महताब अंसारी ,कोंच
कोंच। प्रखंड के आंती, काबर, उदास देवरा, शाहगंज, कोंच समेत अन्य स्थानों पर मुहर्रम पर्व को लेकर शनिवार को मुस्लिम समुदाय द्वारा जुलूस निकाला गया जिसमें भारी संख्या में लोग शामिल थे और या अली या हुसैन के नारे लगाए गए। डीजे की धून पर मर्सिया गूंजती रही। अखाड़ा में शामिल युवक विभिन्न प्रकार के हैरत अंगेज खेलों का प्रदर्शन कर रहे थे। जुलूस का नेतृत्व मोहर्रम कमेटियों के खलीफा कर रहे थे।
निशान के साथ जुलूस अपने-अपने मोहल्लों से शुरू हुआ। उसके बाद विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए आंती कर्बला के मैदान में पहुंचा और वहां पर निशान मिलान के साथ जुलूस वापस हो गया। पारंपरिक हथियारों से लैस अकीदतमंदों ने विभिन्न प्रकार के खेलों का प्रदर्शन किया। लाठी, डंडा और तलवार के खेलों का प्रदर्शन कर जुलूस की परंपरा का निर्वहन किया। जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस की स्काट पार्टी साथ थी।
कोंच थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद एवं आंती थानाध्यक्ष अजय कुमार सुरक्षा का कमान संभाले हुए थे। जुलूस के कारण कुछ देर के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था बाधित रहा। हालांकि राहगीर दूसरे सड़कों से अपने गंतव्य स्थान के लिए आते-जाते रहे। सभी अखाड़ा कमेटी फाटक और निशान के साथ जुलूस निकाले हुए थे। मुहर्रम जुलूस को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक प्रबंधक किया है। अखाड़ों को स्कार्ट करने के अलावा सभी संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ सुरक्षा बलों को प्रतिनियुक्त किया गया है। उनकी प्रतिनियुक्ति जुलूस संपन्न होने तक कायम रहेगी।
जुलूस में शामिल लोगों के लिए मो नियाज़, मो टून एवं मो मिंटू ने
शरबत और पानी की लगातार व्यवस्था दी। मौके पर एस डी ओ श्रीमती करिश्मा, इंस्पेक्टर सुरेश राम, अंचलाधिकारी महेंद्र शुक्ला, मनरेगा पदाधिकारी निरंजन कुमार, जिला पार्षद प्रतिनिधि सत्येंद्र प्रजापति, जिला पार्षद शरीफा कुमारी, मुखिया संजय यादव समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।