Category: MAGADH

  • MagadhLive Special: मौत के बाद भी साथ निभाता है रेलवे, जानिए पार्थिव शरीर को निःशुल्क गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था

    MagadhLive Special: मौत के बाद भी साथ निभाता है रेलवे, जानिए पार्थिव शरीर को निःशुल्क गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था

    देवब्रत मंडल

    गया। पिछले दिनों MagadhLive ने गया जंक्शन पर एक मृत यात्री के शव के साथ होने वाली संवेदनहीन व्यवस्था को उजागर किया था। उस रिपोर्ट ने न सिर्फ आम लोगों को झकझोरा, बल्कि उन लोगों का भी ध्यान इस ओर खींचा जो अब तक इस व्यवस्था की हकीकत से अनजान थे। मृत्यु से लेकर शवगृह तक एक शव के सम्मानजनक सफर में आने वाली कठिनाइयों को हमारी विशेष रिपोर्ट ने सामने रखा।

    इसी कड़ी में आज हम एक ऐसी जानकारी साझा कर रहे हैं, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। यह जानकारी बताती है कि दुख की इस घड़ी में भारतीय रेलवे मानवीय आधार पर किस तरह परिवारों का सहारा बनता है।

    रेलवे देता है पार्थिव शरीर ले जाने की निःशुल्क सुविधा

    यदि किसी व्यक्ति की मृत्यु रेल क्षेत्र में दुर्घटना, स्वाभाविक कारण या किसी अन्य परिस्थिति में हो जाती है और परिजन पार्थिव शरीर को रेलमार्ग से अपने गंतव्य तक ले जाना चाहते हैं, तो भारतीय रेलवे यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराता है।

    इसके लिए मृतक के परिजनों को मृत्यु प्रमाणपत्र (डेथ सर्टिफिकेट) के साथ संबंधित रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय में आवेदन करना होता है। पार्सल कार्यालय द्वारा निर्धारित प्रपत्र भरने और आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद रेलवे आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराता है।

    ब्रेक वैन में भेजा जाता है पार्थिव शरीर

    सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद रेलवे संबंधित ट्रेन की ब्रेक वैन (पार्सल बोगी) में पार्थिव शरीर को गंतव्य स्टेशन तक भेजने की व्यवस्था करता है। इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता।

    हालांकि, इसके लिए कुछ शर्तें भी हैं। पार्थिव शरीर को कफन ही नहीं बल्कि कॉफिन (Coffin) में पूरी तरह सुरक्षित और सीलबंद होना चाहिए। साथ ही शव की लोडिंग और अनलोडिंग की जिम्मेदारी मृतक के परिजनों या उनके साथ आए लोगों की होती है। रेलवे कर्मचारी या पार्सल कार्यालय के मजदूर इस प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लेते।

    पहले लगता था शुल्क, अब सेवा पूरी तरह मुफ्त

    रेलवे सूत्रों के अनुसार, पहले इस सुविधा के लिए निर्धारित शुल्क लिया जाता था और वजन की सीमा भी तय थी। लेकिन वर्तमान में केंद्र सरकार द्वारा यह सेवा मानवीय आधार पर पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

    रेलवे के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पिछले महीने ही मुंबई मेल से दो पार्थिव शरीरों को उनके गंतव्य तक बिना किसी शुल्क के भेजा गया था।

    मानवीय पहलू को जानना भी जरूरी

    दुख की घड़ी में अक्सर लोग ऐसी सुविधाओं से अनजान रहते हैं। ऐसे में यह जानकारी कई परिवारों के लिए राहत का कारण बन सकती है। रेलवे की यह व्यवस्था बताती है कि संवेदनशील परिस्थितियों में भी मानवीय सहयोग के लिए प्रावधान मौजूद हैं।

    MagadhLive अपनी अगली कड़ी में बताएगा कि किसी मृतक के मामले में रेल प्रशासन और कौन-कौन सी सुविधाएं एवं प्रक्रियाएं उपलब्ध कराता है।

  • आंखोंदेखी: जब गया जंक्शन के शवगृह में मानवता भी सिसकती मिली…शव को कुतरते यहां दिखाई दिए चूहे, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

    आंखोंदेखी: जब गया जंक्शन के शवगृह में मानवता भी सिसकती मिली…शव को कुतरते यहां दिखाई दिए चूहे, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन का शवगृह


