टिकारी संवाददाता: गया जिला के टिकारी प्रखंड अंतर्गत मां तारा नगरी केसपा में पहली बार राजकीय महोत्सव का आयोजन किया गया। बिहार सरकार के पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा आयोजित महोत्सव का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, बिहार सरकार के मंत्री डा. प्रेम कुमार, क्षेत्रीय विधायक डा. अनिल कुमार, बजीरगंज के भाजपा विधायक बिरेन्द्र सिंह, एडीएम परितोष कुमार, एसडीएम सुजीत कुमार, एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल एवं मुखिया इंद्रमणि देवी आदि मंचासीन अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन के साथ हुआ। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ व मां तारा की स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया गया। महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री मांझी ने अपने मगही अंदाज में संबोधित करते हुए महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए टिकारी से लारी कुर्था तक डबल लेन की सड़क बनाने का आश्वाशन दिया। गांव की पुरातात्विक पहचान की जानकारी व खोज के लिए केंद्र सरकार एवं पुरातत्व विभाग से बात करने की बात कही। मांझी ने सनातन धर्म की बात करते हुए कहा कि यह एक ऐसा धर्म है जो विश्व बंधुत्व का ज्ञान देता है। सभी से अपील करते हुए कहा कि पूर्व की धरोहर को याद रखेंगे तो सन्मार्ग पर चलेंगे। मां तारा की विस्तृत प्रभाव होने के कारण विधयाक के प्रयास से क्षेत्र को राजकीय महोत्सव का तोहफा मिला है। मंत्री डा. प्रेम कुमार ने कहा कि मां तारा के दर्शन से ऊर्जा मिलती है। एनडीए की सरकार में राज्य का विकास होने की बात कही। उन्होंने अप्रैल माह में मंगलागौरी महोत्सव के आयोजन की जानकारी दी। वंही क्षेत्रीय विधायक डा. अनिल कुमार ने कहा कि पांच बार मां तारा की शरण में आकर चुनाव लड़ा जिनमे से चार बार विजयी हासिल हुई। दूर दूर तक मां तारा की महिमा फैली है। तारा महोत्सव के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा था। राजकीय महोत्सव इसी का प्रतिफल है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के कोंचेश्वर स्थान में सावन महोत्सव का आयोजन की स्वीकृति मिलने की बात कही। डा. कुमार ने सावन माह में भव्य महोत्सव के आयोजन होने की बात कही।

वजीरगंज विधायक वीरेंद्र कुमार सिंह ने तारा महोत्सव के आयोजन पर जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में जनता की मांग पूरी की जाती है जिससे क्षेत्र विकसित बनता है। वहीं गांव के ग्रामीण प्रो गिरजेश सिंह ने मां तारा की महत्ता बताई व बुद्ध से भी गांव के जुड़े होने की बात बताई। एडीएम परितोष कुमार ने महोत्सव की विस्तार से जानकारी दी। धन्यवाद ज्ञापन टिकारी एसडीएम सुजीत कुमार ने प्रेषित की। मंच पर वरीय अधिवक्ता मुकेश शर्मा, शम्भू केशरी, हिमांशु शेखर एवं प्रशासन के अधिकारी विराजमान थे। इससे पूर्व कस्तूरबा विद्यालय के बच्चों द्वारा आगत अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया। जिला प्रशासन की ओर से अपर समाहर्ता परितोष कुमार ने तारा महोत्सव के आयोजन पर प्रकाश डालते हुए मां तारा देवी की महिमा का बखान किया।