Tag: dsc/ddu

  • कथित टिकट दलाल जिस स्कूटी से चलता है, वो वाहन इसके एक महिला फ्रेंड का है, महिला दोस्त ने कहा-मैंने ही उसे चलाने को दी हूं

    कथित टिकट दलाल जिस स्कूटी से चलता है, वो वाहन इसके एक महिला फ्रेंड का है, महिला दोस्त ने कहा-मैंने ही उसे चलाने को दी हूं

    देवब्रत मंडल

    गिरफ्तार अमर और जब्त स्कूटी के साथ आरपीएफ

    गया जंक्शन के रिज़र्वेशन टिकट काउंटर के पास से गिरफ्तार कथित टिकट दलाल अमर कुमार के पास से एक मोबाईल और स्कूटी भी जब्त की गई है। जब्त स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर की पड़ताल जब magadhlive ने की तो पता चला स्कूटी एक महिला के नाम पर खरीदारी की गई है। जिनसे हमारी टीम ने बात की। बातचीत में महिला ने बताया कि अमर जिस स्कूटी से चलता है वो वो हमारी है।

    स्कूटी मालकिन ने बताया अमर हमारा फ्रेंड है

    जब पूछा गया कि अमर आपका ब्लड रिलेशन में है तो उन्होंने बताया कि नहीं। वो मेरा फ्रेंड है। आगे चलकर जब उनसे पूछा गया कि आप कब से उन्हें अपनी स्कूटी चलाने के लिए दी हैं तो उन्होंने बताया कि इधर दो चार दिन पहले ही चलाने के लिए दी हूं। हमारी टीम ने उनसे जानना चाहा कि अमर तो गया जी शहर के जनता कॉलोनी, बैरागी तो रह रहे हैं और वे मूल निवासी गुरारू के हैं तो महिला ने बताया कि मैं भी उसी मोहल्ले में रहती हूं। उन्होंने बताया कि गया जी मेयर के घर के आसपास ही हम भी किराए पर रहते हैं।

    पटना की रहने वाली स्कूटी मालकिन हैं टीचर

    आगे उन से जब जानकारी प्राप्त करना चाहा कि आप क्या करती हैं तो उन्होंने बताया कि हम टीचर का जॉब करते हैं और पटना की रहने वाली हूं। आज छुट्टी का दिन है तो अभी पटना आ गई हूं। आगे वो जानना चाहीं कि क्या कुछ हुआ है क्या? तब उन्हें जानकारी दी गई कि आपकी स्कूटी के साथ अमर गया जंक्शन पर पकड़ा गया है। इसके बाद वो आगे और कोई सवाल नहीं कीं।

    स्कूटी मालकिन भी जनता कॉलोनी, बैरागी में रहती हैं

    बता दें 19 मार्च को अमर की गिरफ्तारी कथित टिकट दलाल के आरोप में हुई है। जो कि आरपीएफ को पूछताछ में बताया है कि वह मूलरूप से गया जिले के गुरारू का रहनेवाला है। फिलहाल गया जी शहर के जनता कॉलोनी, बैरागी मोहल्ले में पम्मी कुमारी पति राजेश कुमार के घर में किरायेदार के रूप में रह रहा है। जिस किराए के मकान में अमर रहता है वह बिक्री पर है।

    अमर की गिरफ्तारी के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म

    अब सवाल यहां यह उठ रहा है कि अमर और स्कूटी मालकिन के बीच दोस्ती का रिश्ता है और दोनों एक ही मोहल्ले में रह रहे हैं। स्कूटी मालकिन अपने को शिक्षिका बता रही हैं। इधर अमर की गिरफ्तारी की सूचना के बाद मोहल्ले में कई तरह की चर्चाएं हो रही है। एक ने अपना पहचान गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि अमर के पिता कपड़े बेचने का काम करते हैं जो पकड़े जाने पर बताया है वो अपने पिताजी का टिकट लेने के लिए गया जंक्शन के रिज़र्वेशन काउंटर पर आया था और उसके पास किसी दूसरे का टिकट जब्त किया गया था।

    जब्त मोबाइल के सीडीआर अहम हिस्सा

    इस कांड की जांच में आगे चलकर कई और खुलासे होने से इनकार नहीं किया जा सकता है। अब तो बरामद मोबाइल का सीडीआर तय करेगा कि अमर के साथ किसकी-किसकी और कब-कब और कितनी देर बात हुई थी। बहरहाल अमर के तार किस ट्रेवल एजेंट्स से जुड़े हैं जांच के बाद ही पता चल पाएगा।

  • गया जंक्शन पर टिकट दलाल गिरोह का भंडाफोड़, रंगे हाथ काउंटर पर से एक गिरफ्तार

    गया जंक्शन पर टिकट दलाल गिरोह का भंडाफोड़, रंगे हाथ काउंटर पर से एक गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल

    गिरफ्तार आरोपी और साथ में बल के अधिकारी व जवान

    गया जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) की टीम ने एक कथित टिकट दलाल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान अमर कुमार (24 वर्ष) के रूप में की गई है, जो गया जिले के गुरारू थाना क्षेत्र के कैलाशपुर टोला, बहाबलपुर स्टेशन रोड का निवासी है। जो वर्तमान में बैरागी जनता कॉलोनी में राजेश कुमार के मकान में किराए रह रहा था। जिस मकान में आरोपी रह रहा है, वह मकान बिक्री पर चढ़ा हुआ है। आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि बिक्री पर है और इसका एग्रीमेंट जिस व्यक्ति ने ले रखा है, वो एक टूर एवं ट्रेवल एजेंसी का काम करते हैं। जिसका कार्यालय स्टेशन के आसपास ही है। इस गिरोह के कई और सदस्य हैं जो गया जिले के आसपास विभिन्न क्षेत्रों में रहते हैं और गया जंक्शन के अलावा आसपास के स्टेशनों के रिज़र्वेशन टिकट काउंटर से टिकट लेकर उंची कीमत पर बेचने का काम करता है।

    गिरफ्तारी के मुख्य बिंदु:

    • अमर कुमार को 19 मार्च 2026 को गया जंक्शन रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर हल्ला गुल्ला करने के दौरान उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद और उनकी टीम ने पकड़ा।
    • उसके पास से एक बक्सर से पूणे का तत्काल टिकट बरामद किया गया, जो गया जंक्शन से कटाया गया था।
    • उसके मोबाइल फोन से कुल 11 अदद काउंटर टिकट की प्रति और 14 अदद व्यक्तिगत यूजर से बनाये गये इंटिकट की प्रति प्राप्त हुई।
    • उसने बताया कि वह गया जंक्शन, रफींगंज, गुरारू स्टेशन से काउंटर टिकट कटवाता है और टिकट मूल्य से 1000 रुपये अधिक लेकर यात्री को देता है।

    बरामद सामान:

    • कुल 26 अदद टिकट (03 अदद फ्यूचर काउंटर टिकट मूल्य 8600 रुपये एवं 23 अदद पास्ट टिकट मूल्य 24965 रुपये)
    • मोबाइल फोन
    • बाइक

    कानूनी कार्रवाई:

    • कांड संख्या 1038/2026 दिनांक 19.03.2026 अन्तर्गत धारा 143, 145, 146 रेल अधिनियम पंजीकृत किया गया।
    • मामले की जांच उप निरीक्षक मोनिका कुमारी रेसुब पोस्ट गया द्वारा की जा रही है।
  • शराब के धंधे में माफियाओं ने अब बच्चों को लगाया, गया में रेलवे सुरक्षा बल ने दो नाबालिगों को शराब के साथ पकड़ा

    शराब के धंधे में माफियाओं ने अब बच्चों को लगाया, गया में रेलवे सुरक्षा बल ने दो नाबालिगों को शराब के साथ पकड़ा

    देवब्रत मंडल

    शराब माफिया अब अपने धंधे में नाबालिग बच्चों को शामिल कर लिया है। ये किसी तरह अपने माल को गंतव्य स्थान तक पहुंचाने के लिए इसका इस्तेमाल करने लगे हैं। लेकिन पुलिस की सतर्कता से गया जंक्शन पर शराब की कई बोतलों के साथ आरपीएफ ने दबोच लिया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) गया ने ऑपरेशन सतर्क के तहत दो नाबालिगों को 30.750 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा है। दोनों नाबालिग नवादा जिले के रहने वाले हैं और उन्हें गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 बी के पास से गिरफ्तार किया गया।

    आरपीएफ के उप निरीक्षक मुकेश कुमार, आरक्षी सुनील कुमार, आरक्षी अमित कुमार, आरक्षी राजू, उप निरीक्षक अजय कुमार तिग्गा, प्रधान आरक्षी विवेकानंद शर्मा, आरक्षी देवेन्द्र प्रसाद, आरक्षी शशि शेखर, आरक्षी अमित कुमार, आरक्षी राकेश कुमार सिंह और अपराध आसूचना शाखा गया के प्रधान आरक्षी सर्वजीत राय की टीम ने यह कार्रवाई की।

    आरपीएफ के अनुसार, दोनों नाबालिगों के पास से बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹ 49,200 है। दोनों के खिलाफ जीआरपी थाना गया में मामला दर्ज किया गया है।

    आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि दोनों नाबालिगों को उनके अपराध से अवगत कराते हुए निरूद्ध ज्ञापन तैयार करते हुए निरूद्ध किया गया है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई वरिय मंडल सुरक्षा आयुक्त डीडीयू के दिशा निर्देशन में की गई है।

  • रिपोर्ट का पोस्टमार्टम: रेलवे की रिपोर्ट झूठ बोलती है या कार्रवाई केवल दिखावे के हुआ करती है!

    रिपोर्ट का पोस्टमार्टम: रेलवे की रिपोर्ट झूठ बोलती है या कार्रवाई केवल दिखावे के हुआ करती है!

    देवब्रत मंडल

    डेल्हा साइड में लगी दुकानें(फ़ाइल फोटो)

    खबरें केवल वो नहीं होती है जो अधिकारी कहते हैं या बताते हैं। खबरें वो भी होती है जिसके पीछे छिपी हकीकत दिखाई देती है। जो कुछ और बयां करती है। आइए आज ‘मगध लाइव’ कुछ ऐसे ही खबर का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आपके सामने रखने की कोशिश कर रहा है। पिछले दिनों डिजिटल इंडिया में ‘मुर्दों ने अंगूठा…’ रिपोर्ट के माध्यम से सच्चाई को सामने रखना चाहा। जो राशन वितरण प्रणाली से जुडी हुई है। इस एक रिपोर्ट के माध्यम से सच सबके सामने लाने की कोशिश की है। अब रेलवे से एक रिपोर्ट आई है जो रेलवे की रिपोर्ट का पोस्टमार्टम रिपोर्ट कहा जा सकता है।

    लगी दुकानें और ग्राहक(फ़ाइल चित्र)

    अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

    दिनांक 16 फरवरी। साल 2026 और दिन सोमवार। रेलवे के कुछ विभाग के स्थानीय पदाधिकारियों ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। कार्रवाई की तारीफ करनी चाहिए क्योंकि ये काबिले तारीफ़ है। करोड़ों रुपए की रेलवे की जमीन पर से दुकानें, अस्थायी झोपड़ियों और ठेले(चलंत दुकान) हटाए(रिमूव) गए।

    रिपोर्ट पर इन सभी के संयुक्त हस्ताक्षर

    संयुक्त रिपोर्ट तैयार की गई। इस कार्रवाई में शामिल स्थानीय रेल प्रशासन स्टेशन प्रबंधक, वाणिज्य पर्यवेक्षक (सामान्य), वरीय अनुभाग अभियंता(कार्य) और निरीक्षक प्रभारी आरपीएफ पोस्ट, गया ने अपने अपने विभाग के वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट से अवगत कराया। कहें तो ईमानदारी की सबूत पेश करने जैसी बात है। जो लग रहा है कि सीना चौड़ा कर बताया कि हम लोगों ने मिलकर बहुत बड़ा काम कर दिखाया है।

    फ़ाइल फोटो

    मामला डेल्हा साइड एक नंबर गुमटी से जुड़ा

    मामला पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल के गया जंक्शन का है। साइड डेल्हा का बताया गया। रिपोर्ट में बताया गया कि 32 झोपड़ी, 15 दुकानें एवं 11 ठेला को यहां से हटाकर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त किया गया। जमीन जितनी मुक्त कराई गई उसका रकबा दो हजार वर्ग मीटर है और इसकी कीमत 5 करोड़ रुपए बताई गई है।

    06 जून 2025 को 42 दुकानें हटाई गई थी

    कार्रवाई की कागजी रिपोर्ट पर खुश होने वाले स्थानीय प्रशासन को याद करने या रखने की जरूरत है। अब यदि उन्हें याद नहीं है तो ‘मगध लाइव’ याद दिलाने की कोशिश कर रहा है। शायद इससे याद आ जाए। 16 फरवरी 2026 के पहले 06 जून 2025 को इसी जगह पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई थी। उस वक्त जो संयुक्त रिपोर्ट ऊपर तक भेजी गई थी, उसमें मछली, मुर्गा, मीट, सब्जी, फल, चाट, चाय की 42 दुकानें/ठेला हटा दिए जाने की बात कही गई थी।

    आठ महीने तक फिर कैसे दुकानें चलती रही

    पूर्व की रिपोर्ट भी स्पष्ट रूप से चिल्ला चिल्ला कर कहती है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी और 16 फरवरी की भी रिपोर्ट कह रही है कि अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया है। अब सवाल खड़े हो रहे हैं कि पूर्व की रिपोर्ट में जब दुकानें हटा दिए जाने के दावे किए गए थे तो आखिर फिर आठ महीने तक दुकानें फिर कैसे चलती रही? जबकि 06 जून 2025 की हुई कार्रवाई और 16 फरवरी 2026 को हुई कार्रवाई के बीच उनमें से किसी पदाधिकारी का न तो तबादला हुआ और न दायित्व बदले गए।

    क्या आठ महीने में एक बार भी किसी ने विजिट नहीं किया

    आठ महीने तक क्या इनमें से कोई एक भी पदाधिकारी डेल्हा साइड गुमटी नंबर एक की तरफ नहीं विजिट किया? यदि नहीं किया गया तो क्यों? और जब किया गया तो दुकानें कैसे चलती रही? यह ताजी कार्रवाई फिर क्यों करने की आवश्यकता पड़ गई? यदि सभी अपने अपने दायित्व तथा कर्तव्यों का निर्वहन ‘ईमानदारी पूर्वक’ नहीं किए होंगे तभी तो फिर से इस जगह पर दुकानें सज धज कर तैयार हो गई होगी।

    डीआरएम विजिट के दौरान खुद देख चुके थे तो…

    दरअसल, जो अंदर तहखाने से जो खबर आई है कि पिछले दिनों डीडीयू के डीआरएम गया जंक्शन का विजिट करते वक्त ये काले कारनामे को समझ गए थे। दुकानें सजी दिखाई पड़ गई थी और बातें दूर तक चली गई। इसके बाद 16 फरवरी 2026 को एक बार फिर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई मजबूरी बन गई थी।

    …और अंत में

    मगध लाइव की इस रिपोर्ट पर आपकी क्या राय है, अपनी प्रतिक्रियाओं से अवगत कराते रहेंगे ताकि हमारी टीम आप तक सच से रूबरू करवाते रहें।