    गया जी। मोक्ष की धरती। ज्ञान की भूमि। भगवान विष्णु के चरणों से पवित्र हुई यह नगरी और भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त होने का साक्षी बना बोधगया। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु अपने पितरों के मोक्ष की कामना लेकर यहां आते हैं, तो दुनिया भर से बौद्ध अनुयायी भी इस धरती पर श्रद्धा अर्पित करने पहुंचते हैं।
    रेल, सड़क और हवाई मार्ग से जुड़ा गया देश-दुनिया के लोगों का प्रमुख पड़ाव है। सबसे अधिक यात्री रेलमार्ग से यहां आते-जाते हैं। आधुनिक सुविधाओं से लैस किए जा रहे गया जंक्शन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। लेकिन इसी आधुनिकता के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने भीतर तक झकझोर दिया।
    मृत्यु जीवन का अंतिम सत्य है। कोई नहीं जानता कि किसकी अंतिम सांस कब और कहां होगी। रेल यात्रा के दौरान यदि किसी यात्री की मौत हो जाती है तो रेलवे और रेल पुलिस निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करती है। पंचनामा, यूडी केस, पोस्टमार्टम और पहचान होने तक शव को सुरक्षित रखना—यह सब केवल कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि मृतक के प्रति समाज की अंतिम जिम्मेदारी भी है।
    इसी प्रक्रिया के दौरान MagadhLive की टीम ने जो देखा, उसने कई सवाल खड़े कर दिए।

    पार्सल कार्यालय में रखा शव


    ट्रेन संख्या 12802 से यात्रा कर रहे ओडिशा निवासी फ्रांसिस (पहचान पत्र के अनुसार) की तबीयत अचानक बिगड़ गई। ड्यूटी पर तैनात डिप्टी एसएस (कॉमर्शियल) प्रदीप लोहरा और पीए संजीत कुमार सिंह ने तत्काल पहुंचकर सीपीआर दिया। हर संभव प्रयास हुआ, लेकिन जिंदगी नहीं बच सकी। रेलवे चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
    इसके बाद घटनाक्रम नियमानुसार आगे बढ़ा। पहले शव को पार्सल कार्यालय के एक कमरे में रखा गया। बाद में पोस्टमार्टम कराया गया और पहचान होने तक उसे गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के दिल्ली छोर पर बने उस कमरे में रखा गया, जिसे शवगृह कहा जाता है।
    जब MagadhLive की टीम वहां पहुंची, तो सामने का दृश्य शब्दों में बयां करना आसान नहीं था।
    कमरे के भीतर शव रखा था। आसपास बड़े-बड़े चूहे घूम रहे थे। कुछ चूहे शव के बेहद करीब तक पहुंच रहे थे। कमरे की स्थिति ऐसी थी कि किसी भी संवेदनशील व्यक्ति का मन विचलित हो जाए। वहां मौजूद माहौल यह सवाल पूछ रहा था कि क्या किसी इंसान की अंतिम यात्रा का सम्मान इतना भी कठिन है?
    वह शव केवल एक अज्ञात या मृत यात्री नहीं था। वह किसी मां की संतान था, किसी पत्नी का जीवनसाथी, किसी बच्चे का पिता, किसी परिवार की दुनिया।
    शायद उस परिवार को यह भी नहीं पता होगा कि उनका अपना, घर लौटने से पहले किन परिस्थितियों में पड़ा है।
    गया जी दुनिया को मोक्ष का संदेश देता है। यहां लोग अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए हजारों किलोमीटर की यात्रा करते हैं। ऐसे शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशन पर यदि शवों के संरक्षण की व्यवस्था ही मानवीय गरिमा के अनुरूप न हो, तो यह केवल एक प्रशासनिक कमी नहीं, बल्कि संवेदनाओं पर भी प्रश्नचिह्न है।
    आज गया जंक्शन के आधुनिकीकरण पर लगभग 400 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित हो रही हैं। यह स्वागतयोग्य है। लेकिन क्या इसी परियोजना में एक ऐसा आधुनिक, स्वच्छ और सुरक्षित शवगृह भी नहीं होना चाहिए, जहां किसी मृत यात्री के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक रखा जा सके?
    MagadhLive का उद्देश्य किसी संस्था या व्यक्ति को कटघरे में खड़ा करना नहीं, बल्कि उस व्यवस्था की ओर ध्यान आकर्षित करना है, जहां सुधार की सबसे अधिक आवश्यकता है।
    उम्मीद है कि रेलवे प्रशासन, रेल पुलिस और संबंधित विभाग इस व्यवस्था की गंभीर समीक्षा करेंगे, ताकि भविष्य में किसी भी मृत यात्री की पार्थिव देह ऐसी परिस्थितियों में रखने की नौबत न आए।
    क्योंकि किसी भी सभ्य समाज की पहचान केवल उसके आधुनिक भवनों से नहीं होती, बल्कि इस बात से होती है कि वह अपने सबसे असहाय और मौन नागरिक—एक मृत इंसान—को कितना सम्मान देता है।

