गयाजी शहर के केपी रोड में जहां शनिवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। वहीं गया जी शहर के विभिन्न स्थानों पर जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार एवं पुलिस उपाधीक्षक यातायात ने गया शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर औचक रूप से ई-रिक्शा व ऑटो रिक्शा के परिचालन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान में लगभग 200 से अधिक ऑटो व ई रिक्शा की जांच की गई। जांच में कई चालकों के पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस मिले और कई वाहनों के पर्याप्त कागजात ही उनके पास पाए गए। ऐसे में चालकों से करीब चार लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। बता दें कि गया जी शहर सहित पूरे जिले में ऑटो रिक्शा एवं ई रिक्शा का परिचालन किया जा रहा है। जिसकी जांच कभी नहीं की जा रही थी।
अब जबकि गया नगर विधायक डॉ प्रेम कुमार ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने का निर्देश दिया है तो प्रशासन सक्रिय हो गया है। वहीं गया जी शहर में ऑटो व ई रिक्शा के स्टैंड को लेकर भी नगर विधायक ने नगर निगम के पदाधिकारियों को इसे देखने और अवैध तरीके से जगह जगह पर वाहनों को रोक कर चुंगी वसूली पर कड़ी नाराजगी जताई है। प्रशासन द्वारा ऑटो रिक्शा एवं ई रिक्शा चालकों के कागजात की जांच शुरू हो की गई है तो शहर के लोग उम्मीद कर रहे हैं आने वाले दिनों में गया शहर में जाम की समस्या दूर होगी एवं अवैध वसूली पर भी रोक लगेगी।
स्वयं को कानून की चंगुल में फंसते देख दिलीप कुमार अब कह रहा है कि मेरी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। तनावग्रस्त होने के कारण हमने अपनी मां का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया हूं। मेरी मां जीवित है। जो मृत्यु प्रमाण पत्र हमने बनवाया है कि मेरी मां मीणा देवी की मृत्यु हो चुकी है, उसे रद्द कर दिया जाए।
वार्ड पार्षद समेत अन्य की भूमिका संदेह के घेरे में
इस फर्जीवाड़े के खेल में सहयोगी बने वार्ड पार्षद की भूमिका भी संदेह के घेरे में नजर आ रहा है। जिन्होंने इस फर्जीवाड़े के खेल में कभी लिख कर दे चुकी थीं कि गोसाईबाग, गुरुद्वारा रोड के रहने वाले दिलीप कुमार की मां की मृत्यु 28.02.2024 को उनके घर पर(गोसाईबाग स्थित आवास) में हो गई थी। जिसे मैं वर्षों से जानती और पहचानता हूं। वार्ड पार्षद अधिसूचक होते हैं तो इन्होंने कैसे प्रमाणित कर दिया था कि मीणा देवी की मृत्यु हो चुकी है।
मामला उलझा कर अब बेटा सुलझाने के लिए आगे आया
दिलीप कुमार ने साजिश रची थी कि मां के नाम से गुरुद्वारा रोड, गोसाईबाग मोहल्ला स्थित मां मीणा देवी के नाम से मकान को अपने नाम करा लूं ताकि इस संपत्ति का वह मालिक बन जाए। इस साजिश रचने के पीछे और अंजाम तक पहुंचाने में कई लोगों ने दिलीप कुमार को मदद पहुंचाई। पहले तो खुद दिलीप ने कार्यपालक दंडाधिकारी के समक्ष झूठी शपथ ली कि मेरी माँ की मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद उसने नगर निगम के रजिस्ट्रार से मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए अनुरोध पत्र लिखा। इसके बाद मामला प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी के पास पहुंचा। जिन्होंने कर्मचारी धीरेंद्र के रिपोर्ट पर मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने की अनुशंसा की।
इस फर्जीवाड़े में दिलीप का ससुर भी है शामिल
झूठी गवाही देने वाले शंकर प्रसाद
हद तो यहां पार कर दिया दिलीप ने की अपनी जीवित मां को मृत घोषित करने के लिए दो लोगों की गवाही दिलवाई। जिसमें एक गवाह शंकर प्रसाद बने, दूसरे गवाह बाबूलाल। गवाही देने वाले शंकर प्रसाद के बारे में जब magadhlive की टीम ने पड़ताल की तो ये बात सामने आई कि शंकर प्रसाद दिलीप कुमार की पत्नी के पिता हैं। यानी इस साजिश में दिलीप की पत्नी और ससुर भी शामिल थे। और जब वार्ड पार्षद जो कि जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने के अधिसूचक की हैसियत(दायित्व/कर्तव्य) रखते हैं तो इन्होंने भी बगैर पड़ताल किए दिलीप कुमार का आंख बंद कर साथ दिए और लिखकर दे दीं कि दिलीप कुमार की मां की मृत्यु हो चुकी है।
मीणा देवी झारखंड में रहती हैं, कभी कभार ही गया जी आती है
इसी मकान पर बेटे दिलीप की कुदृष्टि
मीणा देवी जो कि इस फर्जीवाड़े की शिकार हुई हैं। वो झारखंड के रांची धुर्वा में रहती हैं। कभी कभार ही गयाजी के गुरुद्वारा रोड स्थित गोसाईबाग मोहल्ले के अपने आवास पर रहने के लिए आया जाया करती हैं। जब इन्हें पता चला कि उनके नाम घर को उनके बेटे दिलीप कुमार अपने नाम से कराने के लिए मुझे मृत घोषित कर दिया है तो कुछ दिन पहले गया जी आईं और इस सारे फर्जीवाड़े की बात लोक सूचना अधिकारी के पास लिखित रूप में दीं। तब यह मामला मीडिया की सुर्खियों में आ गया। इसके बाद इस फर्जीवाड़े में शामिल सारे लोगों के हाथ पांव फूलने लगे।
कई दिनों से भागे फिर रहा दिलीप पत्नी के संग हाजिर हुआ
घर में ताला लगाकर दिलीप पूरे परिवार के साथ इधर उधर भागा फिर रहा था। सूचना है कि पुलिस भी गोसाईबाग स्थित मीणा देवी के घर पर दिलीप को खोजने गई थी। उस दिन वार्ड पार्षद के प्रतिनिधि(पति) के एक कोई भाई पुलिस के सामने उपस्थित हुआ था। जिससे और आसपास के लोगों से दिलीप के बारे में पता लगाने के लिए कहा था। इसके बाद दिलीप कुमार पर वार्ड पार्षद के प्रतिनिधि ने दवाब बनाया तब बुधवार को उप नगर आयुक्त शशिकांत के समक्ष दिलीप कुमार, उनकी पत्नी और वार्ड पार्षद के प्रतिनिधि उपस्थित हुए।
उपनगर आयुक्त ने कहा-प्रमाणपत्र रद्द किया जाएगा
उप नगर आयुक्त शशिकांत ने बताया कि बुधवार को दिलीप कुमार, उनकी पत्नी और वार्ड नं 17 के प्रतिनिधि उनके पास आए। उन्होंने बताया कि पार्षद प्रतिनिधि के प्रयास किया तब दिलीप कुमार और उनकी पत्नी उनके समक्ष पेश हुए। उपनगर आयुक्त शशिकांत ने बताया कि दिलीप की पत्नी ने बताया कि पति की मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं है। कुछ दवा और चिकित्सक के पुर्जे दिखाईं है। कहा है मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं होने के कारण मां मीणा देवी का गलत तरीके से मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया। जिसे रद्द(कैंसिल) करने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने आगे यह भी कहा कि निगम कार्यालय में या किसी पदाधिकारी को मीणा देवी के द्वारा किसी तरह का आवेदन पत्र नहीं दिया है। उन्होंने बताया कि दिलीप कुमार ने अपने द्वारा की गई गलती के लिए माफीनामा कबूल कर लिया है तो मीणा देवी का मृत्यु प्रमाण पत्र निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
… और अंत में
क्या इस गुनाह को कबूल करने के बाद केवल मृत्यु प्रमाण पत्र ही रद्द किया जाएगा। जिन जिन लोगों ने दिलीप कुमार को इस फर्जीवाड़े में में खुलकर साथ दिया, उसके लिए नगर निगम के पदाधिकारी या प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी के पास कोई अधिकार नहीं कि इस मामले में कोई कानूनी प्रक्रिया अपनाएं। ताकि भविष्य में कोई और ऐसी गलती करने से पहले सोचे कि ऐसा करने पर क़ानूनन सजा मिल सकती है।
बेटा दिलीप कुमार। धन की लालच में मां को मृत करार दे दिया। वो भी शपथ लेकर। मां ‘जिंदा’ हो उठी। सरकारी कागज पर मर चुकी मीणा देवी ‘कब्र’ से उठकर अपने औलाद के कृत को उजागर कर दीं। सभी हैरान हैं। आखिर ये कैसे हो गया? स्वाभाविक है कि यह अचंभित कर देने वाली एक कहानी है।
बेटे के कृत की हर तरफ हो रही भर्त्सना
गया जी। जिसे मोक्ष और ज्ञान की भूमि के रूप में सभी सम्मान देते हैं। इस भूमि पर एक पुत्र ने ऐसा कृत कर दिया, जिसकी हर तरफ भर्त्सना हो रही है। बेटा अब गायब है। जिसे खोजने में सभी लग गए हैं।
कैसे निर्गत हो गया जीवित व्यक्ति का मृत्यु प्रमाण पत्र
सवालों के घेरे में फिलहाल गया जी नगर निगम आ गया है। सवाल खड़े करने वाले बुद्धिजीवी वर्ग के हैं। जवाब मांगा जा रहा है कि आखिर जीवित मीणा देवी का मृत्यु प्रमाण पत्र निगम कार्यालय से कैसे निर्गत हो गया? अधिकारी जांच की बात कहकर मामले की तह में जाने की कोशिश कर रहे हैं।
वार्ड पार्षद के बयान भ्रामक या फिर लेटर पैड
एक मीडिया हाउस में छपी रिपोर्ट में वार्ड नं 17 की पार्षद का कहना था कि जिस लेटर पैड की बात सामने आ रही है, उसे देखने पर ही पता चलेगा कि उनके हस्ताक्षर ही हैं या फिर यह लेटर पैड भी तो कहीं फर्जी नहीं। खैर, हस्ताक्षर(हैंडराइटिंग) एक्सपर्ट की बात है। लेकिन कार्यालय को उपलब्ध लेटर पैड की बात जहां तक सामने आ रही है तो इसमें वार्ड पार्षद के ही हस्ताक्षर बताए जा रहे हैं लेकिन magadhlive इसकी पुष्टि नहीं करता है।(लेटर पैड magadhlive के पास सर्वाधिकार सुरक्षित है)।
बेटा दिलीप और दोनों गवाह भी फरार
आवेदक दिलीप कुमार, शपथकर्ता दिलीप कुमार, फॉर्म पर हस्ताक्षर दिलीप कुमार। गवाह शंकर और एक अन्य भी उनके ही पहचान के ही होंगे जो भी फरार चल रहे हैं। जिन्हें वार्ड पार्षद भी अवश्य जानते पहचानते होंगे।
कर्मचारी को यकीन गवाहों की बातों से हुआ
जांच करने गए कर्मचारी धीरेंद्र अवश्य ही दिलीप कुमार, दोनों स्वतंत्र गवाह से मिले होंगे। उनके सामने हस्ताक्षर बनाए होंगे। तब धीरेंद्र को यकीन हो गया होगा कि सच में मीणा देवी की मृत्यु 28.02.2024 को हो चुकी है। इसके बाद उन्होंने अपनी रिपोर्ट कार्यालय को समर्पित किए।
रजिस्ट्रार के लॉगिन से ही पास होते हैं प्रमाण पत्र
इसके बाद जन्म मृत्यु रजिस्ट्रार के पास रिपोर्ट जब पहुंची होगी तो उनके लॉगिन(log.in) से सांख्यिकी विभाग एवं नगर निगम में मामला गया होगा। जिनके द्वारा अप्रूवल के बाद जन्म मृत्यु कार्यालय में प्रमाण पत्र अपलोड किया गया होगा। इसके बाद यहां से मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत किया होगा। जिसे प्राप्त करने के बाद दिलीप कुमार अपनी अगली चाल चली।
इस शाखा की भी गलती नहीं मानी जा सकती
राजस्व शाखा में नामांतरण के लिए कागजात दाखिल किए गए होंगे। यहां के कर्मचारियों ने सभी सलंग्न दस्तावेज की जांच की होगी। जब सभी प्रकार से संतुष्ट हो गए होंगे तो कथित मृत मीणा देवी के नाम से मकान खारिज होकर दिलीप कुमार के नाम से दाखिल हुआ। जब यह बात मीना देवी को पता चला तो नगर निगम में इस बात को लेकर पहुंच गईं तो सभी को पता चला कि जीवित व्यक्ति का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी हुआ।
दोषी कौन, बड़ा सवाल
अब इस पूरी प्रक्रिया में दोषी कौन है यह अहम और बड़ा सवाल है। यह तो सर्वविदित हो चुका है कि पुत्र दिलीप कुमार ही इस कहानी का आदि भी है और अंत भी। पर, अब नगर निगम कार्यालय का कोई भी व्यक्ति क्या वार्ड पार्षद के लेटर पैड पर यानि कि उनकी बातों पर अब के बाद से भरोसा करेगा? एक बार ऐसा ही फर्जी हस्ताक्षर(वार्ड पार्षद के) का मामला वार्ड पार्षद धर्मेंद्र कुमार के खिलाफ प्रयोग में आया था लेकिन उन्होंने खुद इस मामले को आगे नहीं बढ़ाया, कारण जो कुछ भी रहे थे।
दौलत की लालच में इंसान किस हद तक गिर सकता/जाता है यह कहना बड़ा मुश्किल है। वो भी जिस मां ने अपनी कोख में नौ महीने रखा और इस धरती पर लाईं, उसी बेटे ने मां को ‘जीते जी’ मार डाला और मां के नाम की दौलत अपने नाम करा लिया। ये कलयुग है, जिसकी पराकाष्ठा तो नहीं कही जा सकती है लेकिन एक पुत्र दौलत की लालच में अपनी जीवित मां को मृत घोषित कर दिया है।
यह मामला गया जी शहर से जुड़ा है
गया जी शहर से ये मामला जुड़ा है, जब मीणा देवी(जीवित) को पता चला कि उसे उनके बेटे दिलीप कुमार ने मृत घोषित कर मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करवा लिया। इसी के आधार पर पुस्तैनी मकान को अपने नाम करा लिया है।
मीणा देवी ने नगर निगम का दरवाजा खटखटाया
अब मीणा देवी गया जी नगर निगम का दरवाजा खटखटाया है। जो पूछ रही है कि आखिर जब हम जिंदा हैं तो मेरे मर जाने का सर्टिफिकेट कैसे जारी किया गया?
