कटक(ओडिशा) से ट्रेन के जरिए गया पहुंचा था आरोपी, प्लेटफॉर्म पर निगरानी के दौरान RPF-GRP ने दबोचा
देवब्रत मंडल

गया। पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट गया एवं गया रेल थाना की पुलिस ने ऑपरेशन नारकोस के तहत सोमवार को गया जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.788 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत 1 लाख 39 हजार 400 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई गया जंक्शन पर चल रही सतत निगरानी के दौरान की गई, जिससे एक बार फिर यह संकेत मिला है कि रेल मार्ग के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है और गया जंक्शन ऐसे तस्करों के लिए ट्रांजिट प्वाइंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार 07 जुलाई 2026 को उप निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल, गया की टीम गया स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इस दौरान टीम में प्रधान आरक्षी संतोष कुमार सिंह, आरक्षी आलोक कुमार सक्सेना, आरक्षी कुमार गरेन्द्र, आरक्षी मुकेश कुमार और आरक्षी राकेश कुमार सिंह शामिल थे। इनके साथ जीआरपी गया, सीपीडीएस गया तथा अन्य सुरक्षा इकाइयों के अधिकारी भी संयुक्त रूप से प्लेटफॉर्म पर निगरानी कर रहे थे।
निगरानी के क्रम में प्लेटफॉर्म संख्या 1ए पर एक संदिग्ध व्यक्ति नीले रंग का पीठू बैग लिए दिखा। शक होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम अखिलेश साव (42 वर्ष), पिता स्व. विंदेश्वरी साव, निवासी लगुनी वार्ड संख्या-06, थाना पानापुर, जिला-छपरा बताया। प्रारंभिक पूछताछ में ही उसने बैग में मादक पदार्थ होने की बात स्वीकार की। इसके बाद मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई। सहायक सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, गया संजय कुमार सिंह के मौके पर पहुंचने के बाद उनकी उपस्थिति में संदिग्ध के बैग की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 2.788 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही उसके पहने पैंट की दाहिनी जेब से कटक से गया तक का सामान्य यात्रा टिकट भी बरामद हुआ, जो 06 जुलाई 2026 को जारी किया गया था। टिकट की बरामदगी से यह साफ हुआ कि आरोपी ओडिशा के कटक से रेल मार्ग के जरिए गया पहुंचा था। इससे जांच एजेंसियों को यह संदेह और मजबूत हुआ है कि मादक पदार्थों की आपूर्ति के लिए लंबी दूरी की ट्रेनों और बड़े स्टेशनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
कार्रवाई के बाद आरपीएफ गया की ओर से जब्त गांजा और लिखित शिकायत जीआरपी गया को सौंप दी गई। इस मामले में जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 177/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/20(b)(ii)(B) के तहत प्राथमिकी की गई है। अब जीआरपी आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह गांजा किसके लिए लेकर आया था, इसकी सप्लाई कहां होनी थी और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