  • बेटी की शादी के लिए जोड़े थे पैसे, 99 हजार रुपये साइबर ठगों ने उड़ाए; दो महीने से न्याय की आस में भटक रहा गरीब मजदूर

    बेटी की शादी के लिए जोड़े थे पैसे, 99 हजार रुपये साइबर ठगों ने उड़ाए; दो महीने से न्याय की आस में भटक रहा गरीब मजदूर

    मगध रेंज के आईजी से भी लगाई गुहार, फिर भी नहीं लौटे रुपये; साइबर थाना का काट रहा चक्कर

    देवब्रत मंडल

    प्रतीकात्मक तस्वीर


    गया जी। एक गरीब मजदूर की जिंदगी भर की मेहनत की कमाई साइबर ठगों ने कुछ ही मिनटों में उड़ा दी। अब हालात ऐसे हैं कि जिस रकम से वह अपनी बेटी की शादी के सपने संजोए बैठा था, उसी रकम को वापस पाने के लिए पिछले दो महीने से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है।

    मामला डेल्हा थाना क्षेत्र के निवासी मजदूर का

    डेल्हा थाना क्षेत्र के छोटकी नवादा निवासी राजा कुमार ने अपनी बेटी की शादी के लिए मजदूरी कर-करके रुपये जमा किए थे। लेकिन 7 मार्च 2026 को वह साइबर अपराध का शिकार हो गए और उनके खाते से 99 हजार रकम निकल गई। इसके बाद उन्होंने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद न तो उनकी राशि वापस मिल सकी और न ही उन्हें कोई ठोस राहत मिली।

    आईजी से लगाई थी उम्मीद, अब भी इंतजार

    न्याय की आस लेकर राजा कुमार जून 2026 में खुद मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) से मिले और अपनी व्यथा सुनाई। उन्होंने आवेदन देकर जल्द कार्रवाई और अपनी मेहनत की कमाई वापस दिलाने की गुहार लगाई। आवेदन पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी अंकित किए गए, लेकिन इसके बावजूद पीड़ित का कहना है कि आज तक उन्हें कोई राहत नहीं मिली है।

    “हर सप्ताह साइबर थाना जाता हूं, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिलता है”

    राजा कुमार का कहना है कि वह नियमित रूप से साइबर थाना जाते हैं। हर बार उन्हें यही कहा जाता है कि “हो जाएगा”, लेकिन महीनों बाद भी उनकी रकम वापस नहीं मिली। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अब बेटी की शादी की चिंता उन्हें दिन-रात सता रही है।

    एक गरीब पिता की बेबसी

    राजा कुमार कोई बड़े कारोबारी नहीं हैं। वह दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटी की शादी के लिए उन्होंने बड़ी मुश्किल से एक-एक रुपये जोड़कर यह रकम जमा की थी। साइबर ठगी ने न सिर्फ उनकी जमा-पूंजी छीन ली, बल्कि एक पिता के सपनों पर भी गहरा आघात पहुंचाया है।


    प्रशासन से मानवीय पहल की उम्मीद

    साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच राजा कुमार का मामला उन गरीब परिवारों की पीड़ा को सामने लाता है, जिनके लिए कुछ हजार रुपये भी जीवनभर की कमाई होते हैं। ऐसे में पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र कार्रवाई करेंगे, ताकि बेटी की शादी के लिए जोड़ी गई मेहनत की कमाई उन्हें वापस मिल सके और एक गरीब पिता की चिंता कुछ कम हो सके।

