देवब्रत मंडल

गया/पटना: बिहार में तेज रफ्तार शहरी परिवहन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने पटना समेत सात शहरों को जोड़ने वाली रैपिड रेल परियोजना को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। इस हाई-स्पीड रैपिड रेल नेटवर्क में पटना, गया, बेगूसराय, हाजीपुर, सोनपुर, मुजफ्फरपुर और आरा को जोड़ा जाएगा। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से इन शहरों के बीच यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी और आवागमन अधिक सुगम होगा।
सरकार की योजना के मुताबिक बिहार में चार रैपिड रेल कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। इनमें पटना-गयाजी कॉरिडोर, पटना-बेगूसराय कॉरिडोर, पटना-हाजीपुर-सोनपुर-मुजफ्फरपुर कॉरिडोर और पटना-आरा कॉरिडोर शामिल हैं। इन कॉरिडोरों के जरिए राजधानी पटना से आसपास के प्रमुख शहरों तक हाई-स्पीड कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की तैयारी है।
बताया गया है कि यह रैपिड रेल सेवा दिल्ली-एनसीआर की तर्ज पर विकसित की जाएगी। रैपिड रेल एक सेमी हाई-स्पीड यात्री सेवा होती है, जिसका उद्देश्य दो बड़े शहरों या शहरी समूहों के बीच तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है। बिहार में इसके लागू होने से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और व्यवसायियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
परियोजना के लिए वैकल्पिक विश्लेषण रिपोर्ट (AAR) और डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। इसके बाद रूट, स्टेशन, लागत और निर्माण प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। सरकार का दावा है कि यह परियोजना केवल परिवहन व्यवस्था को मजबूत नहीं करेगी, बल्कि पटना और उसके आसपास के शहरों के बीच आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक संपर्क को भी नई रफ्तार देगी।
