टिकारी संवाददाता: छठवां गांव में रविवार को सतचण्डी यज्ञ एवं सप्ताहिक देवी भागवत कथा की शुरूआत हुई। गांव से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। सैकड़ों की संख्या में बैंड बाजे के साथ श्रद्धालु शोभा यात्रा में शामिल हुये।
छठवां गांव से शुरू होकर शोभा यात्रा तिताईगंज होते पंचदेवता घाट पहुंची। जंहा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में जल भरा गया। पूजा-अर्चना के बाद माथे पर कलश लिये श्रद्धालु धर्म का जयघोष करते वापस छठवां गांव स्थित मंदिर परिसर पहुंचे। एक सप्ताह तक चलने वाले इस यज्ञ से छठवां और आस पास का माहौल भक्तिमय हो गया है। यज्ञ समिति के अध्यक्ष सच्चिदानंद यादव, सचिव विनोद शर्मा और कोषाध्यक्ष सह मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष योगेन्द्र यादव ने बताया कि 5 अप्रैल तक यज्ञ का आयोजन चलेगा।
रोजाना शाम में संगीतमय देवी भागवत परायण कथा सुनाया जा रहा है। चार अप्रैल को माँ देवी की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होगा। यज्ञ का आयोजन आचार्य समदरसी जी की देखरेख में हो रहा है। हवन, पूजन एवं भव्य भंडारा के बाद संत महात्माओं की विदाई के साथ अनुष्ठान का समापन होगा। यज्ञ में रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। यज्ञ में आने वाले भक्तों की सुविधाओं का ख्याल आयोजन समिति रख रही है। लाइट और पानी की विशेष व्यवस्था की गई है।