Tag: स्मार्ट मीटर

  • डीएम ने स्मार्ट मीटर के फायदे गिनाए, लोगों से सहयोग की अपील,अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई

    गया: ज़िला पदाधिकारी डॉ० त्यागराजन एसएम ने राज्य सरकार की नीति के तहत बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर के लाभों को विस्तार से बताते हुए लोगों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के हित में है और इससे बिजली उपयोग में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ेगी।

    स्मार्ट मीटर के फायदे

    1. उपभोक्ता अधिकार:
    स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत पर पूरा नियंत्रण प्रदान करता है। उपभोक्ता अपनी खपत के आधार पर अपने हिसाब से बिजली का उपयोग कर सकते हैं।

    2. सटीक और पारदर्शी बिलिंग:
    स्मार्ट मीटर मानवीय भूल से होने वाली गलत रीडिंग की समस्या को समाप्त करता है। इससे उपभोक्ताओं को जितनी बिजली का उपयोग होता है, उसका सटीक और सही बिल मिलता है।

    3. ऑनलाइन रिचार्ज और छूट:
    उपभोक्ता स्मार्ट मीटर को ऑनलाइन रिचार्ज कर सकते हैं और उन्हें 3% की अतिरिक्त छूट मिलती है। इसके अलावा, 2000 रुपये या उससे अधिक की राशि से एकमुश्त 6 महीने या उससे अधिक समय के लिए रिचार्ज करने पर ब्याज भी मिलता है।

    4. रियल टाइम मॉनिटरिंग:
    स्मार्ट मीटर में लगे मॉडम के माध्यम से बिजली खपत की रियल टाइम जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उपभोक्ता बिहार ऊर्जा स्मार्ट मीटर ऐप के माध्यम से दैनिक, साप्ताहिक और मासिक खपत देख सकते हैं।

    5. सेवा निरंतरता:
    बैलेंस शून्य या नेगेटिव होने पर उपभोक्ता को एसएमएस के माध्यम से रिचार्ज करने की सूचना दी जाती है। रिचार्ज न करने पर भी उपभोक्ता दो दिनों तक बिजली का उपयोग कर सकते हैं। तीसरे दिन केवल कार्य दिवस को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच ही बिजली कटती है।

    6. सरल भुगतान प्रक्रिया:
    उपभोक्ता अपने बिजली बिल का भुगतान मोबाइल ऐप के माध्यम से कर सकते हैं, जिससे बिजली कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होती।

    7. पूर्व के बकाए का समाधान:
    स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ता अपने पूर्व के बकाए को आसान दैनिक किस्तों में जमा कर सकते हैं।

    8. अतिरिक्त सुविधाएं:

    • स्मार्ट मीटर द्वारा लिए गए नए कनेक्शन में सिक्योरिटी डिपॉजिट की आवश्यकता नहीं होती। पूर्व में लिया गया सिक्योरिटी डिपॉजिट उपभोक्ता के प्रीपेड बैलेंस से एडजस्ट कर दिया जाता है।
    • स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगने के उपरांत 6 महीने की अवधि तक स्वीकृत भार से अधिक दर्ज होने पर पेनाल्टी नहीं ली जाती। उपभोक्ता अपनी खपत के अनुसार अपना लोड बढ़ा सकते हैं।
    • ग्रिड कनेक्टेड सोलर पैनल इंस्टॉल करने की स्थिति में स्मार्ट प्रीपेड मीटर बदलने की आवश्यकता नहीं होती।

    डीएम की अपील

    जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे सरकार की नीति के तहत अपने घरों में स्मार्ट मीटर लगवाएं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने से बिजली उपयोग में पारदर्शिता आएगी और उपभोक्ताओं को इससे कई फायदे मिलेंगे। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे किसी भी तरह के भ्रम में न रहें और स्मार्ट मीटर लगवाने में सहयोग करें।

    दुष्प्रचार पर कार्रवाई

    डीएम ने बताया कि हाल के दिनों में स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान गलत तरीके से लोगों को भ्रमित करने को लेकर 5 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इसके अतिरिक्त, एक व्यक्ति मुन्ना कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।

  • स्मार्ट मीटर के खिलाफ गोलबंद हुए शहर के लोग, धरना के माध्यम से आंदोलन का किया आगाज

    स्मार्ट मीटर के खिलाफ गोलबंद हुए शहर के लोग, धरना के माध्यम से आंदोलन का किया आगाज

