Tag: ecr ddu/drm

  • जलजमाव के बीच खड़े हैं बापू, देखने वाला कोई नहीं, आजादी की पूर्व संध्या पर गांधी मंडप की बदहाली, रेलवे की उपेक्षित विरासत

    जलजमाव के बीच खड़े हैं बापू, देखने वाला कोई नहीं, आजादी की पूर्व संध्या पर गांधी मंडप की बदहाली, रेलवे की उपेक्षित विरासत

    देवब्रत मंडल

    लोको कॉलोनी, गया जी(गांधी मंडप)

    देश 15 अगस्त को आजादी का जश्न मनाएगा। हर गली-मोहल्ले में तिरंगा लहराएगा। लेकिन इसी जश्न की पूर्व संध्या पर magadhlive की नजर जब गया जंक्शन के लोको कॉलोनी स्थित गांधी मंडप पर पड़ी, तो मन व्यथित हो गया।

    यह वही जगह है जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा स्थापित है। इस प्रतिमा का अनावरण तत्कालीन रेलमंत्री बाबू जगजीवन राम ने किया था। पूर्व मध्य रेलवे के डीयू मंडल का यह क्षेत्र रेलवे की गौरवशाली विरासत का हिस्सा माना जाता था।

    आज की तस्वीर: जलजमाव और उपेक्षा

    आज गांधी मंडप की हालत बद से बदतर है। चारों ओर जलजमाव है। उसी गंदे पानी के बीच बापू की प्रतिमा विराजमान है। न मंडप की छत दुरुस्त है, न आसपास साफ-सफाई।

    स्थानीय लोग बताते हैं कि अब इस जगह को पूछने वाला कोई नहीं।

    सिर्फ 4 दिन याद आते हैं बापू


    स्थानीय वार्ड पार्षद, कुछ युवा और कुछ सेवानिवृत्त रेलकर्मी ही इस स्थान पर साल में 4 बार आते हैं:

    1. 2 अक्टूबर – गांधी जयंती
    2. 30 जनवरी – गांधी पुण्यतिथि
    3. 15 अगस्त – स्वतंत्रता दिवस
    4. 26 जनवरी – गणतंत्र दिवस

    इन मौकों पर सिर्फ श्रद्धा सुमन अर्पित कर सभी लौट जाते हैं। बाकी 361 दिन यह स्थल वीरान और उपेक्षित पड़ा रहता है।

    सवाल: क्या यही हमारी श्रद्धांजलि है?


    1947 में देश आजाद हुआ। आजादी दिलाने वालों की भूमिका पर बहस हो सकती है। देश 1947 से 2026 तक बहुत बदला, उस पर भी बहस हो सकती है।

    लेकिन जिस बापू ने हमें अहिंसा और सत्य का रास्ता दिखाया, जिनके नाम पर यह मंडप बना, क्या उनकी प्रतिमा की यह हालत उचित है?

    रेलवे का हिस्सा होने के बावजूद गांधी मंडप आज उपेक्षा का शिकार है। 15 अगस्त पर तिरंगा फहराने से पहले जरूरत है कि हम अपनी विरासतों को भी संभालें।

    क्या आजादी का असली जश्न यही है? बापू की विरासत को बचाना भी हमारी जिम्मेदारी है।

  • रेलवे बोर्ड का नया आदेश गया जंक्शन पर क्यों नहीं लागू? शवों के निष्पादन पर अब भी ₹5 हजार का ही भुगतान, ₹7 हजार का आदेश फाइलों में कैद

    रेलवे बोर्ड का नया आदेश गया जंक्शन पर क्यों नहीं लागू? शवों के निष्पादन पर अब भी ₹5 हजार का ही भुगतान, ₹7 हजार का आदेश फाइलों में कैद

    देवब्रत मंडल

    File photo(Gaya Junction)

    गया: रेलवे बोर्ड ने मृत शवों को कफन उपलब्ध कराने एवं रेलवे परिसर से उनके निष्पादन (Disposal) के लिए भुगतान की राशि बढ़ाने का आदेश जारी किया है, लेकिन गया जंक्शन पर अब भी पुराने आदेश के अनुसार ही भुगतान किया जा रहा है। इससे रेलवे बोर्ड के ताजा आदेश के अनुपालन पर सवाल खड़े हो गए हैं।

    रेलवे बोर्ड का क्या है आदेश

    रेलवे बोर्ड ने 15 जून 2018 को जारी आदेश के तहत शवों के निष्पादन एवं कफन उपलब्ध कराने के लिए ₹1,000 से बढ़ाकर ₹5,000 (या वास्तविक व्यय, जो कम हो) भुगतान करने का प्रावधान किया था। इसके बाद रेलवे बोर्ड ने 04 मई 2026 को एक नया आदेश जारी कर इस राशि को ₹5,000 से बढ़ाकर ₹7,000 (या वास्तविक व्यय, जो कम हो) कर दिया। आदेश में इसे तत्काल प्रभाव से लागू करने की बात कही गई है।

