Tag: भारतीय रेल

  • स्वतंत्रता दिवस को लेकर रेलवे अलर्ट: 12 से 15 अगस्त तक पार्सल बुकिंग पर रहेगी रोक, आदेश सभी जोन के लिए जारी

    स्वतंत्रता दिवस को लेकर रेलवे अलर्ट: 12 से 15 अगस्त तक पार्सल बुकिंग पर रहेगी रोक, आदेश सभी जोन के लिए जारी

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन का पार्सल कार्यालय

    गया। आगामी स्वतंत्रता दिवस-2026 के मद्देनजर रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। इसी क्रम में उत्तरी रेलवे मुख्यालय, बड़ौदा हाउस, नई दिल्ली ने आदेश जारी कर 12 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक दिल्ली क्षेत्र में पार्सल यातायात (Parcel Traffic) पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।
    जारी आदेश के अनुसार इस अवधि में नई दिल्ली (NDLS), पुरानी दिल्ली (DLI), हजरत निजामुद्दीन (NZM), आनंद विहार टर्मिनल (ANVT) और दिल्ली सराय रोहिल्ला (DEE) स्टेशनों पर सभी प्रकार के पार्सल की बुकिंग, लोडिंग और अनलोडिंग पर रोक रहेगी। सुरक्षा कारणों से इन स्टेशनों के पार्सल गोदाम और प्लेटफॉर्म भी पार्सल पैकेजों से पूरी तरह खाली रखे जाएंगे।

    लीज्ड एसएलआर और वीपी सेवाएं भी रहेंगी प्रभावित

    रेलवे के आदेश के मुताबिक यह प्रतिबंध लीज्ड एसएलआर (SLR) और वीपी (VPs) सेवाओं, जिसमें डिमांड वीपी भी शामिल हैं, पर भी लागू होगा। दिल्ली से चलने वाली ट्रेनों के साथ-साथ अन्य मंडलों और जोनों से आने वाली वे ट्रेनें भी इस आदेश के दायरे में होंगी, जिनका दिल्ली में पार्सल लोडिंग या अनलोडिंग के लिए ठहराव होता है।

    यात्रियों के निजी सामान पर नहीं होगी रोक

    रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को अपने निजी सामान के साथ यात्रा करने की अनुमति रहेगी। वहीं पंजीकृत समाचार पत्रों और पत्रिकाओं की बुकिंग भी निर्धारित व्यावसायिक औपचारिकताओं और सुरक्षा जांच के बाद की जा सकेगी।

    सभी जोनों को जारी किया गया निर्देश

    उत्तरी रेलवे ने यह आदेश देश के विभिन्न रेलवे जोनों के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधकों (Pr. Chief Commercial Managers) को भेजा है और निर्देश दिया है कि संबंधित अधिकारी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
    रेलवे का यह कदम स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के उद्देश्य से उठाया गया है।

  • गया जंक्शन: लहसुन से लेकर सोना तक कुछ भी सुरक्षित नहीं, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का दावा कागजी, अप्रवासी व आम यात्रियों से लेकर पत्रकार तक बने शिकार

    गया जंक्शन: लहसुन से लेकर सोना तक कुछ भी सुरक्षित नहीं, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का दावा कागजी, अप्रवासी व आम यात्रियों से लेकर पत्रकार तक बने शिकार

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन

    अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेशन बनने की ओर बढ़ रहे गया जंक्शन पर अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है। हालात ये हैं कि यहां लहसुन की बोरी तक चोरी हो जा रही है।

    छोटी-बड़ी हर चीज निशाने पर


    आम यात्रियों का पर्स कटना, ट्रेन की खिड़की से मोबाइल झपटना अब रोज की बात हो गई है। स्टेशन के बाहरी हिस्से से मोटरसाइकिल गायब हो रही हैं। ताजा मामला एक यात्री की बोरी में रखे लहसुन की चोरी का है।

    जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं


    पिछले साल नवंबर में सामने आए चर्चित सोना लूटकांड में तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह समेत चार सिपाहियों की संलिप्तता सामने आई। तीन आरोपियों पर चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है। बाहरी लोगों की मदद से क्राइम को अंजाम देने के आरोप हैं।

    पत्रकार तक नहीं बचे


    बढ़ते अपराध की चपेट में आकाशवाणी के एक पत्रकार भी आ चुके हैं, जिनकी बाइक स्टेशन परिसर से चोरी हो गई। एक अन्य पत्रकार की एफओबी से उतरते समय पॉकेटमारी हो गई। महिला हो या पुरुष, कोई यात्री सुरक्षित नहीं।

    बदनाम होती छवि


    एनआरआई स्वेता शर्मा ने यहां हुई चोरी की शिकायत राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तक पहुंचा दी है। कई पीड़ित यात्री गया में केस दर्ज न कराकर अपने गंतव्य पर शिकायत दर्ज करा रहे हैं, जिससे हर जगह गया जंक्शन की बदनामी हो रही है।

    सुरक्षा सिर्फ कागजों में


    रेलवे और आरपीएफ चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का दावा करते हैं, लेकिन फाइलों में दर्ज केस कुछ और ही बयां करते हैं। जांच के नाम पर सिर्फ कागजी घोड़े दौड़ाए जा रहे हैं। शराब तस्करी के मामले भी बढ़े हैं – कुछ पकड़े जाते हैं, कई ‘छूट’ जाते हैं।

    पर्यटन पर असर


    देश-विदेश से पर्यटक और सालभर तीर्थयात्री यहां आते हैं। कुछ महीनों में ही चोरी की घटनाओं ने स्टेशन की छवि धूमिल कर दी है। क्राइम कंट्रोल की जगह अब डैमेज कंट्रोल की बात हो रही है।

    सवाल बड़ा है – जब पुलिस पर ही सवाल हों, तो आम यात्री की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा?

  • 160 किमी की रफ्तार से चली वंदे भारत ‘कवच’ ट्रायल ट्रेन, ट्रायल रहा सफल, इटली की टीम परीक्षण से संतुष्ट

    160 किमी की रफ्तार से चली वंदे भारत ‘कवच’ ट्रायल ट्रेन, ट्रायल रहा सफल, इटली की टीम परीक्षण से संतुष्ट

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन से चलने को तैयार वंदे भारत ट्रेन व रेलकर्मी


    भारतीय रेल नित्य नई ऊंचाइयों को पार कर रही है। रेलयात्रियों की सुविधा की बात की जाए या मालों की ढुलाई की। हाल ही में एक साथ छः मालगाड़ियों को लेकर चली रुद्राक्ष नामक मालगाड़ी का भी ट्रायल किया जा चुका है और अब वंदे भारत एक्सप्रेस को 160 किमी प्रति घंटे की स्पीड से चलाने को लेकर इसका ट्रायल शुक्रवार को किया गया। जो सफल रहा है। आगे राजधानी, दुरंतो एवं अन्य लग्जरी ट्रेनें भी 160 की स्पीड से चलाए जाने का रास्ता साफ होती नजर आ रही है

    गया जंक्शन से सरमा टांड़ स्टेशन तक चली ट्रायल ट्रेन

    पूर्व मध्य रेल के ग्रैंडकॉर्ड लाइन पर डीडीयू -धनबाद मंडल अंतर्गत गया-सरमाटांड़ स्टेशनों के बीच(करीब 88 किमी)  बंदे भारत एक्सप्रेस(कवच) का 160 किलोमीटर प्रतिघंटा के स्पीड का ट्रायल सफल रहा। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक एवं प्रधान मुख्य संकेत एवं दूरसंचार अभियंता हाजीपुर के मार्गदर्शन तथा डीडीयू धनबाद मंडल के डीआरएम के सहयोग से गया जंक्शन होकर से प्रधानखंटा तक 160 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से ट्रेनों का परिचालन करने के लिए रेलवे लगातार काम कर रही है।

    160 किमी/घंटा की रफ्तार से ट्रेनों के परिचालन की योजना पर काम जारी

    दिल्ली-हावड़ा के बीच 130 की स्पीड से चल रही ट्रेनों के स्पीड को बढ़ाते हुए 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेनों का परिचालन करने की योजना पर काम की जा रही है। इसी के तहत फिलहाल धनबाद रेल मंडल के सरमा टांड़ स्टेशन से गया जंक्शन तक चीफ कम्युनिकेशन इंजीनियर अजीत कुमार एवं उप-मुख्य अभियंता संकेत एवं दूरसंचार टेलिकॉम (कवच यानी टक्कररोधी प्रणाली) राजेश कुमार कुशवाहा के सफल नेतृत्व में तकरीबन 88 किलोमीटर की दूरी 160 किलोमीटर प्रति घंटे के स्पीड से ट्रेनों का सफल परिचालन किया गया।

    05-10 अक्टूबर तक विभिन्न स्तरों पर हुए ट्रायल

    बंदे भारत एक्सप्रेस का एमटी रैक के सहारे सफल ट्रायल से पहले भी पिछले एक सप्ताह से सामान्य रूप से ट्रायल किया गया था। यह ट्रायल 5 से 10 अक्टूबर के बीच विभिन्न स्तरों पर 160 किलोमीटर स्पीड का विशेष ट्रायल किया जा रहा था। जिसे आज(10 अक्टूबर) को फाइनल रूप दे दिया गया।

    रेल अधिकारी एवं कर्मचारी

    इन अधिकारियों की विशेष रुचि को देखते हुए पीएम व रेलमंत्री ने जिम्मेवारी सौंपी

    विशेष एमटी ट्रायल के तहत दो दिन का एकल इंजन से ट्रायल किया गया है। एक दिन का ट्रायल 10 एचएलबी कोच की एमटी रेक से और एक दिन बंदे भारत एक्सप्रेस के एमटी से ट्रायल किया गया जो सफल रहा। रेल सूत्रों ने बताया कि चीफ कम्युनिकेशन इंजीनियर अजीत कुमार एवं डीडीयू रेल मंडल के सीनियर डीएसटीई रहे राजेश कुमार कुशवाहा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रेलमंत्री की विशेष रुचि वाले महत्वपूर्ण रेल योजना ‘कवच’ को पूर्व मध्य रेलवे में संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

    इटली की टीम भी परीक्षण का बनी हिस्सा, संतुष्ट दिखी

    यूरोपीय देश इटली की टीम भी इस कार्य का गहन निरीक्षण किया और यह टीम संतुष्ट दिखीं। आज की तिथि में पूर्व मध्य रेल बहुत ही तेजी के साथ हर स्तर पर कार्य कर रही है। जो आने वाले दिनों में अन्य जोन से आगे बढ़ जाएगी। इस कार्य में डीडीयू मंडल के सीनियर डीओएम केशव आनंद एवं धनबाद मंडल के सीनियर डीओएम अंजय तिवारी का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। जबकि दानापुर मंडल के सीनियर डीओएम सुधांशु रंजन ने भी वंदे मातरम् एक्सप्रेस का रेक उपलब्ध करा सहयोग दिया। डीडीयू मंडल तथा धनबाद मंडल के दोनों सीनियर डीओएम सहित कवच से जुड़े पूरी टीम भी आज की सफल ट्रायल में मौजूद थी।

  • अवैध हॉकर के “अभिशाप” से मिली मुक्ति, ट्रेनों में यात्रियों के बीच सामग्री बिक्री की मिली अनुमति

    अवैध हॉकर के “अभिशाप” से मिली मुक्ति, ट्रेनों में यात्रियों के बीच सामग्री बिक्री की मिली अनुमति

    देवब्रत मंडल

    वर्षों से अवैध हॉकर के नाम से ट्रेनों में चलने वाले वेंडर्स को रेलवे ने लाइसेंस जारी किया है। अब ये लाइसेंसी हॉकर रेल प्रशासन के आदेश पर ट्रेनों में यात्रियों के बीच सामग्रियों की बिक्री कर सकेंगे। पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक मो. इकबाल ने इस कार्य के लिए एस. एस. इंटरप्राइजेज, इटारसी को अधिकृत किया है। 03 सितंबर 2025 से इस एजेंसी के वेंडर्स धनबाद रेल मंडल अंतर्गत धनबाद-गया रेलखंड पर चलने वाली ट्रेनों में सामग्री बिक्री का कार्य शुरू कर देंगे।

    तीन वर्षों के लिए मिली है अनुमति


    इस बात की जानकारी मंगलवार को गया जंक्शन पर एस. एस. इंटरप्राइजेज के संचालक सुरेश साहू ने दी। इन्होंने बताया कि तीन वर्षों के लिए सामग्रियों को बेचे जाने की अनुमति धनबाद रेल मंडल के सीनियर डीसीएम द्वारा 01 सितंबर को प्रदान कर दी गई है।

    स्वरोजगार से जुड़े कई बेरोजगार युवा, चेहरे पर खुशी


    रेल प्रशासन द्वारा अनुमति देने के बाद इन वेंडरों को आई कार्ड भी जारी कर दिए गए हैं। श्री साहू ने बताया कि उन्हें पटना-डीडीयू रेलखंड पर भी ट्रेनों में सामग्रियों की बिक्री करने का अनुमति मिल चुकी है। इसके अलावा इटारसी में भी उनके कई वेंडर्स ट्रेनों में यात्रियों के बीच सामग्रियों की बिक्री कर रहे हैं। जिससे कई युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा गया है। उन्होंने बताया कि उनका प्रयास है कि आने वाले दिनों में पूर्व मध्य रेल अन्य मंडलों में भी सामग्रियों को बिक्री करने के लिए लाइसेंस प्राप्त हो जाएगा।

    अवैध ठीकेदार द्वारा मिल रही तरह की धमकियां


    लाइसेंसी वेंडरों ने बताया कि सालों से वे लोग अवैध ठिकेदार के माध्यम से ट्रेन में सामान बेचने का काम करते हुए आ रहे हैं। जिसके एवज में उन्हें हर दिन तीन से चार सौ रुपये नाजायज राशि देने पड़ते थे और गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया जाता था, लेकिन जुर्माना की राशि अदा कर न्यायालय से जमानत पर रिहा कर दिया जाता था लेकिन अब इस प्रकार की परेशानी नहीं होगी। इन वेंडरों ने रेल प्रशासन से अपनी सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। कहा कि लाइसेंस मिलने पर अब अवैध ठीकेदार के द्वारा उन्हें तरह तरह की धमकियां दी जा रही है।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जताया आभार


    इस लाइसेंस को मिल जाने के बाद इन वेंडरों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया है और कहा कि अब उन्हें अवैध हॉकर के अभिशाप से मुक्ति मिल गई है। जारी पत्र के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, वंदे भारत, दुरंतो और अमृत भारत एक्सप्रेस में इन वेंडरों को सामग्री बेचे जाने की अनुमति फिलहाल नहीं दी गई है। बाकी सभी ट्रेनों में सामग्रियों को बेचे जाने की अनुमति दी गई है। रेल प्रशासन ने बिक्री की जाने वाली वस्तुओं की सूची जारी करते हुए एजेंसी को अवगत कराया है कि वे क्या क्या बिक्री कर सकते हैं।

    राजेश कुमार एवं गुड्डू सिंह को बनाया गया मैनेजर

    श्री साहू ने बताया कि इस कार्य के लिए राजेश कुमार एवं गुड्डू सिंह को मैनेजर का दायित्व सौंपा गया है जो इन वेंडरों  के साथ होने वाली हर प्रकार की परेशानियों को दूर करने के लिए संबंधित रेल पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं का नियमसंगत हल निकालेंगे। मैनेजर राजेश कुमार एवं गुड्डू सिंह ने कहा कि रेल प्रशासन के द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन वेंडर्स किया करेंगे। यदि कहीं भी गलती करते पाए जाते हैं तो उनका लाइसेंस रद्द करने के लिए श्री साहू को पत्र लिखा जाएगा।