  • पदभार संभालने के बाद पहली बार गया पहुंचे डीडीयू के सीनियर कमांडेंट, अनुशासन एवं कर्तव्यों का कराया बोध

    पदभार संभालने के बाद पहली बार गया पहुंचे डीडीयू के सीनियर कमांडेंट, अनुशासन एवं कर्तव्यों का कराया बोध

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन

    पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर पदभार संभालने के बाद पहली बार गया आए। सीनियर कमांडेंट श्री तोमर वंदे भारत एक्सप्रेस से गया जंक्शन पहुंचे। यहां कुछ पल रुकने के बाद सड़क मार्ग से गया-डीडीयू रेलखंड के रफीगंज आरपीएफ पोस्ट चले गए। उन्होंने पहले रफीगंज पोस्ट का निरीक्षण किया, इसके बाद गया जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। यहां निरीक्षण के उपरांत सुरक्षा सम्मेलन में शामिल होकर अधीनस्थों को अनुशासन और कर्तव्यों का बोध कराया।

    रफीगंज पोस्ट का भी किया निरीक्षण, दिए निर्देश

    रफीगंज में उन्होंने पोस्ट प्रभारी के कमरे में सहायक सुरक्षा आयुक्त के साथ काफी देर तक सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान पोस्ट प्रभारी से संवेदनशील जगह और वहां पर तैनात किए जा रहे जवानों के बारे में जानकारी प्राप्त की। ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुरक्षा व्यवस्था के बारे में विस्तार से जाना। सीनियर कमांडेंट ने रेल संपत्तियों की सुरक्षा के साथ साथ यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष रूप से फोकस करते हुए कई निर्देश दिए। इसके बाद रफीगंज से गया जंक्शन के लिए निकल गए।

    इन जगहों पर निरीक्षण कर स्थितियों का लिया जायजा

    यहां पहुंचे वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर गुरुवार को गया रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने गया रेलवे स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, फुटओवर ब्रिज, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पार्सल कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों का जायजा लिया।

    सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक हुई तो कार्रवाई तय

    अधिकारियों और जवानों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गया रेलवे स्टेशन न सिर्फ एक प्रमुख जंक्शन है, बल्कि धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई भी ढिलाई यात्रियों की जान-माल के लिए खतरा बन सकती है।

    पदभार संभालने के बाद निरंतर निरीक्षण कर रहे हैं

    बता दें कि पदभार ग्रहण करने के बाद श्री तोमर लगातार डीडीयू मंडल मुख्यालय सहित अन्य आरपीएफ पोस्ट का दौरा कर रहे रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को गया जंक्शन और रफीगंज का दौरा कर सुरक्षात्मक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। विशेष कर गणतंत्र दिवस को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। वहीं संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करते हुए वहां सुरक्षा के पुख्ते प्रबंध करने का निर्देश दिया। सीनियर कमांडेंट का यह पहला गया जंक्शन दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

    सुरक्षा के विशेष इंतजाम

    • सभी सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहें और उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
    • संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम को और अधिक सतर्क रहने को कहा गया है।
    • महिला यात्रियों और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
    • गणतंत्र दिवस को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
    • स्टेशन के संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां स्पेशल और चुनिंदा जवानों की तैनाती की जाए।
    • फुटओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म के अंतिम छोर, पार्सल कार्यालय, पार्किंग एरिया और स्टेशन के बाहरी परिसर में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
  • डीडीयू मंडल के नये सीनियर कमांडेंट ने संभाला मोर्चा, सुरक्षा व्यवस्था में लेंगे ठोस कदम, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

    डीडीयू मंडल के नये सीनियर कमांडेंट ने संभाला मोर्चा, सुरक्षा व्यवस्था में लेंगे ठोस कदम, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

    देवब्रत मंडल

    सीनियर कमांडेंट, डीडीयू मंडल

    दिनेश सिंह तोमर ने डीडीयू मंडल के सीनियर कमांडेंट के रूप में पदभार ग्रहण करते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में कदम उठाये हैं। नये सीनियर कमांडेंट ने कार्यभार संभालने के तुरंत बाद आरपीएफ अधिकारियों और जवानों के साथ एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक की, जिसमें उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन, सतर्कता और आगामी माघ मेले के मद्देनजर कई अहम निर्देश दिये।

    पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश

    बैठक में सीनियर कमांडेंट श्री तोमर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि डीडीयू मंडल एक संवेदनशील और व्यस्त मंडल है, जहां प्रतिदिन लाखों यात्रियों की आवाजाही होती है। ऐसे में आरपीएफ की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी और सभी अधिकारी व जवान पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

    माघ मेले को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश

    माघ मेले को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश देते हुए सीनियर कमांडेंट ने कहा कि माघ मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु रेल मार्ग से यात्रा करते हैं, जिससे स्टेशनों और ट्रेनों में भीड़ काफी बढ़ जाती है। इस दौरान जेबकतरी, सामान चोरी, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, बुजुर्ग यात्रियों की मदद जैसे मुद्दे अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाते हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि मेले की अवधि के दौरान सभी प्रमुख स्टेशनों, ट्रेनों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल की तैनाती करें और इसकी एक फोटो खींच कर फोटो भेजे।

    सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक के बेहतर उपयोग पर जोर

    सीनियर कमांडेंट ने सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी, कंट्रोल रूम की सक्रियता और सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही संबंधित टीम को तुरंत मौके पर भेजा जाएं। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए यात्रियों को जागरूक करने की बात भी कहीं।

    इन चीजों पर विशेष नजर रखने का निर्देश

    श्री तोमर ने ट्रेनों में नियमित चेकिंग अभियान चलाए जाने, बिना टिकट यात्रा, अवैध वेंडिंग, संदिग्ध सामान और अपराधियों पर विशेष नजर रखने, प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग स्थलों पर गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिये गये।

  • संस्मरण: शराब कारोबारियों पर नकेल डालने में जानें कैसे सफल रहे सीनियर डीएससी जेथिन बी. राज

    संस्मरण: शराब कारोबारियों पर नकेल डालने में जानें कैसे सफल रहे सीनियर डीएससी जेथिन बी. राज

    देवब्रत मंडल

    विदाई सह स्वागत समारोह की तस्वीर

    अब डीडीयू मंडल से विदाई ले चुके हैं सीनियर कमांडेंट जेथिन बी. राज। रेलमार्ग से शराब की तस्करी परेशानी का सबब बन गया है। आज भी शराब की तस्करी की जा रही है। चर्चा है कि शराब की तस्करी में कुछ खाकी वर्दी पहने हुए कथित कुछ लोग इसे अपरोक्ष रूप से पनाह देने में लगे हुए हैं। हाल ही गया रेल थाना में जो कथित एक किलोग्राम सोने की लूट की घटना सामने आई है। जिसमें वर्दी पर गहरे दाग लग चुके हैं। जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है।

    शराब रोकथाम हेतु विशेष योजना बनाते हुए कार्रवाई की

    ऐसे में उत्तर प्रदेश से बिहार राज्य में रेल के माध्यम से की जा रही शराब तस्करी के रोकथाम हेतु चलाये जा रहे अभियान के क्रम में वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, डीडीयू मंडल जेथिन बी. राज द्वारा डीडीयू जंक्शन परिक्षेत्र से बिहार राज्य जाने हेतु शराब तस्करों द्वारा चलाये जा रहे सिंडिकेट पर प्रभावी अंकुश लगाने में काफी हद तक सफल रहे।

    समन्वय स्थापित करते हुए धंधे पर गहन अध्ययन किया

    इसके लिए श्री राज ने तत्कालीन पुलिस अधीक्षक चन्दौली, आदित्य लांग्हे (आईपीएस) से समन्वय कर शराब तस्करी में संलिप्त अपराधियों द्वारा शराब तस्करी के लिए अपनाये जाने वाले विभिन्न तरीकों पर गहन अध्ययन किया। गहन अध्ययन करते हुए शराब तस्करों के विरूद्व प्रभावी कदम उठाये जाने हेतु योजना बनाई।

    सूचना देने वाले लोगों पर जताया भरोसा, मिली कामयाबी

    उस पर अमल करते हुए निरीक्षक प्रभारी, रेलवे सुरक्षा बल, यात्री सुरक्षा सेल, डीडीयू, गणेश सिंह राणा के नेतृत्व में डीडीयू मंडल के विभिन्न रेसुब पोस्टों से युवा व दक्ष जवानों का चयन करते हुए सीपीडीएस टीम का गठन किया। अपर पुलिस अधीक्षक सदर, अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) तथा अपर पुलिस अधीक्षक सदर चन्दौली व क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिसोदिया के कुशल पर्यवेक्षण में सीपीडीएस टीम द्वारा शराब तस्करी में संलिप्त अपराधियों की हर गतिविधि पर सटीक आसूचना के माध्यम से निगाहें रखी जाने लगी।

    शराब सिंडिकेट को ध्वस्त करने हेतु अभियान चलाया

    निगाहें रखते हुए निरीक्षक प्रभारी, रेलवे सुरक्षा बल, डीडीयू पोस्ट, प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में गठित रेलवे सुरक्षा बल डीडीयू की विशेष टीम तथा स्थानीय पुलिस, अलीनगर के सहयोग से रेलगाड़ियों के माध्यम से शराब तस्करी करने वाले तस्करों के विरूद्व कानूनी कार्यवाही करने तथा शराब तस्करी के सिंडिकेट को ध्वस्त करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया।

    डीएफसीसीएल लाईन की मालगाड़ी से भी शराब तस्करी

    सीपीडीएस टीम, रेसुब पोस्ट तथा स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाये जा रहे अभियान का यह प्रभाव रहा कि शराब तस्करों द्वारा तस्करी हेतु अपनाये जाने वाले परम्परागत तरीकों में परिवर्तन करते हुए बिहार राज्य की ओर जाने वाली रेलवे की डीएफसीसीएल लाईन की मालगाड़ी के माध्यम से शराब तस्करी की जाने लगी, किन्तु यहाँ भी शराब तस्करों के मंसूबों को नाकाम करते हुए विगत माह जून में दो मामलों में रेसुब मानसनगर क्षेत्राधिकार से मालगाड़ी से कुल रू 9,56,000/ मूल्य की शराब जब्त करते हुए एक तस्कर को पकड़ा व कानूनी कार्यवाही की गयी।

