Tag: dhanbad division

  • RPF हिरासत में मारपीट का आरोप: इलाहाबाद हाईकोर्ट सख्त, रेलवे के जिम्मेदार अधिकारी से मांगा शपथपत्र

    2022 का चोपन RPF पोस्ट का मामला, हाईकोर्ट ने कहा – आरोप गंभीर, मौलिक अधिकारों से जुड़ा मामला

    मगध लाइव डेस्क | गया/प्रयागराज
    6 जून 2026

    रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF की हिरासत में आरोपियों के साथ कथित मारपीट और अमानवीय व्यवहार के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने रेलवे प्रशासन से जवाब तलब करते हुए एक जिम्मेदार अधिकारी को शपथपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामला पूर्व मध्य रेल के धनबाद और डीडीयू मंडल के गया से जुड़ा है।

    क्या है पूरा मामला


    यह मामला वर्ष 2022 में आरपीएफ पोस्ट चोपन, सोनभद्र में दर्ज केस क्राइम संख्या 3/2022 से जुड़ा है। यह केस रेलवे संपत्ति गैरकानूनी कब्जा अधिनियम, 1966 की धारा 3 और 4 के तहत दर्ज हुआ था। इस मामले के आरोपित शकील अहमद एवं अन्य ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया है कि रिमांड अवधि के दौरान आरपीएफ कर्मियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और मानवाधिकारों का उल्लंघन किया।

    याचिकाकर्ता का पक्ष


    याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता उदय चंदानी ने कोर्ट को बताया कि 13 मई 2022 के रिमांड आदेश में अदालत ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि आरोपितों के साथ अमानवीय व्यवहार नहीं किया जाएगा और उनके मानवाधिकारों का हनन नहीं होगा। इसके बावजूद इन निर्देशों का उल्लंघन किया गया। याचिका में तस्वीरों सहित आवेदन देकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी।

    हाईकोर्ट ने क्या कहा


    मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी ने कहा कि लगाए गए आरोप गंभीर प्रकृति के हैं और व्यक्तियों के जीवन एवं मौलिक अधिकारों से जुड़े हैं। कोर्ट ने प्रतिवादी संख्या 2 से 5 की ओर से पेश अधिवक्ता को निर्देश दिया कि रेलवे के किसी जिम्मेदार अधिकारी का शपथपत्र दाखिल किया जाए, जिसमें आरोपों की सत्यता का उल्लेख हो।

    कोर्ट ने फिलहाल प्रतिवादी संख्या 6 से 13 को नोटिस जारी करने की आवश्यकता नहीं समझी। साथ ही कहा कि अगली सुनवाई के दौरान आवश्यकता पड़ने पर रेलवे का कोई जिम्मेदार अधिकारी न्यायालय में उपस्थित रहे।

    अगली सुनवाई कब


    इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मामले को पुनः सूचीबद्ध करने का आदेश दिया है। फिलहाल यह मामला रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी, प्रयागराज के न्यायालय में विचाराधीन है और हाईकोर्ट इसकी मॉनिटरिंग कर रहा है।

    मगध लाइव की पड़ताल


    इस मामले की तहकीकात में “मगध लाइव” की टीम ने प्रयागराज उच्च न्यायालय के एक वरिष्ठ अधिवक्ता से संपर्क किया। अधिवक्ता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि चूंकि मामला न्यायिक दंडाधिकारी, रेलवे की अदालत में विचाराधीन है और हाईकोर्ट खुद इसकी निगरानी कर रहा है, इसलिए यह बेहद संवेदनशील है।

    क्यों है ये खबर अलग


    यह मामला सीधे रेलवे सुरक्षा बल से जुड़ा है और हिरासत में कथित मानवाधिकार उल्लंघन का है। इसलिए यह अब तक की अन्य खबरों से अलग है। मामला पुराना जरूर है, लेकिन भूला नहीं गया है। मगध लाइव की टीम इस मामले पर लगातार नजर रख रही है। जैसे ही कोई नया अपडेट प्राप्त होता है, उसे पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करेगी।

  • गया-डीडीयू सवारी ट्रेन से भी लकड़ियों का होता है अवैध परिवहन, यात्रियों को हो रही है परेशानी, आखिर क्यों नहीं रुक रहा?

