डॉ. गौरव कुमार वर्मा थे। जो वर्तमान में गोटेनबर्ग विश्वविद्यालय, स्वीडन में कार्यरत हैं।
इस अवसर पर उन्होंने पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने विद्यालय जीवन की यात्रा और न्यूरोसाइंस पर व्याख्यान दिया। इसके बाद उन्होंने विज्ञान प्रदर्शनी में भाग लेकर विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट देखे और खुशी व्यक्त की। साथ ही अपने सुझाव भी दिए। उन्होंने एक दिवसीय सेमिनार में भी भाग लिया। जिन्होंने विद्यार्थियों के व्याख्यान का भी आनंद लिया और उन्हें अपने विचारों से प्रेरित करते हुए उत्साहवर्धन किया। इस कार्यक्रम का आयोजन भौतिकी के शिक्षक डॉ. पंकज सिन्हा के मार्गदर्शन में किया गया।
गया जिले के गुरपा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। शुक्रवार को गोबरदाहा जंगल में चल रही शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाया और मौके से 1080 लीटर महुआ शराब के साथ 9 मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश पर गुरपा थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि गोबरदाहा जंगल में कुछ तस्कर मोटरसाइकिलों पर महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही गुरपा थानाध्यक्ष ने पुलिस टीम के साथ इलाके में छापेमारी की योजना बनाई। बरसौना टॉड के पास पुलिस को अपनी ओर आता देख तस्कर घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे। हालांकि, पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी 9 मोटरसाइकिलों की तलाशी ली और उन पर लदे बोरे से 1080 लीटर महुआ शराब बरामद की।
गया पुलिस द्वारा शराब तस्करों के खिलाफ इस बड़े अभियान के तहत गुरपा थाना में कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि इन तस्करों का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है और कौन इस अवैध धंधे का संचालन कर रहा है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गया जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अवैध धंधों को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस की मुहिम तेज कर दी गई है और इस प्रकार के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं गुरपा थाना पुलिस की इस त्वरित और बड़ी कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। गया पुलिस के इस विशेष अभियान से अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है कि अब जिले में किसी भी तरह का अवैध व्यापार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गया के कोतवाली थाना क्षेत्र में गंगा महल मोहल्ले में हुए हत्या कांड में गया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या की इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी, लेकिन गया पुलिस की तत्परता ने मामले को जल्द ही सुलझा दिया।
घटना का विवरण
आज सुबह, गंगा महल मोहल्ले में एक व्यक्ति का पड़ोसी से विवाद इतना बढ़ गया कि उसने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने तुरंत कांड दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वरीय पुलिस अधीक्षक, गया ने घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस उपाधीक्षक-02 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया, जिसमें कोतवाली थाना और तकनीकी शाखा के अधिकारियों को भी शामिल किया गया। गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सूचना संकलन के जरिए हत्या में संलिप्त आरोपी चंदन कुमार, पिता रामविलास सिंह, निवासी गंगा महल तुतवारी, थाना कोतवाली को इकबाल नगर ओवरब्रिज के नीचे से छापेमारी कर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी चंदन कुमार की निशानदेही पर टीम ने गंगा महल तुतवारी में झाड़ियों के पास से छिपाया हुआ एक देशी कट्टा और सात कारतूस भी बरामद किए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि पुराने विवाद के कारण उसने इस घटना को अंजाम दिया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने इस त्वरित कार्रवाई पर पुलिस टीम की सराहना की और कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गया पुलिस प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे आपराधिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और कानून के दायरे में लाकर उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
