अलग से मालगाड़ियों के परिचालन को लेकर गया में अलग से रेलवे लाइन बिछाई जाएगी। जिसको लेकर द्रुत गति से इस दिशा में कार्य शुरू है। इस महत्ती रेल परियोजना को लेकर एल एंड टी कंपनी के द्वारा मेजर ब्रिज बनाया जाना है। इसके पहले जमीनी स्तर पर सर्वे का कार्य भी चल रहा है। इसको लेकर गुरुवार को रेलवे और एल एंड टी कंपनी के इंजीनियर और सर्वे कर्मचारियों का एक दल रामशीला-प्रेतशिला मार्ग से सटे अधिग्रहित भूमि पर सर्वे का कार्य किया गया। रेलवे के एक अभियंता ने बताया कि रामशीला-प्रेतशिला मार्ग पर छोटकी नवादा और गोविंदपुर गांव की अधिग्रहित की जा चुकी जमीन पर ब्रिज का निर्माण किया जाना है। इसको लेकर स्थल पर सर्वे किया गया है। बताया कि गया-पटना रेलखंड के ऊपर से एक बड़े ब्रिज का निर्माण किया जाना है। इसी को लेकर सर्वे किया गया है कि कहां पर पुल के पिलर दिए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि फल्गु नदी में, एनएच 83 गया-पटना सड़क मार्ग पर ब्रिज के निर्माण के लिए सभी प्रकार की जांच का कार्य पूरा कर लिया है। केवल गया-पटना रेलवे लाइन के पास ब्रिज निर्माण को लेकर सर्वे किया गया है।
पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल के गया-डीडीयू रेलखंड पर मेमू ट्रेन के चालक अचानक बेहोश हो गए। इसके बाद किसी तरह सहायक लोको पायलट ने ट्रेन की बागडोर संभाली। इसके बाद ट्रेन देव रोड स्टेशन पहुंची।घटना सोमवार को 63389 गया -डेहरी-ऑन-सोन मेमू सवारी गाड़ी में हुई। बताया गया कि इस ट्रेन के पायलट अनिल कुमार ट्रेन को लेकर डेहरी जा रहे थे। जैसे ही देव रोड स्टेशन पहुंचने को थी कि पायलट अनिल कुमार अचानक बेहोश हो गए। साथ में रहीं महिला सहायक लोको पायलट नेहा कुमारी इंजन को संभाल ली। इसके बाद ट्रेन को लेकर देव रोड पहुंची। इंजन में बेहोश हुए पायलट के बारे में कंट्रोल को सूचना दी। पायलट अनिल कुमार कुछ देर बेहोश रहे। इसके बाद किसी तरह सहायक पायलट नेहा और अन्य रेलकर्मी ने फर्स्ट एड दिया। पायलट अनिल कुमार बेहोशी की स्थिति से बाहर आए। इस बाबत पूछे जाने पर एक रेलकर्मी ने बताया कि कुछ देर के लिए अप लाइन पर ट्रेन परिचालन बाधित हो गया। 12801 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस पीछे के स्टेशन पर रुक गई। इस संबंध में पूछे जाने पर मुख्य क्रू नियंत्रक ए. के. राय ने magdhlive को बताया कि इस घटना की सूचना मिलने के बाद महिला पायलट नेहा कुमारी को जाखिम स्टेशन तक ट्रेन को लेकर जाने का निर्देश दिया गया। नेहा कुमारी जाखिम स्टेशन पर ट्रेन को पहुंचा दीं। श्री राय ने बताया कि गया से स्पेयर जा रहे पायलट सुभाष कुमार को महाबोधि एक्सप्रेस से जाखिम स्टेशन भेजा गया है। जो मेमू ट्रेन को जाखिम से डेहरी तक ले जाएंगे। सूत्रों ने बताया कि पायलट अनिल कुमार के साथ इस प्रकार की घटना हो चुकी है। जब चीफ क्रू कंट्रोलर एके राय से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में ऐसी स्थिति पहली बार उत्पन्न हुई है। पूर्व में अनिल कुमार के साथ इस प्रकार की घटना हुई है तो हमें पता नहीं।
गया रेलवे स्टेशन पर पितृपक्ष मेले के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए रेलवे अधिकारी लगातार प्रयासरत हैं। सीनियर डीसीएम राजीव रंजन कुमार ने सोमवार को गया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और कहा कि सभी प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को समान सुविधाएं मिल रही हैं।
निरीक्षण के प्रमुख बिंदु:
यात्री सुविधाएं: रेलयात्रियों की सुविधाओं पर चर्चा करते हुए एक सूची तैयार की गई है।
