Tag: srp/rail

  • आंखोंदेखी: जब गया जंक्शन के शवगृह में मानवता भी सिसकती मिली…शव को कुतरते यहां दिखाई दिए चूहे, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

    आंखोंदेखी: जब गया जंक्शन के शवगृह में मानवता भी सिसकती मिली…शव को कुतरते यहां दिखाई दिए चूहे, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन का शवगृह


    गया जी। मोक्ष की धरती। ज्ञान की भूमि। भगवान विष्णु के चरणों से पवित्र हुई यह नगरी और भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त होने का साक्षी बना बोधगया। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु अपने पितरों के मोक्ष की कामना लेकर यहां आते हैं, तो दुनिया भर से बौद्ध अनुयायी भी इस धरती पर श्रद्धा अर्पित करने पहुंचते हैं।
    रेल, सड़क और हवाई मार्ग से जुड़ा गया देश-दुनिया के लोगों का प्रमुख पड़ाव है। सबसे अधिक यात्री रेलमार्ग से यहां आते-जाते हैं। आधुनिक सुविधाओं से लैस किए जा रहे गया जंक्शन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। लेकिन इसी आधुनिकता के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने भीतर तक झकझोर दिया।
    मृत्यु जीवन का अंतिम सत्य है। कोई नहीं जानता कि किसकी अंतिम सांस कब और कहां होगी। रेल यात्रा के दौरान यदि किसी यात्री की मौत हो जाती है तो रेलवे और रेल पुलिस निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करती है। पंचनामा, यूडी केस, पोस्टमार्टम और पहचान होने तक शव को सुरक्षित रखना—यह सब केवल कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि मृतक के प्रति समाज की अंतिम जिम्मेदारी भी है।
    इसी प्रक्रिया के दौरान MagadhLive की टीम ने जो देखा, उसने कई सवाल खड़े कर दिए।

    पार्सल कार्यालय में रखा शव


    ट्रेन संख्या 12802 से यात्रा कर रहे ओडिशा निवासी फ्रांसिस (पहचान पत्र के अनुसार) की तबीयत अचानक बिगड़ गई। ड्यूटी पर तैनात डिप्टी एसएस (कॉमर्शियल) प्रदीप लोहरा और पीए संजीत कुमार सिंह ने तत्काल पहुंचकर सीपीआर दिया। हर संभव प्रयास हुआ, लेकिन जिंदगी नहीं बच सकी। रेलवे चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
    इसके बाद घटनाक्रम नियमानुसार आगे बढ़ा। पहले शव को पार्सल कार्यालय के एक कमरे में रखा गया। बाद में पोस्टमार्टम कराया गया और पहचान होने तक उसे गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के दिल्ली छोर पर बने उस कमरे में रखा गया, जिसे शवगृह कहा जाता है।
    जब MagadhLive की टीम वहां पहुंची, तो सामने का दृश्य शब्दों में बयां करना आसान नहीं था।
    कमरे के भीतर शव रखा था। आसपास बड़े-बड़े चूहे घूम रहे थे। कुछ चूहे शव के बेहद करीब तक पहुंच रहे थे। कमरे की स्थिति ऐसी थी कि किसी भी संवेदनशील व्यक्ति का मन विचलित हो जाए। वहां मौजूद माहौल यह सवाल पूछ रहा था कि क्या किसी इंसान की अंतिम यात्रा का सम्मान इतना भी कठिन है?
    वह शव केवल एक अज्ञात या मृत यात्री नहीं था। वह किसी मां की संतान था, किसी पत्नी का जीवनसाथी, किसी बच्चे का पिता, किसी परिवार की दुनिया।
    शायद उस परिवार को यह भी नहीं पता होगा कि उनका अपना, घर लौटने से पहले किन परिस्थितियों में पड़ा है।
    गया जी दुनिया को मोक्ष का संदेश देता है। यहां लोग अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए हजारों किलोमीटर की यात्रा करते हैं। ऐसे शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशन पर यदि शवों के संरक्षण की व्यवस्था ही मानवीय गरिमा के अनुरूप न हो, तो यह केवल एक प्रशासनिक कमी नहीं, बल्कि संवेदनाओं पर भी प्रश्नचिह्न है।
    आज गया जंक्शन के आधुनिकीकरण पर लगभग 400 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित हो रही हैं। यह स्वागतयोग्य है। लेकिन क्या इसी परियोजना में एक ऐसा आधुनिक, स्वच्छ और सुरक्षित शवगृह भी नहीं होना चाहिए, जहां किसी मृत यात्री के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक रखा जा सके?
    MagadhLive का उद्देश्य किसी संस्था या व्यक्ति को कटघरे में खड़ा करना नहीं, बल्कि उस व्यवस्था की ओर ध्यान आकर्षित करना है, जहां सुधार की सबसे अधिक आवश्यकता है।
    उम्मीद है कि रेलवे प्रशासन, रेल पुलिस और संबंधित विभाग इस व्यवस्था की गंभीर समीक्षा करेंगे, ताकि भविष्य में किसी भी मृत यात्री की पार्थिव देह ऐसी परिस्थितियों में रखने की नौबत न आए।
    क्योंकि किसी भी सभ्य समाज की पहचान केवल उसके आधुनिक भवनों से नहीं होती, बल्कि इस बात से होती है कि वह अपने सबसे असहाय और मौन नागरिक—एक मृत इंसान—को कितना सम्मान देता है।