    सीपीडीएस टीम में महिला बल सदस्यों की तैनाती

    तस्करों द्वारा शराब तस्करी हेतु महिलाओं का भी प्रयोग किया जा रहा है। महिलाओं द्वारा अपने वस्त्रों में छिपाकर शराब तस्करी की जा रही है, जिसके लिए पूर्व वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त जेथिन बी. राज द्वारा सीपीडीएस टीम में महिला बल सदस्यों की तैनाती की गयी, परिणामस्वरूप कई महिलाओं को शराब तस्करी करते हुए पकडा गया व कानूनी कार्यवाही की गयी।

    इसके अलावा और कई उपलब्धि हासिल की

    यात्री सुरक्षा सेल द्वारा किये गये सटीक विश्लेषण तथा प्राप्त आसूचना पर डीडीयू में सीपीडीएस टीम तथा स्थानीय थाना अलीनगर द्वारा किये जा रहे त्वरित कार्यवाही का यह परिणाम रहा है कि माह जून से लेकर अब तक स्थानीय थाना अलीनगर के सहयोग से संयुक्त कार्यवाही करते हुए रेसुब सीपीडीएस टीम व रेसुब पोस्ट डीडीयू टीम द्वारा करीब दो दर्जन मामलों में कुल 1584.76 लीटर शराब (मूल्य 22,68,405) बरामद करते हुए कुल छः दर्जन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा और कई उपलब्धि हासिल की।

    स्थानीय थाना से सहयोग लेना भी कारगर साबित हुआ

    इसके अतिरिक्त श्री राज ने स्थानीय थाना धीना के साथ संयुक्त छापेमारी करते हुए एक मामले में छः शराब तस्करों को गिरफ्तार करते हुए रू 1,00,000.00/ मूल्य की कुल 108.04 लीटर शराब बरामद की गयी तथा राजकीय रेल थाना डीडीयू के साथ मिलकर दो मामलों में 22,000/ मूल्य की 53 लीटर शराब की बरामदगी की।

    शराब तस्करी की घटनाओं पर लगाम लगी

    शराब तस्करी के विरूद्ध सीपीडीएस टीम व रेसुब टीम द्वारा तथा स्थानीय पुलिस के सराहनीय सहयोग से उठाये जा रहे ठोस व प्रभावी कदम का ही यह प्रभाव है कि वर्तमान में डीडीयू स्टेशन से लेकर अन्य स्टेशनों पर बड़े पैमाने पर होने वाली शराब तस्करी की घटनाओं पर काफी हद तक लगाम लगी।

    उम्मीद है कि नए कमांडेंट भी इस अभियान को जारी रखेंगे

    डीडीयू रेलवे स्टेशन से गैंग बनाकर भारी मात्रा में होने वाली शराब तस्करी की घटनायें अब छुटपुट तस्करों तक ही सीमित होकर रह गयी हैं। उम्मीद है कि डीडीयू के नए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर के नेतृत्व में भविष्य में भी रेलवे सुरक्षा बल तथा स्थानीय पुलिस द्वारा शराब तस्करी के विरूद्ध चलाया जाने वाले अभियान अनवरत जारी रहेगा।

  • डीडीयू मंडल के नए वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर ने संभाला पदभार, जेथिन बी. राज को दी गई विदाई

    डीडीयू मंडल के नए वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर ने संभाला पदभार, जेथिन बी. राज को दी गई विदाई

    देवब्रत मंडल

    डीडीयू मंडल में आयोजित समारोह

    पूर्व मध्य रेल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के पद पर दिनेश सिंह तोमर ने योगदान दे दिया है। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त जेथिन बी. राज ने श्री तोमर को पदभार सौंप दिया है। इस मौके पर शनिवार को मंडल मुख्यालय में विदाई-सह-स्वागत समारोह आयोजित की गई। समारोह में डीडीयू मंडल के विभिन्न पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक सहित कई अधिकारी व जवान मौजूद रहे।

    श्री तोमर बिलासपुर मंडल से डीडीयू मंडल आए, श्री राज लामडिंग गए

    कल बदल जाएंगे उत्तराधिकारी के नाम

    बता दें कि इसके पहले सीनियर डीएससी श्री तोमर दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे के बिलासपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के पद पर सेवा दे चुके हैं। जिन्हें डीडीयू मंडल स्थानांतरित किया है। जबकि श्री राज का स्थानांतरण नार्थ-फ्रंटियर रेलवे के लामडिंग मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के पद पर किया गया है।

    दिसंबर महीने में दोनों के तबादले के आदेश जारी हुए थे

    इन दोनों अधिकारियों का ट्रांसफर आर्डर 11 दिसंबर 2025 को जारी कर दिया गया था। आरपीएफ के निदेशक, रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली विनीत खर्ब द्वारा तबादले के आदेश निर्गत किए गए थे। इस बीच विभागीय कार्यों को लेकर दोनों अपने अपने नए स्थान पर योगदान नहीं कर सके थे।