शुक्रवार को गया जंक्शन के आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने यात्री का मोबाइल चुराकर भाग रहे अपराधी को घेर कर गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश ने बताया कि आगामी त्यौहार के मद्देनजर रखते हुए स्टेशन प्लेटफार्म पर अपराधी गतिविधि निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में दोपहर बाद पिलग्रिम प्लेटफार्म संख्या के टावर लाइट के पास टीम पहुंची तो एक व्यक्ति पुलिस बल को अपनी ओर आता देखकर अचानक तेजी से भागने लगा। जिस पर पुलिस बल को शक हुआ। भाग रहे व्यक्ति को घेर कर पकड़ लिया गया। पकड़ा गया अजीत कुमार, पिता स्व. रमेश राय पता हिंदूनि थाना फुलवारीशरीफ जिला पटना का रहनेवाला है। उन्होंने बताया कि उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से चोरी किया हुआ दो मोबाइल फोन बिना सिम लगा हुआ बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि आगे की कार्रवाई करते हुए जीआरपी थाना लाया गया। जहां आरपीएफ के उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद द्वारा दिए गए लिखित शिकायत के आधार पर कांड दर्ज किया गया है। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत ₹25,000 आंकी गई है।
गया जिले के इमामगंज और बेलागंज विधानसभा क्षेत्रों में आगामी 13 नवंबर को होने वाले बिहार विधानसभा उपचुनाव के लिए व्यापक तैयारी चल रही है। इस संबंध में गया के जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने शुक्रवार को हरिदास सेमिनरी में चुनाव में तैनात सभी सेक्टर पदाधिकारियों, सेक्टर पुलिस अधिकारियों, मास्टर ट्रेनर्स और तकनीकी कर्मियों को एक संयुक्त प्रशिक्षण सत्र में मार्गदर्शन दिया।
डीएम का निर्देश: “मतदाता पर्ची न होने पर भी मताधिकार का सम्मान सुनिश्चित करें”
प्रशिक्षण सत्र में जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता का मताधिकार सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने कहा, “यदि किसी मतदाता के पास वोटर स्लिप नहीं है, तो भी मान्य पहचान पत्रों में से किसी एक के आधार पर मतदान करने की अनुमति दी जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी मतदाता बिना मतदान किए वापस न जाए।”
उन्होंने मतदान की प्रक्रिया पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मतदान केंद्रों और ईवीएम के संचालन के सभी आवश्यक पहलुओं को अच्छी तरह समझ लें। डीएम ने कहा कि यदि किसी अधिकारी को अतिरिक्त प्रशिक्षण की आवश्यकता है, तो वह तत्काल इसे प्राप्त कर सकता है ताकि चुनाव के दिन कोई असुविधा न हो।
ईवीएम संचालन और तकनीकी सहयोग पर विशेष ध्यान
मतदान प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक सेक्टर पदाधिकारी को रिजर्व में अतिरिक्त ईवीएम उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, सभी सेक्टर अधिकारियों के साथ एक-एक मास्टर ट्रेनर को भी जोड़ा गया है, जिससे किसी भी तकनीकी समस्या का तुरंत समाधान हो सके।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर ईवीएम की सीलिंग, मॉक पोल और क्लोज बटन की प्रक्रिया पर विशेष जोर देते हुए डीएम ने कहा कि मॉक पोल के बाद “क्लोज” बटन दबाना आवश्यक है। मतदान समाप्ति के बाद प्रजाईडिंग ऑफिसर ईवीएम को सीधे स्ट्रांग रूम में जमा करेंगे।
विधानसभा क्षेत्रों में सुरक्षा का विशेष इंतजाम
वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने कहा कि इमामगंज और बेलागंज विधानसभा क्षेत्रों में पूर्व के चुनावों में छिटपुट घटनाएं हुई थीं। इसे ध्यान में रखते हुए संबंधित थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्रों की स्थिति का आकलन करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मतदान केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगे, इसे सुनिश्चित किया जाए, ताकि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न हो सके।
डीएम की अपील: भयमुक्त वातावरण में करें मतदान
जिलाधिकारी ने इमामगंज और बेलागंज के मतदाताओं से भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा, “प्रशासन की ओर से सभी प्रयास किए गए हैं ताकि आप सुरक्षित वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।” इस अवसर पर डीडीसी, अपर समाहर्ता परितोष कुमार, एडीएम विभागीय जांच समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
चुनाव से पूर्व हर क्षेत्र की विधि-व्यवस्था पर कड़ी नजर
