499 अंक लाकर माही ने रचा इतिहास, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय-1 का शत-प्रतिशत रिजल्ट

Deobarat Mandal

देवब्रत मंडल

image editor output image 403238225 17786769765302008406008921432489 499 अंक लाकर माही ने रचा इतिहास, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय-1 का शत-प्रतिशत रिजल्ट


गया। सीबीएसई द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। परीक्षा में शामिल सभी 96 छात्र-छात्राएं सफल घोषित हुए। इनमें 8 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की।
इस सफलता के केंद्र में रहीं छात्रा माही कुमारी, जिन्होंने वाणिज्य संकाय में 500 में से 499 अंक प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। माही ने 99.8 प्रतिशत अंक हासिल करते हुए न केवल विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, बल्कि अपनी मेहनत और लगन से सभी के लिए प्रेरणा बन गईं। खास बात यह रही कि उन्होंने बिजनेस स्टडीज, अकाउंटेंसी, इन्फॉर्मेशन प्रैक्टिस और अर्थशास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
माही की इस ऐतिहासिक सफलता से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और छात्रों में खुशी की लहर है। शिक्षकों ने बताया कि माही शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्रा रही हैं। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
वाणिज्य संकाय में परी प्रिया ने 95.8 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा तथा सृष्टि ने 95.4 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं विज्ञान संकाय में अमन कुमार ने गणित वर्ग में 94.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि दिव्या कुमारी ने बायोलॉजी वर्ग में 85.6 प्रतिशत अंक के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसका श्रेय छात्रों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के समर्पित शिक्षण को दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। उप प्राचार्य हरि सिंह मीणा ने भी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और प्राचार्य के कुशल नेतृत्व का परिणाम है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *