Category: NATIONAL

  • बिहार में बढ़ते अपराध के खिलाफ इंडिया गठबंधन का विशाल प्रतिरोध मार्च

    बिहार में बढ़ते अपराध के खिलाफ इंडिया गठबंधन का विशाल प्रतिरोध मार्च

    गया, 20 जुलाई – बिहार में बढ़ते अपराध और गिरती कानून व्यवस्था के विरोध में आज इंडिया गठबंधन ने एक विशाल प्रतिरोध मार्च निकाला। गया के गांधी मैदान से शुरू हुआ यह मार्च राय काशीनाथ मोड़ और व्यवहार न्यायालय होते हुए समाहरणालय तक पहुंचा।

    मार्च में कांग्रेस, राजद, सीपीआई, सीपीआई(एम), सीपीआई(एमएल) और वीआईपी पार्टी के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने “बिहार में कानून का राज स्थापित करो” और “भ्रष्टाचार को समाप्त करो” जैसे नारे लगाए।

    राजद के जिला अध्यक्ष मोहम्मद मुर्शिद आलम ने कहा, “पिछले कुछ महीनों में राज्य में अपराध की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है। सरकार को तत्काल कड़े कदम उठाने चाहिए।”

    कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता प्रो. विजय कुमार मिट्ठू ने राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “पुलों के धराशायी होने की घटनाएं भ्रष्टाचार का स्पष्ट संकेत हैं।”

    प्रदर्शनकारियों ने हाल ही में हुई पूर्व मंत्री मुकेश साहनी के पिता की हत्या और एक सप्ताह में 12 नाबालिगों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं का भी उल्लेख किया।

    मार्च के अंत में समाहरणालय के पास एक सभा आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न दलों के नेताओं ने संबोधित किया। सभा के बाद, 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने गया जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा।

    इस प्रतिरोध मार्च ने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था सुधारने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का दबाव बढ़ा दिया है। विपक्षी दलों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे और बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

  • भारत गौरव ट्रेन से अब सस्ते दर पर करें शिरडी और ज्योतिर्लिंग की यात्रा

    भारत गौरव ट्रेन से अब सस्ते दर पर करें शिरडी और ज्योतिर्लिंग की यात्रा

    10 रात और 11 दिन की यात्रा में रहने, खाने पीने आदि की सुविधा मुफ्त

    ✍️ देवब्रत मंडल

    भारतीय रेलवे की शाखा की इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड ”पटना से देखो अपना देश” के तहत ‘भारत गौरव ट्रेन’ की शुरुआत करने जा रही है। भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत भारतीय रेलवे रेल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग 33% रियायत प्रदान कर रहा है। इस संबंध में शुक्रवार को गया के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में आईआरसीटीसी के गया जंक्शन के स्टेशन ऑफिसर गौतम किशोर, पर्यटन पर्यवेक्षक रोहित राज एवं संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि
    यह पर्यटक ट्रेन दिनांक 24.08.2024 को बेतिया से खुलेगी। जो कि बेतिया, सुगौली, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर जंक्शन, पटलिपुत्रा, आरा, बक्सर और पंडित दीनदायल उपाध्याय स्टेशन पर तीर्थ यात्रियो को ट्रेन में सवार होने के लिए रुकेगी। इस यात्रा में तीर्थ स्थलों उज्जैन (श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग) द्वारका (श्री नागेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं श्री द्वारिकाधीश मंदिर), सोमनाथ (श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग) शिर्डी (साई बाबा दर्शन) एवं नासिक (श्री त्रयंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं शनि शिंगनापुर मंदिर) का दर्शन कराते हुए दिनांक 03.09.2024 को वापस लौटेगी।

    गया के लोगों को विशेष सुविधा दी जाएगी

    स्टेशन ऑफिसर गौतम किशोर ने बताया कि गया से इस यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के लिए विशेष सुविधा दी जा रही। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन से यात्रा की बुकिंग कराने वाले पर्यटकों को आईआरसीटीसी अपने खर्च पर पाटलिपुत्र स्टेशन के लिए ले चलेगी। जो भी ट्रेन किराया गया से पाटलिपुत्र स्टेशन तक का होगा, उतना किराया वापस कर दिया जाएगा।

    यात्रा शुल्क और समावेश

    भारतीय रेल द्वारा संचालित भारत गौरव ट्रेन में दो श्रेणी रखी गयी है। पहला बजट श्रेणी में स्लीपर क्लास से यात्रा होगी। इसका शुल्क रु. 20899/- प्रति व्यक्ति रखा गया है। जबकि दूसरा स्टैंडर्ड श्रेणी मे 3 एसी क्लास से यात्रा होगी। जिसका शुल्क ₹ 35795/- प्रति व्यक्ति है।

    इसके अलावा ये सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी

    स्टेशन ऑफिसर गौतम किशोर ने बताया श्रेणी के हिसाब से वातानुकूलित और गैर वातानुकूलित होटल में रात्री विश्राम कराया जाएगा। शाकाहारी भोजन (सुबह, दोपहर और रात का भोजन), सुबह शाम चाय, साथ ही बंद बोतल पानी दिया जाएगा। उन्होंने बताया घूमने के लिए श्रेणी के हिसाब से वातानुकूलित और गैर वातानुकूलित बस की व्यवस्था रहेगी। पूरी यात्रा के दौरान कोच में सुरक्षागार्ड, सफाईकर्मी और टूर एस्कॉर्ट उपलब्ध रहेंगे।

    बुकिंग के लिए इनसे संपर्क करें

    उन्होंने बताया कि इच्छुक पर्यटक यात्रा सम्बन्धी विस्तृत जानकारी एवं बुकिंग के लिए IRCTC, बिस्कोमान टावर (चौथा तल्ला 2. पश्चिमी गाँधी मैदान, पटना-1 या दूरभाष संख्या 8595937731, 8595937732 से प्राप्त कर सकते है या IRCTC के वेबसाइट www.irctctourism.com पर जाकर बुकिंग कर सकते है। या नहीं तो IRCTC के अधिकृत एजेंट से भी बुकिंग करा सकते है।

  • निर्माण परियोजनाओं तथा रेल विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें: महाप्रबंधक

    निर्माण परियोजनाओं तथा रेल विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें: महाप्रबंधक

    पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने विभागाध्यक्षों के साथ की बैठक

    पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने गुरुवार को मुख्यालय में विभागाध्यक्षों एवं अन्य अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में महाप्रबंधक ने पूर्व मध्य रेल पर चल रहे यात्री सुविधा एवं आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में महाप्रबंधक ने निर्माण परियोजनाओं तथा रेल विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का दिशा-निर्देश दिया। पूर्व मध्य रेल के जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि महाप्रबंधक ने कहा कि हमें रेलवे के प्रत्येक क्षेत्र में नई तकनीक का ज्यादा- से -ज्यादा प्रयोग करना होगा। ताकि लोगों की अपेक्षा पर खरे उतरते हुए उन्हें बेहतर परिणाम दे सकें ।

    महाप्रबंधक ने पूर्व मध्य रेल में चल रही निर्माण परियोजनाओं एवं बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े कार्य की नियमित एवं गहन मॉनिटरिंग का निर्देश दिया। ताकि सभी निर्माण कार्य तय समय पर पूरा किया जा सके। बताते चलें कि डीडीयू मंडल अंतर्गत गया जंक्शन के विकास और इसके रि-मोडलिंग का काम चल रहा है। जैसा कि सूत्र बताते हैं कि 2026 तक गया जंक्शन का विकास और आधुनिकीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाना है। करोड़ों रुपये की लागत से इस निर्माण योजना को पूरा किया जाना है। आने वाले समय में गया जंक्शन पर यात्रियों को हवाई अड्डे की तर्ज पर यात्री सुविधाओं से लैस किया जाना है। जिसे लेकर बार बार यहां रेल अधिकारियों का आगमन होता है और इस कार्य में लगे एजेंसी को समय से कार्य को पूरा करा लिए जाने का निर्देश दिया जाता है।

    बैठक को संबोधित करते हुये महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने कहा कि गाड़ियों का समय-पालन, इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास एवं विस्तार, अमृत भारत स्टेशनों के कार्य में तेजी लाने, माल लदान, राजस्व में वृद्धि, स्वच्छता एवं कर्मचारी कल्याण हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है । बैठक में मुख्यालय के सभी विभागाध्यक्ष व अन्य उच्चाधिकारीगण उपस्थित थे।

  • आरपीएफ ने सात वर्षों के दौरान ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत 84,119 बच्चों को बचाया

    आरपीएफ ने सात वर्षों के दौरान ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत 84,119 बच्चों को बचाया

