देवब्रत मंडल

गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को ड्रग इंस्पेक्टर एवं जिला पुलिस बल की संयुक्त कार्रवाई में नकली और नशीली दवाओं के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान एक पूर्व सांसद के आवासीय परिसर में संचालित अवैध कारोबार से भारी मात्रा में प्रतिबंधित एवं संदिग्ध दवाइयां, इंजेक्शन, कफ सिरप, टैबलेट, कैप्सूल, पैकेजिंग सामग्री और मशीनें बरामद की गईं। इस मामले में विकास नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
छापेमारी के दौरान Nitrosun, Phensedyl, Tydol, Nitravet जैसी बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां जब्त की गई हैं। इसके अलावा हजारों की संख्या में इंजेक्शन, बोतल सीलिंग कैप, प्रिंटेड रैपर, पैकिंग सामग्री तथा बॉटल कैपिंग मशीन भी बरामद हुई है। पुलिस को शक है कि यहां नकली एवं नशीली दवाओं की पैकेजिंग और सप्लाई का संगठित नेटवर्क चलाया जा रहा था।
जब्त दवाओं की सूची

बरामद सामग्री में लाखों की संख्या में टैबलेट एवं कैप्सूल शामिल हैं, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह कारोबार काफी लंबे समय से संचालित हो रहा था। कार्रवाई के दौरान एक प्रिंटिंग प्रेस और कूरियर से जुड़े इनपुट भी सामने आए हैं, जिससे जांच एजेंसियां सप्लाई चेन और नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह का अवैध कारोबार चलना बेहद चिंताजनक है। लोगों ने कहा कि नकली और नशीली दवाओं का यह कारोबार सीधे मानव जीवन के साथ खिलवाड़ है। मामले का खुलासा होने के बाद आसपास के लोग भी हैरान हैं।
फिलहाल पुलिस एवं ड्रग विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि जब्त दवाओं की गुणवत्ता और वैधता की जांच कराई जाएगी तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