    देवब्रत मंडल

    63295 गया-डीडीयू सवारी गाड़ी के एक कोच में रखी लकड़ी

    आसनसोल-वाराणसी मेमू ट्रेन से लकड़ियों के अवैध परिवहन का मामला सामने आने के बाद अब गया जंक्शन से डीडीयू जंक्शन के लिए चलने वाली गया-डीडीयू पैसेंजर ट्रेन में लकड़ी की ढुलाई किए जाने का एक मामला सामने आया है। एक दैनिक यात्री ने मगध लाइव को एक ताजी तस्वीर शनिवार को उपलब्ध कराते हुए बताया कि इस ट्रेन से भी लकड़ियों का अवैध परिवहन किया जाता है।

    यात्रियों की इस तरह की परेशानी को देखने वाले कोई नहीं

    गया जंक्शन से शनिवार की शाम 19:24 बजे 63295 गया-डीडीयू सवारी गाड़ी खुली थी। जिस कोच में दैनिक यात्री सफर कर रहे थे, उन्हें लकड़ी के गट्ठर के कारण परेशानी हुई तो अन्य कई यात्रियों ने बताया कि ये तो रोज होता है। दैनिक यात्रियों का कहना है कि इसे देखने वाला कोई नहीं। यात्री किसी(लकड़ी की ढुलाई करने वाले लोगों) से मुंह लगाना उचित नहीं समझते हैं।

    04 फरवरी का वायरल वीडियो को लोग नहीं भूले होंगे

    बता दें कि 04 फरवरी को धनबाद रेल मंडल अंतर्गत पहाड़पुर स्टेशन पर लकड़ियों के कई बंडल(गट्ठर) रेल पटरियों से लेकर पूरे प्लेटफॉर्म पर बिखरे पड़े हुए थे और कई लोग लकड़ियों के गट्ठरों को रेलवे लाइन पार कर प्लेटफॉर्म पर रख रहे थे, इसी बीच तेज गति से आ रही दूसरी ट्रेन के पहिये से टकरा कर लकड़ी दूर जाती है और एक महिला को जा लगता है। जिससे महिला घायल हो जाती है। इसका वीडियो वायरल हुआ।

    कई बार ऐसे किस्से सामने आ चुके हैं

    इसके पहले भी इस ट्रेन से लकड़ियों के अवैध परिवहन के कई फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। यात्रियों को कितनी परेशानी होती है, इसे लेकर मगध लाइव ने रिपोर्ट बनाकर रेल प्रशासन का इस पर ध्यान आकृष्ट किया। इसके कुछ दिन बाद लकड़ियों के अवैध परिवहन को लेकर कार्रवाई आरपीएफ के द्वारा की गई। बरामद लकड़ियों को वन विभाग के हवाले कर दिया जाता है लेकिन यह धंधा बदस्तूर जारी है।

    मगध लाइव सुधि पाठकों का आभार प्रकट करता है

    मगध लाइव के सुधी पाठकों को हमारी टीम की तरफ से बधाई जो इस गंभीर मुद्दे को लेकर सजगता से साथ दे रहे हैं। एक पाठक ने बताया कि 12801 अप पूरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से भी लकड़ियों के अवैध परिवहन होते हुए देखा है। इसके अलावा हरी सब्जियों के भी अवैध तरीके से परिवहन किए जाने का मामला सामने आ चुका है लेकिन इस पर भी अंकुश नहीं लग रहा है। बताया जा रहा है कि इस अवैध परिवहन के पीछे एक बड़ा नेटवर्क कार्य करता है।

  • मगध लाइव की खबर पर लगी मुहर, आसनसोल-वाराणसी पैसेंजर ट्रेन से लकड़ी जब्त, तस्कर पकड़ से दूर

    देवब्रत मंडल

    18.11.2025 को जब्त लकड़ियां
    कुछ दिन पहले मगध लाइव की टीम द्वारा ली गई तस्वीर

    मगध लाइव की न्यूज़ पर आरपीएफ ने संज्ञान लेते हुए गाड़ी संख्या 13553 आसनसोल से चलकर वाराणसी जाने वाली पैसेंजर ट्रेन से अवैध रूप से परिवहन की जा रही लकड़ियों के कई गट्ठर जब्त किया है। हालांकि इस अवैध लकड़ी के तस्करी के खेल में शामिल सदस्य नहीं पकड़े जा सके हैं।

    मानपुर जंक्शन पर जांच में पकड़ी गई लकड़ियां

    आरपीएफ पोस्ट के बनारसी यादव, निरीक्षक प्रभारी ने बताया कि मंगलवार(18.11.2025) को मानपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर दोपहर बाद 13.54 बजे आई थी। उप निरीक्षक आर. के. सिंह बल के जवान को साथ लेकर गाड़ी को चेक कर रहे थे। कुछ यात्रियों ने बताया कि गाड़ी में जलावन के लिए लकड़ी पिछले स्टेशन से लोड कर परिवहित किया जा रहा है, जिससे आने-जाने में परेशानी हो रही है।