    ✍️ देवब्रत मंडल

    एक आम धारणा मन में लोगों की रहती है कि रेलवे सुरक्षा बल केवल रेल की संपत्तियों को सुरक्षा प्रदान करती है लेकिन ये अवधारणा पूरी तरह से सही नहीं है। रेलवे सुरक्षा बल रेल संपत्तियों की रक्षा के साथ रेल यात्रियों, उनके सामान से लेकर उनके साथ होने वाली हर तरह की परेशानियों को अपना समझ कर मानवीय मूल्यों की भी रक्षा करता है। अब तो इनका दायित्व इतना बढ़ गया है कि परिस्थिजन्य परेशान यात्रियों के परिवार को तो बाद में पता चलता है कि उनकी रक्षा के साथ साथ उन्हें नवजीवन प्रदान करने का काम आरपीएफ़ के जवान से लेकर शीर्षस्थ अधिकारी ने यात्रियों के साथ उनका व्यवहार कैसा होता है।
    महाभारत में युद्ध के समय भगवान श्रीकृष्ण ने जो गीतोपदेश दिए, उसमें एक वाक्य ‘तस्मात्त्वमुत्तिष्ठ यशो लभस्व’ की व्याख्या की थी। रेलवे सुरक्षा बल के बैज(badge) में प्रमुखता से ‘यशो लभास्व’ लिखा होता है। जिसका अर्थ यह है कि- भगवान श्रीकृष्ण ने युद्धभूमि(कुरुक्षेत्र) में कहा था- ‘तस्मात्त्वमुत्तिष्ठ यशो लभस्व’। अर्थात हे अर्जुन ! जब तुमने यह देख ही लिया कि तुम्हारे मारे बिना भी ये प्रतिपक्षी बचेंगे नहीं, तो तुम कमर कसकर युद्ध के लिये खड़े हो जाओ और मुफ्त में ही यश को प्राप्त कर लो। इसका तात्पर्य है कि यह सब होनहार(होनी) है, जो होकर ही रहेगी और इसको मैंने तुम्हें प्रत्यक्ष दिखा भी दिया है। इन्हीं संकल्पों को साकार करते हुए पिछले सात वर्षों में, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ‘नन्हे फरिश्ते’ नामक ऑपरेशन में अग्रणी रहा है।

    मिशन है इस ऑपरेशन का

    यह एक मिशन जो विभिन्न भारतीय रेलवे जोनों में पीड़ित बच्चों को बचाने के लिए समर्पित है। पिछले सात वर्षों (2018-मई 2024) के दौरान, आरपीएफ ने स्टेशनों और ट्रेनों में खतरे में पड़े या खतरे में पड़ने से 84,119 बच्चों को बचाया है।

    ‘नन्हे फरिश्ते’ एक ऑपरेशन से कहीं अधिक है

    यह उन हजारों बच्चों के लिए एक जीवन रेखा है जो खुद को अनिश्चित परिस्थितियों में पाते हैं। 2018 से 2024 तक का डेटा, अटूट समर्पण, अनुकूलनशीलता और संघर्ष क्षमता की कहानी दर्शाता है। प्रत्येक बचाव समाज के सबसे असुरक्षित सदस्यों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ की प्रतिबद्धता का एक प्रमाण है।

    वर्ष 2018 में ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ अभियान की हुई थी शुरुआत

    वर्ष 2018 में ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ की महत्वपूर्ण शुरुआत हुई। इस वर्ष, आरपीएफ ने कुल 17,112 पीड़ित बच्चों को बचाया, जिनमें लड़के और लड़कियां दोनों शामिल हैं। बचाए गए 17,112 बच्चों में से 13,187 बच्चों की पहचान भागे हुए बच्चों के रूप में की गई, 2105 लापता पाए गए, 1091 बच्चे बिछड़े हुए, 400 बच्चे निराश्रित, 87 अपहृत, 78 मानसिक रूप से विक्षिप्त और 131 बेघर बच्चे पाए गए। वर्ष 2018 में इस तरह की पहल की तत्काल आवश्यकता को उजागर करते हुए ऑपरेशन के लिए एक मजबूत नींव रखी गई।

    बढ़ते रहे इस अभियान के कदम

    वर्ष 2019 के दौरान, आरपीएफ के प्रयास लगातार सफल रहे और लड़कों और लड़कियों दोनों सहित कुल 15,932 बच्चों को बचाया गया। बचाए गए 15,932 बच्चों में से 12,708 भागे हुए, 1454 लापता, 1036 बिछड़े हुए, 350 निराश्रित, 56 अपहृत, 123 मानसिक रूप से विक्षिप्त और 171 बेघर बच्चों के रूप में पहचाने गए।

    कोविड के दौरान भी सेवार्थ लगे रहे

    वर्ष 2020 कोविड महामारी के कारण चुनौतीपूर्ण था, जिसने सामान्य जीवन को बाधित किया और परिचालन पर काफी प्रभाव डाला। इन चुनौतियों के बावजूद, आरपीएफ 5,011 बच्चों को बचाने में कामयाब रही।
    वर्ष 2021 के दौरान, आरपीएफ ने अपने बचाव कार्यों में पुनरुत्थान देखा, जिससे 11,907 बच्चों को बचाया गया। इस वर्ष पाए गए और संरक्षित किए गए बच्चों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई, जिसमें 9601 बच्चों की पहचान भागे हुए के रूप में, 961 लापता के रूप में, 648 बिछड़े हुए, 370 निराश्रित, 78 अपहृत, 82 मानसिक रूप से विकलांग और 123 बेघर बच्चों के रूप में पहचाने गए।

