गया नगर निगम क्षेत्र में हर घर नल जल योजना में कथित गड़बड़ी एवं लापरवाही के कारण आम जनता को हो रही परेशानी को देखते हुए वार्ड पार्षद ने आंदोलन की चेतावनी दी है। वार्ड पार्षद का कहना है कि अब जनता के साथ सड़क पर उतरने के सिवाय कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है।
वार्ड नं 04 की पार्षद अनुपमा कुमारी ने मगध प्रमंडलीय आयुक्त, जिला पदाधिकारी, नगर आयुक्त एवं बुडको के कार्यपालक अभियंता को एक ज्ञापन सौंपा है। पार्षद का कहना है कि वार्ड नं 04 अंतर्गत कई घरों में अबतक इस योजना के तहत आपूर्ति पाइप का कनेक्शन नहीं दिया गया है। कई मोहल्ले में तो मुख्य आपूर्ति पाइप नहीं बिछाया गया है। उन्होंने कहा कि उनके वार्ड में इस योजना के तहत चालीस प्रतिशत भी काम ठीक से नहीं हुआ है। जहां पाइप लाइन बिछाए गए हैं, उसमें कई जगहों पर पानी लीकेज की समस्या है। वार्ड पार्षद ने इस योजना में कथित लूट की बात कहते हुए इसकी जांच की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछली बार जिला पदाधिकारी हुई संयुक्त बैठक में बुडको के द्वारा आश्वासन दिया गया था कि इस क्षेत्र में जो भी समस्या है उसका बहुत जल्द ही निदान करा लिया जाएगा। परंतु आज भीषण गर्मी में कई मोहल्ले व घरों के लोगों को पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। महादलित टोले में रहने वाले लोग भी इस महत्वकांक्षी योजना से वंचित हैं। वार्ड पार्षद ने अधिकारियों को दिए आवेदन में कहा है कि यदि क्षेत्र में जलापूर्ति की समस्याएं दूर नहीं की जाती है तो जनता को साथ लेकर सड़क पर आंदोलन किया जाएगा।
इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में लगी स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा
गया में प्रधानमंत्रियों की प्रतिमाओं और ऐतिहासिक धरोहरों की उपेक्षा के खिलाफ कांग्रेस ने नाराजगी जताई है और अब इसकी दशा सुधरने तक आंदोलन करने की बात कही है। कुछ दिन पहले ही Magadhlive ने एपी कॉलोनी स्थित इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम की दुर्दशा पर सचित्र रिपोर्ट प्रकाशित किया था। अब इसे लेकर आंदोलन की बात होने लगी है।
चरणबद्ध तरीके से आंदोलन का शंखनाद
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि सह प्रवक्ता प्रो विजय कुमार मिट्ठू और गया जिला कांग्रेस कमिटी के नेताओं ने गया में दो प्रधानमंत्रियों की प्रतिमाओं और ऐतिहासिक धरोहरों की उपेक्षा के खिलाफ जन जागरण अभियान और चरणबद्ध आंदोलन का शंखनाद किया है।
जवाहर टाउन हॉल और इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम की दुर्दशा
नगर निगम कार्यालय के ठीक सामने उपेक्षित पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा
नेताओं ने कहा कि जवाहर टाउन हॉल और इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम दोनों ही जर्जर हालत में हैं और इनका रख-रखाव नहीं किया जा रहा है। जवाहर टाउन हॉल में नगर निगम और स्थानीय प्रशासन द्वारा स्टोर और जनगणना कार्यालय खोले गए हैं, जबकि इसके बरामदे पर सब्जी विक्रेताओं द्वारा अतिक्रमण किया गया है। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में भी पाइप और अन्य सामग्रियों का स्टोर बना हुआ है और इंदिरा गांधी की प्रतिमा उपेक्षित है।
ऐतिहासिक महत्व के इन दोनों जगहों के जीर्णोद्धारकी मांग
कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि दोनों ऐतिहासिक धरोहरों का जीर्णोद्धार और दोनों प्रधानमंत्रियों की प्रतिमाओं का बेहतर रख-रखाव किया जाए। नेताओं ने कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी जाती हैं तो वे चरणबद्ध आंदोलन चलाएंगे। नेताओं ने कहा कि वे अब लाचार होकर राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और गया नगर निगम को ऐतिहासिक गौरवशाली धरोहरों और देश के दो प्रधानमंत्रियों की प्रतिमाओं की उपेक्षा का जिम्मेदार मानते हुए चरणबद्ध आंदोलन चलाएंगे, जब तक इसका जीर्णोद्धार और निर्माण कार्य शुरू नहीं होता।
