Author: Deepak Kumar

  • रेल अनुमंडल अस्पताल में चुनाव प्रचार अभियान के तहत यूनियन पहुंचा आपके द्वारा

    रेल अनुमंडल अस्पताल में चुनाव प्रचार अभियान के तहत यूनियन पहुंचा आपके द्वारा

    देवब्रत मंडल

    ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन गया शाखा द्वारा रेल अनुमंडल अस्पताल गया में कार्यरत कर्मचारियों के साथ मान्यता हेतु चुनाव अभियान के तहत गेट मीटिंग किया गया। मीटिंग की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद ने किया एवं आगामी चार- पांच दिसंबर को होने वाले चुनाव में उपस्थित कर्मचारियों से ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन को वोट देने की अपील की। मुख्य वक्ता के रूप में ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन हाजीपुर के केंद्रीय कोषाध्यक्ष सह पीएनएम प्रभारी डीडीयू कामरेड मिथिलेश कुमार ने रेलवे अस्पताल के कर्मचारी एवं सी एच आई के कर्मचारियों को बताया कि रेल अनुमंडल अस्पताल को भारत सरकार/ रेल मंत्रालय बंद कर पॉलीक्लिनिक खोलने जा रही थी जिसका यूनियन ने पुरजोर विरोध किया और समीक्षा हेतु जो कमेटी बनाई गई थी उसमें यूनियन का एक सदस्य होने के नाते काफी लिखा पड़ी करने के बाद गया स्थित रेल अनुमंडल अस्पताल को बचाया जा सका है। रेलवे अस्पताल का गया में होना अपने आप में कर्मचारी हित के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है नहीं तो गया के कर्मचारियों को बाहर जाकर इलाज करना पड़ता तथा छोटी-मोटी समस्याओं हेतु भाग दौड़ करनी पड़ती।

    रेल अनुमंडल अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता ,नर्स की उपलब्धता ,दवाइयां की पर्याप्त आपूर्ति करवाना साथ ही आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराना, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करवाना, साफ सफाई की व्यवस्था करवाना यह सभी कार्य ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन प्राथमिकता के आधार पर आज तक करवाते आई है। अनुमंडल अस्पताल के कर्मचारियों को प्रमोशन ,MACP, नर्सिंग अलाउंस ,रोगी देखभाल अलाउंस आदि सुविधाएं दिलवाने का कार्य किए हैं अतः इस बार चार -पांच दिसंबर के चुनाव में पूर्व की भांति लगातार तीसरी बार ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन को अपना बहुमूल्य मत देकर अवश्य विजय बनावे। इस अवसर पर कामरेड मिथिलेश कुमार ,लक्ष्मण प्रसाद, संजीत कुमार, कुणाल रंजन, नित्यानंद प्रसाद, नीरज कुमार, विनोद कुमार ,अजय कुमार सिंह, दिलीप कुमार, राकेश कुमार, श्रीनिवास सिंह, मदन राम ,गणेश रजक ,नर्मदा शांडिल्य ,आशा कुमारी ,पूर्व अध्यक्ष गया शाखा रामप्रवेश प्रसाद के अलावा बहुत सारे रेल अनुमंडल अस्पताल के कर्मचारी एवं सी एच आई के कर्मचारी उपस्थित थे।

  • भारत की महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक जीत पर किलकारी में जश्न का माहौल!

    भारत की महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक जीत पर किलकारी में जश्न का माहौल!

    एशियाई विमेंस हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी के फाइनल में भारत की धमाकेदार जीत के बाद गया स्थित किलकारी बिहार बाल भवन का माहौल उत्साह और खुशी से सराबोर हो गया। बच्चों ने परिसर में न सिर्फ जश्न मनाया, बल्कि अपनी भारतीय टीम की सफलता पर गर्व भी जताया।

    इस उत्साह की एक खास वजह यह भी थी कि किलकारी के बच्चों ने टूर्नामेंट के दौरान सभी टीमों और अतिथियों का स्वागत किया था। खिलाड़ियों से उनका सीधा जुड़ाव बन गया था, खासकर भारतीय महिला हॉकी टीम से। यही कारण है कि जब भारत ने चीन को हराकर फाइनल में जीत दर्ज की, तो बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी।

