Tag: मूर्ति विसर्जन

  • वजीरगंज में मूर्ति विसर्जन के दौरान हिंसा का मामला, दोनो पक्ष से 35 लोगों के विरुद्ध FIR दर्ज

    वजीरगंज थाना क्षेत्र के अमैठी पंचायत अंतर्गत मदरडीह गांव में सोमवार रात लक्ष्मी माता की प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद में आज दोनों पक्षों की ओर से थाने में मामला दर्ज किया गया है। डीजे पर जातिसूचक गीत बजाए जाने को लेकर शुरू हुए इस विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया था, जिसमें रोड़ेबाजी और मारपीट हुई और 18 से अधिक लोग घायल हो गए थे। इनमें से 13 घायलों को गंभीर स्थिति में गया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।

    वजीरगंज थानाध्यक्ष वेंकटेश्वर ओझा ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस और प्रशासन की टीम गांव में कैंप कर रही है, जिससे स्थिति काबू में बनी हुई है। प्रतिमा विसर्जन का कार्य भी प्रशासन की निगरानी में देर रात संपन्न हुआ, और अब भी पुलिस की तैनाती गांव में जारी है।

    दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हिंसा और उकसावे का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। एक पक्ष के मनोहर प्रसाद ने 13 लोगों को नामजद किया है, जबकि दूसरे पक्ष के अनिल प्रसाद ने 22 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस थानाध्यक्ष के अनुसार, घटना की जांच शुरू कर दी गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। अभी तक किसी भी नामजद व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

    यह घटना तब भड़की थी जब डीजे पर बजाए जा रहे जातिसूचक गीतों को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया और स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती जारी रखी है। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें।

  • ब्रेकिंग: गया में प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों में भीषण मारपीट और रोड़ेबाजी, डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल

    वजीरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमैठी पंचायत के मदरडीह गांव में सोमवार शाम प्रतिमा विसर्जन के दौरान मामूली विवाद ने उग्र रूप ले लिया। डीजे बंद कराने को लेकर दो पक्षों में हुई तीखी बहस ने मारपीट का रूप धारण कर लिया, जिसमें करीब 18 से अधिक लोग घायल होने की सूचना है। इनमें से 13 गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को बेहतर इलाज के लिए गया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

    घटना के तुरंत बाद पुलिस बल सहित थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। घायल गौरव कुमार ने बताया कि विसर्जन के दौरान वह और उसके साथी डीजे बजा रहे थे, लेकिन दूसरे पक्ष ने डीजे को बंद करवाने की कोशिश की और डीजे का तार तोड़ दिया। इसके बाद उन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी गई और लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला किया गया। वहीं, एक अन्य घायल सौरव कुशवाहा ने बताया कि उसे तो पता भी नहीं था कि विवाद चल रहा है, जब वह वहां पहुंचा तो अचानक पीछे से कुछ युवकों ने रॉड और पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।

    घायलों में 19 वर्षीय राजीव रंजन कुमार, 20 वर्षीय अजीत कुमार, 18 वर्षीय हिमांशु कुमार, 19 वर्षीय मनीष कुमार, 17 वर्षीय नितीश कुमार समेत कई अन्य लोग शामिल हैं। सभी को सिर, पैर, पीठ और अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दूसरे पक्ष ने रविवार को ही अपनी प्रतिमा का विसर्जन किया था और उस समय भी डीजे बजाया गया था, जिस पर कोई आपत्ति नहीं जताई गई थी।

    स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर बीडीओ प्रभाकर सिंह और सीओ निकिता कुमारी पहुंचे और घायलों का हाल जाना। डीएसपी सुनील कुमार पांडेय और प्रशिक्षु बीडीओ श्रीनिवास के साथ पुलिस बल ने स्थिति को काबू में किया और दोनों पक्षों के बीच शांति बहाल की। फिलहाल, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं और मामले की जांच जारी है।