टिकारी: लाव के प्रकांड विद्वान विजय मिश्र का आकस्मिक निधन, पंचायत के मुखिया बुलेट बाबा को पितृशोक

Written by

in

टिकारी संवाददाता: टिकारी प्रखंड के लाव पंचायत के मुखिया आशुतोष कुमार मिश्र उर्फ बुलेट बाबा के पिता विजय मिश्र का शुक्रवार को अचानक निधन हो गया। 74 वर्षीय विजय मिश्र ने अपने गांव स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। मुखिया आशुतोष कुमार मिश्र ने बताया कि उनके पिता पिछले दो-तीन दिनों से अस्वस्थ थे, लेकिन शुक्रवार की सुबह उनकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। इस खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

साहित्य और शास्त्रों के विद्वान थे विजय मिश्र

विजय मिश्र न केवल हिन्दी और संस्कृत के प्रकांड विद्वान थे, बल्कि उर्दू भाषा के भी अच्छे जानकार माने जाते थे। वे रामायण, महाभारत, वेद, पुराण, उपनिषद और आयुर्वेद के गूढ़ ज्ञान में निपुण थे। साथ ही, विज्ञान के क्षेत्र में भी उनकी गहरी पकड़ थी। वह सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाते रहे थे। कई वर्षों तक वार्ड सदस्य के रूप में सेवा देने के अलावा, उन्होंने गांव में धनेश्वर नाथ मंदिर का निर्माण भी कराया था। उनके योगदान को ग्रामीण हमेशा याद रखेंगे।

गांव में उमड़ा जनसैलाब, मुखिया पुत्र ने दी मुखाग्नि

विजय मिश्र के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। उनके अंतिम यात्रा में सरपंच पारस कुमार, पैक्स अध्यक्ष कृष्ण गोपाल शर्मा, पूर्व सरपंच मिथिलेश प्रसाद, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक लवकुमार सिंह, सूर्यदेव सिंह, शिववचन सिंह, रणधीर सिंह, सुनील पाठक, बृजमोहन मिश्र, वायुनंदन मिश्र सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दी। मुखिया आशुतोष कुमार मिश्र ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने विजय मिश्र के निधन को पंचायत के लिए अपूर्णीय क्षति बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *