वरदा हाई स्कूल छोटकी नवादा के छात्र-छात्राओं ने प्रभारी प्रधानाचार्य पर लगाए गंभीर आरोप, जनता दरबार में पहुंची छात्र छात्राएं

Deobarat Mandal

रजिस्ट्रेशन फीस लेने के बाद भी ऑनलाइन कार्ड नहीं दिखने का आरोप, छात्रों ने प्रधानाचार्य के खिलाफ जनता दरबार में की शिकायत

देवब्रत मंडल

image editor output image 699183650 17863708152897053256977324906487 वरदा हाई स्कूल छोटकी नवादा के छात्र-छात्राओं ने प्रभारी प्रधानाचार्य पर लगाए गंभीर आरोप, जनता दरबार में पहुंची छात्र छात्राएं


गया, 10 अगस्त 2026। शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को जिला कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में वरदा हाई स्कूल, छोटकी नवादा, वार्ड नंबर-04, गया के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। छात्रों ने आरोप लगाया कि शैक्षणिक सत्र 2025-27 के लिए मैट्रिक परीक्षा का रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर उनसे निर्धारित राशि से अधिक फीस ली गई, लेकिन इसके बावजूद ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कार्ड दिखाई नहीं दे रहा है।
छात्र-छात्राओं की ओर से दिए गए आवेदन में कहा गया है कि हाई स्कूल की कक्षा 9वीं/10वीं के छात्र-छात्राओं से रजिस्ट्रेशन के लिए राशि ली गई थी। सत्र 2025-27 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के बाद भी अब तक रजिस्ट्रेशन कार्ड ऑनलाइन नहीं दिख रहा है। छात्रों का कहना है कि उन्हें इस बात की चिंता सता रही है कि कहीं रजिस्ट्रेशन नहीं होने के कारण उनका भविष्य प्रभावित न हो जाए।
पहले भी छात्रों का भविष्य खराब करने का लगाया आरोप
आवेदन में छात्र-छात्राओं ने प्रभारी प्रधानाचार्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पिछले सत्र में भी कई छात्र-छात्राओं का भविष्य खराब हो चुका है। छात्रों ने आशंका जताई है कि कहीं इस बार भी उनके साथ ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो जाए।
छात्रों ने शिक्षा विभाग से मामले की जांच कराकर दोषी पाए जाने पर प्रभारी प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई करने और उनका रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
छात्र-छात्राओं के साथ वार्ड नंबर-04 की पार्षद अनुपमा कुमारी भी जनता दरबार में पहुंचीं। उन्होंने छात्रों की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पार्षद ने कहा कि छात्र-छात्राओं की समस्या के समाधान के लिए उन्हें जो भी कदम उठाना पड़ेगा, वह उठाएंगी, लेकिन बच्चों का भविष्य खराब नहीं होने देंगी।
अब देखना यह है कि शिक्षा विभाग की ओर से छात्रों की शिकायत पर क्या जांच कराई जाती है और यदि रजिस्ट्रेशन में अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित विद्यालय प्रशासन के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।
प्रभारी प्रधानाचार्य का पक्ष इस खबर के लिए उपलब्ध नहीं हो सका है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *