देवब्रत मंडल

गया जी। गया शहर में अवैध शराब के कारोबार और उससे जुड़े सिंडिकेट पर शिकंजा कसते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के धनिया बगीचा, डेल्हा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक घर से 88.500 लीटर बीयर बरामद की गई है। इस कार्रवाई में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद विभाग का मानना है कि बरामद शराब की मात्रा और उसे घर में छिपाकर रखने के तरीके से यह साफ संकेत मिलता है कि शहर में अवैध शराब का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जो चोरी-छिपे शराब की सप्लाई और कारोबार में जुटा है।
सहायक आयुक्त उत्पाद प्रियरंजन ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर धनिया बगीचा इलाके में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान एक घर के कमरे से कुल 88.500 लीटर बीयर बरामद की गई। मामले में पंकज कुमार (26 वर्ष) और राहुल कुमार (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों धनिया बगीचा, थाना-डेल्हा, जिला-गया जी के रहने वाले हैं।
प्राथमिक जांच में उत्पाद विभाग इस बात की पड़ताल कर रहा है कि बरामद बीयर केवल भंडारण के लिए रखी गई थी या इसके पीछे शहर में अवैध आपूर्ति का बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था। जिस मात्रा में बीयर बरामद हुई है, उसने उत्पाद विभाग की आशंका को और मजबूत किया है कि गया शहर में शराबबंदी कानून को धता बताते हुए अवैध शराब का सिंडिकेट सक्रिय है। यह भी जांच की जा रही है कि गिरफ्तार आरोपियों के तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं और शराब की खेप कहां से लाई जाती थी तथा किस इलाके में खपाई जानी थी।
उत्पाद विभाग की इस छापेमारी में अवर निरीक्षक नीरज राज, सहायक अवर निरीक्षक विनीता कुमारी, मध्यनिषेध सिपाही ज्योति कुमारी और मध्यनिषेध सिपाही शशि कुमार शामिल थे। विभाग का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस पूरे नेटवर्क की परतें खोली जाएंगी और अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जाएगी।
गया में शराबबंदी के बावजूद समय-समय पर शराब बरामदगी की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में धनिया बगीचा से भारी मात्रा में बीयर की बरामदगी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर शहर में अवैध शराब का नेटवर्क किस स्तर तक फैला हुआ है। उत्पाद विभाग अब इस मामले को सिर्फ एक बरामदगी नहीं, बल्कि अवैध शराब सिंडिकेट के संभावित कनेक्शन के तौर पर देख रहा है।