    वर्ष 2023 के दौरान 11,794 बच्चों को बचाने में सफल रही

    वर्ष 2023 के दौरान, आरपीएफ 11,794 बच्चों को बचाने में सफल रही। इनमें से 8916 बच्चे घर से भागे हुए थे, 986 लापता थे, 1055 बिछड़े हुए थे, 236 निराश्रित थे, 156 अपहृत थे, 112 मानसिक रूप से विकलांग थे, और 237 बेघर बच्चे थे। आरपीएफ ने इन असुरक्षित बच्चों की सुरक्षा और उनकी अच्छी देखभाल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

    2024 के पहले पांच महीनों में, आरपीएफ ने 4,607 बच्चों को बचाया

    2024 के पहले पांच महीनों में, आरपीएफ ने 4,607 बच्चों को बचाया है। जिसमे 3430 घर से भागे हुए बच्चों को बचाया गया है, शुरुआती रुझान ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का प्रमाण देते हैं। ये संख्या बच्चों के भागने की लगातार जारी समस्या तथा उन्हें अपने माता पिता के पास सुरक्षित पहुंचने के लिए आरपीएफ के किए गए प्रयासों दोनों को दर्शाती हैं।

    आरपीएफ का ऑपरेशन का दयारा लगतार बढ़ता ही रहा

    आरपीएफ ने अपने प्रयासों से, न केवल बच्चों को बचाया है, बल्कि घर से भागे हुए और लापता बच्चों की दुर्दशा के बारे में जागरूकता भी बढ़ाई है, जिसमे आगे की कार्रवाई और विभिन्न हितधारकों से समर्थन मिला। आरपीएफ का ऑपरेशन का दयारा लगतार बढ़ रहा है, रोज नई चुनौतियों का सामना कर भारत के विशाल रेलवे नेटवर्क में बच्चों के लिए एक सुरक्षित वातावरण बनाने का प्रयास कर रहा है।

    इस पोर्टल पर पूरी जानकारी है उपलब्ध

    ‘ट्रैक चाइल्ड’ पोर्टल पर बच्चों की पूरी जानकारी उपलब्ध रहती है। 135 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर चाइल्ड हेल्पडेस्क उपलब्ध है।आरपीएफ मुक्त कराए गए बच्चों को जिला बाल कल्याण समिति को सौंप देती है । जिला बाल कल्याण समिति बच्चों को उनके माता-पिता को सौंप देती है।

  • पूजा अर्चना कर मंगल गीतों के साथ धान की रोपाई शुरू, देश की संस्कृति और परंपरा को आज भी नहीं लोग भूले हैं

    पूजा अर्चना कर मंगल गीतों के साथ धान की रोपाई शुरू, देश की संस्कृति और परंपरा को आज भी नहीं लोग भूले हैं

    ✍️देवब्रत मंडल

    कृषि क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बनने के लिए सतत प्रयास करता रहा है। खाद्यान्न की कमी होने पर देश में दूसरे देशों से आयात किया जाता है। अब तो किसान नई तकनीकों के सहारे अन्न के उत्पादन में काफी आगे निकल गए हैं लेकिन भारत की संस्कृति और परंपराओं को भला कोई कैसे भूल सकता है। आज कृषि के क्षेत्र में विज्ञान की अनिवार्यता हो चली है। खेतों की जुताई अब हल-बैल से कम होती है लेकिन अभी भी बिहार के किसान हल बैल से खेतों की जुताई करने के बाद ही खरीफ सीजन में अनाज का उत्पादन करते हुए देखे जाते हैं। कृषि को उद्योग का दर्जा अबतक नहीं दिया जा सका है। जबकि इसकी मांग निरंतर जारी है। आज हम बात कर रहे हैं अपनी संस्कृति और परंपराओं की। बिहार के किसान खासकर दक्षिण बिहार में धान की फसल बारिश पर ही निर्भर करते हैं। धान की रोपाई का काम अब शुरू हो चुका है। ऐसे में पारंपरिक तरीके से धान की बुआई को भला कैसे भूला जा सकता है।

    कृषकों के अनुसार वर्षा ऋतु में धान की रोपनी शुरू की जाती है और इंद्र भगवान की पूजा की जाती है। ताकि खेतों में समय समय पर बारिश होती रहे और रोपे गए धान के पौधे से पैदावार हिश्ट् पुष्ठ रहे। किसान के घर की महिलाएं धान रोपने की परंपरा को आज भी जीवित रखे हुए हैं। गया के किसान रघुवीर प्रसाद कहते हैं कि धान की रोपाई शुरू करने से पहले खेतों में पूजा अर्चना करते हैं। नगर प्रखंड के कोरमा पंचायत की गीता देवी ने बताया कि उत्तर-पश्चिम कोने पर कोठी(मिट्टी से बने छोटे आकार) में धान और चावल को रखकर ढक दिया जाता है। इसके बाद इनकी पूजा अर्चना की जाती है ताकि अन्न का भंडार हमेशा भरा रहे। इसी कारण से भी उत्तर-पश्चिम दिशा के कोने को ‘भंडार कोना’ भी कहा जाता है।

    साथ में धान रोपने वाली महिलाएं इंद्रदेव के साथ भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को भी स्मरण करते हुए मंगल गीत गाती हैं।
    हालांकि बिहार में धान की रोपाई करने के पहले बीज से बिचड़ा तैयार करते हैं। विशेष रूप से आषाढ़ मास के शुक्लपक्ष शुरू होने के बाद ही धान की रोपाई की जाती है। अंग्रेजी महीने की बात करें तो जून-जुलाई के मध्य धान की रोपनी की जाती है। बिहार के भोगौलिक दृष्टिकोण से देखें तो जून के प्रथम सप्ताह से यहां मॉनसून प्रवेश करता है। समय पर मॉनसून के प्रवेश करने का समय जून-जुलाई के बीच का समय माना जाता है। किसान इस मौसम का केवल इंतजार ही नहीं करते हैं बल्कि खरीफ फसलों की बुआई के लिए खेतों को उत्तम उत्पादन के लायक तैयार कर लिया करते हैं।

    इस मौसम में सब्जियों की खेती करने वाले किसान भी मॉनसून आने से कुछ दिन पहले खेतों की जुताई कर अच्छे से तैयार कर लेते हैं। इसके बाद दक्षिण बिहार में मक्का(मकई), भिंडी, नेनुआ( कहीं इसे तोरी तो कहीं इसे घिउरा भी कहते हैं)’ कद्दू, कोहड़ा, आदि सब्जियों के बीज की रोपाई करते हैं। जिसके पौधे सही से तैयार हो जाते हैं और समय से फूलने और फलने लगते हैं।

  • गरीबों के लिए संजीवनी: गया में जल्द खुल सकता है नया एम्स, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने स्वास्थ मंत्री से मुलाकात कर रखा प्रस्ताव

    गरीबों के लिए संजीवनी: गया में जल्द खुल सकता है नया एम्स, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने स्वास्थ मंत्री से मुलाकात कर रखा प्रस्ताव

    न्यूज डेस्क: गया के सांसद और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने आज दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर बिहार में एक महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य परियोजना का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव में गया में एक नए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और बिहार में एक केंद्रीय कैंसर संस्थान की स्थापना शामिल है।

    मांझी ने अपने प्रस्ताव में गया की विशिष्ट चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “गया उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के लोग रहते हैं। यहां उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है, जिससे लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।”

    वर्तमान में, बिहार में केवल पटना में एक एम्स है। गया में एक नए एम्स की स्थापना न केवल बिहार, बल्कि पड़ोसी राज्य झारखंड के मरीजों को भी लाभान्वित करेगी। मांझी ने इस बात पर जोर दिया कि गया की भौगोलिक स्थिति इसे दोनों राज्यों के लिए एक रणनीतिक स्वास्थ्य केंद्र बनाती है।

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और जल्द ही इस पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, “हम गया और बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस प्रस्ताव की विस्तृत समीक्षा की जाएगी और शीघ्र ही इस पर कार्य शुरू किया जाएगा।”

    इस बीच, स्थानीय स्तर पर भी इस प्रस्ताव को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार मंडल ने एक महत्वपूर्ण सुझाव दिया है। उन्होंने बताया कि गया में पहले से ही गौतम बुद्ध कुष्ठ आश्रम सह अस्पताल की लगभग 12 एकड़ और कुष्ठ अस्पताल की 3 एकड़ से अधिक खाली जमीन उपलब्ध है। “इन स्थानों का उपयोग प्रस्तावित संस्थानों के लिए किया जा सकता है, जिससे सरकार को अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं होगी,” डॉ. मंडल ने कहा।

    गया के जिलाध्यक्ष नारायण प्रसाद मांझी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा, “यह प्रस्ताव गया के लोगों, विशेषकर गरीबों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यह न केवल बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा, बल्कि रोजगार के अवसर भी पैदा करेगा।”

    यदि यह प्रस्ताव मंजूर हो जाता है, तो यह गया और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में क्रांतिकारी बदलाव ला सकता है। इससे न केवल गंभीर बीमारियों का बेहतर इलाज संभव होगा, बल्कि मेडिकल शिक्षा और अनुसंधान को भी बढ़ावा मिलेगा।

    स्थानीय नागरिकों ने इस प्रस्ताव पर उत्साहजनक प्रतिक्रिया दी है। राम लखन प्रसाद, एक स्थानीय निवासी ने कहा, “यदि यहां एम्स खुलता है, तो हमें अब पटना या दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा। यह हमारे लिए बहुत बड़ी राहत होगी।”

    इस प्रकार, गया में एम्स और कैंसर संस्थान की स्थापना का प्रस्ताव न केवल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बदलने की क्षमता रखता है, बल्कि यह सामाजिक-आर्थिक विकास का एक महत्वपूर्ण वाहक भी बन सकता है। अब सभी की नजरें केंद्र सरकार के निर्णय पर टिकी हुई हैं।

  • मोक्ष व ज्ञान की भूमि पर लाशों को कतर दे रहे हैं चूहे, इंसानियत के नाते नहीं, कम से कम मानवता के नाते तो…

    मोक्ष व ज्ञान की भूमि पर लाशों को कतर दे रहे हैं चूहे, इंसानियत के नाते नहीं, कम से कम मानवता के नाते तो…

    ✍️देवब्रत मंडल

    ‘गयाजी’ मोक्ष और ज्ञान की पावन धरा के रूप में जगत में विख्यात है। इस गयाजी की धरती पर बाहर से आने वाले लोग अपने पितरों की मुक्ति के लिए तर्पण और बहुत कुछ अर्पण करने के लिए सालों भर आते रहते हैं। वहीं देश विदेश से लोग ज्ञान की भूमि बोधगया आना जाना करते ही रहते हैं। कोई सड़क मार्ग से कई रेलमार्ग से तो कुछ हवाई मार्ग से आते हैं। रेलमार्ग से आने वाले गया जंक्शन पर उतरते हैं और इसी जंक्शन से ट्रेनों से स्वदेश को लौट जाते हैं।

    अत्याधुनिक गया जंक्शन की योजना में शवगृह का कोई स्थान सुनिश्चित नहीं

    गया जंक्शन पर विकास कार्य द्रुत गति से चल रहा है। इसे अंतरराष्ट्रीय लूक के साथ अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। गया जंक्शन आने वाले कुछ दिनों में एक भव्य और सुंदर होने के साथ साथ अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस होगा। इन सभी के बीच एक महत्वपूर्ण स्थान शवगृह की रूपरेखा तय नहीं की गई है। जिस ऐजेंसी के माध्यम से यहां विकास का कार्य जारी है, उन्हीं में से एक ने अपना नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि फिलहाल जिस योजना पर कार्य हो रहा है उसमें कहीं भी Mortuary यानी ‘शव गृह’ का स्थान सुनिश्चित नही किया गया है। जिसकी सख्त जरूरत भी है। इसे भी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होना चाहिए।

    वर्तमान शवगृह केवल नाम का है

    बहरहाल जो वर्तमान में शव गृह है, उसे शव गृह केवल नाम दे दिया गया है। बाकी कुछ नहीं ऐसा की यहां रखे जा रहे शवों को सुरक्षित रखा जा सके। जो वर्तमान में गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर दिल्ली एंड के ठीक छोर पर है। केवल यहां चारो तरफ से टिन के एसवेस्टर से यूं ही घेर दिया गया है। यहीं पर आरएमएस कार्यालय संचालित हो रहा है। कुछ दूरी पर ही पार्सल कार्यालय है। और तो और एक नम्बर प्लेटफॉर्म पर रुकने वाली सभी ट्रेनों के इंजन ठीक इसी शवगृह के पास ही रुकते हैं। ऐसे में इस शवगृह से उठने वाली दुर्गंध से हर कोई परेशान हैं।

    शवों को चूहे कुतर डालते हैं

    इस शव गृह में रखी जाने वाली लाशों को मोटे मोटे चूहे कुतर डालते हैं। गया जंक्शन पर और रेल थाना के अधिकार क्षेत्रों से बरामद लाशों को रखने वाले लखन, कालिया ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद अज्ञात व्यक्ति के शवों को इसी शव गृह में नियमानुसार 72 घन्टे रखा जाता है। इतने दिनों तक रखे जाने वाले शवों को चूहे कुतर डालते हैं। देखा जाए जो मानवता के नाते लाशों के साथ ऐसा होना किसी भी इंसान के लिए गंवारा नहीं।
    बहरहाल जो इस शव गृह का सुरते-हाल है, वो मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देता है।

  • ये दिल मांगे मोर: कैप्टन विक्रम बत्रा की वीरता को OTA गया ने किया याद

    ये दिल मांगे मोर: कैप्टन विक्रम बत्रा की वीरता को OTA गया ने किया याद

    ✍️दीपक कुमार

    कारगिल युद्ध के महानायक कैप्टन विक्रम बत्रा, परमवीर चक्र, के सर्वोच्च बलिदान की 25वीं वर्षगांठ पर अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी (OTA) गया ने एक सप्ताह लंबे भव्य समारोह का आयोजन किया। 2 से 7 जुलाई 2024 तक चले इस कार्यक्रम ने न केवल अकादमी के अधिकारियों, जूनियर कमीशंड अधिकारियों, अन्य रैंकों और रक्षा नागरिक कर्मचारियों में देशभक्ति की भावना जगाई, बल्कि अकादमी के कैडेटों को भी प्रेरित किया।

    समारोह की शुरुआत 2 से 4 जुलाई तक देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्मों जैसे ‘LOC कारगिल’, ‘शेरशाह’ और ‘लक्ष्य’ की स्क्रीनिंग से हुई। इन फिल्मों ने कारगिल युद्ध की वीरगाथाओं को जीवंत किया और कैप्टन बत्रा के जीवन पर प्रकाश डाला।

    समारोह का मुख्य आकर्षण 6 जुलाई को विजय सभागार में आयोजित स्मृति वार्ताओं की श्रृंखला रही। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे:

    1. लेफ्टिनेंट जनरल योगेश कुमार जोशी, PVSM, UYSM, AVSM, VrC, SM (सेवानिवृत्त), जो ऑपरेशन विजय के दौरान 13वीं बटालियन, जम्मू और कश्मीर राइफल्स के तत्कालीन कमांडिंग ऑफिसर थे।
    2. श्री गिरधारी लाल बत्रा, कैप्टन विक्रम बत्रा के गौरवान्वित पिता।
    3. श्री विशाल बत्रा, कैप्टन विक्रम बत्रा के जुड़वां भाई।
    4. श्री मुकेश खेतरपाल, स्वर्गीय सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेतरपाल, परमवीर चक्र के भाई।

    इसके अतिरिक्त, ब्रिगेडियर एस विजय भास्कर, वीर चक्र, कर्नल विकास वोहरा, वीर चक्र और कैप्टन नवीन नागप्पा, सेना मेडल के पूर्व रिकॉर्ड किए गए वीडियो संदेश भी प्रसारित किए गए। ये सभी अधिकारी 13वीं बटालियन, जम्मू और कश्मीर राइफल्स में कैप्टन बत्रा के साथ सेवा कर चुके हैं।

    वार्ताओं और वीडियो संदेशों का मुख्य केंद्र कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन की झलकियां और किस्से थे। वक्ताओं ने उनके बचपन से लेकर कारगिल युद्ध (ऑपरेशन विजय) में एक जूनियर नेता के रूप में उनकी भूमिका तक की यात्रा का वर्णन किया।

    लेफ्टिनेंट जनरल जोशी ने कहा, “कैप्टन बत्रा का साहस और नेतृत्व कौशल असाधारण था। उन्होंने अपने जीवन की परवाह किए बिना अपने सैनिकों का नेतृत्व किया।”

    श्री गिरधारी लाल बत्रा ने अपने बेटे के बचपन के किस्से साझा करते हुए कहा, “विक्रम बचपन से ही देशभक्त था। वह हमेशा कहता था कि वह देश की सेवा करना चाहता है।”

    कैप्टन बत्रा के भाई विशाल ने भावुक होते हुए कहा, “विक्रम का बलिदान व्यर्थ नहीं गया। वह आज भी लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।”

    इस अवसर पर OTA गया के कमांडेंट ने कहा, “कैप्टन बत्रा की वीरता की गाथा हमारे कैडेटों को प्रेरित करती रहेगी। उनका जीवन हमें सिखाता है कि देश के लिए कोई बलिदान बहुत बड़ा नहीं होता।”

    समारोह के अंतिम दिन, 7 जुलाई को, अकादमी में एक विशेष परेड का आयोजन किया गया, जिसमें कैडेटों ने कैप्टन बत्रा को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर कैप्टन बत्रा के परिवार के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

    कैप्टन विक्रम बत्रा, जिन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति दे दी, भारत के सर्वोच्च वीरता पुरस्कार परमवीर चक्र से सम्मानित किए गए। उनका प्रसिद्ध नारा “ये दिल मांगे मोर!” आज भी भारतीय सेना के जोश और जुनून का प्रतीक है।

    इस समारोह ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कैप्टन विक्रम बत्रा की वीरगाथा काल के पन्नों में स्वर्णाक्षरों में अंकित है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

  • ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी ठुकराल जी के गया प्रवास पर अभिनंदन समारोह का आयोजन

    ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी ठुकराल जी के गया प्रवास पर अभिनंदन समारोह का आयोजन

    युवतियों और महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी ठुकराल

    गया। बुधवार को विष्णुपद मार्ग स्थित शगुन गेस्ट हाउस में अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद की महिला शाखा ओजस्विनी के बैनर तले ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के गया प्रवास पर ओजस्विनी की गया जिलाध्यक्षा डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी की अध्यक्षता में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। मंचासीन अतिथियों सहित उपस्थित सभी कार्यकताओं ने ओंकार के तीन बार उच्चारण तथा विजयमंत्र “श्री राम, जय राम, जय-जय राम” के उद्वघोष के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी ठुकराल, ओजस्विनी की गया जिलाध्यक्षा डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी, शशिकांत मिश्र प्रांत महामंत्री, राष्ट्रीय बजरंग दल, डॉ. शिववचन प्रसाद सिंह, जिलाध्यक्ष, अहिप, राम बारीक, विभाग महामंत्री, मधु शर्मा, जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय महिला परिषद, मुक्तामणि, कार्याध्यक्ष, अहिप ने संयुक्त रूप से भगवान श्री राम के चित्र पर माल्यार्पण के साथ दीप प्रज्वलित किया। तत्पश्चात ओजस्विनी की गया जिलाध्यक्ष डॉ रश्मि प्रियदर्शनी ने ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी ठुकराल का स्वागत अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला पहनाकर किया।

    स्वागत वक्तव्य में डॉ रश्मि ने स्नेहिल व्यक्तित्व की धनी रजनी ठुकराल जी को भारतवर्ष की युवतियों और महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बतलाया और गया आकर युवतियों, महिलाओं एवं सभी कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन और उत्साहवर्द्धन हेतु ओजस्विनी और अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद की ओर से हार्दिक धन्यवाद दिया। बतौर मुख्य वक्ता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओजस्विनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी ठुकराल ने माँ, बहन और बेटियों की सुरक्षा के लिए उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण की आवश्यकता पर जोर दिया। महिलाएं स्वस्थ, शिक्षित, सुरक्षित तथा स्वावलंबी होंगी, तभी पूरा समाज सुखी तथा समृद्ध हो पायेगा। अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के स्थापना दिवस समारोह के तहत शहर के गाँधी चौक पर रजनी ठुकराल की उपस्थिति में सभी अहिप कार्यकताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

    सुश्री ठुकराल ने ओजस्विनियों को हिन्दू संस्कृति के गौरव को अक्षुण्ण रखने हेतु महिलाओं के सर्वांगीण विकास को जरूरी बतलाया। उन्होंने दीक्षा कार्यक्रम, महिला स्वरोजगार, किड्स अहेड कार्यक्रम के तहत गणेश चतुर्थी पर छोटे बच्चों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता, नवरात्रि पर मातृशक्ति आराधना-सह-डांडिया नृत्य एवं शस्त्र पूजन आयोजित करने पर बल दिया। सुश्री ठुकराल ने जनवरी 2025 में प्रयागराज में लगने वाले महाकुंभ मेले में सभी कार्यकर्ताओं को ससम्मान आमंत्रित किया। कार्यक्रम का संचालन ओजस्विनी की जिला महामंत्री अमीषा भारती ने एवं धन्यवाद ज्ञापन समाजसेवी मणिलाल बारिक ने किया। कार्यक्रम में शिल्पा साहनी, जिला मंत्री, ओजस्विनी, अन्या, हर्षिता, मिश्रा, रजनी त्यागी, जिला संरक्षक, राष्ट्रीय महिला परिषद, नितिन उपाध्यक्ष, मुकेश कुमार, विक्की कुमार, सौरभ सिंह, रतन गायब, अश्विनी कुमार, विकास कुमार, इंदु प्रजापति, सविता अग्रवाल, वीणा गिरी, संजीत प्रसाद, सीमा सिन्हा , नीलम मिश्रा, शीतल, प्रगति, जूही, स्वाति, रिसिका आदि लोगों की उपस्थिति थी।

  • प्रोफेसर नरेंद्र कुमार राणा बने सीयूएसबी के नए कुलसचिव, निवर्तमान कुलसचिव ने सौंपा पदभार

    प्रोफेसर नरेंद्र कुमार राणा बने सीयूएसबी के नए कुलसचिव, निवर्तमान कुलसचिव ने सौंपा पदभार

    टिकारी संवाददाता: सीयूएसबी के नए कुलसचिव के रूप में प्रोफेसर नरेंद्र कुमार राणा ने पदभार ग्रहण कर किया। पीआरओ मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि निवर्तमान कुलसचिव कर्नल राजीव कुमार सिंह से उन्होंने पदभार ग्रहण किया। प्रोफेसर राणा बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के भूगोल विभाग में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। पांच – वर्ष की अवधि के लिए सीयूएसबी का इन्हें कुलसचिव नियुक्त किया गया है। पद ग्रहण करने के पश्चात विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में कुलपति प्रोफेसर कामेश्वर नाथ सिंह ने नए कुलसचिव का विश्वविद्यालय परिवार की तरफ से स्वागत करते हुए बधाई दी।

    एक प्रोफेसर के तौर पर प्रो. राणा के कुशल अकादमिक रिकार्ड के मद्देनज़र कुलपति ने आशा जताई कि सीयूएसबी आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को छुएगा। साथ ही निवर्तमान कुलसचिव कर्नल सिंह के पांच वर्ष के बेहतरीन कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए बधाई दी। वंही पद ग्रहण के पश्चात अपने संबोधन में राणा ने कहा कि वे सीयूएसबी के चौतरफा विकास के लिए प्रयासरत रहेंगे और विश्वविद्यालय के हितों के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, प्राध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद थे।