बेटिकट यात्री: बेटिकट यात्रियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
वाहन पार्किंग: स्टेशन परिसर में ऑटो, इ-रिक्शा, रिक्शा और बाइक अपने निर्धारित स्थान पर ही लगाने की अपील की गई है।
जाम की समस्या: ऑटो स्टैंड में ऑटो लगने से यात्रियों को प्लेटफॉर्म से आने-जाने में जाम की समस्या नहीं हो रही है।
नियम पालन: नियम और कानून के तहत ही वाहनों का परिचालन करने की सलाह दी गई है, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
सीनियर डीसीएम राजीव रंजन कुमार ने जोर देकर कहा कि एकजुट होकर काम करने से ही पितृपक्ष मेला सफल होगा। उनका कहना है कि सभी को मिलकर प्रयास करना होगा ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।
गया जंक्शन से खुलने वाली गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस एवं गया-नई दिल्ली स्पेशल क्लोन एक्सप्रेस के रेलवे कोच अटेंडेंट्स पिछले कई महीनों से वेतन की समस्या से जूझ रहे हैं। शुक्रवार को इन सभी की इंतहा की हद हो गई तो गया जंक्शन के न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स(वाशिंग पिट) पर हंगामा शुरू कर दिया। इन कर्मचारियों का कहना है कि तुलसी इंटरप्राइजेज के संचालक दीपक सिंह उर्फ घंटी सिंह सिंह द्वारा ट्रेन का टेंडर लिए जाने के बाद से ही हमें वेतन नहीं मिला है। जब भी हम वेतन के लिए आवाज उठाते हैं तो टहलावा दिया जाता है। नौकरी से हटाने की हम सभी को धमकी दी जाती है और वेतन नहीं देने के लिए तरह-तरह के बहाने बनाए जाते हैं। इस संबंध में जब घंटी सिंह से संपर्क कर उनका पक्ष रखने के लिए फोन किया गया तो उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। ऐसे में कर्मचारियों ने कार्य का बहिष्कार कर दिया और महाबोधि एक्सप्रेस एवं गया-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस में काम नहीं करने गए। इन कर्मचारियों ने कहा कि जबतक उनकी मांग पूरी नहीं की जाती है तब तक कार्य पर नहीं लौटेंगे।
गया जंक्शन तक गए कर्मचारियों ने अन्य साथियों को भी काम करने से रोका
वाशिंग पिट लाइन पर हंगामा करने की सूचना पर आरपीएफ की टीम इनलोगों से मिलने आई। उन्हें समझा बुझाकर काम करने की बात कही लेकिन उनकी बात किसी ने नहीं मानी। इसके बाद ट्रेन में सवार होकर गया जंक्शन पर चले गए। यहां कुछ कर्मचारियों को काम करने के लिए कोच में भेजा जा रहा था तो गुस्साए कर्मचारियों ने उन्हें भी ट्रेन से उतरवा लिया।
इन कर्मचारियों की मांगें
इन कर्मचारियों का कहना है कि हमें अपनी सेवाओं के बदले में समय पर और सुरक्षित तरीके से वेतन दिया जाए। हमें ईमानदारी पूर्वक काम करने के लिए उचित पारिश्रमिक मिलना चाहिए, जो हमारे काम की गुणवत्ता और अनुभव के अनुसार हो। हमें अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए पर्याप्त वेतन मिलना चाहिए, जिससे हम अपने परिवार की जरूरतों को पूरा कर सकें।
मांगों को लेकर एकजुट कर्मचारी
नियमानुसार इन कर्मचारियों को इतना कम से कम वेतन चाहिए
रेलवे कोच अटेंडेंट्स की वेतन 9,000 से 12,000 रुपये प्रति माह होनी चाहिए। जैसा कि आईआरसीटीसी द्वारा निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, टिप्स के साथ कुल आय 15,000 से 20,000 रुपये प्रति माह भी हो जाती है। इन कर्मचारियों ने बताया कई महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे हमारे परिवार की स्थिति खराब हो गई है।
कर्मचारियों ने सरकार से की अपील
हम सरकार और रेलवे प्रशासन से अपील करते हैं कि वे हमारी समस्या का समाधान करें और हमें सुरक्षा पूर्वक वेतन दिलाएं। हमें अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए पर्याप्त वेतन मिलना चाहिए। हम उम्मीद करते हैं कि हमारी आवाज सुनी जाएगी और हमें न्याय मिलेगा।