  • गया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के आरोपियों की 12 घंटे में गिरफ्तारी, 2 विधि विरूद्ध बालक निरुद्ध

    गया: गया पुलिस ने अपनी त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से एक हत्या के मामले में संलिप्त छह आरोपियों को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया, साथ ही दो विधि विरूद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया। यह कार्रवाई कोंच थाना क्षेत्र में हुई एक हत्या की घटना के बाद की गई, जो स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है।

    घटना का विवरण:

    19 नवम्बर 2024 को कोंच बाजार में वादी और उनके दोस्त के साथ कुछ लोगों की बहस हो गई थी, जिसे स्थानीय लोगों ने सुलझा लिया था। कुछ समय बाद, जब वादी और उनका दोस्त घर लौट रहे थे, तो 10-15 लोगों का एक समूह उनके सामने आकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी, डंडा और पत्थरों से इन दोनों पर हमला कर दिया, जिससे वादी का दोस्त बुरी तरह घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस संबंध में कोंच थाना में हत्या की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

    गया पुलिस की त्वरित कार्रवाई:

    वीडियो

    घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, गया ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, टिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और दो विधि विरूद्ध बालकों को भी हिरासत में लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि कोंच बाजार में भुजा खरीदने को लेकर मृतक और उसके साथी के साथ हुई बहस के बाद, उन्होंने गुस्से में आकर दोनों को मारपीट का शिकार बनाया। इसके कारण एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई।

    गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:

    गया पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के नाम और उनके ठिकाने भी सार्वजनिक किए हैं:

    ओम प्रकाश कुमार (पिता: अशोक राउत)

    कपील कुमार (पिता: संजय चौधरी)

    राहुल कुमार (पिता: संजय चौधरी)

    नितीश कुमार उर्फ छोटु उर्फ लवली (पिता: सतीश पासवान)

    गया पासवान (पिता: स्व. रामप्रवेश पासवान)

    उपेन्द्र पासवान (पिता: स्व. रामप्रवेश पासवान)

    दो विधि विरूद्ध बालक (नाम गुप्त)

    आगे की कार्रवाई:

    गया पुलिस ने मामले में अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और उनके खिलाफ छापेमारी जारी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे, ताकि समाज में कानून व्यवस्था बनी रहे।

  • बेलागंज में शुरू हुआ बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस का ठहराव, स्थानीय लोगों में हर्ष

    बेलागंज में शुरू हुआ बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस का ठहराव, स्थानीय लोगों में हर्ष

    बेलागंज के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। 19 नवंबर से 14223/14224 बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस का ठहराव अब बेला स्टेशन पर होने लगा है। इस उपलब्धि पर स्थानीय निवासियों के बीच उत्साह और खुशी का माहौल है। यह ट्रेन अब रात के समय पटना या गया से बेलागंज आने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा बन गई है।

    स्थानीय मांग पर मिली सफलता

    लोको पायलट और सहायक लोको पायलट को माला पहनाकर स्वागत करते ट्रस्ट के लोग

    पंडित यदुनंदन शर्मा सेवा आश्रम ट्रस्ट की ओर से वर्षों पहले इस ठहराव की मांग की गई थी। पूर्व सांसद विजय कुमार मांझी और वर्तमान सांसद व केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के समक्ष स्थानीय लोगों ने बार-बार इस मांग को दोहराया। आखिरकार, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल अधिकारियों के सहयोग से यह मांग पूरी हुई।

    भव्य स्वागत और कृतज्ञता व्यक्त

    बुधवार की रात बेला स्टेशन पर जब 14224 बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस पहली बार रुकी, तो ट्रस्ट के अध्यक्ष रविशंकर कुमार ने ट्रेन के लोको पायलट और सहायक लोको पायलट का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया। मिठाई बांटकर इस ऐतिहासिक क्षण का जश्न मनाया गया। स्टेशन मास्टर और लोको पायलट को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

    अन्य ट्रेनों के ठहराव की मांग जारी

    बेलागंज के निवासियों ने अब 18623/18624 हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस और पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की है। स्थानीय नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि इन ट्रेनों का ठहराव भी क्षेत्र के विकास में सहायक होगा।

    नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जताया आभार

    जदयू नेता मोहित त्रिपाठी और रेल अधिकारी प्रियरंजन की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में समाजसेवी अमरेंद्र प्रियदर्शी, रविंद्र कुमार, पंकज कुमार, अनिल माथुरी, भाजपा नेता महेश शर्मा समेत कई गणमान्य लोगों ने इस सफलता के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और नेताओं का आभार प्रकट किया। बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस के ठहराव ने बेलागंज के लोगों को न केवल राहत दी है बल्कि उनके जुड़ाव को पटना और रांची जैसे प्रमुख शहरों से और सशक्त बना दिया है। यह निर्णय क्षेत्रीय विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

  • फर्जी जाति प्रमाण पत्र के कारण चैता पैक्स सदस्य के महिला अभ्यर्थी का नामांकन रद्द

    फर्जी जाति प्रमाण पत्र के कारण चैता पैक्स सदस्य के महिला अभ्यर्थी का नामांकन रद्द

    टिकारी संवाददाता: चैता पैक्स से अति पिछड़ा वर्ग में सदस्य पद पर नामांकन करने वाली महिला अभ्यर्थी पानो देवी का नामांकन पत्र बुधवार की देर रात्रि रद्द कर दिया गया। निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ नीरज आनंद ने बताया कि अंचलाधिकारी के प्रतिवेदन के आधार पर पानो देवी का नामांकन अस्वीकृत किया गया है। पानो देवी द्वारा फर्जी दस्तावेज के आधार पर पिछड़ा वर्ग का जाति प्रमाण पत्र तैयार कर लिया गया था। मालूम हो कि चैता पैक्स के अभ्यर्थी उदय सिंह ने पानो देवी के जाति प्रमाण पत्र पर आपत्ति जताते हुए नामांकन पत्र रद्द करने की शिकायत दर्ज कराई थी।

    उदय सिंह द्वारा बताया गया था कि पानो देवी का मायका झारखंड राज्य में है व चैता पंचायत के वार्ड संख्या नौ से अनुसूचित कोटि में ग्राम कचहरी पंच पद से निर्वाचित है। इसके बावजूद पानो देवी द्वारा फर्जी तरीके से दस्तावेज देकर मायका छठवां पंचायत के खैरा भट्ट बिगहा में दर्शा दिया गया और राजस्व कर्मचारी के मिलीभगत से पिछड़ा वर्ग का जाति प्रमाण पत्र बनवा लिया। मामला तूल पकड़ने के बाद दर्ज शिकायत के आधार पर सीओ मयंक शेखर ने मामले की जांच करते हुए फर्जी दस्तावेज के आधार पर निर्गत जाति प्रमाण पत्र को रद्द कर दिया। इस पूरे मामले में संबंधित पंचायत के राजस्व कर्मचारी शशि रंजन की भूमिका संदिग्ध और जांच करने लायक है।

  • गया के इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय स्टिंग वॉलीबॉल चैंपियनशिप 12 दिसंबर को

    गया के इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय स्टिंग वॉलीबॉल चैंपियनशिप 12 दिसंबर को

    देवब्रत मंडल

    प्रतीकात्मक चित्र

    पैरालंपिक वालीबॉल एसोसिएशन आफ बिहार की एक मीटिंग गुरुवार को गया में आयोजित किया गया। एसोसिएशन के राजेश कुमार ने बताया कि बैठक में यह निर्णय लिया गया कि विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर 12 दिसंबर को गया के इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय स्टिंग वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। जिसमें बिहार के सभी जिलों से खिलाड़ी इस चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। सभी टीम के मैनेजर को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आमंत्रण भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया उम्मीद है कि इस आयोजन में कम से कम बिहार की 10 टीमें हिस्सा लेगी।

  • गया के इस गांव के विद्वान शिक्षक कुछ महीने पहले हो गए थे गुम, भटक कर चले गए असम, विधिक सेवा प्राधिकार की मदद से जल्द लौटेंगे घर

    देवब्रत मंडल

    जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यालय में पदाधिकारी के साथ गुमशुदा शिक्षक के पुत्र व पौत्र

