इस न्यूज को शेयर करें

गया जिले के +2 उच्च विद्यालय अर्क ढीबरिया के ऐतिहासिक प्रांगण में पूर्व प्रधानाध्यापक अशोक कुमार के सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर टिकारी के वर्तमान विधायक और विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, विधान पार्षद जीवन कुमार, और पूर्व विधान पार्षद संजीव श्याम सिंह जैसे गणमान्य अतिथियों ने अशोक कुमार को एक आदर्श शिक्षक बताते हुए उनके जीवन से सीख लेने और सभी शिक्षकों के लिए प्रेरणास्त्रोत बताया।

समारोह की शुरुआत मंगलाचरण, स्वागत गान और आगत अतिथियों को बुके और अंगवस्त्र भेंट कर की गई। इस दौरान विधायक डॉ. अनिल कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की चारदीवारी और खेल मैदान की चारदीवारी का निर्माण किया जा रहा है और भविष्य में भी कक्षाओं के निर्माण सहित सभी आवश्यक सुविधाओं के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान पार्षद जीवन कुमार ने भी विद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का वादा किया। वहीं, पूर्व विधान पार्षद संजीव श्याम सिंह ने शिक्षकों की समस्याओं के लिए जारी संघर्ष की चर्चा करते हुए विद्यालय के समग्र विकास में योगदान देने की बात कही।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विनय कुमार वत्स और वरीय शिक्षक अरुण कुमार ने मंच संचालन किया। पुस्तकालयाध्यक्ष विकास कुमार रंजन ने पूर्व प्रधानाध्यापक अशोक कुमार के सम्मान में अभिनंदन पत्र समर्पित किया। समारोह का समापन बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रमंडलीय सचिव और विद्यालय के वरीय शिक्षक जितेंद्र कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

इस समारोह में स्थानीय ग्रामीणों, पूर्व प्रमुख राकेश कुमार, सरोज कुमार के साथ ही विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्य अतिथि भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अशोक कुमार के सम्मान में आयोजित यह समारोह विद्यालय के इतिहास में एक यादगार पल बन गया, जिसमें उनकी सेवा और समर्पण को सराहा गया।