भारतीय रेल की अत्याधुनिक सुविधाओं से लैश वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सुरक्षा यहां भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है। कोई भी ऐरा गैरा प्लेटफॉर्म पर खड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस के बंद कोच के दरवाजे को खोल दे रहा है। जिससे यात्री की सुरक्षा के साथ रेल संपत्ति की सुरक्षा खतरे में नजर आती है। सबसे बड़ी बात यह देखने को मिले कि एक भी सुरक्षा कर्मी प्लेटफॉर्म पर नजर नहीं आए।
प्लेटफार्म नंबर 1/सी पर फुटबॉल खेलते हुए बच्चे
गया जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 1/सी पर हावड़ा-गया वंदे भारत एक्सप्रेस शनिवार को आकर लगी हुई होती है। इस ट्रेन के दरवाजे बंद थे। इस प्लेटफॉर्म पर एक दो लड़के आते हैं और बंद दरवाजे को बटन दबाकर खोल देते हैं। एक नहीं दो कोच के दरवाजे खोलने के बाद तीसरे कोच का दरवाजा खोलने के लिए बटन दबाने की कोशिश करते देखे गए। जब इन बच्चों की गतिविधियों को magadhlive ने कैमरे में कैद करना चाहा तो लड़के भाग खड़े हुए। यहां न तो रेलवे सुरक्षा बल दिखाई दिए और न तो राजकीय रेल पुलिस के कोई भी। सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर इस ट्रेन की सुरक्षा करना किसकी जिम्मेवारी बनती है। दूसरा कि यदि इसी प्रकार की लापरवाही बरती जा रही है तो संरक्षा भी प्रभावित हो रही है। कुछ देर बाद इसी प्लेटफार्म पर कई और लड़के फुटबॉल लेकर आ जाते हैं और इस जगह को खेल का मैदान समझ कर खेलना शुरू कर देते हैं। देखा गया कि इस प्लेटफार्म पर आने के लिए हर तरफ रास्ते खुले हैं। ऐसे में आपराधिक घटनाओं को भी अंजाम देकर अपराधी आराम से निकल जा सकते हैं। ऐसे में ये कहना अतिश्योक्ति नहीं कि इस ट्रेन के साथ साथ यात्रियों की सुरक्षा भगवान के भरोसे है। देखा जाए तो शनिवार(06सितंबर) से गया जी में विश्वप्रसिद्ध पितृपक्ष मेला शुरू हो गया है। गया जी में विभिन्न हिस्सों से ट्रेन द्वारा तीर्थयात्रियों का आना शुरू हो गया है तो जिस प्रकार सुरक्षा व्यवस्था का दावा किया जा रहा है, ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल द्वारा पितृपक्ष मेला 2025 (दिनांक 6 से 21 सितम्बर) के अवसर पर गया जंक्शन पर तीर्थयात्रियों एवं आम यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने हेतु एक बहुपक्षीय कार्य योजना तैयार की गई है। इस योजना के अंतर्गत स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, प्रवेश द्वार, एफओबी, यात्री सूचना प्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था एवं स्वच्छता से संबंधित अनेक कार्यों को क्रियान्वित किया जाएगा। स्थानीय एवं मंडल मुख्यालय स्तर पर तैयारी एवं व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।मुख्य प्रवेश द्वार के समीप मुख्य भवन के यात्री होल्डिंग एरिया में बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल बूथ, पंखे, चार्जिंग पॉइंट्स एवं पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। स्टेशन परिसर को अवरोध मुक्त किया जाएगा ताकि यातायात सुगम हो सके। यात्री सर्कुलेटिंग एरिया में दो-तरफा मार्ग की अस्थायी व्यवस्था की जाएगी जिससे भीड़ प्रबंधन बेहतर हो सके। प्रतीक्षालयों, शौचालयों एवं वेटिंग हॉल में टूटे हुए नल, फ्लश, दरवाजे एवं लॉक को सुव्यवस्थित किया जायेगा। सभी यात्री सुविधाओं का योजनात्मक चित्र भी प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किया जाएगा। प्लेटफॉर्म, ट्रैक