टिकारी संवाददाता: यात्राकार एवं पुरातत्वविद सागर कामले ने अपनी टीम के साथ महाराष्ट्र से चलकर टिकारी प्रखंड अंतर्गत केसपा गांव का भ्रमण किया । सागर कामले विगत पच्चीस दिनों में चार हजार किलोमीटर की यात्रा करते हुए मगध के कई ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन किया। केसपा गांव में उन्होंने सर्वप्रथम मां तारा देवी मंदिर का दर्शन किया एवं मंदिर परिसर में रखी हुई कई खंडित मूर्तियों का अवलोकन किया। उन्होंने सोरबहियां जी, भगवान गौतम बुद्ध की आदम कद प्रतिमा एवं गरूड़ पर सवार भगवान विष्णु की प्रतिमा का अवलोकन किया। इस अवसर पर ग्रामीण प्रो अरुण कुमार एवं हिमांशु शेखर ने उन्हें गांव की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से अवगत कराया।
भगवान बुद्ध की प्रतिमा को खुले आकाश में देखकर उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि, आज तक पुरातत्व विभाग एवं प्रशासन ने इतनी अद्भुत प्रतिमा का क्यों नहीं सुध लिया ? उन्होंने कहा कि केसपा ग्राम को भी राजगीर और बोधगया की तरह पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करना चाहिए। इस गांव की खुदाई से आज भी कई दुर्लभ अवशेष की प्राप्ति हो सकती है, जिससे इतिहास की कई परतें खुल सकती है। सागर कामले अपने यूट्यूब चैनल बोधिसत्व के जरिए आमजन को ऐतिहासिक स्थलों से अवगत करा रहे है।
टिकारी संवाददाता: एसएसपी आशीष भारती ने शुक्रवार को एसडीपीओ कार्यालय टिकारी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीपीओ गुलशन कुमार सहित अनुमण्डल के सभी थाना के थानाध्यक्ष एवं ओपी अध्यक्ष मौजूद थे। इस अवसर पर एसएसपी भारती ने सभी पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, त्वरित एवं प्रभावी अनुसंधान, संचिकाओं का बेहतर संघारण, पूर्ण शराबबंदी का सख्ती से अनुपालन, अपराधियों की गिरफ्तारी, वारंट, इश्तेहार, कुर्की का निष्पादन, अवैध खनन तथा परिवहन पर पूर्ण रोकथाम, प्रभावी गश्ती को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
उन्होंने अनुमंडल के सभी थानों के महत्वपूर्ण कांडों की भी समीक्षा की और बदमाशों की त्वरित गिरफ्तारी तथा त्वरित गति से अनुसंधान पूर्ण कर कांडों के निष्पादन को लेकर सम्बन्धित थानाध्यक्ष को निर्देश दिया। इससे पूर्व एसडीपीओ कार्यालय पहुंचने पर एसएसपी को टिकारी थाना के पुलिस बल के जवानो ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
टिकारी संवाददाता: वर्ष 2014 में एक अनुसूचित जाति की हत्या और दबंगई का आरोप लगाकर गांव से इस वर्ग के सभी परिवार के पलायन कर जाने के बाद गांव में ओपी बनाने घोषणा अब साकार होता दिख रहा है। तत्कालीन मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के कैबिनेट से ओपी बनाने के प्रस्ताव पर मुहर लगी थी। शुक्रवार को एसएसपी आशीष भारती स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ घटना पीड़ित गांव टिकारी प्रखंड के पूरा पहुंचे। जंहा संचालित मध्य विद्यालय के समीप ओपी के लिए प्रस्तावित स्थल का जायजा लिया। एसएसपी भारती ने पूर्व में संचालित पुलिस पिकेट को पुनह चालू करने का निर्देश एसडीपीओ गुलशन कुमार को दिया। साथ ही ओपी के लिए प्रस्तावित स्थल अनवाद बिहार सरकार के नाम से उपलब्ध भूखंड में से 60 डिसमिल भूमि में से ओपी के निर्माण के लिए सम्बन्धित विभाग को हस्तांतरित भूमि का सुरक्षा सहित अन्य दृष्टिकोण से निरीक्षण किया।