मीणा देवी गुरुद्वारा रोड, गोसाईबाग की हैं निवासी
दरअसल, जारी प्रमाण पत्र के अनुसार गया जी नगर निगम के वार्ड नं 17 अंतर्गत गुरुद्वारा रोड, गोसाई बाग मोहल्ले की रहने वाली मीणा देवी की स्वाभाविक मृत्यु 28 फरवरी 2024 को हुई थी। जबकि मीणा देवी के बेटे ने कार्यपालक दंडाधिकारी के समक्ष शपथपत्र देकर कहा था कि उनकी मां मीणा देवी की मृत्यु गोसाईबाग मोहल्ला स्थित पुस्तैनी आवास पर हो गई है।
बेटे ने झूठा शपथपत्र दिया, की थी प्रमाणपत्र की मांग
इसी शपथपत्र के आधार पर जालसाज बेटे दिलीप कुमार ने गया नगर निगम में मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए अनुरोध किया था। इसके बाद प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया था।
प्रखंड मुख्यालय स्तर से कर्मचारी ने की थी स्थलीय जांच
चुकि मामला एक महीने के बाद(ऊपर) का था तो इसकी जांच के लिए गया नगर प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी(बीएसो) के पास भेजा गया था। जहां से एक कर्मचारी धीरेंद्र जांच के लिए मृतक(कथित) के घर पहुंचा। यहां उन्होंने दो लोगों को गवाही देने के लिए कहा।
बाबूलाल और शंकर नामक व्यक्ति ने दी थी गवाही
इसके बाद कर्मचारी के सामने बाबूलाल और शंकर प्रसाद नामक व्यक्ति ने लिखित रूप में गवाही दी कि मीणा देवी, गोसाईबाग मोहल्ला निवासी की मृत्यु 28.02.2024 को घर पर ही हुई थी। इन दोनों ने अपना अपना आधार कार्ड और मोबाईल नंबर भी कर्मचारी धीरेंद्र को उपलब्ध करा दिया।
वार्ड पार्षद भी सच जाने बिना मृत घोषित कर दीं
हद तो यहां पार कर गया कि वार्ड नंबर 17 की पार्षद सोनी देवी ने 29.05.2024 को अपने लेटर पैड पर यह प्रमाणित कर दीं कि मीणा देवी की मृत्यु 28.02.2024 को इनकी मृत्यु बेटे के गुरुद्वारा रोड, गोसाईबाग स्थिति मोहल्ले में इनके आवास में हो चुकी थी। जबकि इन्हें अपने स्तर से जांच कर लेना चाहिए था।
मामले की जांच और कु#पुत्र की तलाश शुरू
अब जब मीणा देवी निगम के दरवाजे पर गुहार लगाने पहुंच गईं तो नगर निगम इस जारी मृत्यु प्रमाण पत्र के बारे में जांच शुरू कर दिया है। इधर, जीवित मीणा देवी को ‘जीते जी’ मारकर होल्डिंग नंबर नया 246, पुराना 239, वार्ड नं 17 को अपने नाम करवाने वाले बेटे दिलीप कुमार की विभाग द्वारा तलाश शुरू कर दी गई है।
…और अंत में
स्वाभाविक है कि मीणा देवी के नाम से जिस संपत्ति को गलत तरीके से जालसाजी कर हड़पने की कोशिश दिलीप कुमार ने किया है तो यह संपत्ति तो आज नहीं तो कल मां को वापस मिल जाएगा। सवाल है कि वार्ड पार्षद और दो लोगों की गवाही का क्या होगा?