    जेथिन बी. राज एक अच्छे अधिकारी व खिलाड़ी भी

    श्री तोमर के कार्यशैली के बारे में जो जानकारी अबतक प्राप्त हुई है, उसके अनुसार अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों के प्रति काफी सजग रहने के साथ साथ काफी सख्त तथा स्वच्छ छवि वाले अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। वहीं जेथिन बी. राज एक अच्छे खिलाड़ी भी है और अपने कर्तव्यों के प्रति एक जिम्मेदार अधिकारी के रूप में चर्चित हैं।

    कई लोगों ने समारोह के दौरान मंच साझा किए

    विदाई-सह-स्वागत समारोह के दौरान पोस्ट के प्रभारियों ने जेथिन बी.राज के डीडीयू मंडल में जबतक रहे उनके कार्यशैली पर अपने अपने अनुभवों को मंच से साझा किया। साथ ही नवपदस्थापित सीनियर कमांडेंट श्री तोमर का स्वागत करते हुए इनके साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन में सहयोग का वचन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीडीयू जंक्शन के पोस्ट प्रभारी निरीक्षक पीके रावत ने की।

    श्री तोमर के विषय में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां

    दिनेश सिंह तोमर 2015 बैच के अधिकारी हैं। ये मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आते हैं और इन्होंने कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। अधिकारियों में इनका लेवल 12 है। बिलासपुर रेल मंडल में सीनियर डीएससी के पद पर 28 जुलाई 2022 को योगदान दिए थे।  

  • वर्ष 2025 में गया जंक्शन के आरपीएफ पोस्ट ने कई उल्लेखनीय कार्य किए, देखें परफॉर्मेंस

    वर्ष 2025 में गया जंक्शन के आरपीएफ पोस्ट ने कई उल्लेखनीय कार्य किए, देखें परफॉर्मेंस

    देवब्रत मंडल


    बीत चुके वर्ष 2025 के दौरान रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया द्वारा रेल यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे सम्पति की सुरक्षा,भीड प्रबंधन तथा कानुन व्यवस्था बनाये रखने के उद्वेश्य से निंरतर सक्रिय एवं प्रभावशाली कार्यवाही की गई। इस अवधि में रेसुब पोस्ट गया के पूर्व प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश एवं वर्तमान प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव का समग्र प्रर्दशन सराहनीय एवं उत्कृष्ट रहा।

    आइये जानते हैं किस क्षेत्र में क्या क्या उपलब्धियां रही थी

    • (01)यात्री सुरक्षा से संबंधित कुल 50 मामलों को उदभेदित करते हुए 85 अपराधी को गिरफ्तार कर अग्रीम कार्रवाई हेतु जीआरपी गया को सूर्पद किया गया है।
    • (02) आपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत भूल भटके, गुमशुदा नाबालिक 137 लडका और 48 लडकी कुल 185 बच्चे को रेश्क्यू करते हुए चाइल्ड हेल्प लाइन गया को सुरक्षित देख रेख हेतु सुर्पूद किया गया है।
    • (03) यात्रियों के यात्रा के दौरान छुटे हुए कुल 150 सामानों कीमत 17 लाख 53 हजार 500 रूपये को ऑपरेशन अमानत के तहत बरामद करते हुए उन्हें सुर्पूद किया गया।
    • (04) ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत 05 महिला एवं 07 पुरूष कुल 12 व्यक्तियों की जान की रक्षा की गई।
    • (05) ऑपरेशन सेवा के तहत कुल 25 व्यक्तियों को सेवा प्रदान किया गया।
    • (06) अवैध रूप से शराब की तस्करी करने वाले के विरूद्व ऑपरेशन सर्तक के तहत कार्रवाही करते हुए 60 मामलों को उदभेदित कर 2018 लीटर जिसकी कीमत 10 लाख 39 हजार 786 रूपये की बरामदगी करते हुए 59 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
    • (07)अवैध रूप से नशीले पदार्थ की तस्कर करने वाले के विरूद्व ऑपरेशन नारकोश के तहत कुल 12 मामलों को उदभेदित करते हुए 177.647 किलोग्राम गांजा, 2.5 किलोग्राम अफीम एवं 133.360 किलोग्राम डोडा कीमत 91 लाख 98 हजार 75 रूपये की बरामदगी कर कुल 16 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
    • (08).ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत कुल 04 प्रसव महिला को सहयोग प्रदान किया गया है।
    • (09).रेल टिकट के अवैध करोबार करने वाले के विरूद्व ऑपरेशन उपलब्ध के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 03 मामलों को उदभेदित कर 04 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
    • (10).मानव तस्कर के विरूद्व कार्रवाई करते हुूए ऑपरेशन आहट के तहत 02 मामलों को उदभेदित कर 09 बच्चे को रेश्क्यू करते हुए 03 मानव तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
    • (11).रेलवे भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण करने वाले के विरूद्व ऑपरेशन भूमि के तहत कुल 64 साफ्ट एवं हार्ड इनक्राचमेंट को रिमूवल कराया गया है।
    • (12).वन्य जीव प्राणी की रक्षा करते हुए ऑपरेशन विलेप के तहत कुल 237 जीवती कछुआ कीमत 01 करोड 13 लाख रूपये की बरामदगी कर वन्य विभाग गया को सूर्पूद किया गया है। साथ ही साथ 1160 किलोग्राम जंगली लकडी कीमत ₹23,700 को भी बरामद कर वन्य विभाग गया जी को सूर्पूद किया गया।
    • (13).रेल सम्पति की चोरी में संलिप्त अपराधी के विरूद्व कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन रेल सुरक्षा के तहत कुल 10 मामालों को उदभेदित कर 89484 रूपये की रेल संपत्ति को बरामद कर 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
    • (14).ऑपरेशन डिग्नीटी के तहत 15 महिला एवं 05 पुरूष को रेस्क्यू कर उनके परिजन को सूर्पूद किया गया।
    • (15).ऑपरेशन रेल प्रहरी के तहत अन्य एजेंसियों को सहयोग करते हुए 10 अपराधी को गिरफ्तार करके सुपुर्द किया गया है।
    • (16).रेल अधिनियम का उल्लंघन करने वाले कुल 2310 व्यक्यिों केा गिरफ्तार किया गया।
    • (17) वर्ष 2025 के दौरान महाकुंभ मेले के दौरान भीड, होली की भीड़, कांवरियों की भीड़, पितृपक्ष मेला के समय की भीड़, छठ की भीड, दीपावली की भीड़ तथा इलेक्शन के समय भीड़ का कुशल प्रबंधन करते हुए सकुशल विधि व्यवस्था बनाए रखा गया।
  • गया जंक्शन पर दिन के उजाले में हो रही अवैध वसूली, रेल मंत्रालय ने दिए जांच के आदेश