    पोस्टर और शुभकामनाओं से सजी तैयारी

    किलकारी के प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव ने सुबह ही बच्चों को बताया कि भारत और चीन के बीच निर्णायक मुकाबला होने वाला है। इस सूचना के बाद बच्चों ने खिलाड़ियों की तस्वीरें अखबारों से काटकर शुभकामनाओं के बड़े-बड़े पोस्टर बनाए।

    एयरपोर्ट पर बच्चों की भागीदारी

    फाइनल मैच के दिन भी किलकारी के कई बच्चे एयरपोर्ट पर मौजूद थे। वे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और खेल मंत्री समेत अन्य गणमान्य अतिथियों के स्वागत में तैनात रहे।

    बच्चों की नजरें खेल पर

    किलकारी के बच्चों ने मोबाइल और टीवी स्क्रीन पर भारत के विजय अभियान को लाइव देखा। बच्चों ने बताया कि भारतीय महिला हॉकी टीम शुरू से ही सभी विरोधी टीमों पर हावी रही। हालांकि बीच में कुछ चुनौतीपूर्ण पल भी आए, लेकिन कप्तान सलीम टेटे ने टीम का मनोबल बनाए रखा और बेहतरीन प्रदर्शन सुनिश्चित किया।

    नृत्य विद्या के बच्चों की खुशियां

    किलकारी के नृत्य विद्या विभाग से जुड़ी पूजा कुमारी, रुपाली कुमारी, पल्लवी कुमारी, रिया कुमारी, सुप्रिया कुमारी, मुस्कान कुमारी और प्रशिक्षक गौतम कुमार गोलू समेत अन्य प्रशिक्षकों और बच्चों ने जीत का जमकर जश्न मनाया।

    भारतीय हॉकी टीम पर गर्व

    बच्चों ने इस विजय को भारतीय खेल जगत के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। किलकारी में चारों तरफ खुशी का माहौल था, और हर बच्चा भारतीय महिला हॉकी टीम की इस सफलता को लेकर बेहद गौरवान्वित महसूस कर रहा था।

  • सीयूएसबी में संविधान दिवस सप्ताह का भव्य आगाज़: “संवैधानिक मूल्यों” पर जोर

    सीयूएसबी में संविधान दिवस सप्ताह का भव्य आगाज़: “संवैधानिक मूल्यों” पर जोर

    टिकारी संवाददाता: दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में “संवैधानिक मूल्यों को जानो, पहचानो और अपनाओ” विषय पर संगोष्ठी के साथ संविधान दिवस सप्ताह का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने की, जिन्होंने संविधान के मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए “पांच ज”—जन, जानवर, जल, जमीन और जंगल के संरक्षण पर जोर दिया।

    जन संपर्क अधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विशेष उत्पाद न्यायाधीश गया श्री राज कुमार राजपूत और अतिरिक्त जिला न्यायाधीश श्री नलिन कुमार पांडे उपस्थित थे।

    संविधान और कर्तव्यों पर विचार-विमर्श

    मुख्य अतिथि श्री राज कुमार राजपूत ने संविधान को नागरिकों को सशक्त बनाने वाला दस्तावेज बताया। उन्होंने कहा, “किसी भी अधिकार का दावा करने से पहले नागरिकों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।”
    अतिरिक्त जिला न्यायाधीश श्री नलिन पांडे ने अपने संबोधन में कहा, “संवैधानिक अधिकारों से अधिक आवश्यक है संवैधानिक मूल्यों का पालन। समाज में इन मूल्यों का समावेश संवाद और सहभागिता के माध्यम से किया जा सकता है।”

    विशिष्ट अतिथि का संबोधन

    एनएलयू नागपुर के प्रो. वी. पी. तिवारी ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने संविधान के “मूलभूत ढांचे” की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि, “संवैधानिक मूल्य व्यक्ति के शरीर से भी अधिक महत्वपूर्ण हैं। इनका पालन पवित्र और शुद्ध कार्य है।”