गयाजी। नगर निगम साफ सुथरा हो गयाजी अभियान के तहत साफ-सफाई और जन स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में गुरुवार को सफाई अपनाओ-बीमारी भगाओ अभियान के तहत वार्ड संख्या-1 से 53 तक के सभी सूचीबद्ध नालों में एंटी लार्वा सीड का छिड़काव कराया गया। यह छिड़काव नगर आयुक्त कुमार अनुराग के निर्देश पर सभी वार्डों के 349 नालों में वृहद स्तर पर हुआ। एंटी लार्वा सीड छिड़काव के दौरान नगर आयुक्त स्वयं सड़क पर उतरकर वार्ड संख्या 41, 16, 5 सहित कई वार्डों का स्वंय मुआयना कर गली-मोहल्ले के सभी नालों में बेहतर ढंग से एंटी लार्वा सीड के छिड़काव का निर्देश देते नजर आएं। बता दें कि मॉनसून के दौरान स्वास्थ्य संबंधी जोखिम को कम करने के लिए आज नालों में एंटी लार्वा सीड अभियान के तहत सभी वार्डों में वार्ड पार्षद, जमादार एवं सहायक की निगरानी में कराया गया है। दूसरे दिन इस अभियान के तहत शनिवार को भी शहर के सभी अस्पतालों में छिड़काव करवाया जाएगा। इसके बाद दूसरे राउंड इस अभियान के तहत एक सप्ताह बाद पुनः एंटी लार्वा सीड का छिड़काव किया जाएगा। इस संबंध में नगर आयुक्त कुमार अनुराग ने बताया कि सफाई अपनाओ-बीमारी भगाओ अभियान के तहत नगर निगम के 01 से 53 वार्डों में मिलाकर कुल सूचीबद्ध 349 नालों में एंटी लार्वा सीड का छिड़काव कराया गया है। छिड़काव से शहर में बढ़ रहे मच्छर के साथ साथ डेंगू के संक्रमण, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि बीमारियों का प्रसार रोकने के लिए निजात मिलेगी। साथ हीं उन्होंने बताया कि रोस्टर के हिसाब से चार फॉगिंग मशीन से सभी वार्डों में फॉगिंग किया जा रहा है और एक मशीन से मुख्य सड़क एवं संस्थानों में प्रतिदिन फॉगिंग भी करायी जा रही है। यह अभियान स्वच्छ व स्वस्थ गयाजी की ओर कदम हैं। यह अभियान न केवल बीमारियों को रोकने में मदद करता है, बल्कि यह एक स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण बनाने में भी योगदान देता है। सफाई को और कैसे सुदृढ़ बनाया जा सके, इसी क्रम में पूर्व में ही निगम बोर्ड के द्वारा प्रस्ताव पारित कराया गया था कि एंटी लार्वासीड का छिड़काव हेतु हर वार्ड के लिए मशीन खरीदा जाए।
गया नगर निगम के वार्ड नं 04 अंतर्गत पिछले चार दिनों से भारी जलजमाव बरकरार है। जल जमाव के कारण आम नागरिकों के साथ यहां रहने वाले लोगों को घर तक पहुंच पाना मुश्किल हो गया है।
आमजन सहित वार्ड पार्षद भी हैं परेशान
गया जी शहर में जल जमाव की समस्या को देखने व समझने के लिए नगर आयुक्त के नेतृत्व में उनके अधीनस्थ पदाधिकारियों ने कई इलाकों में भ्रमण किया है लेकिन इस क्षेत्र की समस्याओं को देखने के लिए कोई नहीं आए। यहां रह रहे रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिवार के अलावा अन्य नागरिकों का कहना है कि इस समस्या से केवल वे परेशान नहीं हैं, बल्कि वार्ड पार्षद भी इस समस्या से परेशान हैं।
लोगों के घरों तक आने जाने के लिए सड़क व नाली निर्माण जरूरी
लोगों के घर के पास जलजमाव
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस क्षेत्र में न तो नाली का निर्माण कराया जा सका है और न तो सड़क ही बनाया गया है। जिसके कारण बरसात के मौसम में रामशिला-प्रेतशिला मुख्य पथ से इस क्षेत्र में रहने वाले लोग पूरी तरह कट जाते हैं।
पार्षद के घर भी इसी मोहल्ले में है
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में केवल आमलोग ही नहीं निवास करते हैं बल्कि वार्ड नं 04 की पार्षद अनुपमा कुमारी के भी आवास हैं। जिन्हें भी अपने घर तक आने जाने में परेशानी होती है। यहां तक कि आम जनता अपने काम को लेकर पार्षद के घर तक आना पड़ता है लेकिन इस समस्या के कारण उन्हें भी परेशानी होती है।
वार्ड पार्षद का ध्यान आकृष्ट कराया गया
जल जमाव
इस क्षेत्र के लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में नाली और सड़क नहीं बनने से उत्पन्न हो रही समस्याओं से वार्ड पार्षद को अवगत कराया गया है। पार्षद ने कहा है कि इस समस्या को लेकर निगम बोर्ड की बैठक में निगमायुक्त को अवगत कराया जाएगा। लोगों ने बताया कि पार्षद ने भरोसा दिलाया है कि इस समस्या का निदान करवाने की दिशा में पहल की जा रही है।
