ट्रेन संख्या 22349/22350 पटना-रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 04.08.2023 से अगले आदेश तक अपने निर्धारित मार्ग बरकाकाना- टाटीसिलवे -रांची के स्थान पर परिवर्तित मार्ग बरकाकाना- मुरीे- रांची के रास्ते चलायी जाएगी। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि 22349/ 22350 पटना- रांची- पटना वंदे भारत एक्सप्रेस जिस मार्ग से होकर परिचालित की जाती है उस मार्ग के हेहल-सांकी स्टेशनों के मध्य पिछले दिनों भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ था तथा वहां पर पहाड़ के पत्थर एवं मिट्टी के लूज हो जाने के कारण भूस्खलन की संभावना के मद्देनजर संरक्षा की दृष्टिकोण से इस रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेनों के मुवमेंट को अगले आदेश तक बंद किया गया है।
टिकारी संवाददाता: कालेज मोड़ से अनुमंडल जाने वाले मार्ग में सोन शिविर के समीप गुरुवार को दोपहर बाद ट्रक से कुचलकर एक बाइक चालक की दर्दनाक मौत हो गयी। जबकि बाइक पर सवार दो अन्य रिश्तेदार जख्मी हो गए। घटना के समय बाइक चालक अपने भाई एवं पिता के साथ घर जा रहे थे। मृतक की पहचान छावनी पर के रहने वाले मो शमशाद के रूप में हुई है। घटना के बाद ब्लॉक गेट के पास ट्रक खड़ा कर चालक फरार हो गया। जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने पुलिस के सामने ही ट्रक में आग लगाने का प्रयास किया। जब पुलिस ने भीड़ के मंसूबे को नाकाम किया तो फिर ट्रक का जमकर तोड़फोड़ किया। ट्रक पर सरकारी अनाज लदा था और टिकारी स्थित एफसीआई के गोदाम में जा रहा था। आक्रोशित व उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लियूए टिकारी थाना से और सुरक्षा बल को बुलाया गया। घटना की सूचना पर एसडीएम करिश्मा, एसडीपीओ गुलशन कुमार, बीडीओ नीरज आनंद, इंचार्ज सीओ कुंदन कुमार सहित अन्य अधिकारी व सुरक्षा बल स्थिति को नियंत्रण करने में जुटे थे।
आक्रोशितों ने किया सड़क जाम, जमकर काटा बवाल
घटना के बाद आक्रोशित व उग्र भीड़ ने टिकारी पंचानपुर मुख्य मार्ग को कालेज मोड़ पर मृतक का शव रखकर जाम कर दिया। उसके बाद अनुमण्डल मोड़ को भी जाम कर सड़क पर टायर रखकर आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया। आक्रोशितों ने वाहन मालिक से तथा सरकारी मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। एसडीएम द्वारा हिट एंड रन मामले में सरकारी प्रावधान के अनुसार दो लाख रुपये और पारिवारिक लाभ के तहत बीस हजार रुपये देने और ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी आक्रोशित नही माने और रुक रूक कर वाहन को क्षतिग्रस्त करने पर तुले थे। हालांकि पुलिस अधिकारियों द्वारा अपनी निगरानी में ब्लॉक गेट से ट्रक को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया। मौके पर उप मुख्य पार्षद सागर कुमार, वार्ड पार्षद अरशद आलम, पार्षद प्रतिनिधि मो समीम, पूर्व अध्यक्ष संजय जैन, फिरोज आलम, मो कल्लू सहित अन्य लोग आक्रोशित भीड़ को समझाने का प्रयास कर रहे थे। खबर लिखे जाने तक दोनो जगह जाम जारी थी व शव नही उठाया जा सका था।
जनगणना कार्य की वस्तुस्थिति से अवगत होने फतेहपुर और टनकुप्पा पहुंचने के क्रम में रास्ते में जिला पदाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने किसानों द्वारा किए जा रहे रोपनी को देखकर स्वयं गाड़ी से उतरकर किसानों के बीच जाकर रोपनी के संबंध में जानकारी लिए। जिला पदाधिकारी ने किसानों से उनसे सिंचाई के बारे में जानकारी लिया। किसान ने बताया कि यहां पर कोई आहर नहीं है, बिजली के सहारे पंप सेट के माध्यम से रोपनी किया जा रहा है। उन्होंने जिला पदाधिकारी से अनुरोध किया कि मायापुर शिव मंदिर के समीप ट्रांसफार्मर खराब है यदि ट्रांसफार्मर नया लगने से किसानों को पर्याप्त वोल्टेज मिलता जिससे और तेजी से किसान रोपनी का कार्य कर लेते।
इस पर जिला पदाधिकारी ने तुरंत अधीक्षण अभियंता बिजली को ट्रांसफार्मर बदलने का निर्देश दिए। किसानों ने बताया कि यदि 15 अगस्त तक लगातार वर्षा रहेगी तो काफी अच्छी मात्रा में रोपनी जिले में हो जाएगी। किसानों ने पोवाली पइन एवं मायापुर के बरमसिया पइन के जीर्णोद्धार करवाने का अनुरोध किया। किसान ने बताया कि उपरोक्त पइन काफी पुराना पइन है। इसे जीर्णोद्धार की अत्यंत आवश्यकता है, जिससे अधिक मात्रा में पानी सिंचाई के लिए मिल सकेगा। अचानक जिला पदाधिकारी के आगमन पर किसानों ने काफी खुशी प्रकट किया कि हम जैसे किसान जो खेत में अपना काम कर रहे थे उसे देख अपनी गाड़ी को रोककर हम किसान के बीच आकर हमारी समस्या को सुनने का कार्य किया है।
जनगणना के कार्य में जुटे कर्मचारियों को दिशा निर्देश देते डीएम (टनकुप्पा)
बिहार के सभी जिलों में 03 अगस्त से जाति आधारित गणना का कार्य पुनः प्रारंभ किया गया है। उक्त परिपेक्ष में गुरुवार को जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने फतेहपुर एवं टनकुप्पा में जाति आधारित गणना के कार्यों का स्वयं स्थल पर जाकर वस्तुस्थिति से अवगत हुए। फतेहपुर में निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रखंड स्तर पर बनाये गए मोनिटरिंग सेल ( कंट्रोल रूम) में किये जा रहे कार्य को देखा। बताया गया कि 53 प्रगणक के विरुद्ध 49 प्रगणक फील्ड में जाकर जाति आधारित गणना से संबंधित कार्य कर रहे हैं। शेष 4 अनुपस्थित रहे हैं। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी फतेहपुर को निर्देश दिया कि तकनीकी सहायकों का एक टीम बनाकर तकनीकी सेल बनाएं। साथ ही रंगा नाका को पंचायत वार टैगिंग करें। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन एंट्री को ध्यान में रखते हुए एक बड़े आकार का कमरा चिन्हित रखें। जहां पर्याप्त लॉजिस्टिक यथा बेंच, टेबल, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, पंखा, कंप्यूटर सिस्टम इत्यादि का पूरा व्यवस्था रखें। उन्होंने कहा कि अपने नियंत्रण कक्ष को पूरा तगड़ा रखें लगातार प्रगणकों से जानकारी लेते रहे।
जनगणना के कार्य में जुटे कर्मचारियों को दिशा निर्देश देते डीएम (फतेहपुर)
उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जाति आधारित गणना के कार्य में भरे गए विभिन्न परिपत्रों को पूरी अच्छी तरीके से संरक्षित रखें पर पत्रों का प्रॉपर मेंटेनेंस सामग्रियों का रिसीविंग रजिस्टर मेंटेनेंस इत्यादि को पूरी अच्छे तरीके से पालन करें। किसी अच्छे सुरक्षित स्थान पर रखें। बारिश का मौसम है इसे पूरी ध्यान में रखें। सभी एक एक प्रपत्र काफी अहम है इसलिए उसे पूरी अच्छे तरफ से सुरक्षित रखें। इसके पश्चात डीएम ने टनकुप्पा में जाकर जाति आधारित गणना के किए जा रहे कार्य का अवलोकन किया बताया गया कि 30830 सर्वे में से एक 21348 सर्वे का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। संध्या तक और अधिक होने की संभावना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी प्रपत्रों को अच्छे तरीके से समेकित कर सुरक्षित रखना सुनिश्चित करें। कार्यपालक सहायकों द्वारा सही तरीके से एंट्री हो, किसी प्रकार की कोई गलत एंट्री ना हो, इसके लिए पूरी निगरानी आवश्यक है।