    कार्यक्रम का शुभारंभ और भविष्य की योजनाएं

    कार्यक्रम की शुरुआत प्रो. संजय प्रकाश श्रीवास्तव के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने डॉ. बी.आर. अंबेडकर का उल्लेख करते हुए कहा कि, “संविधान की सफलता इस पर निर्भर करती है कि नागरिक इसे कैसे अपनाते और व्याख्या करते हैं।”
    डॉ. सुरेंद्र कुमार ने पूरे सप्ताह चलने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताएं और संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम समन्वयक श्री मणि प्रताप ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए बताया कि 26 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में संविधान के मूल्यों पर गहन चर्चा होगी।

    इस कार्यक्रम में प्रो. पी. के. दास, डॉ. पूनम कुमारी, डॉ. नेहा शुक्ला, डॉ. अनुराग अग्रवाल, प्रो. एम. के. शर्मा, प्रो. के. शिव शंकर, श्रीमती रेणु, डॉ. रचना विश्वकर्मा सहित आशीष, रंजन, विष्णुकांत, सक्षम और रिया जैसे छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे।

  • एक अध्यक्ष सहित तीन अभ्यर्थियों का नामांकन रद्द

    एक अध्यक्ष सहित तीन अभ्यर्थियों का नामांकन रद्द

    टिकारी संवाददाता: पैक्स चुनाव को लेकर दाखिल किये गये नामांकन पत्र की संवीक्षा बुधवार को पूरी कर ली गई। निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ नीरज आनंद ने बताया कि संवीक्षा के दौरान एक अध्यक्ष पद के लिए व दो सदस्य पद के लिए प्राप्त आवेदन को अस्वीकृत कर दिया गया। बेलहड़िया पैक्स से अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले अभ्यर्थी मनोज पासवान एवं नेपा पैक्स से अतिपिछड़ा वर्ग में सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाली मुनी बेबी का नामांकन पत्र पैक्स निर्वाचन में सह सदस्य होने के कारण एवं दिघौरा पैक्स से अतिपिछड़ा वर्ग में नामांकन करने वाले वर्मानंद राउत का नामांकन पत्र पिछड़ा वर्ग का प्रमाण पत्र होने के कारण अस्वीकृत किया गया। अभ्यर्थी शुक्रवार तक अभ्यर्थी नाम वापसी कर सकेंगे। नाम वापसी के उपरांत अंतिम रूप से अभ्यर्थी को चुनाव चिन्ह आवंटित किया जाएगा।

    सदस्य पद के अभ्यर्थी का नामांकन रद्द करने की मांग

    चैता पैक्स के अध्यक्ष पद के अभ्यर्थी उदय सिंह ने पैक्स के सदस्य पद से नामांकन दाखिल करने वाली पानो देवी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है। श्री सिंह द्वारा बीडीओ से दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि पानो देवी मूल रूप से झारखंड की रहने वाली आदिवासी महिला है। पूर्व में ही चैता ग्राम पंचायत के क्षेत्र संख्या नौ से अनुसूचित जाति की कोटि में पंच के पद पर निर्वाचित है। इसके बावजूद पानो देवी द्वारा टिकारी अंचल से पिछड़ा वर्ग का जाति प्रमाण पत्र बनवा नामांकन दाखिल किया गया है। पानो देवी द्वारा मायके का पता छठवां ग्राम पंचायत के खैरा भट्ट बिगहा बताया है जिसे उदय सिंह द्वारा फर्जी बताया गया है। श्री सिंह ने जांच कर नामांकन रद्द करने की मांग की है।

  • बाल श्रम उन्मूलन: टिकारी में गैराज से नाबालिग श्रमिक मुक्त, मालिक पर प्राथमिकी दर्ज

    बाल श्रम उन्मूलन: टिकारी में गैराज से नाबालिग श्रमिक मुक्त, मालिक पर प्राथमिकी दर्ज