    गया जंक्शन पर पुराना आदेश प्रभावी, पुराने दर से हो रहा भुगतान

    जानकारी के अनुसार, गया जंक्शन पर शवों के निष्पादन का कार्य करने वाले व्यक्ति को अभी भी ₹5 हजार ही दिए जा रहे हैं। रेलवे सूत्रों का कहना है कि अगस्त महीने में दो शवों के निष्पादन के एवज में स्टेशन अधीक्षक (एसएस) की अनुशंसा के बाद कुल ₹10 हजार का भुगतान किया गया, अर्थात प्रत्येक शव पर ₹5 हजार।

    रेलवे अधिकारियों से पूछा गया सवाल, नहीं मिला जवाब

    इस संबंध में MagadhLive ने पूर्व मध्य रेल के एक अधिकारी से यह जानने का प्रयास किया कि रेलवे बोर्ड के 2026 के आदेश के बावजूद गया जंक्शन पर ₹7 हजार का भुगतान क्यों नहीं किया जा रहा है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ। इसी तरह डीडीयू मंडल के डीआरएम से भी उनके सरकारी व्हाट्सएप नंबर पर इस संबंध में प्रश्न पूछा गया, लेकिन उनकी ओर से भी कोई उत्तर नहीं मिला।

    नया आदेश लागू करने का निर्देश नहीं मिला

    इधर, गया रेल थाना की पुलिस ने भी स्टेशन प्रबंधक से मिलकर रेलवे बोर्ड के नए आदेश के अनुसार ₹7 हजार भुगतान करने की मांग की। उन्हें रेलवे बोर्ड के 2026 के आदेश की प्रति भी दिखाई गई।
    रेल पुलिस के एक पदाधिकारी ने बताया कि स्टेशन प्रबंधक का कहना है कि रेलवे बोर्ड का आदेश तो जारी हुआ है, लेकिन उसे प्रभावी ढंग से लागू करने के संबंध में विभागीय स्तर से उनके पास कोई अलग निर्देश या पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। इसलिए अभी पुराने आदेश के अनुसार ही ₹5 हजार का भुगतान किया जा रहा है।

    बड़ा सवाल

    सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब रेलवे बोर्ड ने 4 मई 2026 को ही तत्काल प्रभाव से भुगतान राशि बढ़ाकर ₹7 हजार करने का आदेश जारी कर दिया, तो तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी गया जंक्शन पर इसका अनुपालन क्यों नहीं हो रहा है?
    क्या विभागीय स्तर पर आदेश का क्रियान्वयन नहीं हुआ, या फिर स्थानीय स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है? इसका जवाब अब रेलवे प्रशासन को देना होगा।

  • आंखोंदेखी: जब गया जंक्शन के शवगृह में मानवता भी सिसकती मिली…शव को कुतरते यहां दिखाई दिए चूहे, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

    आंखोंदेखी: जब गया जंक्शन के शवगृह में मानवता भी सिसकती मिली…शव को कुतरते यहां दिखाई दिए चूहे, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन का शवगृह


    गया जी। मोक्ष की धरती। ज्ञान की भूमि। भगवान विष्णु के चरणों से पवित्र हुई यह नगरी और भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त होने का साक्षी बना बोधगया। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु अपने पितरों के मोक्ष की कामना लेकर यहां आते हैं, तो दुनिया भर से बौद्ध अनुयायी भी इस धरती पर श्रद्धा अर्पित करने पहुंचते हैं।
    रेल, सड़क और हवाई मार्ग से जुड़ा गया देश-दुनिया के लोगों का प्रमुख पड़ाव है। सबसे अधिक यात्री रेलमार्ग से यहां आते-जाते हैं। आधुनिक सुविधाओं से लैस किए जा रहे गया जंक्शन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। लेकिन इसी आधुनिकता के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने भीतर तक झकझोर दिया।
    मृत्यु जीवन का अंतिम सत्य है। कोई नहीं जानता कि किसकी अंतिम सांस कब और कहां होगी। रेल यात्रा के दौरान यदि किसी यात्री की मौत हो जाती है तो रेलवे और रेल पुलिस निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करती है। पंचनामा, यूडी केस, पोस्टमार्टम और पहचान होने तक शव को सुरक्षित रखना—यह सब केवल कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि मृतक के प्रति समाज की अंतिम जिम्मेदारी भी है।
    इसी प्रक्रिया के दौरान MagadhLive की टीम ने जो देखा, उसने कई सवाल खड़े कर दिए।