कांग्रेस के टिकट पर कई बार भाग्य आजमाते आ रहे पूर्व डिप्टी मेयर
यह विडंबना ही है कि गया शहरी विधानसभा चुनाव क्षेत्र से गया नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर वार्ड नं 26 के पार्षद सह सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव कई बार भाग्य आजमाते हुए आ रहे हैं लेकिन अबतक पराजय का ही सामना करना पड़ा है। हालांकि डिप्टी मेयर रहते हुए भी इनकी नजरों के सामने दोनों पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमाएं उपेक्षित ही रही है। अब देखना होगा कि आंदोलन का स्वरूप कैसा रहेगा और इसके परिणाम क्या होते हैं।
चाह नहीं, मैं सुरबाला के गहनों में गूँथा जाऊँ। चाह नहीं, प्रेमी-माला में बिंध प्यारी को ललचाऊँ॥
चाह नहीं, सम्राटों के शव पर, हे हरि, डाला जाऊँ। चाह नहीं, देवों के सिर पर चढूँ, भाग्य पर इठलाऊँ॥
गया नगर निगम कार्यालय परिसर में रखे गए शिलापट्ट
मुझे तोड़ लेना वनमाली! उस पथ में देना तुम फेंक॥
मातृ-भूमि पर शीश चढ़ाने। जिस पथ जावें वीर अनेक॥
ज्यादा दिनों की बात नहीं। बात 16 अप्रैल 2025 की है। उत्सव का माहौल था। माननीयों की गरिमामय उपस्थिति थी। शिलापट्ट में जितने महानुभाव के नाम हैं। सभी आदर और सम्मान के पात्र हैं।
रखी गई शिलालेख
सामने अशोक सम्राट के नाम से भवन है। ठीक इसी के सामने खाली परिसर में ये सभी शिलालेख पड़े हुए हैं। जिस दिन इन शिलालेखों का अनावरण किया गया था इसके ऊपर मखमली कपड़े थे। फूल और मालाएं भी थी लेकिन आज इस हाल में पड़ा है।
कुछ उल्टी तो कुछ सीधी
योजनाओं के विवरण का उल्लेख किया गया है इन शिलालेखों पर। योजनाओं के क्रियान्वयन में नगर निगम के कर्मचारियों से लेकर शीर्ष पदाधिकारियों और वार्ड पार्षद से लेकर महापौर की महत्ती भूमिका होती है। वैसे तो शिलालेख राजनीति का एक हिस्सा हुआ करते हैं। जिससे सरकार और नेताओं के कर्तव्यपरायण का उल्लेख मिलता है।
आज माखनलाल चतुर्वेदी जी की जिस रचना का जिक्र इस रिपोर्ट की शुरुआत में की गई है तो उनकी इस रचना के पीछे कहीं न कहीं उनके मन को जो फूल के प्रति आदर था, आज कुछ वैसा ही आदर इन शिलालेखों के प्रति है।
नगर आयुक्त कुमार अनुराग द्वारा शहर में नगर निगम द्वारा की जा रही है नालों की सफाई की समीक्षा की गई। समीक्षा में स्वच्छता पदाधिकारी मौजूद रहे। साथ में ही, वैसे वार्डों के जमादारों को बैठक में बुलाया गया था जिनकी नाला सफाई में प्रगति सबसे खराब है। एजेंसी के प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित थे जिनको मानव बल उपलब्ध कराने हेतु चयन किया गया है।
जल जमाव को स्वाभाविक बताया गया, इससेनिबटने के उपाय
स्वच्छता पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि कल दो घंटे के अवधि में काफी तेज वर्षा हुई। इसके बावजूद सभी मुख्य पथों एवं स्थानों से जल जमाव दो घंटे के अंदर हट गया। नगर आयुक्त द्वारा कहा गया कि तेज वर्षा के कारण ये स्वाभाविक है कि जल जमाव हो सकता है परन्तु ये नगर निगम का दायित्व है कि कहीं भी बारिश के बाद जल जमाव की स्थिति बनी नहीं रहे एवं एक घंटे के अंदर सीवर एवं नालों से होते हुए पानी को निकासी हो जाए। इसको सुनिश्चित करने के लिए ये महत्वपूर्ण है कि नालों की सफाई अच्छे तरह से हो और जो क्रिटिकल पॉइंट्स है वहां पे अभियंताओं एवं स्वच्छता पदाधिकारी का दायित्व है कि स्वयं ध्यान दिया जाए कि क्या उपाय किए जा सकते है जिस से की जल जमाव की स्थिति उत्पन्न न हो।
चार सदस्यीय कमेटी गठित, 24 घन्टे में प्रतिवेदन मांगा गया
शहर के प्रमुख स्थान जहां वर्षों से जल जमाव होता आया है जैसे कि निगम कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट परिसर, वहां के लिए चार सदस्य कमेटी का गठन किया गया जो भौगोलिक दृष्टि को ध्यान में रखते हुए 24 घंटे के अंदर प्रतिवेदन समर्पित करेंगी सुझाव को लेकर जिस से की इन सब स्थानों में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ में ही, QRT (Quick Response Team) का गठन किया गया है जो दोनों पालियों में निरंतर अपना कार्य करेगी और शहर के वैसे स्थानों जहां पे जल निकासी को लेकर समस्या आ रही है, वहां पर मशीन एवं मानव बल के माध्यम से जल निकासी हेतु कार्य करेगी।
इन वार्डों में सफाई की स्थिति अच्छी नहीं, हुआ एक्शन
समीक्षा में पाया गया है कि कुल 14 वार्डों में नालों की सफाई की स्थिति अच्छी नहीं है। सभी वार्ड जमादारों से उपरोक्त की समीक्षा की गई एवं पाया गया कि जमादारों का प्रवेक्षण संतोषजनक नहीं है। नगर आयुक्त द्वारा वार्ड 41, 44, 06, 43, 46,15, 35, 27, 11, 39, 26, 38, 17 एवं 37 के वार्ड जमादारों का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया। निर्देश दिया गया कि जब तक कार्य में तेजी नहीं आ जाती है तब तक इन सभी का वेतन स्थगित रहेगा। सभी सफाई प्रवेक्षकों को अगले चार दिनों में प्रगति प्रतिवेदन के साथ पुनः समीक्षा के लिए बुलाया गया है। साथ ही, वार्ड 37 के सफाई जमादार पर करवाई करते हुए उन्हें तत्काल पद से हटाने का निर्देश दिया है। समीक्षा में पाया गया कि न ही वह कार्यों में रुचि ले रहे है और न ही बैठक में आते हैं। कार्य में उनकी प्रगति नगण्य है।
चेतावनी के साथ लगाया गया पेनाल्टी
नगर आयुक्त ने सभी सफाई जमादारों से कहा कि पूरे वार्ड की सफाई की मूल जिम्मेदारी आपकी है एवं अगर आपके द्वारा कार्य में कोताही बरती जाती है तो पूरे वार्ड में गंदगी की स्थिति बनी रहती है। कार्यों को लेकर सजग बने और निरंतर कार्यों का प्रवेक्षण करें। अगर यही स्थिति बनी रही, तो वैसे जमादारों को पद से मुक्त कर उन वार्डों के सफाई के प्रवेक्षण का कार्य अन्य को दिया जायेगा। साथ में ही, एजेंसी जिसको मानव बल हेतु निगम के द्वारा रखा गया था, के इकरारनामा के शर्तों के हिसाब से 50,000 रुपए का पेनल्टी लगाया गया।
अभी मॉनसून केरल के आसपास रहने की खबर है लेकिन इसका असर गया में देखने को मिल रहा है। हल्की बूंदाबांदी हुई है लेकिन बारिश नहीं कहा जा सकता है। अभी न तो सावन का महीना और न ही भादो। परंतु गया शहर की सड़क पर कादो ही कादो है। जिससे पैदल चलने वाले राहगीरों को जो तकलीफ उठानी पड़ रही है। यह नजारा हल्की बूंदाबांदी के कारण नहीं, बल्कि इसे नगर निगम की सफाई व्यवस्था से जुड़े लोगों की अनदेखी कही जा सकती है।
नाली से निकाल कर कादो सड़क पर ही बहा दिया गया
ये नजारा नजरों से ओझल होने से पहले magadhlive ने इसे कैमरे में कैद कर लिया है। शनिवार को बागेश्वरी रोड की यह स्थिति संजय नगर मोहल्ले के बड़े नाला की सफाई करने वक्त की है। मजदूर बाल्टी से कादो निकाल कर सड़क पर डाल रहे थे। जो सड़क पर बहने लगा। जिसके कारण इस सड़क पर पैदल चलने वाले लोग सूखा रास्ता ढूंढ रहे थे। ताकि पैर गंदा न हो जाए।
एक वार्ड से निकला कादो दूसरे वार्ड के मोहल्ले में जा रहा है
वार्ड नं 06 के बड़े नाले की सफाई कार्य में लगे मजदूरों द्वारा निकाला जा रहा कादो मुख्य सड़क पर बहते हुए सामने के वार्ड नं 04 के छोटकी नवादा मोहल्ले में जा रहा था। जिसे देख वार्ड नं 04 के लोगों का कहना था इस तरह सफाई से दोनों वार्ड के लोगों के साथ आम राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। लोगों ने कहा- अभी न तो सावन का महीना है और न तो भादो। लेकिन नजारा सावन भादो जैसा ही सड़क पर देखने को मिल रहा है।