जल निकासी की लोगों ने की मांग
इस क्षेत्र के लोगों ने नगर आयुक्त से मांग की है कि जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मोटर लगाकर पानी की निकासी कराया जाए। साथ ही निगम के सम्बंधित अभियंता को क्षेत्र में भ्रमण कर पथ एवं नाली निर्माण की संभावनाएं तलाश कर योजना को स्वीकृति प्रदान करवाने की कृपा की जाए।
गयाजी में बीते तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच नगर आयुक्त कुमार अनुराग नगर निगम की टीम के साथ शुक्रवार को शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों व जलजमाव वाले इलाके का निरीक्षण किया। बारिश की परवाह किए बिना स्वंय नगर आयुक्त सड़कों पर उतरे और जलजमाव वाले क्षेत्रों और साफ सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिए। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश में उन्होंने आलाधिकारियों को अलर्ट मोड में जलजमाव वाले क्षेत्रों में जल निकासी कराने का सख्त निर्देश दिया है। साथ ही जलजमाव और साफ सफाई की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कई इलाके जलजमाव से प्रभावित नहीं
उन्होंने समाहरणालय परिसर, वार्ड 37 के न्यू एरिया, वार्ड संख्या 16 के गुरुद्वारा रोड, वार्ड नम्बर-15 गोल बगीचा, वार्ड नंबर 14 के शहिद रोड वार्ड नंबर-26 के शिवली कॉलोनी सहित कई विभिन्न क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया।निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त ने कई इलाके में देखा कि बारिश के जमा हुए पानी करीब दो से तीन घंटे के अंदर निकासी हो गया। उन्होंने कहा कि लगातार मूसलाधार बारिश के बीच शहर के कई इलाके जलजमाव से प्रभावी नहीं हैं। जिस इलाके में बरसात का पानी जमा है, उन वैसे स्थानों पर देखा गया है कि दो से तीन घंटे के अंदर जल निकासी हो गई है। वो जलजमाव की श्रेणी में नहीं आता है।
जो जगह नीचे है, वहां जल जमाव हो जाता है
समाहरणालय के पास
नगर आयुक्त ने बताया कि स्वाभाविक है कि गया जी पुराना शहर है एवं भौगोलिक दृष्टिकोण से जो जगह नीचे है, वहां जल जमाव हो जाता है। परन्तु निगम उसके लिए भी तत्पर है और QRT के माध्यम से सूचना आने पर त्वरित करवाई की जाती है। अगर, ऐसे जगह जहां जल निकासी संभव हीं नहीं है तो पंप के द्वारा वहां से जल निकासी की जाती है। तेज बारिश में जल जमाव की संभावना ऐसे जगह या भवन जो आसपास के इलाके से नीचे है वहां जल जमाव होना स्वाभाविक है। नगर निगम की प्राथमिकता रहती है कि किसी भी पब्लिक रोड या जगह पर कहीं भी दो तीन घंटे से ज्यादा पानी न लगा रहे एवं नाले के माध्यम से निकासी हो जाए। चूंकि पुराना शहर तेजी से विस्तार किया है, यहां जल निकासी के लिए सीमित ड्रेनेज है और कई जगह सड़क काफी संकीर्ण है। कई बसावट पूर्व से हीं नाले के भी ऊपर बने हुए हैं। बारिश के बावजूद निगम की टीम तत्पर रही ताकि किसी तरह की समस्या शहर में न हो।
बारिश के बीच नगर आयुक्त लेते रहे जायजा
नगर आयुक्त हो रही बारिश के दौरान सभी जगह का भ्रमण किया। नगर आयुक्त ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण जल जमाव की समस्या कुछ देर तक आती है क्योंकि नालों की क्षमता सीमित है। यह परेशानी देश के हर शहर में है, परन्तु गया नगर निगम यहां तत्पर रहकर कार्य कर रहा है। बताया कि बड़े एवं छोटे सड़क मिला कर लगभग कुल 700 किलो मीटर का सड़क पूरे नगर निगम में है। लगभग 370 छोटे और बड़े चिन्हित नाले हैं। इनमें से 5% किलोमीटर सड़क भी जल जमाव से प्रभावित निगम ने नहीं होने दिया है जबकि तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है।
नागरिक निगम के कॉल सेंटर पर दें सूचना, होगा समाधान
नगर आयुक्त ने बताया कि जिन मोहल्लों में भौगोलिक कारणों से जल जमाव हो रहा है वहां तत्काल समाधान किया जा रहा है। साथ हीं, जहां नाला सफाई को लेकर समस्या है, वहां आप निगम कॉल सेंटर या फोन के माध्यम से सूचना कार्यालय को दें, त्वरित करवाई की जाएगी। मौके पर कार्यपालक अभियंता, गया प्रमंडल, सहायक अभियंता गौरव, स्वच्छता पदाधिकारी, मोनू कुमार, सफाई मुख्य निरीक्षक सहित अन्य मौजूद थे।
नगर आयुक्त ने वेंडिंग जोन और पार्किंग स्थल के लिए जमीन चिन्हित करने के लिए किया निरीक्षण