  • गया रेल थाना सोना लूटकांड: 8 महीने से फरार तीन सिपाहियों ने किया सरेंडर, कोर्ट ने भेजा न्यायिक हिरासत में, जानें कब कब क्या हुआ

    गया रेल थाना सोना लूटकांड: 8 महीने से फरार तीन सिपाहियों ने किया सरेंडर, कोर्ट ने भेजा न्यायिक हिरासत में, जानें कब कब क्या हुआ

    देवब्रत मंडल

    File photo

    गया रेल थाना के चर्चित सोना लूटकांड में 21 नवंबर 2025 से फरार चल रहे चार नामजद सिपाहियों में से तीन ने सोमवार को एसीजेएम-5 सौम्या की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत ने आत्मसमर्पण करने वाले सिपाही अभिषेक चतुर्वेदी, करण कुमार और आनंद मोहन को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में केंद्रीय कारा, गया भेज दिया। हालांकि इस मामले का चौथा आरोपी सिपाही रंजन कुमार अभी भी फरार है।

    एक आरोपी अब भी फरार, एसआईटी की तलाश जारी


    फरार सिपाही रंजन कुमार पटना जिले के रानीतालाब का रहने वाला है, जबकि उसका ससुराल गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र में बताया जाता है। एसआईटी उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

    कहां के रहने वाले हैं सरेंडर करने वाले तीनों सिपाही


    न्यायिक हिरासत में भेजे गए सिपाही करण कुमार भोजपुर (आरा) जिले के निवासी हैं। अभिषेक चतुर्वेदी छपरा जिले के रहने वाले हैं, जबकि आनंद मोहन सीतामढ़ी के निवासी हैं। घटना के बाद से चारों सिपाही फरार चल रहे थे।

    हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत, फिर किया सरेंडर


    चारों फरार सिपाहियों के खिलाफ जनवरी 2026 में गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। गिरफ्तारी से बचने के लिए सभी ने पटना हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, लेकिन 6 जुलाई 2026 को हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी की जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके बाद एसआईटी ने गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी। लगातार छापेमारी के बीच तीनों आरोपियों ने 20 जुलाई 2026 को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। मामले की अगली सुनवाई 29 जुलाई को होगी।

    रिमांड पर लेकर हो सकती है गहन पूछताछ


    सूत्रों के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले तीनों सिपाहियों को एसआईटी पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी कर सकती है। जांच टीम इस मामले में पहले ही आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। अधिकारियों का मानना है कि इन तीनों से पूछताछ के दौरान लूट की पूरी साजिश और उसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

    कोडरमा में बनी थी लूट की साजिश


    जांच में सामने आया है कि गया रेल थाना के आरोपी सिपाही बिना किसी अधिकृत आदेश के अपने कार्यक्षेत्र से बाहर कोडरमा चले गए थे। वहीं कथित रूप से इस लूट की योजना बनाई गई। इसके बाद हावड़ा-बीकानेर (जोधपुर) एक्सप्रेस के गया जंक्शन पहुंचने से पहले सोना कारोबारी के कर्मचारी धनञ्जय शाश्वत से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया।