पार्षद ने कहा-मशीन से पहले पानी निकाल लें, तब सफाई करें
वार्ड पार्षद, वार्ड नं 06
मैं स्थिति को देख कर आई हूं। वार्ड जमादार को कहा गया है कि पहले मशीन से पानीयुक्त कीचड़ को पहले निकाल लें। इसके बाद नाले की सफाई करें। ताकि किसी को भी तकलीफ नहीं हो। रविवार को मशीन से पहले पानी निकाल लिया जाएगा। इसके बाद नाला की सफाई होगी।
गया नगर निगम के द्वारा जिस ऐजेंसी को शहर के बड़े नालों की सफाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उस एजेंसी के द्वारा कराए जा रहे नालों की सफाई के कार्य की गति काफी धीमी देखने को मिल रही है। यदि इसी गति से काम होता रहता है तो ये तय मानिए कि शहर के कई मोहल्ले में रहने वाले लोगों से लेकर सड़क पर चलने वालों की दुर्गति होने से कोई नहीं बचा सकता है। Magadhlive की टीम गया नगर निगम के वार्ड नं 06 में नालों की साफ सफाई का हालचाल लेने के लिए निकली तो जो सामने दिखाई दिया। उससे यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगा कि मॉनसून के दौरान यहां रहने वाले लोगों के समक्ष समस्या आएगी ही आएगी।
वार्ड का भौगोलिक बनावट भी अजीब है इस वार्ड का
इस वार्ड का भौगोलिक बनावट भी अजीब है। रामशिला पहाड़ के तलहटी में बसे कई मोहल्ले हैं। जहां रहने वाले लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी नालियों से होकर बड़े नालों से मिलती है। जिसकी सफाई में एजेंसी विशेष कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रही है।
सीन नंबर -1
टीम बागेश्वरी गुमटी से निकल कर बमबाबा मोहल्ले में पहुंचती है तो यहां गहलौत भवन के पास नाली बजबजा रही थी। इसी मोहल्ले में एक और नाली जो बागेश्वरी रोड के बड़े नाला में मिलता है वो भी भरा हुआ पाया गया। आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि अभी नाली सफाई का काम शुरू नहीं किया गया है। बरसात में तो घर से निकलना मुश्किल हो जाएगा।
सीन -2
इसके बाद magadhlive की टीम बागेश्वरी रोड से होते हुए बागेश्वरी मंदिर के समीप जब पहुंची तो देखा गया कि एक पुलिया के नीचे बड़े नाला से उपर झापर कचरा निकाला गया है लेकिन इस पुलिया के नीचे नाला का दूसरा सिरा जाम है। जहां कचरे का ढेर होने के कारण पानी नही बह सकता था।
सीन-3
इसके आगे जब पहुंचे तो संजय नगर मोहल्ले में देखा गया कि यहाँ नाली की सफाई नहीं हुई है। इसके आगे गांधी मोड़, शहीद स्कूल होते हुए रामशिला मोड़ से होते हुए पारो चौधरी की गली तक बड़े नाला की सफाई शुरू ही नहीं किया जा सका है।
स्वच्छता पदाधिकारी ने कॉल रिसीव नहीं किया
इस संबंध में आधिकारिक तौर पर जानकारी प्राप्त करने के लिए स्वच्छता पदाधिकारी शुभम कुमार के मोबाइल नंबर पर कॉल किया लेकिन उन्होंने कॉल को रिसीव नहीं किए।
वार्ड पार्षद ने कहा- 5% भी कार्य नहीं हुआ
वार्ड पार्षद रफिया गजाला
इस संबंध में जब वार्ड नं 06 की पार्षद रफिया गजाला से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि उनके वार्ड में नाले की सफाई का कार्य पांच प्रतिशत भी नहीं हुआ है। मॉनसून सर पर है। यदि बड़े नालों की सफाई कार्य की यही गति रही तो वार्ड की जनता के साथ साथ शहर के लोगों की भी मुश्किलें बढ़ जाएगी।