एवं शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी। सभी प्रमुख स्थानों पर कूड़ेदान, अग्निशमन यंत्र एवं पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। प्लेटफॉर्मों पर कोच गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन सूचना डिस्प्ले बोर्ड, उद्घोषणा प्रणाली एवं सीसीटीवी कैमरे का प्रावधान रहेगा। तीर्थयात्रियों के क्षेत्र में अस्थायी कैमरों की व्यवस्था की जाएगी। यात्रियों की सुविधा हेतु पर्याप्त लाइट, संकेतक बोर्ड, पंखे एवं चार्जिंग पॉइंट्स लगाए जाएंगे। टिकट बुकिंग एवं आरक्षण काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाएगी तथा “मई आई हेल्प यू” बूथों पर टीसी स्टाफ की तैनाती की जाएगी। अंतिम समय में प्लेटफॉर्म परिवर्तन करने से बचा जाएगा ताकि यात्रियों को असुविधा न हो। आरपीएफ की चौबीसों घंटे तैनाती सुनिश्चित की जाएगी तथा वाहन प्रवेश-निकास हेतु बैरिकेडिंग की जाएगी। अनधिकृत पार्किंग पर नियंत्रण हेतु विशेष निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।यात्रियों को भोजन एवं जलपान की सुविधा हेतु पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी तथा खाद्य गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जाएगी। पार्सल प्रबंधन को सुव्यवस्थित किया जाएगा एवं सहयोग पूछताछ केंद्र पर अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की जाएगी। प्लेटफॉर्मों पर अतिरिक्त संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे जिससे यात्रियों को मार्गदर्शन प्राप्त हो सके। स्काउट, गाइड एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी जो यात्रियों को सहायता प्रदान करेंगे। स्वास्थ्य सुविधा हेतु प्राथमिक उपचार केंद्र एवं स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे तथा जिला सिविल सर्जन से समन्वय स्थापित किया जाएगा। सभी विभागों द्वारा समन्वित प्रयासों से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पितृपक्ष मेला 2025 के दौरान गया जंक्शन पर यात्रियों को एक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सहज यात्रा अनुभव प्राप्त हो।
विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 2025 को लेकर जिला प्रशासन द्वारा द्वारा तो लगभग सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है लेकिन रेल प्रशासन मानो इसे कोई खास तबज्जो नहीं देता दिखाई दे रहा है। 5 सितंबर को दोपहर दो बजे के पहले तक की स्थितियों पर जब मगध लाइव ने नजरें दौड़ाई तो व्यवस्थाएं आधी अधूरी ही दिखाई दिए। गया जंक्शन पर बनाए गए प्रतीक्षालयों में तीर्थयात्रियों के बैठने के इंतजाम किए गए हैं लेकिन इसमें शौचालयों में ताले बंद दिखाई दिए। कई यात्रियों ने कहा कि जब शौचालय तो हैं लेकिन इसके दरवाजे पर ताला जड़ दिया गया है। आखिर ‘नेचुरल कॉल’ की स्थिति में लोगों को तड़पना ही पड़ेगा। दिव्यांग यात्रियों के लिए कहें या फिर वृद्ध लोगों के लिए बनाए गए शौचालय को तो स्टोर रूम बना दिया गया है। इसका उपयोग लोग कैसे कर सकेंगे। कुछ महिला यात्रियों ने कहा कि ताला बंद कर देना गलत है। वहीं पटना से चलकर मिर्जापुर जाने के लिए गया जंक्शन के इस प्रतीक्षालय में बैठे एक यात्री ने कहा कि ये कैसा प्रतीक्षालय है, जिसके वॉशरूम के दरवाजे को बंद रखा गया है। रेलवे सूत्रों ने बताया कि गया जंक्शन के बाहरी परिसर(आरपीएफ बैरक के सामने) ऑटो रिक्शा चालकों द्वारा अवैध कब्जा नजर आने पर इसे हटवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कहा गया है। साथ ही कई जगहों की फोटोग्राफी की गई है और संबंधित अधिकारियों को इससे अवगत कराया गया है। बता दें कि डीआरएम भी शौचालय के दरवाजे पर ताला लगा देखकर भड़क गए थे।