    डेढ़ करोड़ के करीब एक किलो सोना लूटा गया था


    यह सनसनीखेज वारदात 21 नवंबर 2025 को हुई थी। आरोप है कि गया रेल थाना के सिपाहियों ने दो बाहरी व्यक्तियों मो. परवेज आलम और पूर्व चालक सीताराम के साथ मिलकर सोना कारोबारी मनोज कुमार सोनी के कर्मचारी धनञ्जय शाश्वत से करीब एक किलोग्राम सोना लूट लिया था। उस समय बरामदगी के अनुसार इसकी कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई थी।

    रेल पुलिस की भूमिका भी रही सवालों के घेरे में


    मामले की जांच शुरू होने के बाद रेल पुलिस की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई थी। तत्कालीन गया रेल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह को निलंबित कर गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वह जमानत पर बाहर हैं और उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी जारी है।
    सराफा कारोबारी और अन्य आरोपी भी पहुंचे थे जेल
    कांड संख्या 334/25 में गया सराफा मंडी के कारोबारी मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू को भी एसआईटी ने लूट का सोना खरीदने और बेचने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसके पास से करीब 100 ग्राम सोना बरामद किया गया था। वह भी फिलहाल जमानत पर बाहर है। वहीं एक अन्य आरोपी मो. परवेज आलम ने गिरफ्तारी के डर से रेलवे न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था और 11 जुलाई से जमानत पर बाहर है।

    एसआईटी का नेतृत्व कर रहे एएसपी कर रहे हैं जांच


    पूरे हाई-प्रोफाइल सोना लूटकांड की जांच के लिए गठित एसआईटी का नेतृत्व अपर रेल पुलिस अधीक्षक भास्कर रंजन कर रहे हैं। अब तीन सिपाहियों के आत्मसमर्पण के बाद जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं फरार सिपाही रंजन कुमार की गिरफ्तारी और संभावित रिमांड पूछताछ पर सबकी नजरें टिकी हैं।

  • गया रेल थाना सोना लूटकांड: नामजद आरोपी मो. परवेज आलम को हाईकोर्ट से मिली जमानत, सिपाहियों की याचिका पहले हो चुकी खारिज

    गया रेल थाना सोना लूटकांड: नामजद आरोपी मो. परवेज आलम को हाईकोर्ट से मिली जमानत, सिपाहियों की याचिका पहले हो चुकी खारिज

    देवब्रत मंडल

    File photo

    गया जी: गया रेल थाना के चर्चित सोना लूटकांड में नया मोड़ आया है। इस मामले में नामजद आरोपी मो. परवेज आलम को पटना हाईकोर्ट से नियमित जमानत मिल गई है। पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अनसुल की एकलपीठ ने 08 जुलाई को सुनवाई के बाद रेल थाना गया कांड संख्या 334/2025 में दायर जमानत याचिका स्वीकार कर ली। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार सिंह ने पक्ष रखा, जबकि राज्य की ओर से राजेंद्र सिंह ने पैरवी की।

    इसके पहले सिपाहियों को लगा था झटका

    गौरतलब है कि इसी लूटकांड में नामजद रेल थाना के चार सिपाहियों की अग्रिम जमानत याचिका पटना हाईकोर्ट ने कुछ समय पहले खारिज कर दी थी। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राहत देने से इनकार किया था। इसके बाद नामजद पुलिसकर्मियों पर गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई थी।

    क्या है पूरा मामला

    यह घटना 21 नवंबर 2025 की है। आरोप है कि हावड़ा-बीकानेर जोधपुर एक्सप्रेस में कोडरमा स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद गया रेल थाना क्षेत्र में गया रेल थाना के चार सिपाहियों और दो बाहरी लोग मो. परवेज आलम एवं गया रेल थाना के वाहन का पूर्व चालक सीताराम ने मिलकर सोना व्यवसायी मनोज कुमार सोनी के स्टाफ से 1 किलोग्राम सोना लूट लिया था। साथ में मारपीट करने का भी आरोप है।

    अपर रेल पुलिस अधीक्षक कर रहे जांच, चार्जशीट दाखिल

    बता दें इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। जिसका नेतृत्व पटना रेल के अपर रेल पुलिस अधीक्षक भास्कर रंजन कर रहे हैं। जांच में गया रेल थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर निलंबित किया गया था। वे अब जमानत पर बाहर हैं। वहीं इस मामले में पुलिस ने अबतक की जांच में आरोपियों के विरुद्ध आरोप पत्र भी गया रेलवे कोर्ट को समर्पित कर चुकी है।

    निलंबित रेल थानाध्यक्ष के विरुद्ध जारी है विभागीय जांच

    निलंबित थानाध्यक्ष

    इधर, आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि निलंबित इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह के खिलाफ विभागीय जांच की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि मुजफ्फरपुर रेल पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विभागीय जांच चल रही है। जिसमें कुछ गवाहों को गवाही देने के लिए 09 जुलाई को मुजफ्फरपुर बुलाया गया था लेकिन कुछ गवाहों को विभागीय आदेश देरी से प्राप्त हुई। जिसकी वजह से उनकी गवाही नहीं हो सकी है।

    मो. परवेज आलम ने किया था आत्मसमर्पण

    इसी केस में गया जी के सराफा कारोबारी मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू को भी गिरफ्तार किया गया था। उन पर लूट का सोना खरीद-बिक्री का आरोप है। पुलिस ने उनके पास से कुछ सोना बरामद भी किया था। वे भी अब जमानत पर हैं। वहीं आरोपी परवेज आलम ने गया रेलवे कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था और न्यायिक हिरासत में केंद्रीय कारा में बंद थे। परवेज के खिलाफ एक आरोप यह भी है लूट की घटना को अंजाम देने के बाद अपने आरओ प्लांट पर लूट के सोने के बार(बिस्किट) की कटाई के लिए ले गया था। ये टेक्निकल टीम की जांच में सामने आया है।

    आरओ प्लांट

    अब आगे क्या होना है

    हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद परवेज आलम जेल से बाहर आ सकेंगे। सूत्रों ने बताया कि मो. परवेज आलम को जमानत मिल जाने की सूचना गया रेलवे कोर्ट को मौखिक रूप से मिली हैम लेकिन खबर लिखे जाने तक आदेश की प्रति हाई कोर्ट पटना से गया रेलवे मजिस्ट्रेट के न्यायालय में नहीं पहुंच सकी थी। इधर, सिपाहियों की अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद उनके सामने अब निचली अदालत में सरेंडर कर नियमित जमानत लेने का विकल्प है। एसआईटी की जांच और विभागीय कार्रवाई भी जारी है।

  • गया जंक्शन से पति को छोड़कर “लापता” हुई महिला शहर से बरामद, प्रेमी संग मुंबई भागने का खुलासा

    गया जंक्शन से पति को छोड़कर “लापता” हुई महिला शहर से बरामद, प्रेमी संग मुंबई भागने का खुलासा

    देवब्रत मंडल


    गया। गया जंक्शन से 6 मई को पति को चकमा देकर लापता हुई विवाहिता को गया रेल थाना की पुलिस ने आखिरकार बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि महिला अपने प्रेमी के साथ मुंबई भाग गई थी। बरामदगी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
    गया रेल थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने बताया कि लापता हुई मुन्नी देवी को गया जी शहर के राय काशीनाथ मोड़ के आसपास से बरामद किया गया। पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि वह अपने प्रेमी के साथ मुंबई चली गई थी। थानाध्यक्ष के अनुसार, जिस युवक के साथ महिला गई थी, वह गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
    6 मई को गया जंक्शन से हुई थी गायब