    वन विभाग को कर दिया गया सुपुर्द

    इसके बाद चेक करते हुए जब इंजन से दूसरे साधारण कोच में पहुंचे तो देखा कि सूखी लकड़ियां के बंडल(गट्ठर) कोच में लोड किया हुआ है। जिस पर किसी ने लकड़ी पर अपना दावा नहीं किया। तत्पश्चात सूखी लकड़ियों को मानपुर स्टेशन पर उतारा गया। जो करीब तीन क्विंटल जलावन की सुखी लकड़ी थी। जिसे जप्त कर वन विभाग के माडनपुर स्थित डिपो कार्यालय में ले जाकर सुपुर्द किया गया। श्री यादव ने बताया कि जप्त लकड़ी का मूल्य 5000/- आंकी गई।

    पूर्व में इस ट्रेन से जब्त की जा चुकी है लकड़ियां

    बताते चलें कि कुछ दिन पहले मगध लाइव की टीम ने इस ट्रेन में लकड़ियों के अवैध परिवहन के कारण यात्रियों के साथ होने वाली परेशानियों से अवगत कराया था। इसके पूर्व में भी किसी व्यक्ति ने इस ट्रेन अवैध रूप से लकड़ियों के परिवहन को लेकर आरपीएफ एवं रेल के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया था तो उस वक्त भी मानपुर स्टेशन पर अवैध रूप से लाई जाने वाली लकड़ियों को जब्त करने की कार्रवाई की थी। उस वक्त भी किसी की गिरफ्तारी नहीं संभव हो सकती थी।

    कुछ दिनों बाद फिर शुरू हो जाएगा सिलसिला

    इस कोडरमा-गया रेलखंड पर इस ट्रेन से लकड़ियों के अवैध परिवहन का धंधा चलता रहता है। इस ट्रेन के दैनिक यात्रियों का कहना है कि हर दिन लकड़ियां गुरूपा वन क्षेत्र से काटकर लाई जाती है। जो मानपुर स्टेशन और शहीद ईश्वर चौधरी हाल्ट पर माफिया उतरवा लेते हैं। इसके बाद ठेला या अन्य वाहनों से बाजार तक पहुंच जाते हैं। इस धंधे में शामिल लोगों का एक बड़ा नेटवर्क है। अवैध शराब के भी परिवहन किए जाने की बात विश्वनीय सूत्र बताते हैं।

  • ट्रेनों से अवैध रूप से लकड़ियों का परिवहन जारी, यात्रियों को होती है परेशानी,आरपीएफ की भूमिका संदिग्ध

    देवब्रत मंडल

    13305 अप धनबाद-गया इंटरसिटी एक्सप्रेस

    पूर्व मध्य रेल के गया-कोडरमा ग्रन्डकोर्ड रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेनों में अवैध रूप से जंगली लकड़ियों का परिवहन निर्बाध रूप से जारी है। कोच के गेट से लेकर यात्रियों के आने जाने वाले रास्ते पर लकड़ियों के गट्ठर इस कदर रख दिए जाते हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी होती है।

    यात्री बेचारे होकर मुंह तक नहीं लगाते हैं इनसे

    यात्री बेचारे बने रहते हैं, कोई प्रतिकार करते हैं तो लकड़ियों की ढुलाई करने वाले माफिया मुंहतोड़ जवाब देते हैं। यहां तक की उन्हें धमिकयां भी देने से ये लोग गुरेज नहीं करते। ऐसे में यात्री चुप लगा देना ही उचित समझते हैं। ऐसे लोगों से उलझने से डरते हैं।

    गुरपा स्टेशन के आसपास लोड कर दी जाती है लकड़ियां

    बुधवार को 13305 धनबाद-गया इंटरसिटी एक्सप्रेस के एक कोच में एक महिला अवैध लकड़ियां गुरपा स्टेशन के आसपास लोड कर दी। कई और थे जो कोच में लकड़ी चढ़ा रहे थे लेकिन आरपीएफ कहीं भी नजर नहीं आए। कुछ यात्रियों ने बताया इनकी मिलीभगत से ही यह अवैध कारोबार फल फूल रहा है। ये लोग (आरपीएफ) चाह लें तो एक दिन भी लकड़ी ट्रेन में नहीं चढ़ पायेगा।