गया नगर निगम में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों के विभाग बदल दिए गए हैं। उन्हें नई जिम्मेदारी तय करते हुए नगर आयुक्त भाप्रसे कुमार अनुराग ने सोमवार को आदेश जारी कर दिया है। इस तबादले को लेकर नगर निगम कर्मचारियों में भुनुर-भुनुर चर्चा होने लगी है। सोमवार को कर्मचारियों के सेक्शन में किए गए बदलाव की सूची को देख यही कहा जा सकता है कि जिनके परफॉर्मेंस अच्छे रहे हैं, उन्हें उसी सेक्शन में रहने दिया गया है और जिनके परफॉर्मेंस अच्छे नहीं रहे हैं उन्हें अब नए दायित्व सौंपा गया है। नगर आयुक्त कुमार अनुराग की यह सोच दूरगामी परिणाम लाएगा।
कुछ की मंशा पर फिर गया पानी, एक का नाम ही नहीं
नगर निगम में इस बात की भी चर्चा है कि पिछले कुछ महीने से नगर आयुक्त सहायक पद पर कार्य कर रहे कर्मचारियों के कार्यों की आंतरिक समीक्षा कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने एक साथ 72 कर्मचारियों के तबादले के पैनल को अंतिम रूप दे दिया है। जिसकी सराहना भी सुनने को मिल रही है लेकिन एक निशिकांत राजा के बारे में चर्चा हो रही है कि आखिर जब ये मेकेनिकल के जानकार हैं तो इनसे अबतक सिविल का कार्य क्यों लिया जा रहा है। जिनके नाम इस तबादले की सूची में नहीं है। वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो लालायित थे कि उन्हें उनके मनचाहे सेक्शन में जगह दे दी जाएगी लेकिन ऐसे लोगों की मंशा पर पानी फिर गया। कुछ ऐसे लोगों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनके बारे में समीक्षा में पाया गया था कि केवल इधर उधर करके निगम में ड्यूटी पूरी कर रहे थे।
करीब एक दशक बाद एकसाथ इतने लोगों का किया गया तबादला
बहरहाल, नगर आयुक्त कुमार अनुराग ने नगर निगम के हितों को देखते हुए इतने बड़े पैमाने पर तबादले किए हैं। इसके पहले नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा ने कुछ कर्मचारियों को इधर से उधर ट्रांसफर की थीं। चर्चा है कि करीब एक दशक बाद एकसाथ इतने कर्मचारियों के दायित्वों में फेरबदल किया गया है। इसके पहले भाप्रसे सावन कुमार, विजय कुमार के कार्यकाल में ऐसा नहीं हो सका था।
शहर के प्रमुख पथों की सफाई करने वाले एजेंसी पर नगर आयुक्त ने दंडात्मक शुल्क के तौर पर 25 से 35 % पेनल्टी लगाई है। बुधवार को नगर आयुक्त कुमार अनुराग ने शहर की प्रमुख सड़कों पर साफ सफाई एवं नाला सफाई का जायजा लिया। बता दें कुछ दिन पहले magadhlive ने शहर में प्रमुख सड़कों की साफ सफाई नहीं कराए जाने को लेकर एक खबर प्रकाशित किया था। जिसमें magadhlive की टीम ने पाया था निजी ऐजेंसी द्वारा साफ सफाई नहीं कराया जा रहा है और सड़कों पर कूड़े कचरे का ढेर फैला हुआ है। फ़ीचर फोटो के साथ प्रकाशित हुई तस्वीर के बाद निगम में हड़कंप मच गया था। इसके बाद अगले दिन भी सड़कों पर पसरे कूड़े कचरे के ढेर की तस्वीरों के साथ खबर प्रकाशित हुई। तब इस पर निगम प्रशासन संज्ञान लेते हुए बुधवार(14 मई 2025) को इसकी जांच और निरीक्षण करने के लिए निकले।
नगर आयुक्त कई सड़कों का किया औचक निरीक्षण
निरीक्षण करते नगर आयुक्त
नगर आयुक्त कुमार अनुराग, भाप्रसे के हवाले से बताया गया है कि नगर निगम क्षेत्र की प्रमुख सड़कों का निरक्षण बुधवार नगर आयुक्त द्वारा किया गया। जिसमें गेवल बीघा मोड़ से लेकर चांदचौरा मोड़ से लेकर विष्णुपद मंदिर। विष्णुपद मंदिर से बंगाली आश्रम होते हुए गोदावरी रोड स्थित मां मंगला गौरी मंदिर रोड तक का पैदल भ्रमण किया गया। वार्ड 36, वार्ड 39, वार्ड 41, वार्ड 42 एवं वार्ड 34 की प्रमुख सड़कों का निरक्षण किया गया।
मार्च माह में एजेंसी की केवल एक गाड़ी से हीं सफाई का कार्य कराया गया
नगर आयुक्त ने बताया कि एजेंसी के माध्यम से शहर की प्रमुख सड़कों का मैकेनिकल स्वीपिंग एवं मैनुअल स्वीपिंग कराया जा रहा है। इसमें कुल 50 km की लंबाई की सड़क को चिन्हित कर निगम बोर्ड के द्वारा एजेंसी को कार्य करने हेतु सुपुर्द किया गया है। उन्होंने बताया शर्तों के हिसाब से अप्रैल माह के अंत से एजेंसी को तीन वाहनों के माध्यम से सड़कों की साफ सफाई करवानी थी। मार्च माह में एजेंसी की केवल एक गाड़ी से हीं सफाई का कार्य कराया गया है। एजेंसी के द्वारा अब तीनों वाहन का इस्तेमाल कर कार्य कराया जा रहा है।