गयाजी में नासूर बन गई अतिक्रमण और इससे उत्पन्न जाम की समस्याओं को दूर करने के लिए कब से पहल की जा रही है। 2002 के प्रथम नगर निगम के चुनाव के बाद अतबक न जाने कितनी बार वेंडिंग जोन बनाने की बात हुई है लेकिन इसका स्थायी समाधान निकल कर सामने नहीं आया है। हर दिन जाम की समस्या से आमजन कराह रहे हैं। इसकी एक वजह फुटपाथ पर अतिक्रमण भी है। अबतक कई नगर आयुक्त आए और गए, पर अतिक्रमण, वेंडिंग जोन और पार्किंग जोन की जो सूरत-ए-हाल है, वो सभी की नजर के सामने है। किसी से भी छिपी नहीं है। अब जब गया नगर निगम के नगर आयुक्त कुमार अनुराग ने शहर में वेंडिंग जोन और पार्किंग स्थल की चिन्हित करने के लिए निरीक्षण किया है और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है तो अब देखना होगा कि इनके निर्देशों का अनुपालन कहां तक हो पाता है। नगर आयुक्त ने कहा है कि इस निरीक्षण का उद्देश्य अस्थायी अतिक्रमण और वेंडिंग जोन में दुकानदारों की व्यवस्था को सुधारना है।
निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देश
अधीनस्थ पदाधिकारियों को निर्देशित करते नजर आयुक्त
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे वेंडिंग जोन को व्यवस्थित करने के लिए तत्काल कदम उठाएं। इसमें अतिक्रमण हटाना और स्ट्रीट वेंडर्स को वेंडिंग जोन में ही जगह देना शामिल है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि वेंडिंग जोन में केवल उन्हीं दुकानदारों को दुकानें आवंटित की जाएं जिन्हें पहले से ही आवंटन किया गया है।
चिन्हित किए गए स्थल
नगर आयुक्त ने कई स्थलों को चिन्हित किया, जिनमें शामिल हैं:
पीर मंसूर के पास सड़क के बगल का pavement
गांधी मैदान में चर्च के पीछे पार्किंग स्थल और अस्थाई वेंडिंग जोन
गांधी मैदान के सामने वी2 स्टोर से होते हुए रैन बसेरा तक पार्किंग स्थल
मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज मोड़ से होते हुए डेल्हा तक अस्थाई वेंडिंग जोन और पार्किंग स्थल
जय प्रकाश नारायण अस्पताल के तीनों तरफ स्थाई वेंडिंग जोन के रूप में चिन्हित किया गया है
आगे की कार्रवाई
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे चिन्हित किए गए स्थलों पर आवश्यक कार्रवाई करें। इसमें पेवर ब्लॉक लगाना, मार्किंग करना और वेंडिंग जोन को सुचारू करना शामिल है। स्थाई वेंडिंग जोन के लिए प्राक्कलन बनाने और टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। राशि भी स्वीकृत कर दी गई है तो देखना होगा आगे आगे होता है क्या?
इस वक्त गया से एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि गया नगर निगम के एक वार्ड जमादार की मौत एक ट्रक की चपेट में आने से हो गई है। मौत से आक्रोशित लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया है। घटनास्थल के पास लोगों की जमा भीड़ की वजह से माडनपुर बाईपास के पास सड़क जाम हो गया है। निगम एवं पुलिस प्रशासन के संज्ञान में मामला आने के बाद अपने अपने स्तर से कार्यवाही शुरू कर दी है।
एक महीना पहले ही वार्ड 46 में ही लगाई गई थी ड्यूटी
मृतक वार्ड जमादार का नाम प्रकाश दास बताया गया है। जो कि वार्ड नंबर 46 में पदस्थापित थे। मृतक प्रकाश दास पिता नंदलाल दास, मोहल्ला- माडनपुर, डाक स्थान के पास निवासी थे। जिनका एक महीना पहले ही इस वार्ड में स्थानांतरण हुआ था।
स्वच्छता पदाधिकारी ने की जताया दुःख
वार्ड जमादार की स्कूटी
गया नगर निगम के स्वच्छता पदाधिकारी मानव कुमार उर्फ मोनू ने घटना पर गहरा दुःख जताते हुए कहा कि उन्हें भी इस दुःखद घटना की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि वार्ड सुपरवाइजर प्रकाश अपनी स्कूटी से जा रहे थे। इस बीच एक ट्रक की चपेट में आ गए। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
भीड़ ने ट्रक में लगाई आग, सड़क जाम
स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद जिस ट्रक की चपेट में आने से वार्ड जमादार प्रकाश रविदास की मौत हुई है, उस ट्रक को लोगों ने पूर्व महापौर के घर के कुछ दूर आगे रोक लिया। चालक भागने में सफल रहा। आक्रोशित भीड़ ने ट्रक में आग लगा दी। फायर बिग्रेड को इस घटना की जानकारी दी गई है।
वार्ड पार्षद ने कहा- घटना दुःखद है
मृत वार्ड जमादार
