देवब्रत मंडल

कड़ाके की ठंड में जब गरीब और असहाय परिवारों के पास खुद के तन को ढकने तक के साधन नहीं होते, ऐसे समय में पीपुल फर्स्ट एजुकेशनल चेरिटेबल ट्रस्ट संस्था द्वारा मानवता की मिसाल पेश की गई। संस्था के अध्यक्ष श्रीमती गोपा सिन्हा ने सर्द रातों में ठिठुर रहे जरूरतमंद परिवारों के बीच कंबल बांटकर उन्हें राहत और सम्मान देने का प्रयास किया।
कंबल पाते ही बुजुर्गों एवं महिलाओं की आंखों में राहत के आंसू और बच्चों के चेहरों पर चहकती हुई मुस्कान दिखाई दी। यह सिर्फ कंबल नहीं थे, बल्कि उनके लिए सर्द रातों में जीने की एक उम्मीद थे। संस्था की अध्यक्षा गोपा सिन्हा ने भावुक स्वर में कहा, “जब तक समाज का अंतिम व्यक्ति सुरक्षित और सम्मान के साथ नहीं जीता, तब तक हमारी जिम्मेदारी खत्म नहीं होती। यह एक छोटा-सा प्रयास है, लेकिन किसी के लिए यह पूरी दुनिया हो सकता है।”
कंबल वितरण कार्यक्रम के कुछ दिन पहले अध्यक्ष ने अपने कर्मियों को ऐसे परिवारों को चिन्हित करने का आदेश दिया था तदोपरांत नाजरथ विद्यालय के निकट डेल्हा ओवर ब्रिज के नीचे ,करीमगंज में रह रहे गरीब परिवार को चिन्हित किया गया। इस दौरान कर्मियों ने जरूरतमंदों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि वे अकेले नहीं हैं, इसके अलावा रेस्क्यू जंक्शन में शिक्षा प्राप्त कर रहे स्लम एरिया के बच्चो के परिवार को भी कंबल वितरित किया गया। स्थानीय लोगों ने संस्था की इस पहल की खुले दिल से सराहना की और इसे सच्ची सेवा बताया। इस नेक कार्य में संस्था के अध्यक्ष के साथ सभी कर्मियों ने बड़ी उत्साह के साथ हिस्सा लिया, जिनका उद्देश्य सिर्फ एक था-इंसानियत को जिंदा रखना। इन परिवारों के बीच 100 कंबल का वितरण किया गया। इस दौरान रेस्क्यू जंक्शन के समन्वयक जाहिद अख्तर , पूजा पंडित एवं अन्य कर्मी मौजूद थे।