एक तरफ बिहार सरकार जाति आधारित जनगणना को लेकर जल्दबाजी में है। वहीं गया में दूसरी तरफ बारिश ने इस काम में खलल डाल दिया है। कोर्ट से मिली हरी झंडी के बाद सरकार जाति आधारित जनगणना को जल्द पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया है। पदाधिकारी और कर्मचारी इस काम में जुट भी गए हैं। लेकिन गया शहरी क्षेत्र में बारिश ने इस जनगणना का खेल बिगाड़ दिया है। या कहें कि खलल पड़ गई है। गया नगर निगम क्षेत्र में जाति आधारित जनगणना को लेकर कई आंकड़े तो कंप्यूटर प्रोग्राम में सुरक्षित कर लिए गए थे। कुछ और काम बाकी रह गए हैं। जिसके लिए संबंधित जानकारियां हासिल कर लिए जाने के बाद इसका केवल प्रोग्राम फीड कर कंप्यूटर में सुरक्षित रखने की बात थी। इस बीच जातीय जनगणना का मामला कोर्ट में चले जाने के कारण इस कार्य पर ब्रेक लग गया था।
“वहीं इस संबंध में नगर निगम की ओर से बताया कि जाति आधारित सर्वे कार्य का कुछ रिकॉर्ड वर्षा के कारण भींग जाने से संबंधित जो खबरें में चलाई जा रही है, उसके संबंध में कहना है कि वर्षा के कारण लगभग 11 से 12 ई. बी का प्रपत्र आंशिक रूप से नमी के कारण भींग गया था। जिसे सुखाकर ठीक कर लिया गया है। सभी रिकॉर्ड बॉक्स में रखे गए थे, जिसमे से कुछ भींग गए थे। इस सभी रिकॉर्ड की छायाप्रति नगर निगम में रखा गया है। इन सभी रिकॉर्ड का डाटा की एंट्री पूर्व में ही कराई जा चुकी थी, इसके खराब होने की बात गलत है और इसका खंडन किया जाता है।”
प्रशासक, नगर निगम, गया
अब जब कोर्ट ने जातीय जनगणना को सही बताया तो शेष कार्य को शीघ्र पूरा करने में संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी जुट गए हैं। इस बीच गया नगर निगम के सम्राट अशोक भवन में सुरक्षित रखे गए आंकड़ों वाले दस्तावेज बारिश के पानी से भीग गए। इसी भवन में जनगणना के लिपिकीय (मिनिस्टीरियल) कार्य कराए जा रहे हैं। इस बात का पता तब चला, जब यहां जातीय जनगणना कार्य करने वाले कर्मचारी और सम्बंधित पदाधिकारी पहुंचे। जिस कमरे में दस्तावेज(आंकड़े)सुरक्षित और सहेज कर रखे हुए थे, उनमें से कई बंडल बारिश के पानी से भीग गए। निगम के एक कर्मचारी (जनगणना कार्य से जुड़े) ने बताया कि जिस कमरे में आंकड़े(दस्तावेज)रखे हुए थे, उस कमरे के छत पर बरसात का पानी जम(वाटर लॉगिंग)गया था।
जिसके सहारे छत का पानी निकलना था, वहाँ एक वृक्ष और गंदगी जमा होने के कारण छत का पानी खिड़की के तरफ से कमरे में आ गया। जिससे दस्तावेज(संग्रह किए आंकड़े वाले कागजात)भीग गए। इसकी सूचना वरीय पदाधिकारी तक पहुंच गई। जिसके बाद भीगे हुए करीब 15 बंडल में रहे कागजों को सुखाने का काम चल रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है कि कुल कितने बंडल कागज भीग गए हैं। परंतु इतना बताया गया कि प्रयास किया जा रहा है कि आंकड़े नष्ट नहीं हो और निर्धारित समय से जातीय जनगणना के सारे कार्य शीघ्रता से निबटा लिया जाए।
वहीं इस संबंध में गया जिलाधिकारी के हवाले से बताया गया कि जाति आधारित सर्वे कार्य का कुछ रिकॉर्ड वर्षा के कारण भींग जाने से संबंधित जो समाचार प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में चलाया जा रहा है, उसके संबंध में कहना है कि वर्षा के कारण लगभग 11 से 12 ई. बी का प्रपत्र आंशिक रूप से नमी के कारण भींग गया था, जिसे सुखाकर ठीक कर लिया गया हैl सभी रिकॉर्ड बॉक्स में रखे गए थे जिसमे से कुछ भींग गए थे! इस सभी रिकॉर्ड की छायाप्रति नगर निगम में रखा गया है, इन सभी रिकॉर्ड का डाटा की एंट्री पूर्व में ही कराई जा चुकी थी, इसके खराब होने की बात गलत है एवं इसका खंडन किया जाता है।
बेलागंज प्रखंड मुख्यालय स्थित पड़ाव मैदान में खेल परिसर के निर्माण को लेकर स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री डा सुरेंद्र प्रसाद यादव के अनुशंसा के बाद स्थल निरीक्षण को लेकर बुधवार को उप विकास आयुक्त बिनोद दूहन बेलागंज बेलागंज पहुंचे। जहां उप विकास आयुक्त ने पड़ाव मैदान पर खेल परिसर निर्माण की स्थिति का जायजा लिया एवं स्थानीय अंचलाधिकारी को जमीन की वास्तविक स्थिति के बारे में जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। इस दौरान उप विकास आयुक्त द्वारा प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। डीडीसी के वाहन को प्रखंड सह अंचल कार्यालय में प्रवेश करते हीं अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच अफरा तफरी का माहौल बन गया। डीडीसी सर्वप्रथम अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। जहां उपस्थित सीओ अजीत कुमार लाल को तत्काल पड़ाव मैदान की नापी करा वास्तविक स्थिति के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने का आदेश दिया। वहीं डीडीसी द्वारा सीओ को जमीन के मोटेशन कार्य में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया गया।
वहीं प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण दौरान डीडीसी बिनोद दूहन ने प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। वहीं बीडीओ कुंदन कुमार को जातिगत जनगणना में सरकार के आदेश का अक्षरशः पालन किए जाने का सख्त निर्देश दिया। डीडीसी ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय में फैली गंदगी और सीढ़ी दीवार पर यत्र तत्र बने पिलकदान पर भी नाराजगी जताई। डीडीसी के औचक निरीक्षण के दौरान बीडीओ कुंदन कुमार और सीओ अजीत कुमार लाल के अलावे प्रभारी नीमचक बथानी डीसीएलआर प्रवीण चंदन बीपीआरओ स्मिता वर्मा, आरओ निकिता अग्रवाल, मनरेगा पीओ सरिता कुमारी सहित सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
गया। अलीपुर थाने की पुलिस ने अपने क्षेत्र के टॉप टेन अपराधियों में शामिल अपराधी सोनू को गिरफ्तार किया है। साथ ही में उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया है। सोनू लंबे समय से फरार चल रहा था। पकड़ा गया अपराधी अलीपुर थाना क्षेत्र के भुइया गांव का रहने वाला है। सोनू के विरुद्ध अलीपुर थाने में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ अलीपुर थाना क्षेत्र के अलावा मखदुमपुर थाने में भी एक केस दर्ज है । अलीपुर थाने की पुलिस ने बताया कि बीती 10 अप्रैल को एक व्यक्ति द्वारा लिखित आवेदन दिया गया था । आवेदन में उस व्यक्ति का कहना था कि कि रात 8:00 बजे बाइक से वह अपने घर को जा रहा था। दो युवकों ने आवाज़ देकर बाइक रुकवाई। बाइक के पास पहुंचते ही एक युवक ने चेहरे पर जोरदार मुक्का मारा तो दूसरे युवक ने पैर पर डंडे से मारा। इससे वह बाइक से गिर गया। बाइक से गिरते ही दोनों बाइक लेकर भागने लगे। इस पर शोर मचाया तो आसपास के गांव वाले दौड़े और एक को पकड़ लिया। जबकि दूसरा आरोपी भागने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपी ने भागने वाले की पहचान सोने के रूप में दी।इस पर पुलिस दूसरे अपराधी सोनू की तलाश में जुट गई। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि दिग्गी तालाब के पास सोनू देखा जा रहा है। इस पर पुलिस ने जाल बिछा कर सोनू को गिरफ्तार कर लिया ।