वार्ड संख्या 46 के पार्षद व उनके प्रतिनिधि साकेत कुमार उर्फ भगत ने कहा कि घटना दुःखद है। उन्होंने बताया कि उनके वार्ड के जमादार प्रकाश के निधन की खबर उन्हें क्षेत्र की जनता ने दी है। उन्होंने नगर आयुक्त से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने तथा दोषी ट्रक चालक के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
जैसा कि आप सभी गया जी में रहनेवाले लोगों को तो पता ही होगा कि गया जी शहर से होकर माल की ढुलाई के लिए अलग से रेलवे लाइन बिछाई जानी है। इस बहुउद्देश्यीय रेल परियोजना का नाम ‘ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरीडोर’ है। इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है अब लाइन बिछाने के लिए एलएंडटी कंपनी इस पर काफी दूर तक काम कर रही है।
इन तीनों वार्ड में बनने हैं आरयूबी
आइये हम बात करते हैं गया जी नगर निगम क्षेत्र में इस परियोजना से जुड़े जनहित के मुद्दे और मसले की। गया नगर निगम के वार्ड नं 04, 05 और 47 से होकर इस रेलवे लाइन को बिछना है। इन्हीं तीन वार्डों में आरयूबी बनाने की योजना को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है
संघर्ष समिति व लोगों ने की थी मांग
स्वाभाविक है कि रेल लाइन बिछने के बाद बड़ी आबादी प्रभावित होगी। मसलन रेल लाइन पार कर आना जाना करना होगा तो इसके निदान के लिए भूमि अधिग्रहण विरोधी संघर्ष समिति ने काफी पहले ही डीएफसीसीआईएल को पत्र लिखकर कुछ चिन्हित जगहों पर आरयूबी(रोड अंडर ब्रिज) के निर्माण की मांग की थी। मांगें मान ली गई है और वार्ड नंबर 04, 05 एवं 47 में इसे बनाने के लिए रेलवे(डीएफसीसीआईएल) ने मंजूरी भी दे दी है।
पेंच यहाँ रहा है फंस
अब पेंच यहां फंस रहा है कि इस आरयूबी के निर्माण के लिए गया नगर निगम को एनओसी देना है। इसको लेकर रेल प्रशासन ने एक पत्र नगर आयुक्त को पिछले दिनों भेजा है लेकिन अब तक इस सम्बंध में कोई प्रत्युत्तर रेल प्रशासन को नहीं भेजा जा सका है।
Magadhlive news की टीम इसकी पड़ताल में जुटी तो ये बातें सामने आई:-
इस वर्ष जनवरी महीने की शुरुआत में रेलवे और निगम के अभियंताओं की संयुक्त टीम ने इन तीनों वार्ड में स्थल जांच कर अपनी रिपोर्ट समर्पित कर दिया है।
इसके पश्चात रेलवे ने फरवरी माह में एक पत्र नगर निगम को भेजकर अनापत्ति प्रमाण पत्र देने की मांग की है।
अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए निगम के द्वारा कार्यवाही की जा चुकी है। निगम बोर्ड में इस पर चर्चा भी हुई लेकिन मामला ठंडे बस्ते में है।
इस सम्बंध में जब वार्ड नं 04 और 05 के पार्षदों से बात की गई तो उनका कहना है यह जनहित का मुद्दा है, इस पर अगली बोर्ड की बैठक होती है तो एनओसी देने की जहां तक बात है तो हम सभी इसके लिए तैयार हैं। क्योंकि बड़ी आबादी इससे लाभान्वित होंगे।
इस संबंध में 14 जून को magadhlive news के इस संवाददाता ने नगर आयुक्त से मिलकर इस मसले का हल यानी एनओसी अबतक जारी नहीं करने के पीछे कारणों को जानने की इच्छा जताई थी लेकिन नगर आयुक्त आवश्यक बैठक में थे तो बात नहीं हो पाई।
फरवरी 2025 के 21 तारीख को ही रेलवे का पत्र नगर निगम को प्राप्त हो चुका था और 07 मार्च को नगर आयुक्त के निजी सचिव(सहायक) इस पत्र को प्राप्त कर चुके हैं।
वार्ड नं 04 में छोटकी नवादा पाँचबिगहिया, वार्ड नं 05 में गोविंदपुर में तथा वार्ड नं 47 अंतर्गत नारायणपुर मोहल्ले में ये रोड अंडर ब्रिज का निर्माण होना है।
ब्रिज की लंबाई और चौड़ाई 5.5×4.5 मीटर होगी जो इस परियोजना के लिए अधिग्रहित की जा चुकी भूमि पर ही बनने हैं। इसके अलावा गया-पटना एनएच-83 पर तथा गया-पटना रेलखंड पर रेल समपार फाटक संख्या 63/B के ऊपर से भी एक ब्रिजबनने की बात बताई गई है। ताकि आमलोगों को रेलवे लाइन बिछने के बाद आवागमन बाधित नहीं हो।
इस सम्बंध में जब रेलवे के एक अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने बताया आमजनों के हितों को ध्यान में रखते हुए इन जगहों पर ब्रिज का बनना है लेकिन जहां तक नगर निगम क्षेत्र में आरयूबी बनाने की बात है तो निगम से एनओसी मिलने का केवल इंतजार है। एनओसी प्राप्त हो जाने के बाद संबंधित एजेंसी को कार्य में कोई परेशानी नहीं होगी।