  • गया जंक्शन के वाहन स्टैंड: नियमों और आदेश की उड़ रही धज्जियां, सवाल करने पर अपनी-2 जिम्मेदारी टाल गए पदाधिकारी

    गया जंक्शन के वाहन स्टैंड: नियमों और आदेश की उड़ रही धज्जियां, सवाल करने पर अपनी-2 जिम्मेदारी टाल गए पदाधिकारी

    देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत गया जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में कार पार्किंग का ठेका पटना की एक एजेंसी को रेल प्रशासन द्वारा दिया गया है। जो तीन वर्षों के लिए 15 अगस्त 2027 तक मान्य है। डीडीयू मंडल के वाणिज्य विभाग के अधिकारी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने 16.08.2024 को अपने आदेश में बहुत बातें लिखी है। जिसमें कुछ बातें आपकी जानकारी में शायद नहीं हो। जिसकी खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए दिखाई दे रही है। बुधवार को जब गया जंक्शन के बाहरी परिसर की तस्वीरों को कैमरे में कैद किया गया तो नजारे कुछ और ही इशारे करते हैं। जब संबंधित अधिकारियों से इन अनियमितताओं को लेकर सवाल कहें या जानकारी लेने के लिए संपर्क किया गया तो सभी एक दूसरे पर टालने जैसी बात कह गए।

    पहले जानें किसे और क्या क्या आदेश दिए गए हैं

    सीनियर डीसीएम के आदेश में बताया गया है कि ‘जय माता दी इन्वेस्टमेंट कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, पटना’ को इस कार्य के लिए अधिकृत किया गया है। इस एजेंसी का मुख्यालय का पता जय माँ दुर्गे होटल, बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी, विजय नगर, पत्रकार नगर, पटना-800026 है। जिसमें उल्लेख मिलता है कि गया रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में प्रीमियम कार पार्किंग स्टैंड के लिए 3 वर्ष की अवधि हेतु ठेका प्रदान किया गया है।

    अनुबंध(करार), निर्देश और तय निर्धारित समय सीमा


    जिसका अनुबंध संख्या वाणिज्य(पार्किंग),गया-पीआर-03 दिनांक 31.07.2024 है। इसके संदर्भ में, गया रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में प्रीमियम कार पार्किंग स्टैंड का ठेका ई-नीलामी के माध्यम से 3 वर्ष की अवधि अर्थात 16.08.2024 से 15.08.2027 तक के लिए प्रदान किया गया है। सभी नियम व शर्तें, प्रावधान इस प्रकार निर्धारित किया गया है। जिसमें स्पष्ट किया गया है कि पार्किंग स्टैंड निम्नलिखित निर्देशों का कड़ाई से पालन करना है।

    आवंटित क्षेत्र और सत्यापन की जिम्मेदारी इन लोगों पर

    आवंटित क्षेत्र (1036 वर्ग मीटर) की सीमाओं का उचित रूप से सीमांकन करेंगे ताकि उपयोग योग्य क्षेत्र की पहचान की जा सके, जिसका सत्यापन स्टेशन प्रबंधक, वरीय अनुभाग अभियंता (वर्क्स) और वाणिज्य पर्यवेक्षक(सामान्य), गया जंक्शन द्वारा किया जाना है। जिसकी एक प्रति आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक, आईओडब्ल्यू(कार्य) को भी दी गई है। वस्तुतः देखा जा रहा है कि कार पार्किंग निर्धारित क्षेत्र(आवंटित क्षेत्र) से हटकर किया जा रहा है, परंतु इस तरह गलती के लिए अबतक संवेदक के विरुद्ध क्या कार्यवाही की गई के संदर्भ में जब गया जंक्शन के तीन जिम्मेदार पदाधिकारी से सवाल किए गए तो तीनों एक दूसरे पर अपनी जिम्मेदारियों को टाल गए।