    यह मामला 6 मई 2026 का है। औरंगाबाद जिले के देवरिया कला क्षेत्र के शिवपुर डेहरी निवासी अंशु कुमार अपनी पत्नी मुन्नी कुमारी के साथ 12382 दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस से गया जंक्शन पहुंचे थे। ट्रेन से उतरने के बाद दोनों गया जंक्शन के डेल्हा साइड स्थित प्रतीक्षालय में बैठे थे। बताया गया था कि दोनों को प्लस टू लीला महतो हाई स्कूल जाना था, जहां से इंटर पास करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए सीएलसी लेना था।
    इसी दौरान मुन्नी कुमारी ने शौच जाने की बात कही और प्रतीक्षालय से बाहर निकली, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। पति अंशु कुमार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन जब कोई पता नहीं चला तो मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की। हालांकि, उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिजनों और रेल पुलिस को सूचना दी गई।


    CCTV फुटेज से मिला था पहला सुराग


    मामले की सूचना मिलते ही गया रेल थाना और RPF पोस्ट की टीम सक्रिय हुई थी। RPF कंट्रोल रूम में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई। फुटेज में अंशु कुमार और मुन्नी कुमारी प्रतीक्षालय में बैठे दिखाई दिए थे। इसके बाद मुन्नी कुमारी को स्टेशन के गेट से बाहर जाते हुए देखा गया था। हालांकि, गेट के बाहर वह किस दिशा में गई, इसका स्पष्ट फुटेज नहीं मिल सका था।

    परिजनों ने जताई थी अनहोनी की आशंका


    महिला के लापता होने के बाद परिजन काफी परेशान थे। मुन्नी कुमारी के भाई मुकेन्द्र कुमार ने बताया था कि उसकी शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी और पति-पत्नी के बीच किसी तरह के विवाद या तनाव की जानकारी नहीं थी। मुन्नी का मायका गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र में है। महिला के अचानक गायब होने और मोबाइल बंद हो जाने से परिवार अनहोनी की आशंका में डूब गया था।

    जांच में बदली कहानी, प्रेम संबंध की बात आई सामने


    शुरुआत में यह मामला संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता के लापता होने का माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ने पर कहानी बदल गई। अब पुलिस का कहना है कि महिला अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ मुंबई चली गई थी। बाद में उसके गया लौटने की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे शहर से बरामद कर लिया।
    फिलहाल गया रेल थाना की पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। महिला के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर कानूनी पहलुओं की जांच की जा रही है।

  • गया रेल थाना के चर्चित सोना लूटकांड में नामजद सिपाहियों को झटका, पटना हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका की खारिज, अब होगी गिरफ्तारी

    गया रेल थाना के चर्चित सोना लूटकांड में नामजद सिपाहियों को झटका, पटना हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका की खारिज, अब होगी गिरफ्तारी

    देवब्रत मंडल

    File photo

    गया। गया रेल थाना से जुड़े चर्चित सोना लूटकांड में नामजद बनाए गए रेल थाना के सिपाहियों को बड़ा झटका लगा है। इस मामले में आरोपित सिपाहियों की अग्रिम जमानत याचिका पटना हाईकोर्ट ने शनिवार को खारिज कर दी। हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद मामले में नामजद पुलिसकर्मियों पर गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई है और जांच एजेंसियों की आगे की कार्रवाई पर भी नजर टिक गई है।

    यह मामला उस सनसनीखेज सोना लूटकांड से जुड़ा है, जिसमें बड़ी मात्रा में सोना लूटे जाने के आरोप के बाद गया रेल थाना की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई थी। जांच के दौरान रेल थाना के कुछ पुलिसकर्मियों के नाम सामने आने के बाद उन्हें केस में नामजद आरोपी बनाया गया था। अब अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने से यह स्पष्ट संकेत माना जा रहा है कि अदालत ने प्रथमदृष्टया मामले की गंभीरता को देखते हुए राहत देने से इनकार किया है।

    क्या है मामला

    गया रेल थाना से जुड़ा यह सोना लूटकांड शुरू से ही काफी चर्चित रहा है। मामले में आरोप है कि सोना लूट की घटना के बाद पुलिस की भूमिका संदिग्ध पाई गई और जांच के क्रम में रेल थाना के कुछ सिपाहियों के नाम सामने आए। इसके बाद केस में उन्हें नामजद आरोपी बनाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियों ने कई स्तरों पर छानबीन की और पुलिस विभाग के भीतर भी इसको लेकर हलचल बनी रही।