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस भवन निर्माण निगम द्वारा ओपी का भवन निर्माण के लिए पांच करोड़ की राशि का प्राविधान किया गया है जिसका निविदा भी प्रकाशित की जा चुकी है। ओपी का निर्माण हो जाने से अनुमण्डल क्षेत्र के दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और क्राइम कंट्रोल में लाभ मिलेगा। यंहा बता दें कि वर्ष 2014 में पैक्स चुनाव से पूर्व एक अनुसूचित जाति की हत्या के बाद घटना को राजनीतिक रंग दिया गया था। इसी कड़ी में गांव के लगभग 300 अनुसूचित जाति के परिवारों को उकसाकर घर छोड़कर गांव से पलायन कराकर सामाजिक माहौल को खराब कर दिया गया था। कई दिनों तक हाई वोल्टेज राजनीतिक ड्रामा के बीच जिला प्रशासन ने पलायन करने वालों को घर वापसी पर सुरक्षा का भरोसा देते हुए तत्काल गांव में पुलिस पिकेट की स्थापना की गई थी। जिसे बाद में हटा लिया गया था। स्थानीय ग्रामीणों का मानना है कि ओपी बनने से आम लोगों को कोई लाभ नही मिलेगा। वल्कि लोकल पोलटिक्स में आम लोग झूठे मुकदमे का शिकार बनेंगे। बहरहाल स्थल निरीक्षण के दौरान एसएसपी के साथ एसडीपीओ, एसएचओ श्रीराम चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद थे।
टिकारी संवाददाता: अलीपुर थाना की पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी में शामिल एक अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। अलीपुर थानाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि अलीपुर थाना में दर्ज कांड संख्या 50/23 के अनुसंधान के क्रम में ट्रैक्टर को मगध मेडिकल थानाक्षेत्र के कोशडीहरा ग्राम से बरामद किया गया। चोरी की गई ट्रैक्टर कोशडीहरेया निवासी महावीर यादव के पुत्र छोटू कुमार के घर से बरामद हुआ था। मौके पर से छोटू फरार हो गया था। जबकि घटना में संलिप्त कुंदन कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस द्वारा छोटू कुमार को कांड में अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया था। घटना के बाद से छोटू फरार चल रहा था। शुक्रवार को अलीपुर थानाध्यक्ष श्री शर्मा को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि छोटू अपने घर पर ही है। सूचना मिलते ही श्री शर्मा दल बल के साथ मगध मेडिकल थाना की पुलिस के सहयोग से छोटू को गिरफ्तार कर ली। पुलिस द्वारा पूछताछ कर छोटू को न्यायालय को सुपुर्द कर दिया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
फल्गु नदी से बालू की चोरी करके ले जा रहे ट्रैक्टर को जब्त करने गए चाकन्द थाने पुलिस पर शुक्रवार को बालू माफिया गिरोह के लोगों ने ईंट पत्थर से हमला कर दिया। रोड़ेबाजी में पुलिस वाहन का चालक की उंगली फ्रैक्चर हो गया है। बालू चोर गिरोह के हमले में पुलिस वाहन का शीशा टूट गया है।जबकि,बालू माफिया गिरोह ने पुलिस द्वारा जब्त ट्रैक्टर को जबरन छुड़ा कर भागने में सफल रहे।अपर थानाध्यक्ष रामाशीष सिंह ने बताया कि फल्गु नदी के तिनेरी घाट से अवैध रूप से बालू का उठाव किया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस तिनेरी घाट पहुंचकर बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और उसे थाना लाया जा रहा था।इसी बीच बालू चोरों के गिरोह के लोगों ने पुलिस बल पर हमला कर दिया। जहां रोड़ेबाजी में पुलिस वाहन चालक ओमप्रकाश कुमार की उंगली टूट गई है और पुलिस वाहन का शीशा टूट गया है। मामले को लेकर पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस बल पर हमले में शामिल लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। उसके बाद अग्रतर कारवाई किया जाएगा।