मार्च महीने से साफ सफाई का कार्य कर रही है एजेंसी
एजेंसी के द्वारा माह मार्च से कार्य संपादित किया जा रहा है जिसको नगर आयुक्त द्वारा संतोषजनक नहीं पाया गया। नगर आयुक्त ने बताया कि एजेंसी नई है एवं नए कार्य को सुचारू रूप से क्रियान्वयन करने में थोड़ा वक्त लग सकता है। उपरोक्त के आलोक में पर्याप्त समय एजेंसी को दिया गया है। पर उसके बावजूद भी एजेंसी के कार्य में पूर्ण रूप से सुधार नहीं आया है।
इकरारनामा रद्द करने की चेतावनी, 21 स्थानों पर कचरा देखा गया
File photo
उन्होंने बताया आज के निरक्षण में उपरोक्त प्रमुख मार्ग में कई जगह गंदगी पाई गई। जिसको स्वयं नगर आयुक्त ने मोबाइल के माध्यम से स्वच्छ गया ऐप पे अपलोड किया। नगर आयुक्त द्वारा स्वयं मोबाइल ऐप के माध्यम से कुल 21 स्थानों पर जाकर जहां कचरा गिरा हुआ था। जिसे ऐप पर अपलोड किया गया। साथ में एजेंसी को कड़ी चेतावनी दी गई कि अगर कार्य प्रणाली में दो से तीन दिन में सुधार नहीं आता है तो इकरारनामा रद्द करते हुए करवाई की जाएगी। फिलहाल के लिए पेनल्टी एजेंसी पे लगाई जा रही है।
आइये जानते हैं कितना लगाया गया पेनाल्टी, वाहनों में लगाए गए जीपीएस सिस्टम
नगर आयुक्त द्वारा एजेंसी के समर्पित मैनुअल स्वीपिंग के विपत्र में पहले पंद्रह दिन का 100% एवं माह के अंतिम पंद्रह दिनों के विपत्र में 35% दंडात्मक शुल्क लगाते हुए कटौती की गई। साथ में हीं, मैकेनिकल स्वीपिंग के विपत्र में 25% राशि की कटौती की गई। एजेंसी के द्वारा सभी मैकेनिकल स्वीपिंग की गाड़ियों में 2 GPS सिस्टम लगाया गया है, जिसमें एक निगम के द्वारा लगाया गया है एवं एक एजेंसी के द्वारा खुद लगाया गया है। दोनों GPS के तुलनात्मक विवरणी के बाद हीं भुगतान की प्रक्रिया की जाती है। नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि भले हीं GPS डाटा के हिसाब से गाड़ी ने दूरी तय की परन्तु स्थल निरीक्षण में कई बार सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई थी। इसी के आलोक में एजेंसी पर दंड अधिरोपित किया गया है। एजेंसी ने गारंटी दिया है कि कार्य प्रणाली में सुधार लाया जाएगा एवं कई सारे सुधार मई माह से लागू कर भी दिए गए हैं।
एजेंसी एवं निगम के साफ सफाई की निगरानी इसी ऐप के माध्यम से की जा रही है, लोग कर सकते हैं शिकायत
नगर आयुक्त ने बताया कि कोई भी व्यक्ति gayaswm.in पर लॉगिन कर अपनी सफाई से संबंधित शिकायत लोकेशन के साथ पोर्टल पर दर्ज कर सकता है। साथ ही, एंड्रॉयड ऐप वाले यूजर्स स्वच्छ गया ऐप भी डाउनलोड कर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया काफी सरल है एवं मोबाइल से इसे आसानी से दर्ज किया जा सकता है। नगर आयुक्त ने बताया कि पिछले माह अप्रैल तक कुल 107 शिकायतें gayaswm पोर्टल पर प्राप्त हुई थी सफाई से संबंधित जिसमें से सभी का निष्पादन कराया गया। इसके साथ हीं, 22 सेवा request भी portal के माध्यम से प्राप्त हुई थी जैसे कि फॉगिंग एवं टैंक की सफाई। इन सभी की भी आपूर्ति ससमय की गई।
अतिक्रमण के साथ साथ, सफाई से संबंधित दंडात्मक शुल्क भी चिन्हित लोगों पर लगाया जाएगा
नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन कर अपना सफाई से संबंधित शिकायत दर्ज कर सकता है और इसपे निगम अपने स्तर से समय सीमा निर्धारित करते हुए करवाई करता है। कई लोग इसका लाभ भी ले रहे हैं और यही लोगों से अपेक्षा भी है। साथ हीं, लोगों से अपील भी की गई कि सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कहीं भी कचरा न फेंके। निगम एक निर्धारित समय में हीं सफाई का कार्य करता है। साथ ही, घर घर से कचरा उठाव का भी कार्य करता है। इसके अलावा बहुत सारे लोग इधर उधर कचरा फेंक रहे हैं जिस से की पूरी सफाई प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इस माह से अतिक्रमण के साथ साथ, सफाई से संबंधित दंडात्मक शुल्क भी चिन्हित लोगों पर लगाया जाएगा।
नाला सफाई करने वाले ऐजेंसी से मांगा गया स्पष्टीकरण
साथ हीं, नगर आयुक्त ने नाला सफाई के कार्यों की समीक्षा की। वार्ड 22 एवं वार्ड 41 में नाले की सफाई की धीमी गति को लेकर नाले सफाई वाले एजेंसी से स्पष्टीकरण की मांग की गई है। नाले सफाई के एजेन्सी के द्वारा बताया गया कि लगन के कारण कर्मी मिलने में कठिनाई हो रही थी परंतु अब से पर्याप्त संख्या में मजदूर उपलब्ध है एवं नाला की सफाई तय समय सीमा में पूर्ण कराई जाएगी। नगर आयुक्त ने सभी जमादारों को निर्देशित किया कि नियमित रूप से नालों की सफाई का कार्य कराया जाए ताकि समय सीमा के अंदर सफाई का कार्य समाप्त हो सके। किसी भी तरह के जल जमाव की शिकायत मिलने पर उन पर करवाई की जाएगी।
गया शहर के मुख्य पथों की साफ सफाई की जिम्मेदारी एक निजी एजेंसी को सौंप दिए जाने के बाद भी हालात में कोई सुधार नहीं देखने को मिल रहा है। सड़क किनारे फैले हुए कचरे से आम जनता तो परेशान हैं ही। वहीं नगर निगम के टैक्स कलेक्टर( निजी एजेंसी के कर्मचारियों) से जनता सीधे तौर पर सवाल कर रही है कि आखिर उनके द्वारा भुगतान किए जाने वाले प्रॉपर्टी टैक्स की राशि से क्या हो रहा है।
गुरुवार को magadhlive ने सचित्र रिपोर्ट प्रकाशित की थी
Magadhlive गुरुवार को भी सफाई अभियान में शिथिलता और लापरवाही को लेकर एक रिपोर्ट प्रकाशित किया। इसके बाद निगम के जनप्रतिनिधियों से लेकर संबंधित पदाधिकारियों की तंद्रा भंग हुई। सड़कों पर फैले कचरे को उठाने के लिए वाहन और कर्मचारी सक्रिय हो गए। यहां तक कि देर शाम में शहर के उत्तरी भाग के एक दो वार्ड स्वीपिंग मशीन पहुंच गई।
तस्वीरें बयां कर रही है सफाई व्यवस्था का स्तर कैसा है
फिलहाल ताजी तस्वीर शुक्रवार की है। दो बजे से लेकर तीन बजे तक कैमरे में कैद की तस्वीरें बयां कर रही है कि स्वच्छता अभियान का स्तर क्या है। शहर के दक्षिण हिस्से में मंगलागौरी रोड में संगम टेलर, माडनपुर में आकाश इंस्टीट्यूट, दुर्गा मंदिर के सामने, सीताकुंड पुल के बाएं नारायणी माई बायपास, मारकण्डेय मंदिर, मंगलागौरी मंदिर के पूर्वी गेट के आगे आटा चक्की मिल के सामने कचरों के ढेर पड़े थे।
जनता टैक्स कलेक्टर से करती है सवाल-हमारे टैक्स के पैसे का क्या हो रहा है
सवाल शहरियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ की भी है और जनता के टैक्स के पैसे का भी है। निजी ऐजेंसी द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स वसूली करने वाले कर्मचारी से क्षेत्र की जनता सवाल करती है कि जब टैक्स निगम ले रही है तो सफाई क्यों नहीं होता है। कर्मचारी उनके सवालों से परेशान होकर सिर्फ इतना ही कहकर बचते हुए नजर आते हैं कि आपकी बात संबंधित वार्ड पार्षद और पदाधिकारी तक पहुंचा दिया जाएगा।
Magadhlive की खबर का असर, ऐजेंसी से मांगा गया है स्पष्टीकरण, हुई कटौती भी
शहर में निजी एजेंसी द्वारा मुख्य पथों की सफाई का जिम्मा सौंपा गया है। इस संबंध में पूछे जाने पर निगम के स्वच्छता पदाधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को ही उपनगर आयुक्त के माध्यम से संबंधित एजेंसी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही गत महीने एजेंसी द्वारा प्रस्तुत किए गए विपत्र से करीब 50 प्रतिशत राशि की कटौती कर भुगतान के लिए रिपोर्ट की गई है। बताया जा रहा है कि अप्रैल महीने का भी विपत्र संबंधित एजेंसी ने भुगतान के लिए समर्पित किया है। अब देखना होगा कि इस बार एजेंसी के साथ निगम कौन सा रुख अख्तियार करने जा रहा है।
गया नगर निगम के जनप्रतिनिधियों के साथ गया शहर के चतुर्दिक विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें पर्यटन आधारित तैयार किए जा रहे मास्टर प्लान पर जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने सुझाव दिए। इस संबंध में गया नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति के सदस्य रह चुके पूर्व वार्ड पार्षद डॉ विनोद कुमार मंडल ने कहा कि रामशिला-प्रेतशिला सड़क मार्ग का चौड़ीकरण निहायत ही जरूरी हो गया है।
डोभी-पटना फोरलेन के कारण इस सड़क पर बढ़ गया दबाव
श्री मंडल ने कहा कि डोभी-पटना फोरलेन के बन जाने से रामशिला-प्रेतशिला मार्ग पर वाहनों का दवाब अधिक बढ़ गया है। फोरलेन से होकर चलने वाले मालवाहक वाहनों के साथ साथ बड़ी छोटी बसें और चारपहिया वाहन सवार लोग रामशिला-प्रेतशिला सड़क मार्ग का उपयोग करते हैं। वहीं शहरीकरण भी तेजी से नगर प्रखंड के हब्बीपुर, दाराचक, चौराही, बतसपुर, अगरैली, नेयाजीपुर, कोरमा, प्रेतशिला, बलना, शहवाजपुर, चन्ना, चमण्डी आदि गांवों में बढ़ रहा है।
पर्यटन व पितृपक्ष के मद्देनजर डीएम व नगर आयुक्त का ध्यानाकृष्ट कराया
श्री मंडल ने जिला पदाधिकारी एवं नगर आयुक्त का ध्यान आकृष्ट किया है कि प्रेतशिला में रोपवे का काम चल रहा है। पर्यटन के दृष्टिकोण से आने वाले समय में रामशिला-प्रेतशिला सड़क मार्ग का महत्व और बढ़ रहा है। ऐसे में श्री मंडल ने मास्टर प्लान में इस सड़क मार्ग के चौड़ीकरण और जगह-जगह पर यात्रियों व तीर्थयात्रियों के आराम करने के यात्री शेड के निर्माण की योजना को भी शामिल करने की मांग की है। श्री मंडल ने कहा है कि कुछ महीने बाद विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 2025 भी शुरू होना है। ऐसे में रामशिला -प्रेतशिला सड़क मार्ग का चौड़ीकरण का कार्य योजना तैयार कराते हुए इसके निर्माण की मांग की है।
आए दिन यहां होती है जाम की समस्या, मंत्री श्री मांझी से ओवरब्रिज बनवाने की मांग
रामशिला-प्रेतशिला मार्ग पर जाम में फंसे लोग
फिलहाल देखने को मिल रहा है कि आम दिनों में भी इस मार्ग पर जाम की स्थिति बन जाती है। स्कूल बसों के अलावा एम्बुलेंस भी जाम में फंस जाते हैं। श्री मंडल ने स्थानीय सांसद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी से गया-पटना रेलखंड के 63/B रेल समपार फाटक के पास आरओबी के निर्माण की मांग की है। श्री मंडल ने कहा कि इस रेलखंड पर ट्रेन के गुजरने के वक्त फाटक बंद किए जाते हैं तो जाम की समस्या और बढ़ जाती है। इसलिए उन्होंने यहां रामशिला-प्रेतशिला को जोड़ने वाले सड़क मार्ग पर आरओबी के बन जाने से जाम की समस्या भी दूर हो जाएगी और संभावित खतरे से भी लोग बचेंगे। उन्होंने बताया कि 8 मई को संपन्न हुई मीटिंग में मास्टर प्लान तैयार कर रही कंसल्टिंग एजेंसी आईपीई ग्लोबल की टीम भी शामिल थी। जिसके प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर अनुराग पांडेय, नवनीत राज और चंद्रिमा दत्त भी मुख्य रूप से सभी जनप्रतिनिधियों से शहर को बेहतर बनाने को लेकर सुझाव मांगे थे। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान में ट्रैफिक सिस्टम, टैफिक जाम की समस्या से निजात से जुड़ी अहम बातें भी रखी गई थी। ऐसे में इस सड़क मार्ग को भी सूची में शामिल किया जाना आवश्यक है।
आने वाले समय में गया शहर को एक नई पहचान मिलेगी और यह पर्यटन के साथ-साथ सुविधाओं के लिहाज से भी बेहतर शहर बनकर उभरेगा।