    सूत्रों के अनुसार, केस में नाम आने के बाद संबंधित सिपाहियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पटना हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। शनिवार को इस पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर दी। अदालत के इस आदेश को अभियोजन पक्ष के लिए अहम माना जा रहा है।

    हाईकोर्ट के आदेश के बाद बढ़ी कानूनी मुश्किल

    अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद अब नामजद सिपाहियों के सामने सरेन्डर कर नियमित जमानत लेने या फिर जांच एजेंसी की कार्रवाई का सामना करने की स्थिति बन सकती है। ऐसे मामलों में हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद पुलिस या संबंधित जांच एजेंसी आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज कर सकती है।

    इस घटनाक्रम के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। क्योंकि गया रेल थाना से जुड़े इस कांड ने पहले ही रेलवे पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। अब अदालत के ताजा आदेश ने इस केस को फिर से सुर्खियों में ला दिया है।

    जांच और विभागीय कार्रवाई पर भी नजर

    इस मामले में पहले से चल रही आपराधिक जांच के साथ-साथ विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की संभावना बनी हुई है। अगर जांच में नामजद पुलिसकर्मियों की संलिप्तता के ठोस साक्ष्य मिलते हैं, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई और कड़ी हो सकती है। वहीं, हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद जांच एजेंसियों का रुख और सख्त होने की संभावना जताई जा रही है।

    आगे क्या

    अब सबसे अहम सवाल यह है कि हाईकोर्ट से झटका मिलने के बाद नामजद सिपाही अगला कानूनी कदम क्या उठाते हैं। वे निचली अदालत में आत्मसमर्पण कर नियमित जमानत की अर्जी दे सकते हैं। दूसरी ओर, अगर जांच एजेंसी सक्रिय होती है तो गिरफ्तारी या अन्य कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी तेज हो सकती है।

    गया रेल थाना के चर्चित सोना लूटकांड में पटना हाईकोर्ट का यह ताजा आदेश इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता फिर सामने आई है। आने वाले दिनों में इस केस में पुलिस और अदालत—दोनों स्तरों पर हलचल तेज रहने की संभावना है।

    तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष की हुई थी गिरफ्तारी, आरोपी परवेज जेल में

    बता दें इस कांड 334/25 में गया रेल थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया था जो जमानत पर जेल से बाहर निकल गए हैं। वहीं एक आरोपी परवेज आलम ने गया रेलवे कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है जो न्यायिक हिरासत में गया के केंद्रीय कारा में बंद हैं।

    गया के स्वर्ण व्यवसायी भी हो चुका है गिरफ्तार, बरामद हुआ था सोना

    वहीं इसी केस में मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू को एसआईटी की टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जो अभी जमानत पर जेल से छूट गया है। मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू गया सराफा मंडी का कारोबारी है। जिस पर लूट का सोना खरीद बिक्री करने का आरोप है। जिसके पास से पुलिस ने कुछ सोना बरामद कर चुकी है।

    घटना पिछले साल जोधपुर एक्सप्रेस में चलती ट्रेन में हुई थी

    यह मामला 21 नवंबर 2025 की है। हावड़ा-बीकानेर जोधपुर एक्सप्रेस में कोडरमा स्टेशन जाकर गया रेल थाना के सिपाहियों एवं दो बाहरी व्यक्ति ने मिलकर यात्रा कर रहे सोने के एक व्यापारी मनोज कुमार सोनी के स्टाफ से एक किलोग्राम सोना लूट लिया था। इसके बाद गया रेल के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह को निलंबित करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया था।

    न्यायालय में आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

    स्मरण रहे कि इस बहुचर्चित सोना लूटकांड की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। जिसका नेतृत्व वर्तमान अपर रेल पुलिस अधीक्षक तत्कालीन पटना रेल डीएसपी मुख्यालय भास्कर रंजन कर रहे हैं। जिन्होंने न्यायालय में नामजद आरोपी बनाए गए सिपाहियों की जमानत याचिका खारिज करने के पक्ष में महत्वपूर्ण साक्ष्य पेश किए। जिसके बाद न्यायालय ने इसे बेहद गंभीर मामला मानते हुए आरोपियों की अपील को खारिज कर दिया है।