    पार्किंग स्थल पर साफ सफाई की जिम्मेदारी संवेदक को

    पार्किंग स्टैंड के प्रवेश द्वार पर ज़मीन से ऊपर एक पठनीय टैरिफ बोर्ड लगाना है। जिस पर आवंटित क्षेत्र, पार्किंग टैरिफ दरें, ठेकेदार का नाम और हेल्पलाइन नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए। लेकिन, यह स्पष्ट दृष्टिगोचर नहीं है।पार्किंग स्थल की भूमि को हमेशा साफ़-सुथरा और स्वच्छ रखना और भूमि और वाहन स्टैंड से सभी अपशिष्ट या अनुपयोगी संपत्ति या अन्य सामग्री या कूड़ा-कचरा हटाना संवेदक के जिम्मे है लेकिन इसका अनुपालन होते नहीं दिखाई देता है। जबकि ऐसा न करने पर प्रशासन द्वारा उचित दंड लगाने की बात है लेकिन स्थानीय रेल प्रशासन द्वारा इसकी अनदेखी की जा रही है।

    बगैर पहचान पत्र और बैज के कार्य करते हैं कर्मचारी

    पार्किंग स्टैंड पर चौबीसों घंटे पर्याप्त, विश्वसनीय, ईमानदार और अच्छे नैतिक चरित्र वाले कर्मचारियों को वर्दी में, स्पष्ट और पठनीय नाम बैज और पहचान पत्र के साथ तैनात करेंगे और उनका नाम (आधार कार्ड और पुलिस सत्यापन) प्रशासन को उपलब्ध कराना है।ल, लेकिन किसी भी कर्मचारियों को यहां विशेष वर्दी में या बैज में नहीं देखा जा रहा है और न तो जिन्हें जिम्मेदारी दी गई है इन चीजों को देखने के लिए, वे इसे देख रहे हैं। ये सब ‘आंख बंद’ करके चल रहे हैं। सबसे जरूरी और महत्वपूर्ण बातें, जो आपको जानना जरूरी है कि कार पार्किंग के संवेदक द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवा के लिए उपयोगकर्ता को एक कम्प्यूटरीकृत कूपन जारी करना है लेकिन इसका भी अनुपालन होते नहीं दिखाई दे रहे हैं।

    जानें गया जंक्शन के संबंधित पदाधिकारियों ने क्या- क्या कहा

    ‘हमने इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए सीएसजी, आरपीएफ इंस्पेक्टर और जीआरपी एसएचओ को पत्र लिखा है। यदि ऐसा हो रहा है तो आर्थिक जुर्माना लगाने का काम सीएसजी को है।’
    विनोद कुमार सिंह, स्टेशन प्रबंधक, गया जंक्शन

    ‘प्रीमियम पार्किंग के लिए निर्धारित(आवंटित क्षेत्र) स्थल से अलग स्थानों पर वाहनों की पार्किंग की जा रही है तो आरपीएफ इंस्पेक्टर द्वारा इस संबंध में कार्यवाही की जानी चाहिए। वे करते भी हैं लेकिन उनके द्वारा जमा कराई जाने वाली जुर्माने की राशि वाणिज्य विभाग के हेड(एकाउंट) में जमा नहीं की जाती है।’
    शैलेश कुमार, सीएसजी, गया जंक्शन

    ‘आरपीएफ पोस्ट द्वारा नो पार्किंग जोन में लगने वाले वाहन के मालिकों से पेनाल्टी की राशि वसूल की जाती है लेकिन प्रीमियम पार्किंग के लिए निर्धारित स्थल से अलग स्थानों पर लगने वाले वाहन के मालिकों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की कार्यवाही का अधिकार सीएसजी को है। इनके द्वारा निर्देश दिए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। नो पार्किंग जोन में आरपीएफ द्वारा निरंतर कार्यवाही की जा रही है।’

    बनारसी यादव, निरीक्षक, आरपीएफ, गया जंक्शन