गया जिले के बेलागंज प्रखंड मुख्यालय स्थित एक निजी विद्यालय के वाहन में अचानक आग लग गयी। काफी मशक्कत के बाद अग्निशमन दल के दस्ता ने आग पर काबू पाया। शुक्र रहा कि घटना के वक़्त वाहन में कोई बच्चे बैठे नहीं थे। बाज़ार-स्टेशन रोड स्थित प्रखंड कार्यालय के समीप संचालित एक निजी विद्यालय के विंगर वाहन बच्चों को उतार कर खड़ी ही हुई थी कि इस दौरान वाहन में अचानक धुआं के साथ आग की लपटें उठने लगी। जिसे देख उस रास्ते से जा रहे राहगिरों ने शोर मचाया तो विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मी आग बुझाने में जुट गये। तब तक आग पूरे वाहन को अपने आगोश में ले चुका था। घटना की तत्काल सूचना बेलागंज थाना को दी गयी। मौके पर पहुंचे अग्निशमन दल के दस्ते ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जबकि उक्त वाहन के बगल में विद्यालय की अन्य वाहन भी खड़ी थी। जो बच गए। घटना के कारणों का पता नहीं चला है। थानाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना में वाहन संख्या बीआर 02पी ए/6507 नम्बर की गाड़ी जल गया है। घटना को लेकर अभी तक विद्यालय प्रशासन की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
29वी वाहिनी एसएसबी गया के कमांडेंट श्री एच के गुप्ता को मिलिट्री इंटेलिजेंस से एक गुप्त सूचना मिली की एक व्यक्ति अवैध हथियारों का लेन देन करता है और यह सूचना को कमांडेंट महोदय ने ई समवाए बीबीपेसरा एसएसबी के कम्पनी कमांडर श्री रवि कुमार के साथ साझा करते हुए एक स्पेशल टीम का गठन किया गया। कम्पनी कमांडर रवि कुमार के नेतृत्व में बोध गया पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त टीम बोध गया थाना के अंतर्गत मढ़ई गांव में त्वरित छापामारी करते हुए एक कुख्यात क्रिमिनल बचन मांझी को 03 अवैध हथियारो के साथ गिरफ्तार किया है ।
बचन मांझी के पास से एक देसी राइफल(.315 बोर) , एक देसी कार्बाइन(थर्नेट) तथा एक देसी कट्टा बरामद हुआ। बचन मांझी पहले भी कई बार अवैध हथियारों के लेन देन में जेल जा चुका है । गौरतलब है कि इन्ही हथियारों का इस्तेमाल करके क्रिमिनल गैंग और नक्सली आम जनता को डराते धमकाते हैं। यह 29वी वाहिनी एसएसबी गया और गया पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी और यह पुलिस के द्वारा क्षेत्र में शांति बनाए रखने के अथक प्रयासों को दर्शाता है।
कोंच: स्थानीय कोंच थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव के समीप से अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को पुलिस ने सोमवार को जब्त किया। वहीं, पुलिस को देख मौके से चालक फरार हो गया। जानकारी देते हुए कोंच थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद ने कहा कि बिहार सनुदान खनिज खनन परिवहन एवं भंडारण अधिनियम 2019 एवं पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को मनोहरपुर गांव के समीप से बालू ढुलाई करते हुए जब्त किया गया है। यह कार्रवाई एस आई दीनानाथ यादव ने पुलिस बल के सहयोग से किया जिसे प्राथमिकी दर्ज किया गया है।