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया है कि पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालु यात्रियों की सुविधा हेतु रेलवे द्वारा दिनांक 06.09.2025 से 21.09.2025 तक पुनपुन घाट हाल्ट एवं अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर निम्नलिखित ट्रेनों का दो-दो मिनट का अस्थायी ठहराव प्रदान किया जा रहा है –
गाड़ी सं. 13243/13244 पटना-भभुआ रोड-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस
गाड़ी सं. 13347/13348 पटना-बरकाकाना-पटना पलामू एक्सप्रेस
गाड़ी सं. 13349/13350 सिंगरौली-पटना-सिंगरौली एक्सप्रेस
गाड़ी सं. 18623/18624 इसलामपुर-हटिया-इसलामपुर एक्सप्रेस
गाड़ी सं. 18625/18626 पूर्णिया कोर्ट-हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस
गाड़ी सं. 12365/12366 पटना-रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस
गाड़ी सं. 13329/13330 पटना-धनबाद-पटना गंगा दामोदर एक्सप्रेस
गाड़ी सं. 14223/14224 राजगीर-वाराणसी-राजगीर बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस
गाड़ी सं. 05553/05554 पाटलिपुत्र-गया-पाटलिपुत्र पैसेंजर स्पेशल
गाड़ी सं. 07255/07256 चर्लपल्ली-पटना-चर्लपल्ली स्पेशल इसी क्रम में गाड़ी सं. 03253 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल एवं गाड़ी सं. 03655 पटना-गया स्पेशल का भी पुनपुन घाट पर 02 मिनट का अस्थायी ठहराव प्रदान किया गया है।
इसके साथ ही, दिनांक 06.09.2025 से 21.09.2025 तक अनुग्रह नारायण रोड और चिरैला पौथू के बीच स्थित अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर भी निम्नलिखित ट्रेनों का दो मिनट का अस्थायी ठहराव प्रदान किया जा रहा है –
गाड़ी सं. 63289/63290 गया-डेहरी ऑन सोन-गया मेमू पैसेंजर
गाड़ी सं. 63291/63292 गया-डेहरी ऑन सोन-गया मेमू पैसेंजर
गाड़ी सं. 63295/63296 गया-डेहरी ऑन सोन-गया मेमू पैसेंजर
गाड़ी सं. 13553/13554 आसनसोल-वाराणसी-आसनसोल मेमू पैसेंजर
एक दिन में 556 ट्रेनें चली, 154 मेल व एक्सप्रेस ट्रेनें बिना देरी की चली, जुलाई महीने में दूसरी बार मिली डीडीयू मंडल को यह उपलब्धि
देवब्रत मंडल
सीनियर डीओएम केशव आनंद (बीच में) डीआरएम कार्यालय के नियंत्रण कक्ष में नियंत्रण टीम के साथ
गया जी: पूर्व मध्य रेल का पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल)भारतीय रेल के अति व्यस्त रेल मंडलों में से एक है और निरंतर सुधार करते हुए ट्रेनों के परिचालन में समय पालन की नई उपलब्धियां बना रहा है। डीडीयू मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने बताया कि 24 जुलाई 2025 को पूरे मंडल में 556 ट्रेनों का संचालन किया गया। जिसमें 154 मेल/एक्सप्रेस गाड़ियों का संचालन शत प्रतिशत समय पर किया गया।
भारतीय रेल स्तर पर सभी मंडलों में प्रथम स्थान अर्जित किया
यह उपलब्धि जुलाई माह में दूसरी बार हासिल की गई है। उन्होंने बताया इससे पूर्व 5 जुलाई को भी डीडीयू मंडल ने इसी तरह का प्रदर्शन किया था और भारतीय रेल स्तर पर सभी मंडलों में प्रथम स्थान अर्जित किया था। उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड के निरंतर निगरानी, पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के दैनिक दिशा निर्देश व उनके मार्गदर्शन एवं वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक केशव आनंद के प्रभावी प्रबंधन से डीडीयू मंडल ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है।