    गया जिले के नगर प्रखंड चंदौती के ग्राम हब्बीपुर के विद्वान शिक्षक पिछले कुछ महीने से गायब हो गए थे। परिजनों ने इनके घर वापसी की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी लेकिन विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मियों के सहयोग से विद्वान शिक्षक दिनेश प्रसाद उर्फ दिनेश मिस्त्री अब अपने घर लौट जाएंगे। इनके घर वापसी की खबर सुनकर इनके परिजनों के साथ साथ गांव के लोगों ने भी विधिक सेवा प्राधिकार के पदाधिकारी एवं कर्मियों के प्रति आभार जताया है।

    गुमशुदा शिक्षक दिनेश प्रसाद

    जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने गुमशुदा पिता को अपने परिवार से मिलवाने में मददगार साबित हुआ है। गया के चंदौती थाना अंतर्गत हब्बीपुर गांव के रहने वाले दिनेश प्रसाद उर्फ दिनेश मिस्त्री इसी वर्ष 9 अक्टूबर को घर से बाजार के लिए निकले थे। जिसके बाद से घर वापस नहीं लौटे। दिनेश मिस्त्री भटकते भटकते असम पहुंच गए थे। बीते महीने 20 तारीख को असम के दरांग मंगलदई के जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव शताब्दी भुइयां ने इन्हें देखा तो दूरभाष पर गया जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविंद कुमार दास से संपर्क स्थापित किया। गुमशुदा दिनेश मिस्त्री उर्फ दिनेश प्रसाद के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

    इसके बाद गया जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविंद कुमार दास ने पारा लीगल वालंटियर व व्यवहार न्यायालय कर्मचारी के सहयोग से इनके घर का पता लगाया। इनके बेटे सुदर्शन शर्मा और पौत्र रोशन कुमार से संपर्क कर दोनों को प्राधिकार में बुलाया। गुरुवार को असम से उनके पिता को लाने के लिए दोनों के साथ रवाना किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि दिनेश प्रसाद एक विद्वान शिक्षक हुआ करते थे। गांव के कई लोग इनसे पढ़े लिखे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव घर में इनका मान आदर हुआ करता है लेकिन जब अचानक घर से निकल जाने के बाद गायब हो गए तो ग्रामीणों और परिजनों में तरह तरह की चर्चाएं होने लगी थी लेकिन अब जब गांव में यह खबर आई कि दिनेश मिस्त्री कुशल हैं और भटक कर असम चले गए थे जो अब जल्द ही घर लौटने वाले हैं तो घर, परिवार और गांव के लोगों में खुशी है।

  • 45 दिनों तक गया जंक्शन से खुलने वाली कई ट्रेनों को किया गया रद्द, कई के बदले गए रूट, यात्रियों को होगी फजीहत

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन पर 6 और 7 नंबर प्लेटफार्म के विस्तारीकरण कार्य के चलते कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। कुछ ट्रेनों का रूट बदला गया है, तो कुछ ट्रेनों के कोच कम कर दिए गए हैं। वहीं, कई ट्रेनों को गया के बजाय चाकंद या अन्य स्टेशनों से संचालित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को सड़क मार्ग से सफर करना पड़ सकता है।

    रद्द की गई ट्रेनें

    विस्तारीकरण के चलते कई ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रद्द किया गया है। इनमें शामिल हैं:

    राजेंद्र नगर-गया मेमू (3633/14)

    गया-पटना पैसेंजर (3336, 3353)

    गया पैसेंजर (03381/82)

    झाझा-गया पैसेंजर (3385/86)

    गया-किऊल पैसेंजर (3893/94)

    गया-जमालपुर पैसेंजर (03615/16)

    गया-पटना पैसेंजर (3313/14)

    गया-जमालपुर पैसेंजर (05509/10)

    गया-किऊल पैसेंजर (03627)

    बदले गए रूट से चलेंगी ये ट्रेनें

    पटना-भभुआ इंटरसिटी (13243/44): आरा-सासाराम होकर चलेगी।

    पटना-सिकंदराबाद/हैदराबाद एक्सप्रेस (07255/56, 03253): धनबाद, कुल्टी होते हुए चलेगी।

    हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस (13623/24): बंधुआ, पैमार, तिलैया होकर चलेगी।

    बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस (14223/24): मानपुर और तिलैया होकर चलेगी।