    गया जंक्शन पर दिन के उजाले में हो रही अवैध वसूली, रेल मंत्रालय ने दिए जांच के आदेश

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन पर सब्जी वाले से पैसा लेता शख़्स

    गया जंक्शन पर अवैध वसूली की शिकायत पर रेल मंत्रालय ने त्वरित संज्ञान लेते हुए इसके जांच के आदेश दिए हैं। इस मामले की जांच करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल को निर्देश दिया गया है।

    मामला हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस से जुड़ा है

    बुधवार को दोपहर बाद गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नम्बर 07 पर 18626 हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस आने के बाद इसके स्लीपर कोच से सब्जियों के कई बोरे प्लेटफॉर्म पर उतारा गया। इसके बाद एक व्यक्ति सब्जी वाले के पास पहुंच जाता है। जिसे सब्जी वाले बोरे से निकाल कर उस व्यक्ति को देता है। साथ ही सब्जी वाले से रुपये भी ऐंठता है।

    एक नहीं कई कोच में लाई गई थी सब्जियां

    इस ट्रेन के स्लीपर कोच के कई डिब्बे में सब्जियों के पैकेट लदे हुए थे। अब तो यह वाणिज्य विभाग के लिए जांच के विषय है कि आखिर इतनी मात्रा में सब्जियां किस स्टेशन पर लादी गई थी और यदि लोड किया गया था तो इसकी बुकिंग कराई गई थी या नहीं। सूत्र बताते हैं कि ये तो एक बानगी है। हर दिन गया जंक्शन पर बिना बुकिंग के सब्जियां लोड और अनलोडिंग किया जाता है।

    वीडियो में दिखाई दे रहा शख़्स पहले भी पकड़ा गया था

    जिस व्यक्ति द्वारा सब्जियों के सौदागर से रुपये लिया जा रहा था, उसकी पहचान बीरेंद्र सिंह के रूप में कुछ लोगों ने की है। रेलवे सूत्रों ने बताया कि कि ये वही बीरेंद्र सिंह नामक व्यक्ति है जिसे कभी फर्जी टीटीई के रूप में नवादा जिले के रेलयात्री से जबरन रुपये ऐंठने के मामले में पकड़ा गया था। जिसका वीडियो भी उस समय सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

    रेल मंत्रालय ने @RPF India को टैग करते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा

    इधर, रेल मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो पर तुरंत ही संज्ञान लेते हुए @RPF India को टैग करते इस मामले को रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी के पास भेजते हुए बताया कि इस मामले को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारी के पास भेजा गया है।

    इन ट्रेनों में भी गया जंक्शन से बगैर बुकिंग भेजी जाती है सब्जियां

    इस 18626 हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस के अलावा 12988 अजमेर-सियालदाह, रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस सहित गया-पटना पैसेंजर ट्रेन से हर दिन भारी मात्रा में हरी सब्जियां बगैर पार्सल कार्यालय में बुकिंग के भेजी जाती है। सूत्र बताते हैं कि आरआरआई कार्यालय के समीप पानी टंकी के पास रेल परिसर में वाहनों से हरी सब्जियां लाई जाती है और उसे ट्रेनों में बिना बुकिंग के लादे जाते हैं।

    इस अवैध धंधे का एक बड़ा नेटवर्क काम करता है

    इस प्रकार के अवैध रूप से धंधे करने वाले लोगों का एक बहुत बड़ा नेटवर्क गया जंक्शन पर काम करता है। जिससे प्रतिदिन अवैध उगाही की बात सूत्र बताते हैं। यह एक संपोषित नेटवर्क है। जिसके पीछे कई ऐसे चेहरे हैं, जो गया जंक्शन पर सुबह, दोपहर और शाम को नजर आते हैं।