    पूर्व में हुई थी कार्रवाई, लेकिन कुछ समय बाद फिर जारी

    इसी वर्ष कुछ माह पहले ट्रेनों में अवैध लकड़ियों के परिवहन की शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंची थी तो त्वरित कार्यवाही हुई। केवल दिखावे के लिए ही कहा जा सकता है कि लकड़ियां जब्त की गई लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। इस रेलखंड के दैनिक यात्रियों का कहना है कि ये तो रोज का धंधा है। कोई रोकने वाला नहीं है।

    प्रतिदिन लाखों की लकड़ियों का होता है परिवहन

    इधर रेलवे सूत्रों का कहना है कि इन अवैध कारोबार से जुड़े माफियाओं से रेलवे सुरक्षा बलों के मधुर संबंध स्थापित हैं। यही वजह है कि बगैर किसी रोक टोक के निर्भय होकर ये सभी प्रतिदिन लाखों रुपये की लकड़ी गुरपा वन क्षेत्रों से काटकर बाजार में बेचने के लिए लाते हैं।

    अवैध शराब का भी होता है परिवहन लेकिन कार्रवाई शून्य

    दैनिक यात्रियों की माने तो केवल लकड़ियों का ही अवैध परिवहन ट्रेन से नहीं हो रहा है, बल्कि झारखंड से अवैध शराब भी बिहार(गया जी) में लाए जा रहे हैं, जिसे देखने वाला कोई नहीं। विशेषकर देसी शराब का परिवहन भारी मात्रा में होते हैं। जो शहीद ईश्वर चौधरी हाल्ट, मानपुर स्टेशन के आसपास उतार लिया जाता है।

  • रेलमंत्री के पास पहुंची अवैध वेंडरों के ठीकेदार की शिकायत, डीआरएम ने लिया संज्ञान

    देवब्रत मंडल

    एसएस इंटरप्राइजेज के वेंडर्स

    अवैध वेंडरों के ठीकेदार द्वारा लाइसेंसी वेंडरों के साथ गुंडागर्दी और धमिकयां देने की शिकायत अब रेलमंत्री तक भी पहुंच गई है। एसएस इंटरप्राइजेज के मालिक सुरेश साहू ने एक्स हैंडल पर रेलमंत्री सहित तमाम रेल अधिकारियों एवं आरपीएफ के डीजी तक इस बात की शिकायत दर्ज कराई है। साथ में अवैध वेंडर्स द्वारा ट्रेन में सामग्रियों की बिक्री करते हुए वीडियो और फोटोज शेयर किया गया है। जिसके आलोक में धनबाद मंडल के डीआरएम ने इस पर संज्ञान लेते हुए इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है।

    पढ़ें पूरी शिकायत हू-ब-हू

    पूर्व मध्य रेलवे प्रबंधक धनबाद
    पूर्व मध्य रेलवे मंडल धनबाद

    विषय:-अवैध वेंडरो की मनमानी और गुंडागर्दी अलाधिकारियो शिकायत देने के बाद अवैध वेंडरो की गुंडागर्दी नहीं रुकरही है सूचना देने बावत!

    महोदय जी
    सादर अवगत हो की मेसर्स.एस.एस.इंटरप्राइजेज धनबाद से गया मिलसेनियस टीएसवी (TSV-NRF/DHN/2/25/HYB/ONB/154972)- सेक्शन का काम मुझ प्रार्थी को दिया गया है जो की 25 वेंडर कार्ड है महोदय जी धनबाद से गया के बीच सेक्सन में
    (बन्धुआ
    पहाड़पुर
    कोडरमा जंक्शन
    पारसनाथ
    निमीघाट
    हजारीबाग)
    जो अवैध वेंडर और अवैध वेंडरो के ठेकेदारों द्वारा हमारे कर्मचारियों को समग्री बेचने को मना करते है और सामग्री और गाली गलौज करते हैं हमारे कर्मचारियों को बोलते है दुबारा इस सेक्सन मे दिखेगा गाड़ी के नीचे फेक देंगे महोदय जी और अवैध वेंडर के ठेकेदार अवैध वेंडर का संचालन करते और गुंडागर्दी करते है महोदय जी इस से पूर्व भी शिकायत किया फिर अवैध वेंडरो की मनमानी और गुंडागर्दी कर रहे है बिना रोक टोक सेक्शन मे चल रहे है और कहते है की नीचे से ऊपर तक रुपये देते है तो हमारा ही काम चलेगा कोई रोक नहीं सकता किसी का बाप भी नहीं रुकवा सकता हमारा काम जहा शिकायत करना है कर दो और महोदय जी हमारे कर्मचारियों से मार पीट करते है चलने नहीं दिया जा रहा है महोदय जी आप से निवेदन है इस पर उचित कार्रवाही करें!
                                   भवदीय
                    मेसर्स-एस एस इंटरप्राइजेज
                      