    टिकारी संवाददाता: बाल श्रम के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए श्रम संसाधन विभाग, बिहार के निर्देशानुसार गया जिले में बाल श्रम उन्मूलन अभियान तेजी से जारी है। इसी क्रम में टिकारी थाना क्षेत्र के बस स्टैंड स्थित नेजाम मिस्त्री के गैराज पर छापेमारी कर एक नाबालिग श्रमिक को मुक्त कराया गया।

    यह अभियान श्रम अधीक्षक गया, महेश चंद्र झा के निर्देशन और श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी टिकारी, रोहित कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रेणु कुमारी (गुरारू), राजेश कुमार (कोंच), प्रयास संस्था के जिला समन्वयक देवेंद्र कुमार मिश्रा और स्थानीय पुलिस बल मौजूद थे।

    कानूनी प्रक्रिया और पुनर्वास:

    बाल श्रमिक को बाल कल्याण समिति, गया के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद उसे बाल गृह में स्थानांतरित कर दिया गया। वहीं, गैराज संचालक नेजाम मिस्त्री के खिलाफ बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है। अधिनियम के तहत 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से काम कराना संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है।

    अभियान पर विभाग की प्रतिबद्धता:

    श्रम अधीक्षक महेश चंद्र झा ने कहा कि बाल श्रम उन्मूलन अभियान गया जिले में लगातार संचालित रहेगा। यह कार्रवाई न केवल बाल श्रमिकों को उनके अधिकार दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने का प्रयास भी है।

  • शैक्षणिक भ्रमण के तहत सीयूएसबी के छात्रों ने राजगीर में देखा महिला एशियाई हॉकी मुक़ाबला

    शैक्षणिक भ्रमण के तहत सीयूएसबी के छात्रों ने राजगीर में देखा महिला एशियाई हॉकी मुक़ाबला

    टिकारी संवाददाता: शैक्षणिक भ्रमण के तहत दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्र – छात्राओं ने अपने प्राध्यापकों के साथ राजगीर में महिला एशियाई हॉकी चैंपियनशिप के अंतर्गत भारत और जापान के बिच खेले गए सेमीफाइनल मैच देखा | यह मैच भारत की 2-0 की उल्लेखनीय जीत के साथ समाप्त हुआ, जिसने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के कौशल का प्रदर्शन किया। कुलपति प्रो. कामेश्वरनाथ सिंह के संरक्षण में शारीरिक शिक्षा विभाग की प्रमुख प्रो. उषा तिवारी के नेतृत्व में संकाय सदस्यों और छात्रों सहित 60 सदस्यीय दल ने इस भ्रमण में भाग लिया।जन सम्पर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि दल में विभागाध्यक्ष प्रो. उषा तिवारी के साथ संकाय सदस्य प्रो. आशीष कुमार सिंह, डॉ. गौरव कुमार सिंह और डॉ. पिंटू लाल मंडल शामिल थे |

    कुलपति ने औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर विश्वविद्यालय परिसर से बस को रवाना किया । अपने संबोधन में कुलपति प्रो. कामेश्वरनाथ सिंह ने शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना और व्यक्तिगत विकास को बढ़ावा देने के लिए अकादमिक शिक्षा को वास्तविक दुनिया के अनुभवों के साथ जोड़ने के महत्व पर जोर दिया।

    भ्रमण पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रो. उषा तिवारी ने कहा एशियाई हॉकी चैंपियनशिप देखना एक गहन शिक्षण अनुभव था, जिसने अंतरराष्ट्रीय खेल भावना और उत्कृष्टता के बारे में जानकारी प्रदान की। यह निस्संदेह हमारे छात्रों को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगा । इस शैक्षिक यात्रा ने छात्रों को अंतरराष्ट्रीय एथलीटों के कौशल और समर्पण को प्रत्यक्ष रूप से देखने का मौका दिया, जिससे उन्हें अपने जुनून को जोश के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस यात्रा ने प्रतिभा को पोषित करने और विभिन्न स्तरों पर खेलों में सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय के समर्पण को भी प्रदर्शित किया।