दो वर्षों से जिस ट्रक का फिटनेस था फेल, एफसीआई उससे सरकारी अनाज की करा रही थी ढुलाई
टिकारी संवाददाता: गुरुवार को ट्रक से कुचलकर बाइक चालक युवक की हुई मौत मामले में मृतक के भाई ने टिकारी थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषी ट्रक चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वंही जिस ट्रक से हादसा हुआ उस ट्रक के बारे में चौकाने वाला सच सामने आया है। ट्रक के है सभी कागजात फेल दुर्घटना को अंजाम देने वाली ट्रक (वाहन संख्या- जेएच 02 जे 8205) के सभी कागजात फेल है। ट्रक एफसीआई का अनाज लेकर टिकारी स्थित गोदाम जा रहा था। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि किस आधार पर सभी तरह के कागजातों व मानकों से फेल ट्रक से सरकारी अनाज का परिवहन हो रहा था।
एम परिवहन मोबाइल एप से जांच करने पर पाया गया कि वाहन का 16 जनवरी 2021 तक फिटनेस, 30 जून 2020 को टैक्स जमा, 24 फरवरी 2021 तक इन्शुरन्स, 21 सितंबर 2021 तक पॉल्यूशन व 22 सितंबर 2017 तक नेशनल परमिट वैध थी। बावजूद मौत का पैगाम वाला यह ट्रक सरकारी सेवा में लगा था। फिटनेस फेल ट्रक से कौन काम ले रहा था, उसको सरकारी अनाज ढोने के काम मे किसके अनुमति से लगाया गया, उक्त ट्रक से परिवहन कराने से पूर्व उसके कागजातों की क्यों नही जांच की गई आदि सवालों का जबाब स्थानीय किसी अधिकारियों के पास नही है।
लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, गया के वरीय लेखा लिपिक अनिल कुमार सिन्हा (रूपक सिन्हा) जो लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, गया अंचल, गया में प्रतिनियुक्ति पर थे। इनकी सेवानिवृत्ति के उपरांत प्रमंडल कार्यालय में आयोजित विदाई समारोह में अंचल, प्रमंडल एवं अवर प्रमंडल के पदाधिकारियों एवं कर्मवारियों द्वारा उनके व्यक्तित्व और कृतित्व की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अभिशांत राज, अधीक्षण अभियंता के तकनीकी सलाहकार ई० सुभाष सिन्हा, सहायक अभियंता सुश्री प्रेम कुँवर, मौसमी कुमारी एवं हिमांशु अंकित सहित अन्य वक्ताओं ने उनके कार्यकाल के अनुभव सहभागिता की चर्चा करते हुए अवकाश ग्रहण के पश्चात् उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उल्लेखनीय है कि श्री सिन्हा वरिष्ठ साहित्यकार और छायाकार भी है। इनकी रचनाएं व तस्वीरें देश-विदेश के विभिन्न पत्र- पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही है। साथ ही देश के विभिन्न भागों में छायाचित्रों की प्रदर्शनी होती रही है।
वर्तमान में कलाकारों से जुड़े संस्थान ‘पिचकारी आर्ट’ गया के अध्यक्ष सहित देश के कई कला संस्थान से जुड़े हैं। उक्त विदाई समारोह का संचालन प्रमंडल के कर्मी वीरमणी कुमार ने किया। जिनकी उपस्थिति प्रमुख रही उनमें रामलखन प्रसाद, गजाधर सिंह, इंद्रजीत सिंह, शिवशंकर प्रसाद, अशोक कुमार, रवि कुमार, महेश प्रसाद, अंचल के सन्नी कुमार, अजय कुमार प्रमुख थे। कार्यक्रम के अंत में सेवानिवृत्त कर्मी सिन्हा ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार प्रकट किया और अपने अनुभव को साझा करते हुए भविष्य में सृजनात्मक और रचनात्मक कार्यों में समर्पित रहने की बात दोहरायी।
पिछले महीने गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर पेट्रोल पंप के पास पाली गांव निवासी दीपू की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने के मामले में पुलिस ने शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार शूटर के साथ दो और को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बता दें कि इसके पूर्व पुलिस ने दीपू हत्याकांड के षड्यंत्र के मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस गिरफ्तार शूटर सहित तीनों से गहन पूछताछ कर रही है। इस मामले डीएसपी विधि व्यवस्था का कहना है कि जांच अभी चल रही है। कागजी कार्रवाई के बाद वरीय अधिकारी विशेष जानकारी देंगे।