इस सफलता में परिचालन विभाग की केंद्रीय भूमिका रही
इस सफलता में परिचालन विभाग की केंद्रीय भूमिका रही है। यह परिचालन विभाग के अन्य विभागों के नियंत्रण कक्ष एवं फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों के कर्मठ और समन्वित प्रयासों का प्रतिफल है। उल्लेखनीय है कि एक ट्रेन के सुगम परिचालन में कई घटक शामिल होते हैं, जैसे- प्रत्येक स्टेशन, लेवल क्रासिंग, सिग्नल उपकरण, ट्रैक का रखरखाव, ट्रेन के लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, आवश्यक इलेक्ट्रिक उपलब्धता आदि आदि।
350 रेल कर्मचारियों एवं अधिकारियों का योगदान रहा
उन्होंने कहा टीम वर्क की विशालता एवं प्रबंधन इस तथ्य से भी समझा जा सकता है कि एक ट्रेन को गया से डीडीयू स्टेशन के मध्य परिचालन में प्रत्यक्ष रूप से करीबन 350 रेल कर्मचारियों एवं अधिकारियों का ससमय सक्रिय एवं नियमपूर्वक रेल परिचालन में योगदान रहता हैI
11 राजधानी व 10 वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें बिना देरी की चली
24 जुलाई को डीडीयू मंडल में कुल 154 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन बिना किसी विलंब के किया गया। इनमें 11 राजधानी, 2 गरीब रथ, 10 वंदे भारत, एक दूरंतो, 64 मेल एक्सप्रेस, 60 सुपरफास्ट एवं 4 जनशताब्दी ट्रेनें शामिल थीं। 24 जुलाई को कुल मिलाकर 566 गाड़ियों का संचालन सफलतापूर्वक किया गया। जिनमें 313 मालगाड़ियाँ, 154 मेल/एक्सप्रेस और 99 पैसेंजर गाड़ियां शामिल थीं।
पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत गया जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में कार पार्किंग का ठेका पटना की एक एजेंसी को रेल प्रशासन द्वारा दिया गया है। जो तीन वर्षों के लिए 15 अगस्त 2027 तक मान्य है। डीडीयू मंडल के वाणिज्य विभाग के अधिकारी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने 16.08.2024 को अपने आदेश में बहुत बातें लिखी है। जिसमें कुछ बातें आपकी जानकारी में शायद नहीं हो। जिसकी खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए दिखाई दे रही है। बुधवार को जब गया जंक्शन के बाहरी परिसर की तस्वीरों को कैमरे में कैद किया गया तो नजारे कुछ और ही इशारे करते हैं। जब संबंधित अधिकारियों से इन अनियमितताओं को लेकर सवाल कहें या जानकारी लेने के लिए संपर्क किया गया तो सभी एक दूसरे पर टालने जैसी बात कह गए।
पहले जानें किसे और क्या क्या आदेश दिए गए हैं
सीनियर डीसीएम के आदेश में बताया गया है कि ‘जय माता दी इन्वेस्टमेंट कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, पटना’ को इस कार्य के लिए अधिकृत किया गया है। इस एजेंसी का मुख्यालय का पता जय माँ दुर्गे होटल, बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी, विजय नगर, पत्रकार नगर, पटना-800026 है। जिसमें उल्लेख मिलता है कि गया रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में प्रीमियम कार पार्किंग स्टैंड के लिए 3 वर्ष की अवधि हेतु ठेका प्रदान किया गया है।
अनुबंध(करार), निर्देश और तय निर्धारित समय सीमा
जिसका अनुबंध संख्या वाणिज्य(पार्किंग),गया-पीआर-03 दिनांक 31.07.2024 है। इसके संदर्भ में, गया रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में प्रीमियम कार पार्किंग स्टैंड का ठेका ई-नीलामी के माध्यम से 3 वर्ष की अवधि अर्थात 16.08.2024 से 15.08.2027 तक के लिए प्रदान किया गया है। सभी नियम व शर्तें, प्रावधान इस प्रकार निर्धारित किया गया है। जिसमें स्पष्ट किया गया है कि पार्किंग स्टैंड निम्नलिखित निर्देशों का कड़ाई से पालन करना है।
आवंटित क्षेत्र और सत्यापन की जिम्मेदारी इन लोगों पर