    ज्ञातव्य हो कि सीयूएसबी अकादमिक उत्कृष्टता और छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध एक प्रमुख संस्थान है। शारीरिक शिक्षा विभाग अपने छात्रों में शारीरिक फिटनेस, खेल भावना और नेतृत्व के मूल्यों को स्थापित करने का प्रयास करता है, उन्हें मैदान पर और बाहर दोनों ही चुनौतियों के लिए तैयार करता है।

  • ऑल इंडिया रेलवे ट्रैकमेन्टेनर यूनियन ने चलाया जनसंपर्क अभियान, लोगों से पक्ष में वोट की अपील

    देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेलवे में संयुक्त मोर्चा के बैनर तले रेलवे में यूनियन के मान्यता चुनाव में लड़ रहे ऑल इंडिया रेलवे ट्रैकमेन्टेनर यूनियन के पक्ष में पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनो पर कर्मचारी सम्पर्क अभियान चलाया गया। संयुक्त मोर्चा बैनर तले ऑल इंडिया रेलवे ट्रैकमेन्टेनर यूनियन के पक्ष में पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर मंडल में रेलवे कर्मचारी ट्रैकमेन्टेनर एसोसिएशन के जोनल अध्यक्ष रंजन भागवत, गौतम अग्निहोत्री, दीपक कुमार राय, ऑल इंडिया रेलवे ट्रैकमेन्टेनर यूनियन के केंद्रीय पदाधिकारी धीरेन्द्र कुमार, राजू कुमार चौधरी, रिंकी कुमारी, सुजीत कुमार, संजीत कुमार यादव व उपेंद्र कुमार इत्यादि नें प्रचार प्रसार में शामिल रहे।इन तमाम लोगों नें पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर मंडल के रफीगंज से फेसर तक सभी संवर्ग के कर्मचारियों से मुलाक़ात किया व रेल के पटरी छाप पर मोहर लगा कर भारी मतों से ऑल इंडिया रेलवे ट्रैकमेन्टेनर यूनियन को जीत दिलाने की अपील की।

  • यात्रीगण कृप्या ध्यान दें: 18 ट्रेनें रद्द, नौ ट्रेनों के रूट बदलने व सात के खुलने वाले स्टेशन में बदलाव, चार में कोच कम

    यात्रीगण कृप्या ध्यान दें: 18 ट्रेनें रद्द, नौ ट्रेनों के रूट बदलने व सात के खुलने वाले स्टेशन में बदलाव, चार में कोच कम

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 06 एवं 07 के उन्नयन एवं विकास कार्यों को लेकर 24 नवंबर से लगातार 45 दिनों तक गया जंक्शन से खुलने वाली और गया जंक्शन से गुजरने वाली कई एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन में व्यापक बदलाव किया जा रहा है। कुछ ट्रेनें चाकन्द स्टेशन से पटना के लिए चलेगी तो कुछ ट्रेन मानपुर जंक्शन से खुलेगी। कुछ ट्रेन के कोच में कमी कर दी जा रही है तो कई ट्रेनें सासाराम-आरा- पटना रेलखंड से होकर चला करेगी। देखा जाए तो 18 ट्रेनें रद्द रहेंगी। चार ट्रेन में कोच की संख्या कम कर के चलाई जाएगी। सात ट्रेनों के परिचालन(ओरिजिनेशन) के लिए स्टेशन बदल दिए गए हैं।
    24 नवंबर से 7 जनवरी 2025 तक इस बदली हुई व्यवस्था के तहत ट्रेनों का परिचालन किया जाना है।

    कुछ दिनों पहले यह व्यवस्था 11 नवंबर से 25 दिसंबर तक के लिए किए जाने का प्रस्ताव रखा गया था लेकिन कतिपय कारणों से इसे मंजूरी नहीं मिली थी लेकिन 19 नवंबर को नए सिरे से इस कार्य के लिए मंजूरी मिल गई है। रेलवे के आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 06 एवं 07 के विकास एवं उन्नयन कार्यों के कारण 24.11.2024 से 07.01.2025 तक 45 दिनों के ब्लॉक की अनुमति प्रदान कर दी गई है।

  • बिहार का चर्चित सुमरिक यादव हत्याकांड: 11 साल बाद आरोपी विवेक यादव गिरफ्तार

    बिहार का चर्चित सुमरिक यादव हत्याकांड: 11 साल बाद आरोपी विवेक यादव गिरफ्तार

    प्रतीकात्मक चित्र

    गया। बिहार के चर्चित जदयू नेता सुमरिक यादव हत्याकांड में 11 साल बाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार की देर रात एसटीएफ की टीम ने अतरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय यादव उर्फ रंजीत यादव के छोटे भाई विवेक यादव को गिरफ्तार कर लिया। विवेक यादव इस मामले में मुख्य आरोपी थे और 2013 से फरार चल रहे थे।

    क्या है मामला?