File photo
स्मरण करा दें कि जुलाई महीने में पाली के रहने वाला दीपू पारिवारिक विवाद मामले में गया कोर्ट में गवाही देकर अपनी बाइक से गांव की ओर लौट रहा था। रास्ते में फतेहपुर पेट्रोल पंप के निकट बाइक सवार अपराधियों ने दीपू को गोली मार दी थी। तीन दिनों तक पटना एम्स में इलाज चला। इस दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के दूसरे दिन पुलिस ने एक महिला को हत्या का षडयंत्र करने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शूटर और अन्य अपराधी की तलाश में पुलिस जुटी हुई थी। अब जबकि पुलिस ने शूटर सहित दो अपराधियों को इस हत्याकांड में गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार शूटर फौजी है और गया में ही पदस्थापित है। जिसके बारे में बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से सीतामढ़ी जिले का रहने वाला है। अगले साल जनवरी में वह रिटायर्ड भी होने वाला है। वही दूसरा अपराधी टिकारी प्रखंड के मुसी गांव का रहने वाला बताया गया है। जबकि तीसरा घटना के वक्त शूटर के साथ था। गौरतलब है कि इस हत्या मामले में दीपू की भाभी व उसके मायके वालों की मुख्य भूमिका बताई जा रही है। दीपू की भाभी से दहेज उत्पीड़न के मामले में कोर्ट में केस चल रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के सात स्टेशनों गया, अनुग्रह नारायण रोड, सासाराम, भभुआ रोड, कुदरा, दुर्गावती तथा चंदौली मझवार स्टेशनों सहित देशभर में 508 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकास का शिलान्यास करेंगे। सभी स्टेशनों पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, अन्य गणमान्य सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों व आमजन की उपस्थिति रहेगी। इसके अलावा इस शिलान्यास कार्यक्रम के क्रम में स्कूली बच्चों के लिए निबंध प्रतियोगिता, चित्रकारी प्रतियोगिता आदि का आयोजन कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।
विदित हो कि रेल मंत्रालय द्वारा “अमृत भारत स्टेशन” योजना नाम से स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए एक नई नीति तैयार की गयी है। अमृत भारत स्टेशन योजना में दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ निरंतर आधार पर स्टेशनों के विकास की परिकल्पना की गई है। इस योजना के तहत इन स्टेशनों पर भविष्य में यात्रियों की सुविधा, सुगमता व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार स्टेशन भवन, प्रवेश एवं निकास द्वार, फुटओवर ब्रिज, कॉनकोर्स, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, दिव्यांग सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता व्यवस्था, पहुंच पथ, संकेत एवं निर्देश बोर्ड, ट्रेन डिस्प्ले और उद्घोषणा प्रणाली, सुंदरीकरण आदि संबंधी आवश्यक विकास कार्य किया जाएगा। डीडीयू मंडल द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया गया कि इस योजना के तहत पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के गया जंक्शन पर लगभग 299 करोड़ रुपये की लागत से, अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन पर लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से, सासाराम