    चाकंद स्टेशन से चलेंगी मेमू ट्रेनें

    गया-पटना के बीच चलने वाली आठ मेमू ट्रेनें अब गया जंक्शन के बजाय चाकंद स्टेशन से संचालित होंगी। इनमें शामिल हैं:

    08337, 03338, 03365, 03374, 03373, 03340, 03275, 03276।

    डीडीयू और मानपुर जंक्शन से चलेंगी ये ट्रेनें

    गया-कामाख्या साप्ताहिक एक्सप्रेस (15619/20): मानपुर जंक्शन से खुलेगी।

    गया-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस (22409/10): पीडीडीयू जंक्शन से संचालित होगी।

    गया-लखनऊ एकात्मता एक्सप्रेस (14259/60, 14261/62): डीडीयू जंक्शन से चलेगी।

    कम किए गए कोच

    जनशताब्दी एक्सप्रेस (12365/66): 22 के बजाय 18 कोच।

    हटिया-पटना एक्सप्रेस (18625/26): 14 कोच।

    गया-आनंद विहार स्पेशल एक्सप्रेस (02397/98): 22 के बजाय 19 कोच।

    पटना-पलामू एक्सप्रेस (13347/48): 20 के बजाय 19 कोच।

    सिंगरौली एक्सप्रेस (13349/50): 20 के बजाय 19 कोच।

    गंगा-दामोदर एक्सप्रेस (13329/30): 22 के बजाय 18 कोच।

    यात्रियों को उठानी पड़ेगी असुविधा

    हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के लिए यात्रियों को गया जंक्शन से करीब 8 किलोमीटर दूर बंधुआ स्टेशन जाना होगा।

    गया-कामाख्या एक्सप्रेस के लिए यात्रियों को मानपुर जंक्शन सड़क मार्ग से जाना पड़ेगा।

    पटना जाने वाले मेमू ट्रेन यात्रियों को चाकंद स्टेशन तक सड़क मार्ग से 10 किलोमीटर का सफर करना होगा।

    रेल प्रशासन का सुझाव

    यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति और रूट की जानकारी प्राप्त कर लें। विस्तारीकरण कार्य के बाद प्लेटफार्मों की सुविधा में सुधार होगा, लेकिन फिलहाल यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा।

  • सहायक आयुक्त ने केंद्रीय विद्यालय का किया निरीक्षण, प्रशासनिक, शैक्षिक एवं अन्य गतिविधियों की गुणवत्ता को बनाए रखने पर जोर

    सहायक आयुक्त ने केंद्रीय विद्यालय का किया निरीक्षण, प्रशासनिक, शैक्षिक एवं अन्य गतिविधियों की गुणवत्ता को बनाए रखने पर जोर

    देवब्रत मंडल

    केंद्रीय विद्यालय संगठन के क्षेत्रीय सहायक आयुक्त के नेतृत्व में एक दल ने गया के पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय संख्या-1 में शैक्षणिक निरीक्षण किया। निरीक्षण दल का नेतृत्व कर रहीं सहायक आयुक्त रंजना बरफाल के साथ टी.एन. ठाकुर, प्राचार्य, के. वी. राउ पूसा, समस्तीपुर, राजेश कुमार, प्राचार्य,के.वी. सोनपुर , संतोष चौधरी, प्राचार्य, के. वि. जमालपुर, स्निग्धा आनंद प्राचार्या, के. वि. खगौल, डॉ. मीनाक्षी निर्मल, प्राचार्या,के. वि. बक्सर और कालेदीन कौशल मुख्याध्यापक, के. वि. कंकड़बाग (द्वितीय पाली) भी थे। विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता बे अतिथियों का स्वागत किया एवं उन्हें शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके पश्चात सहायक आयुक्त ने अपने संबोधन में विद्यालय की शैक्षिक, प्रशासनिक एवं अन्य गतिविधियों की गुणवत्ता को बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण में अकादमिक प्रदर्शन, सह-शैक्षिक गतिविधियां, स्वच्छता और पर्यावरणीय प्रयासों की समीक्षा की गई। निरीक्षण दल ने विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उपयोगी सुझाव दिए। कार्यक्रम सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। अन्त में विद्यालय के उपप्राचार्य हरि सिंह मीणा द्वारा निरीक्षण दल का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।