    ✍️देवब्रत मंडल

    स्मार्ट मीटर को लेकर जहां संसद भवन में सांसद इसका विरोध कर रहे हैं। वहीं गया शहर के लोग स्मार्ट मीटर के खिलाफ गोलबंद हो रहे हैं। गया में सोमवार को विद्युत उप-महाप्रबंधक सह विद्युत अधीक्षण अभियंता, मगध विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, गया के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया गया। धरना की अध्यक्षता रामजगन गिरि ने किया। धरना को संबोधित करते हुए भाकपा के वरिष्ठ नेता मसूद मंज़र ने कहा कि स्मार्ट मीटर के बिल से जनता त्राहि त्राहि कर रही है। मीटर लोगों के घर में जबर्दस्ती लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को धमकाया जा रहा है। उन्होंने अवैध वसूली की भी बात कही। उन्होंने कहा इस पर अविलंब रोक लगाई जाए, नहीं तो अभी धरना के माध्यम से केवल चेतावनी दी जा रही है।

    आगे आंदोलन का रुख कुछ और होगा। सीताराम शर्मा ने कहा कि आम उपभोक्ता पर यह स्मार्ट मीटर जबरन थोपा जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्राम पॉवर से तिगुना बिल स्मार्ट मीटर से आ रहा है। जिसे तत्काल प्रभाव से बंद किया जाये। उन्होंने इसके बिलिंग की जांच कराने की मांग की। अमृत प्रसाद ने कहा कि गया शहर में विद्युत के लगाए गए अधिकतर पोल झुके हुए हैं। जिसे हटाकर दुसरा लगाया जाए। साथ ही जर्जर तार को बदल कर नया तार लगाए जाने, दलित, महादलित को मुफ्त में बिजली देने, सभी उपभोक्ताओं को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने की मांग की।

    धरना के उपरांत एक प्रतिनिधिमंडल कार्यपालक अभियंता प्रेम कुमार से मिला। जिनसे स्मार्ट मीटर नहीं लगाने, स्मार्ट मीटर के गलत बिलिंग की जाँच कराने, शहर के जर्जर तार के बदले जाने तथा जिन क्षेत्रों में पोल और केबल नहीं लगाया गया है वहां शीघ्र लगाने आदि की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अधिकारी ने 15 दिनों का समय मांगा है। प्रतिनिधिमंडल में अमृत प्र।साद, नेहाल अहमद, वसीम, दिलीप कुमार मंडल, रामाशिष यादव, रामजगन गिरी, संजीत कुमार सिंह, विजय कुमार पान, कुमार जितेंद्र आदि शामिल थे। धरना को अखिलेश कुमार, यमुना यादव, रामेश्वर प्रजापति, कांग्रेस के शशि कान्त सिन्हा, विनोद कुमार विद्रोही, सुनील यादव, शहरुउद्दीन, संतोष कुमार, उदय यादव, अरुण कुमार वर्मा , शिवबच्चन शर्मा, हरिनंदन शर्मा, आदि लोगों ने भी संबोधित किया।

  • स्मार्ट मीटर व इसके बिलिंग को लेकर भाकपा ने किया आंदोलन की घोषणा, 12 अगस्त को धरना

    स्मार्ट मीटर व इसके बिलिंग को लेकर भाकपा ने किया आंदोलन की घोषणा, 12 अगस्त को धरना

    देवब्रत मंडल

    भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी गया नगर परिषद की बैठक में बिजली के स्मार्ट मीटर को लेकर रोष व्यक्त किया गया। परवेज़ आलम की अध्यक्षता में जिला कार्यालय मणिभूषण भवन में हुई। बैठक में सर्वप्रथम पूर्व मुखिया दीनानाथ सिंह के निधन पर दो मिनट मौन रहकर शोक व्यक्त किया गया। बैठक मे सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बिजली विभाग के द्वारा जो स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है, उस मीटर के लगाने से आमलोग के साथ गरीब तबके के लोग परेशान हैं। उनके घरों का बिजली बंद कर दिया गया है। वक्ताओं ने कहा कि ‘पॉवरग्राम’ का मीटर बहुत तेज चलता है। हर दिन अनाप शनाप मीटर रीडिंग कर पैसा को खत्म कर दिया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि जहां बिजली बिल एक हजार रुपए आता था वहां आज तिगुना बिल आ रहा है।

    लोग बिजली बिल भुगतान करते करते करते परेशान हैं। जिसके खिलाफ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी 12 अगस्त को एक दिवसीय धरना देगी। आम जनता के बीच जाकर जन जागरण अभियान चलायेगी। इससे भी सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को तेज किया जायेगा। बैठक में गया नगर निगम की उप महापौर चिंता देवी,मसूद मंज़र, पार्टी के राज्यस्तरीय नेता अखिलेश कुमार, जिला मंत्री सीता राम शर्मा, नगर मंत्री अमृत प्रसाद, नेहाल अहमद, राम जगन गिरी, सतेंद्र सुमन, रामशिष यादव, विजय कुमार पान, दीपक कुमार, कर्मचारी यूनियन के नेता शिव बचन शर्मा, हरिनंदन सिंह, प्रमेंद्र कुमार, अरुण कुमार वर्मा, निशांत कुमार आदि लोग उपस्थित थे l