डीएम ने सभी सेक्टर पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र की विधि-व्यवस्था पर रोजाना निगरानी रखें और संभावित व्यवधान उत्पन्न करने वाले तत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई करें। संवेदनशील मतदान केंद्रों का पूर्व दौरा करने का निर्देश भी जारी किया गया है ताकि चुनाव के दिन किसी भी प्रकार की समस्या न हो। यह सुनिश्चित करने के लिए कि मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता से तैयार है।
लोगों के मुंह से सुनने को मिलते आया है कि दोस्त से बढ़कर रिश्तेदार नहीं होते। रिश्तेदार शायद बुरे वक्त में काम नहीं आएं लेकिन दोस्त बुरे वक्त में काम आ ही जाते हैं। इसका एक प्रामाणिक उदाहरण रेल यात्रा के दौरान देखने को मिला। एक तरफ जहां रेलवे सुरक्षा बल ने अपना कर्तव्यपालन करते हुए एक महिला यात्री का ट्रेन में छूट गए सामानों को गया जंक्शन पर सुरक्षित उतार लिया, वहीं दूसरी तरफ महिला यात्री के पति के दोस्त गया ऑफिसर ट्रेनिंग एकेडमी से गया आरपीएफ पोस्ट पर आकर छूट गए सामान ले गए।
दरसअल ऐसी घटना 07255 सिकंदराबाद-पटना एक्सप्रेस में हुई। गया जंक्शन के आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश ने बताया कि इस ट्रेन में सफर कर रही भारती सिंह नामक एक महिला यात्री कोडरमा स्टेशन पर अपनी यात्रा पूरी करते हुए उतर गई लेकिन उनका सामान ट्रेन के कोच में ही छूट गया। इसके बाद भारती सिंह ने रेल मदद पर इसकी सूचना दी। इसके बाद डीडीयू मंडल के सिक्युरिटी कट्रोल से यह सूचना गया आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश को मिली। जिन्होंने गया जंक्शन पर जब यह ट्रेन आई तो कोच बी-1 से महिला के छूट गए सामान को बरामद कर यात्री को सूचित किया कि उनका सामान पोस्ट पर सुरक्षित रखा गया है आप इसे ले जा सकते हैं।
इसके बाद इसकी सूचना भारती सिंह के पति शक्ति सिंह को दी गई। इंस्पेक्टर अजय प्रकाश ने बताया इसके बाद कमलेश ठाकुर नामक एक उनके करीबी जंक्शन पर आए और उनका सत्यापन कर लेने के बाद उन्हें सामान लौटा दिया गया।
इधर, कमलेश ठाकुर ने पूछे जाने पर बताया कि वे गया ओटीए में पदस्थापित हैं। भारती सिंह के पति शक्ति सिंह गया ओटीए में उनके साथ काम किया करते थे लेकिन वे अभी सिकंदराबाद में ड्यूटी कर रहे हैं। जिन्होंने फोन कर पूरे वाक्या से अवगत कराया। इसके बाद वे दोस्त की पत्नी के छूट गए सामान आरपीएफ पोस्ट पर आकर प्राप्त कर लिया। इसके लिए उन्होंने आरपीएफ और पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश एवं उनकी टीम को साधुवाद दिया है।
गया के पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में शुक्रवार को “रूट्स टू रूट्स” कार्यक्रम के अंतर्गत “हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन कार्यशाला” का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को मनोरंजन के साथ-साथ शास्त्रीय संगीत की कला में पारंगत करना और उनकी संगीत प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था।
कार्यशाला के मुख्य आकर्षण रहे दिपांशु तिवारी, एक प्रसिद्ध हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक, जिन्होंने प्रयाग संगीत समिति से सीनियर डिप्लोमा प्राप्त किया है। दिपांशु ने कई राष्ट्रीय और प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी कला का प्रदर्शन किया है और विभिन्न सरकारी प्रतियोगिताओं में भी पुरस्कृत हो चुके हैं। विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने मुख्य अतिथि का स्वागत हरित पौधा और शॉल देकर किया, जिससे पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
इस कार्यशाला में दिपांशु तिवारी का तबले पर संगत पीयूष कुमार ने किया। दोनों कलाकारों ने मिलकर शास्त्रीय संगीत के विविध रागों का ऐसा प्रदर्शन किया कि छात्रों और शिक्षकों का मन मोह लिया। छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस कार्यशाला से उन्हें संगीत की नई विधाओं को जानने और सीखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने उन्हें संगीत की ओर प्रेरित किया है।
कार्यक्रम का संचालन श्याम कुमार (प्राथमिक शिक्षक) ने कुशलता से किया। इस अवसर पर विद्यालय के उप-प्राचार्य हरि सिंह मीणा, संगीत शिक्षिका आरती कुमारी और कला शिक्षिका किरण कुमारी सहित अन्य सहयोगी शिक्षक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में तौकीर रज़ा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विद्यालय के समस्त शिक्षक और छात्रों की सक्रिय भागीदारी से यह कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहा, और छात्रों ने इसे एक अविस्मरणीय अनुभव के रूप में संजोया।