    26 फरवरी 2013 को नीमचक बथानी बाजार में जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुमरिक यादव की लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना को राजनीतिक रंजिश का नतीजा बताया गया था। हत्याकांड के बाद अतरी विधानसभा के पूर्व विधायक राजेंद्र यादव, उनकी पत्नी कुंती देवी और उनके बेटे विवेक यादव सहित 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

    कुंती देवी और राजेंद्र यादव को मिली थी उम्रकैद

    फाइल चित्र (फोटो सोर्स: दैनिक जागरण डिजिटल)

    गया की व्यवहार न्यायालय ने हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में से पूर्व विधायक कुंती देवी और उनके पति राजेंद्र यादव को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हालांकि, जेल में सजा काटने के दौरान कुंती देवी की तबीयत बिगड़ गई और 2021 में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

    11 साल तक पुलिस को चकमा देते रहे विवेक यादव

    कुंती देवी के निधन के बाद उनके बेटे अजय यादव उर्फ रंजीत यादव राजद के टिकट पर अतरी से विधायक बने। वहीं, विवेक यादव 11 साल तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहे। लेकिन मंगलवार रात एसटीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

    डीएसपी ने दी जानकारी

    नीमचक बथानी के डीएसपी प्रकाश कुमार ने बताया कि विवेक यादव की गिरफ्तारी हो गई है। हालांकि, उन पर किसी इनाम की घोषणा थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।यह गिरफ्तारी न केवल पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि जदयू नेता सुमरिक यादव के परिजनों के लिए न्याय की एक उम्मीद भी है।

  • गया में एटीएस की बड़ी कार्रवाई: 9 साल से फरार जाली नोट के आरोपी गिरफ्तार

    गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जेहली बिगहा से जाली नोट के कारोबार में शामिल एक फरार आरोपी कमलेश कुमार को एटीएस और फतेहपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। कमलेश कुमार, जो राजेंद्र यादव का पुत्र है, को कल शाम करीब 5:00 बजे पुलिस ने दबोचा।

    9 साल से फरार था आरोपी

    फतेहपुर थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि कमलेश कुमार पर वर्ष 2015 में जाली नोट के कारोबार से जुड़े एटीएस थाना कांड संख्या 03/2015 के तहत धारा 489-B/34, 489-C/34 IPC और 16(1)(b) U.A.(P) Act, 1967 के आरोप लगाए गए थे। इस मामले में उसे जेल भी भेजा गया था। जमानत मिलने के बाद से वह फरार चल रहा था।

    विशेष न्यायालय एटीएस, पटना द्वारा आरोपी के खिलाफ धारा 83 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत कुर्की वारंट भी जारी किया गया था।

    मारपीट के मामले में भी था आरोपी

    इसी बीच ग्राम जेहली बिगहा में एक मारपीट की घटना में भी उसका नाम सामने आया। उसके खिलाफ अनुसूचित जाति-जनजाति (गया) थाना कांड संख्या 52/24 के तहत 4 अक्टूबर 2024 को मामला दर्ज किया गया।

    जाली नोट के मामले में कमलेश कुमार का एक अन्य साथी देवेंद्र सिंह पुलिस की बढ़ती कार्रवाई और दबाव के चलते 18 अक्टूबर 2024 को विशेष न्यायाधीश, एटीएस पटना की अदालत में आत्मसमर्पण कर चुका है।

    एटीएस और फतेहपुर पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई ने न केवल वर्षों से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि जाली नोट के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।