न्यूज़ डेस्क

पटना/गया। बिहार सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला एवं नई पदस्थापना की है। जारी अधिसूचना के अनुसार वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी विकास वैभव को मगध क्षेत्र, गया का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बनाया गया है। वहीं वर्तमान आईजी मगध क्षेत्र क्षत्रनील सिंह को विशेष सचिव, गृह विभाग (विशेष शाखा), बिहार पटना के पद पर स्थानांतरित किया गया है। जारी आदेश के मुताबिक, कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव किया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक (बजट, अपील एवं कल्याण) डॉ. कमल किशोर सिंह को एडीजी रेलवे, बिहार पटना का प्रभार सौंपा गया है। वहीं एडीजी प्रोविजनिंग अजीताभ कुमार को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह एडीजी प्रशिक्षण संजय सिंह को बजट, अपील एवं कल्याण विभाग के साथ-साथ सुरक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अमित लोढ़ा को तकनीकी सेवाएं एवं संचार विभाग का एडीजी बनाया गया है, जबकि अमृत राज को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई का दायित्व सौंपा गया है।
सरकार द्वारा जारी इस प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था, तकनीकी आधुनिकीकरण और पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मगध क्षेत्र में नए आईजी विकास वैभव की नियुक्ति को लेकर पुलिस महकमे एवं आम लोगों के बीच भी चर्चा तेज है।