स्टेशन पर लगभग 21.32 करोड़ रुपये की लागत से, भभुआ रोड स्टेशन पर लगभग 24.22 करोड़ रुपये की लागत से कुदरा स्टेशन पर लगभग 18.76 करोड़ रुपये की लागत से, दुर्गावती स्टेशन पर लगभग 18.04 करोड़ रुपये की लागत से तथा चंदौली मझवार स्टेशन पर 21.70 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य किया जाना प्रस्तावित है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल में भविष्योन्मुख रहते हुए रेल विकास सुनिश्चित रखने हेतु वर्तमान में लगभग 2871.17 करोड़ रुपये की विभिन्न रेल विकास परियोजनाएं चल रही हैं। इसी क्रम में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अनुग्रह नारायण रोड, सासाराम, भभुआ रोड, कुदरा, दुर्गावती तथा चंदौली मझवार स्टेशनों सहित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के कुल 15 स्टेशनों का पुनर्विकास लगभग 209.5 करोड़ रुपए की लागत से किया जाना है।
गया जंक्शन के पुनर्विकास की योजनाओं की सूची व उद्देश्य
1 आधुनिक सुविधाओं से युक्त बुनियादी ढांचे वाला एक विश्व स्तरीय स्टेशन बनाना। 2. यात्री सुरक्षा, आराम और सुविधा को बढ़ाना। 3. आगमन के प्रभावी पृथक्करण के साथ एकतरफ़ा यात्री प्रवाह को सुविधाजनक बनाना 4. प्रस्थान के प्रभावी निष्पादन और प्रबंधन के लिए एक सतत वित्तीय पारिस्थितिकी तंत्र बनाना 5. शहर और उसके आस-पास बेहतर यातायात और पार्किंग योजना के लिए सर्वोत्तम प्रयास करना 6. मौजूदा भवन को चरणबद्ध तरीके से ध्वस्त करके नया ईस्ट साइड प्रस्थान भवन। 7. गया जंक्शन के पश्चिम की ओर नया प्रस्थान भवन। 8. 80 मीटर x 80 मीटर एयर कॉनकोर्स का निर्माण। 9. तीर्थस्थल केंद्र के साथ आगमन खंड पूर्व दिशा में तीर्थस्थल मंच को जोड़ता है। 5. पश्चिम की ओर आगमन ब्लॉक 10. हावड़ा छोर पर स्काईवॉक- 02 का निर्माण 11. पार्सल बिल्डिंग के पास आरएमएस बिल्डिंग। 12. स्टेशन के पूर्वी हिस्से में मल्टीलेवल बाइक पार्किंग प्रस्तावित की गई है। 13. आंतरिक सड़कों, परिसर की दीवार, पार्किंग क्षेत्र, बरसाती पानी की नालियों का विकास तथा सीवेज उपचार संयंत्र, जल भंडारण संरचनाएं आदि परियोजनाओं को क्रियान्वित करने की योजना है।
बेलागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर के समीप गया- पटना एनएच 83 मुख्य मार्ग पर।शुक्रवार की अहले सुबह पिकअप-ऑटो के बीच आमने सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। जिसमें ऑटो पर सवार 7 सवारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल किया गया रेफर।घटना के बाद घायलों को इलाज़ के लिए बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से 6 घायलों की संख्या गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल को भेज दिया गया है।
सड़क हादसे में घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है घायलों में काली राम 45 पिता जमुना राम ग्राम राम बिगहा,राजेश यादव 28 पिता अर्जुन यादव ग्राम अमजझर, संजीत कुमार 27 पिता लालकेश्वर पासवान ग्राम मुरगांव ,दिलीप यादव 32 पिता राम भवन यादव ग्राम कादिरपुर के अलावा अखिलेश यादव 28 पिता राम भवन यादव ग्राम कादिरपुर सभी थाना बेलागंज जिला गया के रहने वाले बताए जाते हैं। एक अन्य घायल जिस को हल्की चोट लगी है उसका इलाज बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है। इस संबंध में थाना प्रभारी उपेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि पुलिस ने ऑटो एवं पिकअप वैन वाहन को जब्त कर थाना लाया गया है।