    पार्सल कार्यालय में रखा शव


    ट्रेन संख्या 12802 से यात्रा कर रहे ओडिशा निवासी फ्रांसिस (पहचान पत्र के अनुसार) की तबीयत अचानक बिगड़ गई। ड्यूटी पर तैनात डिप्टी एसएस (कॉमर्शियल) प्रदीप लोहरा और पीए संजीत कुमार सिंह ने तत्काल पहुंचकर सीपीआर दिया। हर संभव प्रयास हुआ, लेकिन जिंदगी नहीं बच सकी। रेलवे चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
    इसके बाद घटनाक्रम नियमानुसार आगे बढ़ा। पहले शव को पार्सल कार्यालय के एक कमरे में रखा गया। बाद में पोस्टमार्टम कराया गया और पहचान होने तक उसे गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के दिल्ली छोर पर बने उस कमरे में रखा गया, जिसे शवगृह कहा जाता है।
    जब MagadhLive की टीम वहां पहुंची, तो सामने का दृश्य शब्दों में बयां करना आसान नहीं था।
    कमरे के भीतर शव रखा था। आसपास बड़े-बड़े चूहे घूम रहे थे। कुछ चूहे शव के बेहद करीब तक पहुंच रहे थे। कमरे की स्थिति ऐसी थी कि किसी भी संवेदनशील व्यक्ति का मन विचलित हो जाए। वहां मौजूद माहौल यह सवाल पूछ रहा था कि क्या किसी इंसान की अंतिम यात्रा का सम्मान इतना भी कठिन है?
    वह शव केवल एक अज्ञात या मृत यात्री नहीं था। वह किसी मां की संतान था, किसी पत्नी का जीवनसाथी, किसी बच्चे का पिता, किसी परिवार की दुनिया।
    शायद उस परिवार को यह भी नहीं पता होगा कि उनका अपना, घर लौटने से पहले किन परिस्थितियों में पड़ा है।
    गया जी दुनिया को मोक्ष का संदेश देता है। यहां लोग अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए हजारों किलोमीटर की यात्रा करते हैं। ऐसे शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशन पर यदि शवों के संरक्षण की व्यवस्था ही मानवीय गरिमा के अनुरूप न हो, तो यह केवल एक प्रशासनिक कमी नहीं, बल्कि संवेदनाओं पर भी प्रश्नचिह्न है।
    आज गया जंक्शन के आधुनिकीकरण पर लगभग 400 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित हो रही हैं। यह स्वागतयोग्य है। लेकिन क्या इसी परियोजना में एक ऐसा आधुनिक, स्वच्छ और सुरक्षित शवगृह भी नहीं होना चाहिए, जहां किसी मृत यात्री के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक रखा जा सके?
    MagadhLive का उद्देश्य किसी संस्था या व्यक्ति को कटघरे में खड़ा करना नहीं, बल्कि उस व्यवस्था की ओर ध्यान आकर्षित करना है, जहां सुधार की सबसे अधिक आवश्यकता है।
    उम्मीद है कि रेलवे प्रशासन, रेल पुलिस और संबंधित विभाग इस व्यवस्था की गंभीर समीक्षा करेंगे, ताकि भविष्य में किसी भी मृत यात्री की पार्थिव देह ऐसी परिस्थितियों में रखने की नौबत न आए।
    क्योंकि किसी भी सभ्य समाज की पहचान केवल उसके आधुनिक भवनों से नहीं होती, बल्कि इस बात से होती है कि वह अपने सबसे असहाय और मौन नागरिक—एक मृत इंसान—को कितना सम्मान देता है।

  • श्रावणी मेला स्पेशल: गया से मधुपुर के लिए 15 दिन चलेगी ट्रेन, DDU मंडल ने की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

    श्रावणी मेला स्पेशल: गया से मधुपुर के लिए 15 दिन चलेगी ट्रेन, DDU मंडल ने की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

    देवब्रत मंडल


    श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल ने कमर कस ली है। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना की अध्यक्षता में गुरुवार को मुख्यालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई।

    उदय सिंह मीना, डीआरएम, डीडीयू

    बैठक में भीड़ प्रबंधन, यात्री सुरक्षा, स्टेशन पर साफ-सफाई, पेयजल, खानपान, उद्घोषणा और सीसीटीवी निगरानी जैसे बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। DRM ने निर्देश दिया कि प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

    गया-मधुपुर के बीच स्पेशल ट्रेन
    श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 03654/03653 गया–मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल चलाई जाएगी।

    • गया से मधुपुर: 02 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन
    • मधुपुर से गया: 03 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन

    इसके अलावा DDU मंडल के अंतर्गत अन्य रेलखंडों पर भी पर्याप्त ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।