    @drmdhnecr @Central_Railway @RPF_INDIA @AshwiniVaishnaw @RailMinIndia @RailwaySeva @RpfKoderma

  • मालगाड़ी को आते देख रेल ट्रैक पर बाइक छोड़कर भागा चालक, बाइक के उड़े परखच्चे, परिचालन बाधित

    देवब्रत मंडल

    गया-कोडरमा ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर मालगाड़ी से एक बाइक टकरा गई। जिसके फलस्वरूप  कुछ देर के लिए परिचालन बाधित हो गया। घटना की जानकारी प्राप्त होते ही कोडरमा आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार के निर्देश पर सहायक अवर निरीक्षक धर्मेंद्र दूबे बल के जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बताया गया कि यह घटना टनकुप्पा स्टेशन के पास अप लाइन पर सुबह 8 बजे के आसपास हुई। इस घटना में बाइक के परखच्चे उड़ गए थे। इस कारण अप एवं डाउन दोनों लाइन पर ट्रेन का परिचालन बाधित हो गया था। मौके पर पहुंचे श्री दूबे ने क्षतिग्रस्त वाहन को रेल पटरियों पर से हटवाया। इसके बाद परिचालन शुरू हुआ।

    बताया गया कि बाइक चालक रेल पटरी पर से बाइक को पार कर रहा था। इसी बीच तेज रफ्तार से आ रही मालगाड़ी को देख बाइक चालक बाइक को ट्रैक पर छोड़कर फरार हो गया। जो ट्रेन से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। आरपीएफ वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक का पता लगाने में जुट गई है। फिलहाल अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध कांड दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। रेलवे सूत्रों ने बताया कि इस घटना के कारण इस रेलखंड पर करीब 20 मिनट परिचालन बाधित रहा।

  • अवैध वेंडर्स लाइसेंसी वेंडरों को ट्रेन से फेंक देने की दी धमकी, मामला रेलमंत्री तक पहुंचा, डीआरएम ने लिया संज्ञान

    देवब्रत मंडल

    एसएस इंटरप्राइजेज के वेंडर्स(फ़ाइल फोटो)

    पूर्व मध्य रेल के धनबाद रेल मंडल अंतर्गत गया-धनबाद जंक्शन के बीच चल रही ट्रेनों में सामग्री बेचने वाले लाइसेंसी वेंडरों को अवैध वेंडरों द्वारा चलती ट्रेन से फेंक दिए जाने की धमकियां मिल रही है। इसके साथ साथ इनके सामान और मोबाइल छीन लेने, मारपीट करने जैसी शिकायत रेल मंत्रालय एवं सेंट्रल रेलवे में आरपीएफ तक की गई है। वहीं  लाइसेंसी वेंडर्स की शिकायत रेल मंत्रालय के साथ साथ धनबाद मंडल प्रबंधक तक पहुंचने के बाद डीआरएम धनबाद ने धनबाद मंडल के आरपीएफ अधिकारी को इस संबंध में अग्रेतर कार्रवाही के लिए वेंडरों की शिकायत प्रेषित किया है। इन सभी के एक्स हैंडल पर मेसर्स एस. एस. इंटरप्राइजेज के मालिक ने इसकी शिकायत दर्ज कराई है।
    इन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि अवैध वेंडर और अवैध वेंडरों के ठीकेदार द्वारा उनके लाइसेंसी वेंडरों से गुंडागर्दी कर रहे हैं। उनके मोबाइल और सामान छीन लेते हैं और कहते हैं कि इस सेक्शन(गया-धनबाद) में दिखाई नहीं देना, नहीं तो जान से मार देंगे।

