प्रतीक्षालय से शौच के बहाने निकली मुन्नी कुमारी, CCTV में गेट से बाहर जाती दिखी, परिजन परेशान
देवब्रत मंडल

गया, 6 मई 2026
गया जंक्शन से एक विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पति के साथ 12382 दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस से उतरी महिला प्रतीक्षालय से शौच के बहाने निकली और फिर वापस नहीं लौटी। मोबाइल स्विच ऑफ होने से परिजनों का बुरा हाल है। GRP और RPF महिला की तलाश में जुटी है।
पूर्वा एक्सप्रेस से आई थी, प्रतीक्षालय में बैठे थे पति-पत्नी
औरंगाबाद जिले के देवरिया कला क्षेत्र के शिवपुर डेहरी निवासी अंशु कुमार अपनी पत्नी मुन्नी कुमारी के साथ बुधवार को पूर्वा एक्सप्रेस से गया जंक्शन पहुंचे। ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर रुकी थी। दोनों उतरकर जंक्शन के डेल्हा साइड स्थित प्रतीक्षालय में बैठे। यहां से दोनों को प्लस टू लीला महतो हाई स्कूल जाना था। जहां से इंटर पास करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए सीएलसी लेना था।
शौच के लिए निकली, फिर नहीं लौटी
इसी दौरान मुन्नी कुमारी शौच के लिए कहकर बाहर निकली और उसके बाद से लापता है। काफी देर तक वापस न आने पर पति अंशु कुमार ने खोजबीन शुरू की। मोबाइल पर कॉल किया तो स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
CCTV में गेट से बाहर जाती दिखी मुन्नी
सूचना पर गया रेल थाना और RPF पोस्ट की टीम सक्रिय हुई। RPF कंट्रोल रूम में लगे CCTV फुटेज खंगाले गए। फुटेज में अंशु कुमार और मुन्नी कुमारी प्रतीक्षालय में बैठे दिखे। इसके बाद मुन्नी कुमारी को गेट से बाहर जाते देखा गया। लेकिन गेट के बाहर किस दिशा में गई, यह कैमरे में कैद नहीं हो सका।
एक साल पहले हुई थी शादी, कोई तनाव नहीं
मुन्नी कुमारी के भाई मुकेन्द्र कुमार ने बताया कि बहन की शादी एक साल पहले ही हुई थी। पति-पत्नी में किसी तरह का तनाव या अनबन नहीं थी। मुन्नी का मायका गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र में है।
परिजनों की अपील: सूचना दें
मुकेन्द्र ने बताया कि बहन के अचानक गायब होने और मोबाइल बंद होने से मां, पिता, भाई, मामा-मामी समेत पूरा परिवार परेशान है। उन्होंने रेल पुलिस और RPF से बहन को जल्द ढूंढने की गुहार लगाई है। साथ ही आम लोगों से अपील की है कि मुन्नी कुमारी कहीं भी दिखे तो गया रेल थाना या RPF पोस्ट में सूचना दें, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। परिजनों ने मुन्नी से भी अपील की है कि जहां भी हो, परिवार को सूचित करे।
फिलहाल GRP ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। खबर लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिला है।
