देवब्रत मंडल

गुरुआ प्रखंड में दैनिक भास्कर के पत्रकार अमित कुमार के साथ मारपीट, बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी दिए जाने की घटना को लेकर बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने कड़ा आक्रोश जताया है।
इस संबंध में यूनियन का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष रंजन सिन्हा के नेतृत्व में मंगलवार को समाहरणालय कार्यालय में जिलाधिकारी एवं एसएसपी से मिला। बैठक में यूनियन के मार्गदर्शक मंडल के सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार कमलेश कुमार सिंह भी उपस्थित थे।
यूनियन द्वारा सौंपे गए मांग आवेदन पर कार्रवाई करते हुए डीएम और एसएसपी ने सिटी एसपी के नेतृत्व में जांच टीम गठित की और जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
यूनियन ने इस घटना को लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पत्रकारिता की गरिमा पर सीधा हमला बताया। जिलाध्यक्ष रंजन सिन्हा ने कहा, “यदि पत्रकार ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो आम जनता की आवाज कौन उठाएगा। लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है, लेकिन उन्हें धमकाने, डराने और उन पर हमले की घटनाएं चिंता का विषय बन रही हैं।”
उन्होंने कहा कि कुछ लोग सत्ता और राजनीतिक प्रभाव के दम पर कानून हाथ में लेने से पीछे नहीं हट रहे। पत्रकार अमित कुमार के साथ हुई मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है।
बैठक में यूनियन के संरक्षक मंडल के सदस्य मनोरंजन कुमार, महासचिव रौशन कुमार, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश, नीरज कुमार सिंह, अक्षय कुमार, राजेश कुमार मिक्की, सुजीत कुमार, प्रदीप रंजन, कुमुद रंजन, रवि भूषण, संजीव कुमार सिन्हा, अभिषेक कुमार, आकाश रौशन उर्फ चुन्नू, आकाश कुमार सिंह सहित अन्य पत्रकार उपस्थित थे।
बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने स्पष्ट किया कि वह मामले पर नजर बनाए रखेगी और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित कराने तक संघर्ष जारी रखेगी।