    निगरानी और सहायता
    DRM ने कहा कि स्टेशनों की 24 घंटे सीसीटीवी और मंडल मुख्यालय के वार रूम से निगरानी होगी। यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए प्रभावी उद्घोषणा और त्वरित सहायता बूथ भी बनाए जाएंगे।

    DRM ने कहा–
    मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने कहा, “श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं सहित सभी यात्रियों की सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करना मंडल की प्राथमिकता है। यात्रियों को निर्बाध, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रेल सेवाएं उपलब्ध हों, इसके लिए अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।”

  • विश्वस्तरीय बनने की राह में गया जंक्शन की बदहाल तस्वीर: हल्की बारिश में प्लेटफॉर्म पर बहने लगी पानी की धारा, सफाई व्यवस्था पर भी सवाल

    विश्वस्तरीय बनने की राह में गया जंक्शन की बदहाल तस्वीर: हल्की बारिश में प्लेटफॉर्म पर बहने लगी पानी की धारा, सफाई व्यवस्था पर भी सवाल

    गया जंक्शन से देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन का प्लेटफॉर्म

    गया। एक ओर गया जंक्शन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित किए जाने का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। करोड़ों रुपये की लागत से स्टेशन के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार का काम चल रहा है, लेकिन हल्की बारिश ने ही व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार को गया में बारिश हुई। प्लेटफॉर्म पर कई तस्वीरों को कैमरे में कैद किया। सच बयां करती यह तस्वीर यहां की कुव्यवस्था पर कुछ लिखने और सोचने पर मजबूर कर दिया।

    सीन-1

    यात्री शेड से बहता बारिश का पानी

    हाल यह है कि बारिश शुरू होते ही गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर केवल छत से बूंदें टपकती नहीं दिखीं, बल्कि कई जगहों पर पानी धारा की तरह बहता नजर आया। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों को बारिश से बचने के लिए छत के नीचे खड़ा होना था, लेकिन वहीं पानी टपकने और बहने से उन्हें और अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। इससे साफ संकेत मिलता है कि स्टेशन पर किए जा रहे निर्माण और रखरखाव कार्यों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर समीक्षा की जरूरत है।

    यात्रियों ने कहा

    यात्रियों का कहना है कि स्टेशन को आधुनिक और विश्वस्तरीय बनाने की बात तो की जा रही है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की स्थिति अब भी संतोषजनक नहीं है। बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म पर पानी गिरना न केवल असुविधा का कारण है, बल्कि यह यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से भी चिंताजनक है। फिसलन की स्थिति में किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है।

    सीन-2

    वाटर बूथ में फैली गंदगी

    गया जंक्शन पर सफाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्टेशन परिसर में लगे वाटर बूथ की हालत ऐसी है कि वहां स्वच्छता के दावों की सच्चाई खुद-ब-खुद सामने आ जाती है। नियमित सफाई नहीं होने के कारण यात्रियों को पेयजल लेने में असहजता का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति केवल अव्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि यात्रियों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय भी है।

    लोगों के मन की बात

    स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि यदि गया जंक्शन को सचमुच विश्वस्तरीय स्टेशन बनाना है, तो केवल बड़े-बड़े दावे और निर्माण कार्य पर्याप्त नहीं होंगे। जरूरी है कि यात्रियों को रोजमर्रा में मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं—जैसे साफ प्लेटफॉर्म, सुरक्षित शेड, स्वच्छ पेयजल और बेहतर रखरखाव—पर प्राथमिकता के साथ ध्यान दिया जाए।

    बड़ा सवाल

    प्लेटफॉर्म पर बहता बारिश का पानी

    सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब हल्की बारिश में ही प्लेटफॉर्म की यह स्थिति हो जा रही है, तो मानसून के दौरान क्या हाल होगा? करोड़ों की लागत से तैयार हो रही परियोजनाओं के बीच यदि यात्रियों को भीगते हुए ट्रेन का इंतजार करना पड़े और गंदे वाटर बूथ से पानी लेने की मजबूरी झेलनी पड़े, तो “विश्वस्तरीय स्टेशन” का दावा आखिर कितना सार्थक रह जाता है।

    जरूरत है

    अब जरूरत इस बात की है कि रेलवे प्रशासन और संबंधित अधिकारी गया जंक्शन की इन बुनियादी खामियों को गंभीरता से लें, मौके पर जांच कराएं और यात्रियों की सुविधा से जुड़े मुद्दों का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें। क्योंकि किसी भी स्टेशन की असली पहचान केवल उसकी इमारतों या बजट से नहीं, बल्कि वहां यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं और व्यवस्था की गुणवत्ता से तय होती है।