    रेलमंत्री के x हैंडल पर दर्ज कराई गई शिकायत

    एस.एस. इंटरप्राइजेज ने कहा है कि उन्हें इस रेलखंड पर विभिन्न ट्रेनों में 25 वेंडरों को सामग्री बेचने का काम दिया गया है। जबकि अवैध वेंडर और इनके ठीकेदार उनके कर्मचारियों को सामग्रियों को बेचने से मना करते हैं। मारपीट और सामान तक छीन ले रहे हैं। यहां तक कि चलती ट्रेन से फेंक दिए जाने की धमकियां मिल रही है।
    बता दें कि एसएस इंटरप्राइजेज, इटारसी के 25 वेंडर्स जो अपने कंपनी के आई. कार्ड के साथ 3 सितंबर से धनबाद रेल मंडल के सीनियर डीसीएम के आदेश पर सामग्रियों को बेचने के लिए गया-धनबाद स्टेशनों के बीच कर आना जाना कर रहे हैं। शिकायत दर्ज कराते हुए अवैध वेंडर्स के कुछ वीडियो भी रेल मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है। ऐसे में अवैध वेंडर और इनके ठीकेदार को कहां से संरक्षण मिल रहा है, ये भी जांच का विषय है।

  • गया-कोडरमा रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, घटना कुछ ऐसी हुई कि जानकर रह जाएंगे हैरान

    देवब्रत मंडल

    इलाज करते चिकित्सक

    गया-कोडरमा ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना टनकुप्पा स्टेशन पर हुई थी। पहले इंटरसिटी एक्सप्रेस से गिरकर जख्मी हुआ था, इसके बाद जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। युवक की मौत गया जी के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल ले जाने वक्त रास्ते में ही हो गई। मृतक के पिता मगध मेडिकल थाना द्वारा की जा रही आगे की कार्रवाई को लेकर थाना पहुंच गए हैं। जिन्होंने बताया कि उनके 19 वर्षीय पुत्र लड्डू रजक की मृत्यु हो गई है।

    अपने दोस्तों के साथ गयाजी आया था मृत्युभोज में शामिल होने

    मृतक के पिता ने बताया कि उनका पुत्र लड्डू रजक(19) रविवार को अपने दो दोस्तों के साथ गया जी मृत्यु भोज में आया हुआ था। उन्होंने बताया कि लड्डू के एक मित्र बाघमारा, माटी गरह, धनबाद निवासी के नानी की मृत्यु हो गई थी, उन्हीं के भोज में आया हुआ था। मृतक भी इसी गांव का निवासी था।

    पहले इंटरसिटी एक्सप्रेस से गिरकर घायल हुआ, बाद में सियालदह एक्सप्रेस की चपेट में आ गया

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लड्डू रजक गया से 13306 गया-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस से धनबाद लौट रहा था। टनकुप्पा स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरकर घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल लड्डू स्वयं साहस जुटाकर रेंगते हुए रेलवे ट्रैक से दूर जाने की कोशिश कर ही रहा था कि इस बीच 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस वहां से गुजरी। जिसकी चपेट में आने से उसके पैर कट गए। कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस को आज भी लोग सियालदह एक्सप्रेस के नाम से जानते हैं।

    घटनास्थल

    स्थानीय लोगों ने युवक को अस्पताल पहुंचाया

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से टनकुप्पा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए ले गए। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल रेफर कर दिया।

    रात में ही युवक के पिता पहुंच गए थे अस्पताल

    इस बीच इस हादसे की सूचना उनके परिजनों को दी गई। इसके बाद परिजन रात में ही मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल पहुंचे। मृतक के पिता विष्णु रजक ने बताया कि जब अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि उनके बेटे की मृत्यु हो चुकी है।

    रेंगते हुए ट्रैक से हटने की कर रहा कोशिश, लेकिन…

    मृतक के पिता विष्णु रजक ने बताया कि लोगों ने उन्हें बताया कि उनका बेटा रेल ट्रैक के पास काफी देर तक घायलावस्था में पड़ा रहा लेकिन किसी रेलकर्मी द्वारा त्वरित कार्यवाही नहीं की गई तो स्थानीय लोगों ने बेटे को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र लड्डू रजक इंटरमीडिएट पास है। वे एक निजी कंपनी में काम करते हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

    स्टेशन प्रबंधक ने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा

    इस संबंध में जब टनकुप्पा के प्रभारी स्टेशन प्रबंधक लाल बाबू पासवान से घटना और इसके बाद हुई कथित लापरवाही के बारे में उनका पक्ष जानने के लिए फोन किया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। रेलवे सूत्रों ने बताया कि जब लड्डू रजक को लोग इलाज के लिए अस्पताल ले जाना चाह रहे थे तो यहां ड्यूटी पर रहे आरपीएफ के जवान और स्थानीय लोगों के बीच कुछ नोकझोक भी हुई थी।