आवंटित क्षेत्र (1036 वर्ग मीटर) की सीमाओं का उचित रूप से सीमांकन करेंगे ताकि उपयोग योग्य क्षेत्र की पहचान की जा सके, जिसका सत्यापन स्टेशन प्रबंधक, वरीय अनुभाग अभियंता (वर्क्स) और वाणिज्य पर्यवेक्षक(सामान्य), गया जंक्शन द्वारा किया जाना है। जिसकी एक प्रति आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक, आईओडब्ल्यू(कार्य) को भी दी गई है। वस्तुतः देखा जा रहा है कि कार पार्किंग निर्धारित क्षेत्र(आवंटित क्षेत्र) से हटकर किया जा रहा है, परंतु इस तरह गलती के लिए अबतक संवेदक के विरुद्ध क्या कार्यवाही की गई के संदर्भ में जब गया जंक्शन के तीन जिम्मेदार पदाधिकारी से सवाल किए गए तो तीनों एक दूसरे पर अपनी जिम्मेदारियों को टाल गए।
पार्किंग स्थल पर साफ सफाई की जिम्मेदारी संवेदक को
पार्किंग स्टैंड के प्रवेश द्वार पर ज़मीन से ऊपर एक पठनीय टैरिफ बोर्ड लगाना है। जिस पर आवंटित क्षेत्र, पार्किंग टैरिफ दरें, ठेकेदार का नाम और हेल्पलाइन नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए। लेकिन, यह स्पष्ट दृष्टिगोचर नहीं है।पार्किंग स्थल की भूमि को हमेशा साफ़-सुथरा और स्वच्छ रखना और भूमि और वाहन स्टैंड से सभी अपशिष्ट या अनुपयोगी संपत्ति या अन्य सामग्री या कूड़ा-कचरा हटाना संवेदक के जिम्मे है लेकिन इसका अनुपालन होते नहीं दिखाई देता है। जबकि ऐसा न करने पर प्रशासन द्वारा उचित दंड लगाने की बात है लेकिन स्थानीय रेल प्रशासन द्वारा इसकी अनदेखी की जा रही है।
बगैर पहचान पत्र और बैज के कार्य करते हैं कर्मचारी
पार्किंग स्टैंड पर चौबीसों घंटे पर्याप्त, विश्वसनीय, ईमानदार और अच्छे नैतिक चरित्र वाले कर्मचारियों को वर्दी में, स्पष्ट और पठनीय नाम बैज और पहचान पत्र के साथ तैनात करेंगे और उनका नाम (आधार कार्ड और पुलिस सत्यापन) प्रशासन को उपलब्ध कराना है।ल, लेकिन किसी भी कर्मचारियों को यहां विशेष वर्दी में या बैज में नहीं देखा जा रहा है और न तो जिन्हें जिम्मेदारी दी गई है इन चीजों को देखने के लिए, वे इसे देख रहे हैं। ये सब ‘आंख बंद’ करके चल रहे हैं। सबसे जरूरी और महत्वपूर्ण बातें, जो आपको जानना जरूरी है कि कार पार्किंग के संवेदक द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवा के लिए उपयोगकर्ता को एक कम्प्यूटरीकृत कूपन जारी करना है लेकिन इसका भी अनुपालन होते नहीं दिखाई दे रहे हैं।
जानेंगया जंक्शन के संबंधित पदाधिकारियों ने क्या- क्या कहा
‘हमने इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए सीएसजी, आरपीएफ इंस्पेक्टर और जीआरपी एसएचओ को पत्र लिखा है। यदि ऐसा हो रहा है तो आर्थिक जुर्माना लगाने का काम सीएसजी को है।’ विनोद कुमार सिंह, स्टेशन प्रबंधक, गया जंक्शन
‘प्रीमियम पार्किंग के लिए निर्धारित(आवंटित क्षेत्र) स्थल से अलग स्थानों पर वाहनों की पार्किंग की जा रही है तो आरपीएफ इंस्पेक्टर द्वारा इस संबंध में कार्यवाही की जानी चाहिए। वे करते भी हैं लेकिन उनके द्वारा जमा कराई जाने वाली जुर्माने की राशि वाणिज्य विभाग के हेड(एकाउंट) में जमा नहीं की जाती है।’ शैलेश कुमार, सीएसजी, गया जंक्शन
‘आरपीएफ पोस्ट द्वारा नो पार्किंग जोन में लगने वाले वाहन के मालिकों से पेनाल्टी की राशि वसूल की जाती है लेकिन प्रीमियम पार्किंग के लिए निर्धारित स्थल से अलग स्थानों पर लगने वाले वाहन के मालिकों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की कार्यवाही का अधिकार सीएसजी को है। इनके द्वारा निर्देश दिए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। नो पार्किंग जोन में आरपीएफ द्वारा निरंतर कार्यवाही की जा रही है।’